Powered By Blogger

Tuesday, 6 March 2018

पेंशन


अगर किसी देश, संस्थान या समाज में पेंशन या कोई भत्ता देने की व्यवस्था हो तो समाज सुचारु ढंग से चलने लगता है।  आज भी समाज में बहुत से घर इस पेंशन की वजह से बचे हुए हैं, कई बुजुर्ग इस सुविधा के कारण ही अपना जीवन ठीक ढंग से जी रहे हैं परन्तु अब हमारे शहरों में ओल्ड-ऐज होम यानी कि वृद्धाश्रम बनने शुरू हो गए हैं और इनका प्रचलन दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है और बढ़ता ही रहेगा, क्यूंकि बुजुर्गों के पास खुद का जीवन यापन करने हेतु पैसे नहीं हैं और बच्चे उन्हें बोझ समझते हुए वृद्धाश्रम में छोड़ आते हैं या यूँ कहें भर्ती करवा देते हैं जहाँ उन्हें एक निश्चित मासिक शुल्क दे कर उनके खान-पान का ध्यान वृद्धाश्रम चलाने वाले रखते हैं। परन्तु अगर कहीं यही पेंशन धारक हों तो शायद बच्चे उनकी देखभाल अपने घर में रखते हुए भी करते रहें। पेंशन केवल किसी की आर्थिक सुरक्षा ही नहीं है अपितु एक खो चुके रिश्ते की भावुक सहायता भी है।  


यह बात जब मैंने एक पूर्व फौजी की पत्नी और शहीद बेटे की बूढी माँ से पूछी तो वह बोल ही पड़ी, मेरे शेरदिल बेटे ने अपनी जान सिर्फ 26 साल की उम्र में देश पर कुर्बान कर दी है, उसने अभी अपनी दुल्हन से फेरे भी नहीं लिए थे जब अपने पिता समान फ़ौज में दुश्मन के हाथों शहीद हो गया, मेरी सारी उम्र इस पेंशन में ही निकल गयी। पहले मेजर रमन की पेंशन और फिर बेटे कैप्टेन कमल की पेंशन।  यह तो एक बहाना है मुझसे हर महीने मिलने का, जब भी मेरे हाथ में बैंक का कर्मचारी पैसे रखता है तो ऐसा महसूस होता है कि मेरा बेटा कैप्टेन कमल खुद मुझे महीने भर का खर्च थमा कर गया हो। अब तो हर महीने मुलाक़ात हो जाती है इन फौजी बाप-बेटे से वरना तो कई बार महीनों निकल जाते थे।  अब शक्ल दिखाई नहीं देती दोनों की ना ही आवाज़ सुनाई देती है, जाने कौन सी जगह ड्यूटी कर रहे हैं जो अब भी अपनी तन्ख्वाह समय पर भेज देते है ? पिछले कई सालों से सुनने में आ रहा था कि सरकार हमारी पेंशन बढ़ाने वाली है पर कुछ ही दिन पहले उन्होंने अपनी तो बढ़ा ली है अब शायद हमारी भी बढ़ जाये। हालाँकि मेरे खर्च के लिए यह काफी हैं पर मेरा ज़्यादातर खर्चा तो मेरे स्कूल, जहाँ मैं गरीब बच्चों को पढ़ाती हूँ, उनकी कापियों-किताबों पर हो जाता है और मेरा वक्त गुज़र जाता है। अगर और पैसे मिलेंगे तो मैं और बच्चों को पढ़ा सकूंगी। 


कुछ परिवार ऐसे भी देखे गए हैं जहाँ एक निखट्टू बेटे को भी पिता जी की पेंशन के सिवा कोई और कमाई नहीं है और जवान बेटे के होते हुए भी घर खर्च पिता अपनी पेंशन में से करता है और इसी लालच में उनकी सेवा होती रहती है।  वहीँ कुछ परिवार ऐसे भी देखे गए हैं जहाँ दो-तीन समृद्ध बेटों के होते हुए भी माँ-बाप सरकार द्वारा दी गयी पेंशन के मोहताज होते हैं और अपने खर्च के लिए पूरी तरह से सरकार पर आश्रित हो जाते हैं, वृद्धाश्रम में ऐसे बहुत से बुजुर्ग मिल जाते हैं।  और कुछ परिवार ऐसे भी हैं जहाँ सुख-सुविधा के सारे साधन होने के बावज़ूद बुज़ुर्ग यह कह कर पेंशन लेते रहते हैं कि सरकार जब बुढ़ापा पेंशन दे रही है तो मना क्यों करना हालाँकि अगर देखा जाये तो यह लोग अगर पेंशन ना भी लें तो शायद बाकी पेंशन धारकों को ज़्यादा पेंशन मिल सकती है। लेकिन आजकल ऐसे सोचता कौन है ?  

मै समझता हूँ कि, हाथ ही हाथ को धोता है और दोनों हाथ मिल कर पूरा शरीर धो देते हैं और यदि दोनों (बच्चे और बुज़ुर्ग) एक दुसरे के साथ समन्वय बना के रखे तो एक समृद्ध समाज ज़रूर बन जायेगा।




आज के लिए इतना ही। ...


||  इति ||


<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

No comments:

Post a Comment