जब
भी कभी कोई बीमारी घर में आती है तो वह सिर्फ़ किसी एक सदस्य को ही परेशान
नहीं करती बल्कि पूरा घर बीमार हो जाता है। घर का तौर-तरीका बदल जाता है
या यूँ कहा जाए कि पूरा घर ही बीमारी की चपेट में आ जाता है और अगर कहीं
घर का सबसे कमाऊ इन्सान बीमार हो जाए तो यह बीमारी घर के बजट को भी रुग्ण
बना देती है। खाना खाने या खाना बनाने का समय, लहज़ा तक बदलना पड़ता है। जैसे मरीज़ को कब, क्या देना है उसी हिसाब से घर के बाकी लोग अपने आप को बदल लेते हैं।
ज़्यादातर परिवारों में घर की रसोई चलाने वाला बीमार
हो जाये तो खाने के लाले पड़ जाते हैं। हालाँकि आजकल बाज़ार से बना बनाया
खाना आराम से मिल जाता है पर कोई कितने दिन लगातार खा सकता है। क्यूंकि अब
आस-पड़ोस वाले घरों मे पहले जैसा भाई चारा नहीं रहा, इसलिए सब कुछ खुद ही
संभालना पड़ता है। वैसे संयुक्त परिवारों में पेट एक का ख़राब होता है,
खिचड़ी पूरा कुनबा खा रहा होता है। यही तो मज़ा है मिलजुल कर रहने का, कि
कहीं कोई चाची -ताई बीमार भी हो जाये, रसोई चलती रहती है।
अब
जैसे ही घर में कोई बीमार हो, लोग मिजाजपुर्सी के किये आ जाते हैं और उनके
साथ ही कई रायचंद भी आ धमकते है। अरे, आपको रायचंद के बारे में नहीं पता ?
वही... जिनके पास हर चीज़ के बारे में सलाह होती है हर मर्ज़ का इलाज होता
है और हर बात का पता होता है इनको। यह घर में आते ही चाय नाश्ते के मज़े
लेते-लेते आपकी इस बीमारी का भी मज़ा ले रहे होते हैं परन्तु मुँह ऐसे
बनाएंगे, जैसे आपके बहुत ज़्यादा कहने पर ही आज सुबह या कल शाम से रखा हुआ
व्रत तोडा है इन्होने। इनकी बातों से मरीज़ तो ठीक नहीं होता उल्टे घर का माहौल अशांत हो सकता है इसलिए इन्हे ज़्यादा भाव ना दें।
अभी कुछ दिन पहले मेरे एक दोस्त के पिता जी
के गिरने की वजह से कूल्हे में फ्रैक्चर हो गया था, शरीर में कुछ चोटें भी लगीं थीं और ऑपरेशन के बाद
डॉक्टर ने लगभग तीन हफ़्ते एकदम आराम करने के लिए कहा। अब उनको बस बिस्तर
पर लेटे रहना था, दिन में दो-तीन बार डायपर बदला जाता और ज़्यादा लेटे
रहने के कारण कहीं बेड सोर न हो जाएँ इसलिए उन्हें एयर बेड का इस्तेमाल
करने की सलाह भी दी। मेरे मित्र ने यह सारा इंतज़ाम किया, उनकी देखभाल के
लिए एक नर्स को भी रखा जो सारा दिन उनके पास बैठती और दवा वगैरा का ध्यान
रखती। सुबह-शाम एक मालिश वाला भी आता था जो उनकी फिजियोथेरेपी भी कराता।
कहने का मतलब हर तरह की सुख सुविधा, जो बस में थी, मौजूद थी।
फिर एक
दिन उनके घर बड़े वाले ताऊ जी आ गए, बदकिस्मती यह कि उसी समय मेरा दोस्त
अपने ऑफिस में था, भाभी जी किसी काम से पड़ोस में गई हुईं थी, घर पर सिर्फ
बेटी थी जो कि अपने कमरे में बैठी पढ़ रही थी। अंकल के पास सिर्फ़ नर्स बैठी
अपने मोबाइल पर व्यस्त थी। ताऊ जी बिना किसी को बताए सीधा कमरे में आ
धमके और सबसे पहले नर्स पर भड़के, कि तुम देख नहीं रही, कैसे मेरे भाई के
नीचे चादर खिसकी हुई है ? गर्मी के मौसम में उसको आप लोगों ने रबड़ पर लिटा
रखा है, कम से कम एयर कंडीशनर ही चला देते ! जब तक भाभी या मेरे दोस्त की
बेटी ताऊ जी के सामने आतीं, बात बहुत बढ़ चुकी थी। ताऊ जी ने मेरे मित्र को
फ़ोन कर घर पर बुला लिया, वह भी सारे काम छोड़ कर पहुंचा कि कहीं कोई अनहोनी
न हो गयी हो।
घर पहुंचा तो ताऊ जी दो-चार रिश्तेदारों को फ़ोन कर
के बता चुके थे कि कैसे उनके छोटे भाई की दुर्गति कर रखी है बेटे बहु ने
मिल कर। मेरे मित्र ने पहले तो बड़े धीरज से समझाने की कोशिश की कि अभी
मालिश वाला मालिश कर के गया है इसलिए कमरे में एयर कंडीशनर बंद था, लेकिन
जब ताऊ जी कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे तो हार कर उसे कहना पड़ा कि ताऊ जी
आप एक काम करो, पापा को आप अपने घर ले जाओ, उनकी नर्स के बीस हज़ार, मालिश
वाले के आठ हज़ार और सभी दवाएं मैं दूंगा आप तो बस सारा दिन उनके पास बैठना।
यह सुन कर ताऊ जी तो खिसकते बने क्यूंकि रायचंद बनना आसान है अमल करना
मुश्किल, बहुत मुश्किल !
कई दिन तक उनके घर का माहौल ख़राब रहा,
मेरे मित्र का न जाने कितना समय अपने रिश्तेदारों को असलियत समझाने में
व्यर्थ हुआ और कुछ से मनमुटाव हुआ सो अलग़। भाई, मिज़ाज-पुर्सी की भी कुछ
मर्यादा होतीं हैं। आप उस परिवार की कोई मदद तो कर नहीं सकते इसलिए एक-दो
लीटर अमरुद का जूस ले जा कर उनके घर की शान्ति और ख़ास कर सिस्टम को ख़राब
मत करें। हर घर का एक अपना सिस्टम होता है सलीक़ा होता है। ज़रूरी नहीं कि
जो आपके या आपके किसी जानने वाले के घर में जो हो रहा है वही सही है। हो
सकता है कि आप जो कह रहे हैं, सलाह दे रहें हैं उसमें कितने पैसे या कितना
समय लगेगा जो इस परिवार के पास है भी या नहीं। बीमारी वाले घर में
मुश्किलें पहले ही बहुत होती हैं, पर आपके लिए सबसे आसान काम है, सलाह
देना, पर यह भी मत कीजिए ! आज के समय में सब को अगर सब कुछ नहीं तो काफी कुछ तो मालुम होता ही है पर कई बार संसाधनों की कमी के चलते वह उस सुविधा का इस्तेमाल नहीं कर रहे होते इसलिए रायचंदों को चाहिए कि बार-बार सलाह दे कर उन्हें नीचा ना दिखाएँ ! आप सलाह या राय देने की बीमारी से बचें।
आप का इंतज़ार अच्छा लगा, दिल को ये ऐतबार अच्छा लगा
आप आए मिज़ाज-पुर्सी को, आज अपना बुख़ार अच्छा लगा।
|| इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script><script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({ google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", enable_page_level_ads: true }); </script>
