आज यूँ ही लेटे-लेटे तुम पर नज़र पड़ी तो ख्याल आया कि न तो तुम्हारी गिनती इंसानो में होती है और न ही जानवरों में क्यूँकि इंसानो के दो पैर होते हैं और जानवरों के चार, तुम्हारे तीन हैं अब तुम्हें क्या कहा जाये बीच वाला ? वैसे बीच वाला भी ठीक ही है तुम अक्सर कमरे के ठीक बीचों-बीच ही लटकते हुए नज़र आते हो। घर, पूजा घर या किसी भी जगह जहाँ आम जनता आती है, बैठने से पहले एक बार तो ऊपर छत की तरफ ज़रूर देखते हैं मानो तुमसे पूछ रहे हों कि अगर मैं यहाँ बैठ जाऊं तो हवा तो दोगे ना ! अक्सर ऐसी जगह पर तुम बहुत धीमी गति से चल रहे होते हो, जाने क्यूँ ?
वैसे तुम्हारे कुछ और रूप भी नज़र आते हैं कोई दीवार पर टंगे हुए दाएँ-बाएँ घुमते रहते हो मनो कोई कड़ी निगरानी कर रहा हो ये अपने बुज़ुर्गों के पदचिन्हों पर चल रहा हो जब तुम्हें हाथ में ले कर इधर-उधर हिलाया जाता था, कुछ तो जैसे कोई तपस्या कर रहे हों, एक टांग पर खड़े हो कर। यहाँ पर मैं एक ताज़ा मिली जानकारी आपके साथ बाँटना चाहता हूँ कि फिल्म कलाकार अर्जुन कपूर को छत पर टंगे पंखे से बहुत डर लगता है इसलिए उनके घर में एक भी छत वाला पंखा नहीं है !! है ना हैरानी वाली बात, पर वह तो बड़े लोग हैं बातें तो बड़ी ही होंगी।
कई बार जब तुम एक टांग पर खड़े हो किसी सम्मेलन में लोगों को ठंडी-ठंडी हवा दे रहे होते हो तभी कोई पसीने से तर इंसान आकर तुम्हारे ऐन सामने खड़ा हो जाता है तो पीछे बैठे लोगों का तो सांस लेना भी दूभर हो जाता है, लगता है कि नाक के बाल ही जल जायेंगे और सब खाया पीया बाहर आ जायेगा। तुम वैसे कई जगह पर वरदान भी साबित होते हो जैसे कि गृहणिओं को रसोई में या ग़ुसलख़ाने में। वहां तुम्हारा काम बहुत सराहा जाता है क्यूंकि तुम गंदी हवा बाहर फेंक रहे होते हो और इसकी वजह से उनका वहां काम करना थोड़ा आसान हो जाता है। तुम्हारे कुछ और प्ररूप भी बाज़ार में नज़र आते हैं जो कि बच्चों के खिलौने से लेकर कारखानों में लगने वाले बड़े-बड़े हाथ फ़ैला कर डराते हुए लगते हैं, कोई-कोई तो छत से लटकते हुए हवा के साथ रोशनी देने के इलावा घर की खूबसूरती में भी चार चाँद लगा देते हैं। आज कल तुम्हारा ही समय चल रहा है, और कुछ महीनों में तुम्हारी तरफ देखने मात्र से ठंड का एहसास होने लगेगा। तुम्हारा इस्तेमाल घर की औरतें बड़े ही सुचारु ढंग से करती हैं, पति को सोते से जगाना हो तो गर्मियों में झाड़ू लगाने के नाम पर पंखा बंद कर दिया जाता है और सर्दियों में पोछा सुखाने के नाम पर चला दिया जाता है। तब तुम एक पति-छेड़ू यंत्र की तरह बरते जाते हो। मेरे घर में भी तुम्हारी तेजी घटाने और बढ़ाने के लिए न जाने कितनी नोकझोंक हो चुकी हैं और न जाने कितनी बाकी हैं।
खैर,जब कहीं ठीक ढंग से पंख या पंखा लग जाये तो मज़ा आ जाता है !!
|| इति||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script><script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({enable_page_level_ads: truegoogle_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", });</script>
