शहर के एक सिनेमा घर में एक नयी फिल्म लगी थी। पहला दिन था और
पहला दिन - पहला शो देखने वाले दीवानों की ठीक-ठाक भीड़ उमड़ पड़ी थी उस थिएटर
में। यूँ तो ज़्यादातर जवान लोग ही आये हुए थे जो कि शायद अपने स्कूल और
कॉलेज ना जाकर घर से सीधे इधर ही आ गए लगते थे, लेकिन एक बुजुर्ग दम्पति भी
वहीँ टिकट खिड़की के आगे कतार में खड़े थे। आसपास खड़े बच्चे उन्हें देख कर
कुछ खुसर फुसर करते और फिर खुल कर हँसते। शायद उनकी उम्र और पहला दिन -
पहला शो के बारे में ही बात करते। थिएटर के बाहर खड़े सब लोगों की निगाह उन
पर ज़रूर गयी होगी।
थोड़ी देर में टिकट की बिक्री शुरू हुई तो उस बुजुर्ग ने आगे हो कर दो टिकट लिए और भीड़ में से ऐसे बाहर आये मानो कोई क़िला फ़तेह कर लिया हो। थोड़ी देर अपनी धर्म पत्नी के पास बैठे ही थे कि सिनेमा के दरवाज़े खुल गए और यह दम्पति भी एक दुसरे का हाथ पकड़ कर अंदर जाने वाली लाइन में खड़े हो गए अब फिर से आसपास के बच्चों ने हंसना और मज़ाक बनाना शुरू कर दिया। कोई किसी को इशारे से हाथ दिखता या उनकी नक़ल करता कि कैसे इस उम्र में भी एक दुसरे का हाथ थामा हुआ है। फिल्म शुरू हुई सब ने आराम से बैठ कर देखी। फिल्म ख़त्म हुई तो सब अपनी अपनी राय देते हुए थिएटर से बाहर आने लगे।
ये बुज़ुर्ग दम्पति भी बाहर आ रही भीड़ के बाद बाहर निकले और फिर से टिकट वाली खिड़की के सामने जा खड़े हुए। फिर से दो टिकट लिए और फिर से थिएटर के अंदर जाने वाली लाइन में लग गए। फिर से कुछ बच्चों ने या जवान लोगों ने मज़ाक उड़ाया पर दोनों एक दूजे का सहारा ले कर अंदर चले गए। शो ख़त्म हुआ, सबसे बाद में यही लोग बाहर आये, आपस में कुछ बात की और फिर से टिकट वाली खिड़की की तरफ चल दिए। इस बार शो की सारी टिकटें बिक गयी थीं। बड़े मायूस हो कर उससे अगले शो की टिकट एडवांस में खरीद कर पास के ढाबे पर चले गए। लगभग दो घंटे वहां कुछ खाने पीने और आराम करने के बाद यह फिर से थिएटर में आ गए। यह आज का आखिरी शो था । फिर से इन्होने फिल्म देखी और ना जाने क्यों मायूस से घर चले गए।
अगले दिन वही बुजुर्ग दम्पति फिर से पहले शो की टिकट लेने के लिए कतार में खड़े थे। थिएटर के मैनेजर ने देखा तो पहचान लिया और इनके पास पहुंच कर कहने लगा कि मैंने आपको कल भी देखा था आपने शायद कल भी यह फिल्म दो बार देखी थी। आपको यह फ़िल्म इतनी पसंद आ गयी कि आप आज फिर देखने आ गए ? बुजुर्ग दम्पति बताने लगे कि " बेटा, हमारी बेटी फिल्मों में काम करता है, नहीं -नहीं कोई बड़ी हीरोइन तो नहीं है बस पर्दे के पीछे रह कर फिल्म को प्रोमोट करती है। उसका नाम इस फिल्म के अंत में स्क्रीन पर आता है और हम दोनों कल से यही कोशिश कर रहें हैं कि किसी तरह से हम उसका नाम पढ़ सके और खुश हो सकें। लेकिन जैसे ही फिल्म ख़त्म होती है लोग खड़े हो जाते हैं और हम कुछ भी पढ़ नहीं पाते हैं। कल हमने दो नहीं तीन बार कोशिश की थी आज फिर से इसी उम्मीद से आये है। " मैनेजर भावुक हो गया और उन्हें वहां ले गया जहाँ से फ़िल्म चलती है यानी कि "प्रोजेक्टर रूम" और उन्हें फ़िल्म के अंत तक इत्मीनान से दिखाया। उन्हें इजाज़त भी दी कि वो अपने मोबाइल पर अपनी बेटी के नाम की फ़ोटो भी खींच लें ताकि वह अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को दिखा सकें।
बुजुर्ग दम्पति उस दिन थिएटर से ऐसे बाहर आये जैसे किसी बच्चे को कोई मनचाहा खिलौना मिल गया हो। उन्होंने वो फोटो अपने सब रिश्तेदारों को भी दिखाई और न जाने कितने फख्र से सीना चौड़ा करते हुए सब को यह बताते कि कैसे उनकी बेटी ने इतनी मेहनत के साथ यह मुक़ाम हासिल किया। अपने बच्चों की छोटी से छोटी उपलब्धि की ख़ुशी तो होती ही है। (अज्ञात)
नागवारी है तुझे माँ बाप अंदाज़ से
सब समझ आ जायेगा औलाद हो जाने के बाद !
सब समझ आ जायेगा औलाद हो जाने के बाद !
आज के लिए इतना ही। ...
|| इति ||<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
enable_page_level_ads: true
});
</script>