किसी भी इंसान को कैसा लगेगा अगर उसे कोई पहचाने ही ना, शायद अजीब सा ही लगे कि मुझे कोई पहचाने ही ना और मुझे किसी को अपनी पहचान बतानी पड़े और वह फिर भी ना पहचाने या फिर इससे बिल्कुल उल्टा कि आपको ग़लत पहचाना जाये फिर अगर तो अच्छे के लिए हो तो मन को बड़ा भाता है लेकिन अगर कोई ख़राब काम के लिए पहचाना जाए तो बुरा भी बहुत लगता है।
बचपन में हम लोगों को अक्सर बाप-दादा के नाम से पहली पहचान मिलती है जैसे मुझे बड़ी अच्छी तरह से याद है कि मुझे पिताजी के नाम से बुलाया जाता था तो हालाँकि होती तो एक कोशिश ही थी पिताजी को खुश करने की और हम तो बस एक ज़रिया मात्र होते थे। पिताजी भारतीय रेल में अच्छे ओहदे पर कार्यरत थे इसलिए बड़ी पाबंदियां होती थीं हम पर कि किसी से कोई तोहफा नहीं लेना किसी से ज़्यादा खुल कर बातें नहीं करनी और घर की बातें तो भूल कर भी किसी के साथ नहीं करनी। तब यह सब हमें किसी बादशाह जैसा महसूस होता था पिताजी के साथ चलते-चलते लोग मिलते तो कोई गाल खींचता या कोई हाथ मिलाता। कुछ और नहीं तो कोई इस बात पर अड़ जाता कि बच्चे (मुझे ) कुछ तो खिला कर भेजेगा तब बड़ी मुसीबत होती थी, खाओ तो पिताजी नाराज़ और ना खाओ तो खुद का मन नाराज़। भाई बच्चा ही तो हूँ, कभी मन कर भी जाता है कुछ खाने का !
खैर, थोड़े बड़े होते ही हमारी पहचान हमारे स्कूल-कॉलेज और हमारे द्वारा की जाने वाली पढ़ाई हमारी पहचान बन जाती है। जैसे जो भी मिलता है पूछता ज़रूर है, और बेटा , कहाँ पढ़ते हो ? अच्छा, अरे यह तो बहुत बढ़िया स्कूल है, और फिर कई रिश्तेदार या जान-पहचान वाले अपनी पहचान निकालना शुरू कर देते हैं, कि आपके स्कूल में फलां विषय कौन पढ़ाता है या उनका भी कोई बच्चा उसी स्कूल में पढ़ रहा होता है या पढ़ चुका होता है या फिर कई बार ऐसे ही बातचीत जारी रखने के लिए भी ऐसे सवाल पूछ लिए जाते हैं। ठीक ऐसा ही हमारे कॉलेज के बारे में भी होता है, हमारा कॉलेज ही हमारी पहचान बन जाता है, मोहल्ले भर के लोग यही जानते हैं कि उनका बेटा - बेटी जिस कॉलेज में पढ़ते हैं वह तो बहुत महंगा कॉलेज है, जाने इतनी फ़ीस कैसे निकालते होंगे ?
अब जब कॉलेज से निकल कर काम करना शुरू कर देते हैं तो जल्द ही यह आपकी पहचान बन जाता है अगर नौकरी करते हैं तो कम्पनी का नाम नहीं तो आपका धंधा। जैसे अरे वोह जिनका बेटा बैंक में नौकरी करता है या वह जिनकी बेटी डॉक्टर है। हालाँकि कई बार जो लोग सेल्स में काम करते हैं उनके बारे में लोग सिर्फ कयास ही लगाते रहते हैं कि भगवान जाने क्या काम करता है, सुबह सवेरे निकल जाता है और फिर देर रात आता है। यहाँ लोग आपकी ग़लत पहचान भी बना देते हैं, जब उन्हें ज़्यादा पता नहीं होता तो कहना शुरू कर देते हैं- कोई तो दो नंबर का काम करता लगता है, ऐसे ही थोड़ी न इतनी जल्दी इतने पैसे आ गए इनके पास ? चलो छोडो, कुछ तो लोग कहेंगे।
अब जब आपकी शादी हो जाती है तो ससुराल में आपकी फिर से एक नई पहचान बन जाती है कि अमुक का घरवाला या घरवाली, या फिर उनका जमाई या उनकी बहु। यह पहचान भी काफ़ी समय आपके साथ चलती है और फिर आप पहचाने जाते हो उस नाम से जिसके बारे में आपको बड़ा गर्व महसूस होता है और हर कोई पहचाना जाना चाहता है अपने बच्चों के नाम से। तब जा कर इंसान बड़े मान के साथ सीना चौड़ा करके सब को बताता फिरता है कि यह मेरा बच्चा है या मैं उसका पिता-माता हूँ। यही एक पहचान होती है जिस के बारे में बात करना बहुत लुभाता है ख़ास कर अगर बच्चा सफल हो या ज़माने में थोड़ा सा भी नाम हो। अगर नाम ना भी हो तो माता-पिता तो गुण गाते ही रहते हैं और उन्ही गुणों का व्याख्यान करते हुए अपनी पहचान बताते हैं।
हमारे जाने के बाद हमारा चाल-चलन ही हमारी पहचान बन कर रह जाता है, हमारा आचरण ही लोगों को याद रह जाता है। हमारे जाने के बाद कुछ एक तारीखें हमारी पहचान बन जाती है आजकल के डिजिटल समय में आने वाली पीढ़ियां अपने बुज़ुर्गों को चलते-फिरते देख पायेंगे वरना तो तस्वीरें ही पहचान बताया करती थीं। बस यही पहचान है, मगर कोई यह बता नहीं पायेगा पहचान कर कि यह जो खून बह रहा है मेरे देश में आजकल वो किसका है, कभी किसी मुसलमान का गाय के नाम पर, किसी हिन्दू का धर्म के नाम पर, बस यह बहता रहेगा राजनीति के नाम पर। ज़रुरत है पहचानने की उन गंदे राजनेताओं को जो दो लफ्ज़ बोल कर दो समुदाय आपस में लड़ा देते हैं और फिर राजनीती की रोटियां सेकते हैं। अगर यह पहचान लिए तो सब ठीक हो जायेगा।
|| इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
enable_page_level_ads: true
});
</script>
