Powered By Blogger

Friday, 10 May 2019

मोती




एक मोहल्ले में कोई चार-पांच कुत्ते हुआ करते थे हर निकलने वाले को भौंकते थे और कभी कभार नोच भी लिया करते थे।  वहां रहने वाले और वहां से गुजरने वाले काफी परेशान हो गए थे। कई बार कारपोरेशन के दफ्तर में शिकायत भी दर्ज करवाई लेकिन कोई हल नहीं। कुत्ता पकड़ दस्ता आता और एक-दो कुत्तों को पकड़ कर किसी दुसरे मोहल्ले या इलाके में छोड़ आता।  दो-चार दिन शांति रहती और फिर वही कुत्ते वापिस आ जाते या फिर कुत्ता पकड़ दस्ता कोई नया कुत्ता कहीं और का कुत्ता पकड़ कर इस मोहल्ले में छोड़ कर अपनी खानापूर्ति कर देते।  बस एक बार इसी तरह एक नया कुत्ता उस गली में आ गया देखने में अच्छा खासा मोटा तगड़ा, ये चौड़ा सीना सफ़ेद पूँछ और बड़े ही सलीके से चलने वाला, जाने क्यों उसके आते ही पुराने वाले लगभग ख़ामोश से हो गए।  अब ना तो पुराने वाले रात-रात भर शोर मचाते और ना  ही आने-जाने वालों पर नाजायज़ हमला करते। 



गली-मोहल्ले वालों को लगा के यह सब उस मोटे तगड़े चौड़े सीने वाले के डर से चुप हो गए हैं तो शर्मा जी,भारद्वाज साहेब और सिंधी परिवार असरानी ने उसे जैसे गोद ही ले लिया हो, बहुत ख्याल रखते थे उसका यहाँ तक कि उसका नामकरण भी कर दिया था उन्होंने और नाम भी बड़ा सोच-समझ कर एकदम नया - "मोती" ! तो धीरे-धीरे मोती के बड़े मज़े होने लगे कोई उसे आस्था में लिपट कर दूध पिलाता तो कोई पंडित जी के कहने पर पहली चपाती असली मजे तो मोती सिंधी परिवार-असरानी के साथ करता जब उसे हफ्ते में एक-दो बार हड्डी चबाने और चूसने को मिल जाती।  इस सिंधी परिवार-असरानी का तो मानो वोह पालतू बन गया था बस उन्होंने इसके गले में पटा नहीं डाला था, उनके घर का गेट खुलते ही मोती भाग कर आगे पहुँच जाता था किसी हड्डी-बोटी की उम्मीद में, शायद थोड़ा लालची भी हो गया था मोती।  

पूरे मोहल्ले में बस मोती-मोती हुआ पड़ा था खास कर भारद्वाज जी ने तो यहाँ तक कहना शुरू कर दिया था की जबसे मोती आया है कोई चोर-उचक्के हमारे मोहल्ले की तरफ़ आने से डरने लगे हैं और शर्मा जी ने कहना चालू कर दिया के यह कोई दिव्य आत्मा है इसलिए जो कोई इसे दुत्कारेगा उसे स्वयं भगवान नष्ट कर देंगे। अब एक दो और कुत्ते भी मोती के आस-पास दुम हिलाते घूमने लगे थे क्यूंकि मोती का बचा-खुचा उन्हें भी चाटने-चबाने को मिल जाया करता था और मोती तो मानो किसी हीरो की तरह पूरे मोहल्ले में उछलता फिरता।  कभी तो ऐसा लगता कि मोती ने एक गैंग बना लिया हुआ है जिसमे एक आध कुतिया भी शामिल हो चुकी थी और बस यह चार-पांच का झुण्ड मोहल्ले में दिन रात घुमते रहते। 

जैसी कहावत है कि हर कुत्ते के दिन आते है, तो उस हिसाब से हर कुत्ते के दिन जाते भी तो होंगे ! तो मोती के भी दिन चले गए या शायद मोती के दिन पूरे हो गए।  अब मोती भी पुराने कुत्तों की तरह हर आने-जाने वाले के पीछे पड़ जाता खाने के लालच में।  एक दो बार तो किसी के हाथ में पकडे लिफाफे पर ही झपट्टा मार कर सारा सामान नीचे गिरा दिया, पिछले हफ्ते तो मोती ने हद ही कर दी प्रोफेसर पांधी साहब अपने पिता जी की फोटो का फ्रेम बदलवाने जा रहे थे, अभी घर से बाहर निकले ही थे कि मोती ने खाने के लालच में फोटो वाले लिफाफे पर दांत मार दिया, लिफाफा फट गया, फोटो मिटटी में गिर गयी।  प्रोफेसर पांधी ने फटाफट तस्वीर उठाई और झट से मिटटी झाड़ी और फिर अंदर से डंडा उठा कर मोती की खूब धुनाई की।  मोती कहराता हुआ असरानी जी के घर की तरफ भाग गया परन्तु आज मोती का दिन नहीं था तो नहीं था, असरानी जी के घर शहर के मेयर आ रहे थे तो मोती ने बदहवासी में उन्हें काट लिया।  अब असरानी जी ने भी मोती को खूब धुना।  

बस फिर क्या, अगले ही दिन फिर से कारपोरेशन में मोहल्ले वालों ने शिकायत दी और मोती और उसके साथियों को कुत्ता पकड़ दस्ते ने उठा लिया।  मोती लाख बिलबिलाया पर उन्होंने एक न सुनी, आखिर शहर  मेयर को काट खाया था और मेयर साहिब के आदेश अनुसार मोती को पकड़ कर शहर से बाहर छोड़ दिया, मोती की फिर हिम्मत नहीं हुई दोबारा शहर में घुसने की, आज भी मोती और उसके साथी सड़कों पर तेज रफ़्तार गाड़ियों के पीछे भागते और भोंकते हुए देखे जाते हैं।  ठीक ही कहा गया है कुत्ते को घी हज़म नहीं होता ! कई बार हम लोग एक दो गुण देख कर धोखा खा जाते हैं लेकिन समय के साथ सबकी पोल खुल जाती है।  आज मोती की बारी थी कल किसी और की होगी।  यह तो हमें ही सतर्क रहने की ज़रुरत है। 


आज के लिए इतना ही ...
||  इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>