Powered By Blogger

Thursday, 24 February 2022

बड़ा भाई

 विक्रमजीत मुझसे उम्र में लगभग तीन साल बड़ा था।  पिताजी नौकरी के सिलसिले में उत्तरप्रदेश में कार्यरत थे और महीने में एक या बड़ी हद दो बार घर आना होता था।  बड़े होने के नाते घर के सारे काम विक्रम ही निपटाता था जैसे राशन लाना, बिजली पानी के बिल जमा कराना। कभी- कभी मुझे भी ऐसा कुछ छोटा-मोटा काम थमा दिया जाता पर बाद में सब यही कहते कि अगर ढंग से करना नहीं आता तो करते ही क्यों हो, इससे अच्छा तो विक्रम से ही करवा लेते।  विक्रम अक्सर मुझे इसी बात पर ताने ही मारता रहता और माँ मेरे बचाव में हमेशा उसे ही डांट देती कि फिर क्या हुआ जो उसे काम करना नहीं आता, तू तो बड़ा है ना।  जैसे तूने सीख लिया यह भी सीख लेगा और देखना सबसे अच्छे ढंग से करेगा ये काम।  बस एक यही बात थी जिस की वजह से मैंने कभी ढंग से काम किया ही नहीं।

जब मैं कॉलेज में आया तो विक्रम अपनी पढ़ाई पूरी करके नौकरी करने लगा था और मेरे तो बड़े मजे हो गए थे, जब भी कभी फिल्म देखने जाना होता तो माँ से पैसे मांगने की जगह विक्रम से पैसे मांग लेता और वो भी ख़ुशी-ख़ुशी दे देता।  फिर उसने एक मोटर साइकिल खरीद ली तो कभी कभी मैं भी कॉलेज ले जाता पर शर्त यह होती कि वापिस आने पर मोटर साइकिल धो कर, अच्छे से चमका कर देनी पड़ती।  मेरा कॉलेज में आखिरी साल था जब विक्रम आगे पढ़ने के लिए कनाडा चला गया।  शुरू में तो मैं बहुत खुश था कि अब मोटर साइकिल पर मेरा कब्ज़ा होगा, रोज़ाना कॉलेज ले कर जाऊँगा।  कोई रोक-टोक नहीं।  लेकिन फिर पता चला कि इसमें पेट्रोल भी डलता है और उसके लिए पैसे तो मम्मी से ही मांगने पड़ेंगे और उसके लिए उनकी बातें भी सुननी पड़ेंगी।

विक्रम के जाने के बाद घर के सारे काम मेरे सर पर आ गए, न चाहते हुए भी कभी बिजली का बिल जमा करवाओ तो कभी पानी का, और तो और घर का राशन लाने की ज़िम्मेदारी भी मेरी ही थी।  मम्मी ने कहीं आना-जाना हो तो उन्हें भी ले कर जाना पड़ता था।  पिताजी घर आये हुए हैं तो उनके काम अलग़ से करने पड़ते थे कभी किसी रिश्तेदार के घर छोड़ आओ तो कभी किसी दोस्त के घर।  विक्रम का फोन तो आता रहता था और वो मुझे याद भी दिलाता रहता था कि मोटर साइकिल का बीमा ख़त्म होने को होगा, याद से करवा लेना।  अब उसमें तो और पैसे लगने थे सो कह देता कि करवा लूँगा।  फिर एक दिन उसने अपने एक दोस्त से कह कर बीमा भी करवा दिया।  दोस्त ने पैसे भी नहीं लिए, कहने लगा कि वो अपने आप विक्रम से हिसाब कर लेगा। 

साल भर में मैंने मोटर साइकिल की एक बार भी सर्विस नहीं करवाई थी तो उसके नतीजे सामने आने लगे थे, कई बार वो चलते-चलते बंद हो जाता था।  फिर एक दिन विक्रम ने अपने एक और दोस्त को भेजा जिसने वो मोटर साइकिल किसी मिस्त्री को दे कर ठीक करवा दी और विक्रम ने मुझे भी समझा दिया कि आगे से जब भी कभी कोई समस्या हो तो मैं इस मिस्त्री के पास ही चला जाया करूँ।  विक्रम कनाडा में बैठा भी मानो किसी रिमोट के जरिये मेरे कई काम पूरे करवा देता था।  विक्रम मेरे लिए किसी भी आते-जाते के हाथ कभी घड़ी, कभी जूते और कभी कोई महंगे ब्रांड की कमीज़ या जीन्स भेजता रहता था।  दूर बैठा भी मेरे ख़र्चे पूरे करता रहता था।  जैसे हमारे कॉलेज से एक ट्रिप आगरा जा रहा था तो विक्रम ने मेरी फीस भरी और मुझे लगभग जबरदस्ती जाने के लिए मनाया।  वो ट्रिप भी बड़ा यादगार रहा।

अब तो ख़ैर विक्रम कनाडा का पक्का नागरिक है और हर दुसरे-तीसरे साल भारत आता रहता है।  हम दोनों ब्याहे जा चुके हैं हमारे अपने परिवार हैं।  मैं खुद भी दो बार उसके पास जा के महीने के लिए रह आया हूँ वो भी अपने खुद के खर्चे पर ! अब मैं घर के सारे काम खुद कर लेता हूँ, पिताजी और मम्मी को कहीं भी जाना होता है तो खुद ही ले जाता हूँ।  अच्छा रहन- सहन  भी है, समाज में भी ठीक-ठाक रुतबा है लेकिन आज भी सोचता हूँ कि विक्रम कनाडा जाते समय मुझे सिर्फ एक मोटर साइकिल ही नहीं दे कर गया था बल्कि एक बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी भी दे कर गया था और वो ज़िम्मेदारी थी ख़ुद के पैरों पर खड़ा होने की ! उस मोटर साइकिल ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है और वो आज भी चलती हालत में हमारे घर में खड़ी है।  कई बार जब दिल उदास होता है, विक्रम की याद आती है तो उसे निकाल कर शहर का चक्कर लगा आता हूँ और पुरानी यादें ताज़ा कर लेता हूँ।  वो सिर्फ मोटर साइकिल ही नहीं है मेरा बड़ा भाई भी है। 

लिपट जाती हैं सारे रास्तों की याद बचपन में, जिधर से भी गुजरता हूँ मैं रास्ता याद रहता है।
हमें भी अपने अच्छे दिन अभी तक याद हैं 'राणा' हर इक इंसान को अपना ज़माना याद रहता है।

आज के लिए इतना ही। ...

   ||  इति ||