क्या कभी आप लोगों ने किसी मछुआरे को मछली पकड़ने की तैयारी करते हुए देखा है ? बात ज़रा समझने वाली है, अगर समझ में आ गयी तो दूर तक जाएगी। मछुआरा अपने कुनबे के साथ मिल कर कई दिनों तक धागे से छोटी-छोटी टुकड़ियों वाले छोटे जाल तैयार करते हैं कई बार इसमें कई हफ्ते तक लग जाते हैं पर वोह लोग पूरी शिद्दत से इस काम में जुटे रहते हैं। फिर उन छोटी-छोटी टुकड़ियों को एक साथ पिरो कर एक लम्बा-चौड़ा बहुत बड़ा सा जाल बनाया जाता है।
अब एक ऐसी जगह की तलाश की जाती है जहाँ पर बहुत सी मछलियां होने की उम्मीद हो। इसके लिए दो-चार मछुआरे अपनी किश्तियाँ ले कर समंदर में, नदी में या यूँ कहा जाये पानी में निकल जाते हैं उनके पास कई बार छोटे वाले जाल भी होते हैं जिससे वोह कुछ मछलियों का शिकार भी कर के ले आते हैं ताकि पता चल सके कि अमुक स्थान पर किस तरह की मछली पायी जाएगी। फिर सब लोग एक साथ एकमत हो कर शिकार के लिए निकलते हैं। अब वोह अकेले नहीं बल्कि एक बड़ी नाव में एक साथ जाते हैं। फिर जाल बिछाया जाता है, उस स्थान पर नहीं जहाँ काफी मछलियां होने की खबर मिली थी, बल्कि उस जगह से दूर, एक घेरा सा बनाया जाता है।
मछली अब तक इस सब से अनजान अपने पानी में एकदम मस्त खेल रही होती है क्यूंकि उसे पता ही नहीं होता कि उसके आसपास क्या चल रहा होता है। उसे यही लगता है के वो जब तक यहाँ है उसे कोई खतरा नहीं है, उसके सभी साथी संगी यहीं हैं, अब तक उसने खुद को बिना पानी के होने के बारे में सोचना तो दूर, उसे यह पता भी नहीं है के वोह बिना पानी के मर भी सकती है क्यूंकि अभी तक ऐसी परिस्थिति देखी ही नहीं जहाँ उसे सांस भी लेने के लिए जूझना पड़ा हो। वहीँ मछुआरा भी यह बात भली-भांति जानता है कि मछली को किसी चाकू या अन्य हथियार से मारना बहुत मुश्किल है परन्तु अगर उसे पानी से अलग कर दिया जाये तो लगभग तुरंत ही उसे बहुत आसानी से मारा जा सकता है, इसलिए वह महीनों इस तैयारी में लगा रहता है और मौका देख मछली को मार देता है।
अब जब यह जगह घेर ली जाती है तो घंटों या कई बार कई दिनों तक उस जाल को बिछे रहने दिया जाता है और बीच-बीच में उस घेरे को छोटा करते रहते हैं। फिर एक दिन जब बहुत सी मछलीयाँ उस जाल में आ जाती हैं यह फ़ैसला लिया जाता है कि अब जाल समेट लेना चाहिए। ढेर सारी मछलियां अपनी जान से हाथ खो बैठती हैं।
अगर आजकल आप अपने आसपास देखें या कोई भी ख़बरों को पढ़ने की कोशिश करें तो आपको रोज़ कोई न कोई जाल में फंसी मछली जैसी कहानी या ख़बर देखने, सुनने या पढ़ने को मिलेगी बस फर्क उस मछुआरे का होगा या फिर उस जान गंवाने वाली मछली का। बड़ी ज़रुरत है इन मछुआरों को पहचानने की, जो कभी धर्म का, कभी जात का, कभी रंग का, कभी भाषा का, कभी प्रांत का, कभी राम नाम का तो कभी रहीम के नाम का जाल बिछा कर नासमझ या भोले, नादान भारतियों को फंसाया जा रहा है। अभी भी समय है अगर अब न संभले तो बहुत देर हो जाएगी क्यूंकि इन मछुआरों ने हमारे आसपास ही अपने साथी बैठा रखे हैं जो हमें पानी से दूर ले जाते हैं पर मौत के पास ले जा रहे हैं।
हम भारत को पतन के राह पर ले आये हैं, हमारे इतिहास को दोबारा से लिखा जा रहा है, हमारे दिमागों को अपने हिसाब से ढाल कर यह मछुआरे हमारे सोचने और समझने की ताक़त कम करते जा रहे हैं। अगर कोई कुछ अच्छा बोलने, पढ़ने, लिखने या सोचने की कोशिश भी करता है उसके विचारों को दबा दिया जाता है कभी धर्म का वास्ता देकर या कभी देश का। हालात बड़े खतरनाक होने वाले हैं जब आपके विचारों पर भी पहरेदार बैठा दिए जायेंगे, आपकी सोच को भी सवालों के घेरे में लाया जायेगा। आपकी आवाज़ को भी दबा दिया जायेगा कभी चरित्र हीन बना कर या कभी देशद्रोही दिखा कर। झूठे इल्ज़ाम लगाए जायेंगे या सरकारी महकमों की तरफ से कोई फरमान भेज कर डराया-धमकाया जायेगा।
शायद कुछ लोग मेरे विचारों से सहमत ना हों, होने भी नहीं चाहिए क्यूंकि अलग मत होना कोई जुर्म तो नहीं है पर शायद कल उनमें से कुछ लोग और मेरे विचारों से सहमत होने लगेंगे। मेरी सोच तो थोड़ी बदचलन सी है, चलन के खिलाफ ही चलती है।
बुतों को गिराने से या बुतों को बनाने से,
इनको लगता है सरकार चलती रहेगी इबादतखानों को लड़ाने से
आम जनता भी अब तो परेशां है इनको राज गद्दी पर बैठाने से,
तोड़ो,मारो या गिराओ, इनको तो मतलब है राजनीति चमकाने से !
आज के लिए इतना ही ...
|| इति ||
