Powered By Blogger

Sunday, 31 May 2020

थाली


जीना है तो खाना ही पड़ेगा, पर हर किसी के खाने का तरीका, सलीक़ा, ढंग अलग होता है। कोई थोड़ा खा कर संतुष्ट है तो कोई ज़्यादा खा कर भी भूखा। किसी को खाना उगाने में कड़ी मेहनत तो किसी को बनाने में। किसी को कमाने के लिए घंटों मेहनत करनी पड़ती है तो किसी को खाना पचाने के लिए घंटो जिम में पसीना बहाना पड़ता है हालाँकि जिम तो आजकल एक फैशन भी बन गया है और एक स्टेटस भी। हाँ मेहनत करना तो कतई फैशन में नहीं है। किसी के लिए खाना एक ज़रुरत है तो किसी के लिए सारे दिन में होने वाली एक छोटी सी,  मामूली सी घटना मात्र होती है।

आजकल आप किसी समारोह में शामिल हों तो आप देख सकते हैं सादे से सादे आयोजन में कई तरह के व्यंजन प्रस्तुत किये जाते हैं।  पहले तो शादी के समारोह में भी बिल्कुल सादा खाना परोसा जाता था, लंगर जैसा, और वो भी पत्तल पर, ज़मीन पर पंगत में बैठ कर। फिर सबका स्तर ऊपर उठता गया और खाना मेज पर आ गया और सब खड़े हो कर खाने लगे।  अब तो इतनी तरह के व्यंजन होते हैं कि लाख़ कोशिश करने पर भी आप सब को चख नहीं सकते, चखना तो दूर आपको मालूम ही नहीं होता कि कितनी प्रकार के खाने परोसे गए हैं।  हफ़्ते दो हफ़्ते बाद भी लोग जिक्र करते रहते हैं कि वोह जो खाना वहां खाया था वैसा पहले कभी नहीं खाया।

अब इसमें भी खाने का तरीक़ा अलग-अलग होता है, कोई तो एक बार में गया और अपनी प्लेट इस तरह से भर लाया कि मानो दोबारा खाना नसीब ही नहीं होगा।  उसमें सुखी सब्ज़ी भी तरी वाली बन जाती है और सादी दही भी दाल वाला रायता बन जाता है। चपाती एकदम दाल से सराबोर ग्रास तोड़ते हुए आधी उँगलियाँ दाल में डूब जाती हैं।  वहीँ शादी समारोह में आपको एक-दो पढ़े लिखे लोग भी मिल जायेंगे जो हर एक स्टाल पर जायेंगे और देखेंगे कि कहाँ क्या परोसा जा रहा है।  कुछ लोग हाथ में प्लेट-चम्मच उठाये हर स्टाल से ज़रा सा अपनी प्लेट में डालते हैं, चखते हैं और फिर आगे बढ़ते रहते हैं। यह वही लोग हैं जो महीना भर इस भोज का विश्लेषण करते रहते हैं।

अमूमन घरों में भी कुछ लोग ऐसे होते हैं जो बड़े सलीके से अपनी थाली को सजाते हैं, परोसी गयी हर चीज़ इनकी थाली में मिल जाती है।  एक कटोरी में दाल, एक में दही,प्लेट में सुखी सब्ज़ी, पापड़, अचार, चटनी और फिर बहुत ही आहिस्ता-आहिस्ता से एक-एक कौर का आनंद उठाते हुए खाते हैं।  वहीँ ऐसे भी होते हैं जो सब कुछ एक साथ मिला कर खाने को एक कार्य की तरह से झट से निपटा डालते हैं। ऐसे लोग एक चपाती दो या तीन कौर में निपटा डालते हैं और कई अभी अपनी थाली सजा ही रहे होते हैं और यह अपनी थाली धोने के लिए भी रख देते हैं।


मेरे एक जानकार ऐसे भी हैं कि वो जब कभी हमारे यहाँ खाने पर आते तो खाना परोसे जाने से पहले ही बोल देते कि मुझे सिर्फ एक दाल या सब्ज़ी से बस एक फुल्का दे दीजिये, दाल सब्ज़ी भी आप अपनी पसंद से मुझे दीजिये।  वो कहते हैं कि ज़्यादा चीज़ें होने की वजह से मैं कंफ्यूज हो जाता हूँ कि अगला ग्रास किस चीज़ के साथ खाऊं और खाना खाते हुए मैं अपने दिमाग़ पर किसी किस्म का ज़ोर नहीं डालना चाहता। अब इसमें उनका तर्क भी सही है कि खाना तो ऐसा होना चाहिए जो कि खाने वाले को संतुष्ट करे न कि परेशान करे।  एक जानकार ऐसे भी हैं जिन्हे आप चाहे छत्तीस भोज परोस दो वो झट से पूछ लेंगे वो फलाना आचार नहीं था क्या ? उनका ध्यान इस बात पर रहेगा कि आपने उन्हें क्या नहीं परोसा।

खैर मेरा यहाँ किसी को सही या ग़लत बताने की कोई इरादा नहीं है, यह तो सबका अपना तरीका है और यही सही है।  कुछ लोग जीने के लिए खाते हैं तो कुछ खाने के लिए जीते हैं दोनों सही हैं। हर एक इंसान दुसरे से अलग है, हर एक का संतुष्टि का एक अलग स्तर है और इसी को देखते हुए कई होटल या रेस्तरां अलग-अलग चीज़ें परोसने के साथ-साथ एक थाली का भी विकल्प देने लगे हैं, थाली में कुछ निर्धारित व्यंजन पहले से लिखे रहते हैं। मज़ेदार बात तो यह है कि यहाँ थाली लेने वाले को कम सोचना पड़ता है और मेन्यू कार्ड पढ़ कर आर्डर करने वाले को ज़्यादा माथापच्ची करनी पड़ती है। जैसा भी हो भोजन पेट भरने से ज़्यादा संतुष्ट करने वाला होना चाहिए।

" कुछ लोगों के लिए खाना ही दवा है और कुछ के लिए दवा ही खाना "

आज के लिए इतना ही। 
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

Sunday, 24 May 2020

औलाद

विजय और विकास बचपन से एक ही सरकारी कॉलोनी में रहते थे,दोनों के पिता एक ही ऑफिस मैं काम करते थे। एक ही स्कूल में पढ़े फिर एक ही कॉलेज में एडमिशन लिया और एक साथ ग्रेजुएशन करने के बाद लगभग एक ही साथ नौकरी पे लगे।  दोनों में प्यार ऐसा कि लोग दोस्ती की मिसाल दिया करते थे। सारा दिन अपने काम पर बिजी रहते और जैसे ही समय मिलता दोनों एक साथ नज़र आते।एक के घर पर कोई काम होता तो दूसरा भी पहुँच जाता और ऐसे काम में लग जाता कि मानो अपने ही घर का काम हो। कॉलोनी के लोग उन्हें कभी राम-लखन तो कभी जय-वीरू की जोड़ी कह कर बुलाते थे। कई लोग तो उन्हें भाई ही समझते थे।

शहर में एक नई कॉलोनी बनाई गयी तो दोनों परिवारों ने मिल कर घर बनाने की सोची और घर भी एकदम साथ-साथ बनाये गए बिल्कुल सटे हुए। विजय की शादी के कुछ दिनों के बाद विकास की भी शादी हो गई। दोनों जोड़े घूमने भी साथ ही जाते। विवाह के एक साल बाद ही विजय के घर एक बेटा, विवान पैदा हुआ और उसके दो साल बाद एक बिटिया,गुंजन ने जन्म लिया। विकास के पास ऐसी कोई खुशखबरी नहीं थी। हालाँकि अकेले में बैठ विकास इस बारे में बहुत सोचा करता था पर प्रत्यक्ष में कभी किसी पर ज़ाहिर नहीं होने दिया। अगर कोई कह भी देता तो विकास झट से विवान या गुंजन को उठा लेता और कहता कि यह भी तो मेरे ही बच्चे हैं।

काफ़ी कोशिशों के बाद भी विकास के घर कोई अच्छी ख़बर नहीं आ सकी। इसी बीच विजय की पत्नी ने फिर से ख़ुशख़बरी सुनाई, हालाँकि वह और बच्चा नहीं चाह रहे थे पर सबके कहने पर फ़ैसला हुआ कि यह बच्चा विकास गोद ले लेगा। पहले-पहल तो विकास ने मना किया पर बड़ों के सामने उसकी एक न चली और उसे मानना ही पड़ा। उन्होंने सारे कागज़ तैयार करवा लिए और जब समय आया तो विजय की पत्नी ने एक बड़ी सुन्दर सी बेटी को जन्म दिया।  विकास उसे हॉस्पिटल से ही अपने घर ले आया सारी कानूनी औपचारिकता पूरी कर ली गयी । उसका नाम मेहर रखा गया।दोनों घरों में माहौल बहुत खुशनुमा सा हो गया।

तीनों बच्चे एक साथ खेलने और बड़े होने लगे।  एक ही स्कूल में दाख़िला और विवान के बड़े होने की वजह से गुंजन और मेहर को स्कूल में कभी किसी ने तंग भी नहीं किया।  मेहर को कभी पढ़ाई में कुछ समझ नहीं आता तो झट से विवान के पास पहुँच जाती और विवान भी पुरे मन से उसे समझाया करता, पूरी तरह से उसकी मदद करता।  विवान पढ़ने के लिए कनाडा चला गया, दोनों घरों में थोड़ी से बेरौनकी सी हो गयी लेकिन अक्सर उसका फ़ोन आता तो दोनों परिवार मिल कर उससे वीडियो कॉल कर लेते तो अच्छा लगता। विवान ने चार सालों में वहां की नागरिकता हासिल कर ली पर अभी तक वापिस नहीं आया था हाँ, विजय एक बार उससे मिल आया था।


मेहर ने भी अपना स्कूल खत्म करते ही आगे पढ़ने के लिए कनाडा में जाने की जिद की तो विकास मान गया और फिर फ़ैसला हुआ की विवान के पास ही भेज दिया जाये।  विवान ने भी हाँ कर दी और फिर मेहर भी कनाडा पहुँच गयी। लगभग दो साल में मेहर ने भी अपनी पढ़ाई पूरी करके वर्क परमिट हासिल कर लिया और इसी बीच गुंजन की शादी तय हो गई।  दोनों बच्चों की आने की तारीख के हिसाब से ब्याह की तारीख़ पक्की कर दी गयी। सब बहुत ख़ुश थे। बड़े दिनों बाद कोई बड़ी ख़ुशी आने वाली थी।  विवान और मेहर कहने लगे कि कोई बड़ा सा सरप्राइज देंगे आप सब को।  किसी की समझ में नहीं आ रहा था कि यह क्या हो सकता है।  हर कोई समझ रहा था कि शायद गुंजन के लिए कोई बड़ा तोहफ़ा हो सकता है या फिर उसको भी अपने साथ बाहर ले जाने का प्रोग्राम होगा।


जिस दिन दोनों की फ्लाइट आनी थी, विजय और विकास उन्हें लेने गए। फ्लाइट आयी तो पहले मेहर नज़र आयी उसने दुल्हन जैसे कपड़े पहने हुए थे, मांग में सिन्दूर, कलाई में चूड़ा देख कर विकास चौंक गया।  तभी विवान भी सामान वाली ट्रॉली ले कर आता नज़र आया।  दोनों एक साथ आये और विजय-विकास से गले मिले और कहा यही है हमारा सरप्राइज, हमने कल शादी कर ली है। विजय और विकास दोनों के कानों में मानों किसी ने उबलता हुआ लावा डाल दिया हो, दोनों भौचक्के से कभी एक दुसरे को देखते तो कभी बच्चों को।  समझ नहीं आ रहा था कि क्या कहा जाये, कैसे और क्या समझाया जाये। यह सरप्राइज नहीं यह तो अनर्थ हो रहा था। विजय दोनों बच्चों को लेकर एयरपोर्ट के नज़दीक एक होटल में ले गया और विकास घर गया दोनों की पत्नियों को लेने।


लगभग एक घंटे बाद सब होटल के कमरे में बैठे थे अब सच बाहर आ चूका था और विवान-मेहर अभी भी अपनी ज़िद पर अड़े हुए थे कि हम दोनों एक साथ ही रहेंगे। अब हम अलग़ नहीं रह सकते। सबने बहुत समझाया पर बच्चों ने किसी की भी न सुनी और यह फ़ैसला हुआ कि वह अगली फ्लाइट से वापिस जा रहे हैं। अगले दिन वह दोनों बिना किसी से मिले वापिस चले गए। गुंजन की शादी में भी सब बुझे-बुझे से नज़र आये।  सारी रस्में रिवाज़ बस किसी तरह से निपटाए गए।  डोली जाने के बाद विजय और विकास बहुत देर तक रोते रहे।  कल तक उनके पास तीनों बच्चे थे और आज एक भी नहीं।

क्या होता अगर विकास के कोई बच्चा नहीं होता ? मरने के बाद गति न होती ? पर कम से कम जीते जी ऐसी दुर्गति भी तो नहीं होती।

आज के लिए इतना ही। 
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

Friday, 8 May 2020

सीधी बात



जालंधर जिले में शहर से लगभग आधे घंटे की दूरी पर बसे गाँव कंदोला में गुरबचन सिंह अपने परिवार के साथ रहते थे। गाँव में सबसे प्रगतिशील और पढ़े लिखे किसान थे, ज़मीन भी बहुत थी और खेती के सारे आधुनिक औजार सबसे पहले इनके पास ही आते थे। गुरबचन सिंह जी का बेटा मनजीत सिंह भी पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी से डिग्री हासिल करने के बाद पिता के साथ मिल कर खेती ही करता था, हाँ उसका तरीका काफी आधुनिक था जिसे हाइड्रोपोनिक्स कहते हैं मतलब पानी पर खेती। पूरे पैंतालीस खेत थे इनके पास और मनजीत की खेती के लिए सात खेत अलग़ से। ज़मीनी खेती में तो रबी और खरीफ़ की फ़सलों के इलावा गुरबचन सिंह फूलों की खेती करने में भी माहिर थे।


इस साल गेहूं की फसल बहुत अच्छी होने की उम्मीद थी पर जैसे ही साल शुरू हुआ कोरोना की ऐसी मार पड़ी कि लगने लगा, कुछ भी नहीं बचेगा।  गुरबचन सिंह जी के पास बिहार से आये हुए दस मज़दूर खेत के पास बने पुराने घर में अपने परिवारों के साथ रहते थे। कोरोना के डर से जब सब कुछ बंद हो गया तो इन मज़दूरों ने दिन-रात एक कर कंबाइन की मदद से सारी गेहूँ काट डाली और अब हर रोज़ मनजीत सिंह गेहूं ले कर शहर की मंडी में बेचने जाया करता था।  आम दिनों में तो जल्दी घर आ जाया करते थे पर आजकल कोरोना की वजह से हर काम धीरे-धीरे होता था तो घर पहुँचते हुए शाम हो जाती थी।

आज फिर मनजीत ने शहर जाना था तो पिता गुरबचन सिंह जी को अपनी हाइड्रोपोनिक्स में तैयार फसल की कटाई का जिम्मा दे दिया, उन्हें करना कुछ नहीं था बस वहां जा कर सब्ज़ी को अच्छे से ड़िब्बों में डलवाना था। जब गुरबचन सिंह जी खेतों में जाने लगे तो उनका पोता फ़तेह सिंह भी साथ चलने की ज़िद करने लगा।  गुरबचन सिंह ने सोचा कि चलो बड़े दिनों से यह भी घर में ही बंद है तो चलो खेतों तक ले ही चलता हूँ।  गुरबचन सिंह ने अपना स्कूटर निकाला तो बड़े दिनों से चला न होने की वजह से स्टार्ट ही नहीं हुआ।  किसी ने बताया कि वो गली की नुक्कड़ पर मिंटू मिस्त्री ने आज से दूकान खोली है तो उसके पास ठीक करने के लिए चले गए।  उसने देखते ही सारे काम छोड़ सबसे पहले गुरबचन सिंह जी का स्कूटर देखा और ठीक कर दिया। गुरबचन सिंह ने पैसे पूछे तो कहने लगा ताया जी इन दिनों एक दूजे का ही आसरा है तो पैसे मत दीजिये, मेरी तरफ से मदद समझ लीजिये। गुरबचन सिंह जी ने मिंटू को शाबाशी दी और कहने लगे "बेटा यही सच्चा धर्म है, हम सबको इस मुसीबत की घडी में सबके काम आना चाहिए, पैसे तो सारी उम्र कमा लेते हैं, पुण्य भी कमाना चाहिए" यह कहते हुए स्कूटर को किक मारी और खेत की तरफ चल पड़े।

जब खेत पर पहुंचे तो देखा फलियों की फ़सल आज तैयार थी और डिब्बों में भरी जा रही थी। कुछ फलियां ऐसी भी थीं जिन पर पानी के कुछ निशान थे इसलिए उन्हें गाँव में ही बेच दिया जाना था। गुरबचन जी बैठ कर छंटनी करवा रहे थे और नन्हा फ़तेह सारे काम को बड़े गौर से देख-समझ रहा था तभी गाँव की एक विधवा,जो दूसरों के घरों में काम करके गुजारा करती थी, आ गयी और थोड़ी फलियां मांगने लगी।  कहने लगी कि लोग घरों में काम नहीं करवा रहे इसलिए पैसे भी नहीं हैं, अगर आप सब्ज़ी दे दें तो एक टाइम का खाना हो जायेगा।  गुरबचन सिंह जी ने उसे डांटते हुए भगा दिया। फ़तेह से रहा नहीं गया और बोल पड़ा - दादा जी, अभी आप मिंटू को तो बड़ा समझा कर आये हो पर खुद तो वैसा बिल्कुल नहीं कर रहे जैसा बोलते हो, ऐसा क्यों ? क्या अच्छी बातें सिर्फ बोलने के लिए ही होती हैं ?

हालाँकि गुरबचन सिंह जी को गुस्सा तो बहुत आया पर नन्हे फ़तेह की बातों ने उन्हें झकझोर कर रख दिया, एकदम लाजवाब से हो कर उन्होंने उस औरत को न केवल बढ़िया वाली फलियां और आलू दिए बल्कि कुछ पैसे भी दिए और कहा कि कुछ और भी चाहिए तो बता देना मैं भिजवा दूंगा। फ़तेह ने एक बहुत बड़ा सबक़ सिखाया था आज अपने दादा जी को और दादा जी ने भी फ़तेह को गले लगाते हुए माफ़ी भी मांगी और वादा किया कि अब उस औरत के खाने का इंतज़ाम वही करेंगे। अच्छी बातें तो हर कोई कर लेता है ज़रुरत है तो उन्हें सही मायने देने की।  बस यही एक कमी रह जाती है समाज में।  हमारे नेता, पुरोहित और धर्म गुरु सारा दिन बड़ी-बड़ी बातें तो करते रहते हैं लेकिन असलियत में नतीजा वही ढाक के तीन पात ! मंत्री जी सब से कहते हैं दूसरों की मदद करो और ख़ुद मात्र अपना पेट और तिजोरी भरने में व्यस्त हैं।  इस आपदा में भी देश या जनता का ना सोचते हुए सिर्फ अपनी राजनीति चमकाने में लगे रहते हैं।

आज के लिए इतना ही। 
||  इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>