खिड़कियाँ
रोहन के पिताजी भारतीय थल सेना में कैप्टेन रैंक पर थे और अक्सर एक जगह से दूसरी जगह तबादला होता ही रहता था पर रोहन की पढाई की वज़ह से ये फैसला लिया गया था कि परिवार अब एक जगह, चंडीगढ़, में टिक के रहेगा और कैप्टेन साहेब अपनी यूनिट के साथ जाते रहेंगे।उन्होंने अपना एक फ्लैट आर्मी फ्लैट्स, पंचकूला में खरीद लिया था, यहाँ आसपास सारे फौजी ही रहते थे, ज़्यादातर फौजी किरायेदार और बाकी मालिक मकान। रोहन माँ-बाप की अकेली संतान था और अकेला रहना ही पसंद करता था, वह अक्सर अपने कमरे में बैठ खिड़की से बाहर देखता रहता और आसपास हो रही हलचल को घंटों निहारता रहता। जब रोहन थोड़ा बड़ा हुआ तो उसने अपना पढ़ाई करने वाला मेज भी खिड़की के पास लगा लिया था। यह खिड़की एक तरह से रोहन की सबसे अच्छी दोस्त बन गयी थी।रोहन आज लगभग एक साल के बाद अपने इस घर में वापिस आया था और हमेशा की तरह अपने स्टडी टेबल पर बैठा बाहर देख रहा था, माँ ने भी कहा कि हमारे पास भी आ कर बैठो तो रोहन ने कहा - अभी थोड़ी देर में आता हूँ ! वह बैठा हुआ यही सोच रहा था कि इस खिड़की से उसने क्या कुछ नहीं देखा, उसकी इस खिड़की से नज़ारा सच में बहुत खूबसूरत नज़र आता था। एक तो बाहर बगीचा और दूसरे साथ वाले फ्लैट की एकदम सामने पड़ती खिड़की। क्यूंकि बाकी के फ्लैट भी फ़ौजी लोगों के ही थे और वह भी अक्सर तबादले पर जाते रहते थे और लगभग हर साल एक नया पडोसी परिवार रहने आ जाता था।
रोहन जब स्कूल में पढता था तो उनके साथ वाले फ्लैट में मेजर कपूर और उनका परिवार रहने आया था, और तभी रोहन को उसकी पहली दोस्त टिंची मिली थी। टिंची उम्र में लगभग एक साल बड़ी थी और रोहन के साथ ही केंद्रीय विधालय में एक क्लास आगे पढ़ती थी और रोहन की तरह ही बस से स्कूल जाया करती थी। शुरू-शुरू में तो रोहन बहुत हिचकिचाता था लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने एक साथ समय बिताना शुरू कर दिया था फिर चाहे वो कोई बोर्ड गेम जैसे शतरंज, लूडो या कैरम हो या फिर अपनी-अपनी खिड़की में बैठ कर अंताक्षरी। दोनों का अच्छा टाइम पास होता था। फिर एक दिन मेजर कपूर का तबादला रांची हो गया तो वो ये फ्लैट छोड़ गए।
कुछ दिनों बाद ये फ्लैट सूबेदार मेजर उन्नी कृष्णन को मिल गया तो वो अपनी पत्नी रम्या आंटी और बेटों नागेश और सोमेश के साथ रहने आ गए। उन्नी अंकल को शराब पीने की बहुत आदत थी और वो अक्सर शराब पी कर तमाशा करते थे। इसी खिड़की से रोहन ने कई बार रम्या आंटी को पिटते हुए देखा था , कई बार नागेश और सोमेश को भी इसी कमरे में बंद कर दिया जाता था। जो पहले पहल तो थोड़े घबराए हुए लगते थे लेकिन थोड़ी देर बाद दोनों भाई कुछ खेल रहे होते। कई बार तो दोनों भाई खुद तकियों से लड़ाई भी करते दिखते थे। फिर ये भी फ्लैट छोड़ कहीं तबादले पर चले गए।
अब यहाँ कैप्टेन अजय रहने आ गए और साथ में उनकी पत्नी गीता आंटी, उनकी शादी को अभी कुछ साल ही हुए थे और उनके बच्चे नहीं थे, गीता आंटी किसी प्राइवेट कम्पनी में नौकरी करती थीं। फिर इस खिड़की से गीता आंटी को मिलने आते उनके किसी दोस्त को भी रोहन अक्सर देखा करता था। जब भी अजय अंकल कहीं बाहर जाते तो गीता आंटी को मिलने उनका दोस्त आ जाता, कभी इस खिड़की के रास्ते आता तो कभी इस खिड़की के रास्ते जाता। हाँ, उनके आने के बाद उस खिड़की पर परदे ज़रूर कर दिए जाते थे , जाने क्यों ?
एक बार तो अजय अंकल के घर आ जाने पर वह बाहर ही नहीं निकल पाया तो बड़ा हंगामा हुआ था तब रोहन के पिताजी भी यहीं थे और उन्होंने बीच-बचाव कर मामले को सुलटाया था, हालाँकि तब रोहन को बड़ी डांट भी पड़ी थी माँ से और दो दिन तक रोहन को खिड़की भी नहीं खोलने दी गयी थी क्यूंकि रोहन ने पूछा था कि आज ऐसा क्या हुआ, ये खिड़की वाले अंकल तो अक्सर आते-जाते रहते हैं. साथ ही रोहन को ये ताकीद भी की गयी थी कि ये बात किसी और को ना बताई या पूछी जाए !
पिछले दस सालों में रोहन के पिताजी तरक्की पाकर लेफ्टिनेंट कर्नल बन चुके थे और उनकी पोस्टिंग एक बार फिर चंडीमंदिर में हो हो गयी थी और रोहन भी फेर्गुसन कॉलेज - पुणे में पढाई कर रहा था और आज लगभग एक साल बाद घर आया था। रोहन सोच रहा था कि ये खिड़कियां बिना कुछ बोले कितनी कहानियां बयां कर जाती हैं। इन खिड़कियों से ना जाने कितनी कहानियां जुडी हुई हैं, बचपन से लेकर अबतक जाने क्या-क्या दिखाया है इन खिड़कियों ने, ना जाने कितने राज अभी और छुपे होंगे इनमें।
सच में ये दूसरों के घरों में झांकती खिड़कियां बहुत कुछ कह जाती हैं !
|| इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
enable_page_level_ads: true
});
</script>
