Powered By Blogger

Tuesday, 19 July 2022

छिपकली

विनय दत्ता और नवीन शर्मा अच्छे दोस्त थे और उनकी दोस्ती की वजह थी उनकी दुकानें जो की लगभग साथ साथ थीं।  दोनों हमउम्र ही थे पर जहाँ विनय को यह दुकान पिता से विरासत में मिली थी वहीँ नवीन को यह दुकान अपनी नौकरी चले जाने के बाद मजबूरी में शुरू करनी पड़ी थी और बड़ी मेहनत से अपने काम को जमाया था। शायद यही कारण था कि विनय का ध्यान इधर उधर की बातों में ज़्यादा रहता था और नवीन अपने काम पर पूरा ध्यान दिया करता था। उन दोनों की दोस्ती भी इसी वजह से हुई कि विनय अक्सर अपनी दुकान के बाहर ही घूमता रहता और कभी कभी नवीन की दुकान पर भी आ जाया करता था।

दोनों के शौक थे फिल्म देखना और हालाँकि दोनों  फिल्म देखने
अलग़ -अलग़ जाते पर उसके बाद चर्चा दोनों इकठ्ठे बैठ कर ही करते। पिछले कई सालों से ऐसा ही चल रहा था कि फिर साल 2014 आया और विनय के हाव-भाव थोड़े बदलने लगे।  उसे हरदम सोशल मीडिया पर आए हुए सन्देश सच लगने लगे यहाँ तक कि वो बिना सोचे, बिना जांचे सारे के सारे मैसेज आगे भेज दिया करता।  कई बार नवीन ने उसे समझाया भी कि यह ठीक नहीं होता पर विनय कहाँ किसी की सुनने वाला था। शहर में एक धर्म विशेष की आबादी नाम मात्र ही थी पर विनय की दुकान पर अगर कोई आ भी जाता तो घृणा वश वो उसे ठीक से बात नहीं करता था और न ही कोई ज़्यादा सामान दिखाता।  बस यही कहता कि अमुक सामान नहीं है या उसका दाम बहुत ज़्यादा बताता।  कोशिश करता कि कम से कम उनसे बात करनी पड़े।

एक दो बार यह बात उसने बड़े गर्व से नवीन को भी बताई तो नवीन ने हँसते हुए कह दिया कि "अम्मी जान कहा करती थीं कि धंधे से बड़ा कोई धर्म नहीं होता" और अपने को क्या कि कोई किस धर्म से है अपना काम तो सामान बेचना है और घर चलाना है।  तो विनय गुस्सा हो कर कहता तुम्हें पता नहीं है ये लोग कैसे हैं, मैं तो घाटा सह लूँगा इन्हे सामान नहीं बेचूंगा। विनय अब अपने माथे पर टीका लगाने लगा था।  घर से निकल कर पहले मंदिर में जाता फिर अपनी दुकान खोलता। लगभग
रोज़ शाम को  शराब भी पीता है और मीट-मुर्गा भी खाता, हाँ मंगलवार और गुरूवार को छोड़ कर। दोस्तों के साथ मिलकर हर तरह का व्यभचार करता।

एक दिन हमेशा की तरह विनय अपनी दुकान छोड़ कर नवीन की दुकान पर बैठा इधर-उधर की बातें कर रहा था।  तभी किसी दूर तीर्थ स्थान की बात चल निकली और विनय, नवीन को समझाने लगा कि उसे भी तीर्थ स्थानों पर जाना चाहिए।  नवीन ने कहा की उसे बहुत मुश्किल लगता है अपने काम को छोड़ कर कहीं जाना। विनय अपनी बताने लगा कि देखो मैं कैसे अब तक कौन-कौन से मन्दिर और तीर्थस्थान देख चुका हूँ और रोज़ सुबह शाम शहर के बड़े वाले मंदिर में भी जाता हूँ।  देखो मेरे माथे पर कैसे तिलक लगा होता है।  बिना तिलक वाला माथा तो चांडाल का होता है और तिलक लगा हुआ देख कर ग्राहक मुझ पर जल्दी विश्वास भी कर लेते हैं। तुम भी मेरी तरह रोज़ मंदिर जाया करो नहीं तो लोगों को पता कैसे चलेगा कि हम धार्मिक हैं और कौन से धर्म के हैं।  नवीन विनय की बातें सुन कर पक चुका था बस दोस्ती की वजह से चुप था और मन ही मन में सोच रहा था कि यह तो बिल्कुल छिपकली की तरह है जो सारी रात कीड़े-मकौड़े खा कर घर में लगी धार्मिक तस्वीरों के पीछे छुपी रहती हैं। 

आप भी अपने आसपास गौर से देखिये, ढ़ेर सारे लोग मिल जायेंगे जो सारा दिन एक ढोंग, स्वांग सा रच कर घूमते रहते हैं और सूरज ढलते ही उनका असली चेहरा निकल आता है।  दिन में वो किसी मंदिर-गुरूद्वारे में ऐसे नज़र आएंगे जैसे इनसे ज़्यादा संस्कारी व्यक्ति तो कोई होगा ही नहीं लेकिन जैसे ही अपने घर में घुसते हैं, कभी पत्नी को तो कभी बच्चों को प्रताड़ित करते हैं।  यह हर समय एक द्वेष ले कर जीते रहते हैं लेकिन ऊपर से ऐसे मासूम बनते हैं कि इनके जैसा शरीफ कोई दूजा होगा ही नहीं पर सिर्फ इनके पास या साथ रहने वालों को ही इनकी असलियत का पता होता है।  ऐसे लोगों से बच के रहिये। मुझे तो एक मशहूर हिंदी फिल्म का गाना याद आ रहा है कि

दिल को देखो चेहरा न देखो,
चेहरे ने लाखों को लूटा,
दिल सच्चा और चेहरा झूठा !


                                                                       आज के लिए इतना ही।
                                                                                   ||  इति ||


<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>