Powered By Blogger

Monday, 28 September 2020

समाचार समाप्त हुए !

 मुझे बहुत अच्छे से याद है अस्सी के दशक की शुरुआत में हमारे घर पहला टेलीविज़न आया था। घर में टी वी होना बहुत बड़ी बात हुआ करती थी उन दिनों। बड़ा शौक़ हुआ करता था और जैसे तब लोग उसे सजावट का सामान मान कर घर की बैठक में रखा करते थे, हमने इससे उल्टा टी वी को बेड रूम में रखा था। माता जी का मानना था कि हमें कुछ शो ऑफ नहीं करना, वैसे भी पलंग पर बैठना आसान है और घर के सोफे भी ज़्यादा ख़राब नहीं होते। उससे पहले हम अपने पड़ोसी के घर हफ़्ते में एक बार फ़िल्म देखने जाया करते थे तो कभी चित्रहार देखने ताऊ जी के घर। अगर कोई मैच आ रहा हो तो किसी दोस्त के घर। 


उन दिनों शाम साढ़े सात बजे लोकल या प्रदेशिक समाचार आया करते थे और फिर रात नौ बजे दिल्ली से राष्ट्रीय समाचार आया करते थे लगभग आधे घंटे के लिए और सच मानिए खबरें ही हुआ करती थीं। हम बच्चों को वह आधा घंटा बहुत अरुचिकर लगता था तो हम टी वी बंद करके रेडियो पर हवामहल या फिर कोई और प्रसारण सुना करते थे। शनि-इतवार को पिताजी नौ बजे टी वी ज़रूर देखा करते थे वो भी काफ़ी ऊँची आवाज़ में और हमें सुनना होता था बिनाका गीत माला, तो हम इंतज़ार करते रहते थे कि कब यह समाचार ख़त्म होंगे। जैसे ही टी वी में से आवाज़ आती थी - "इसके साथ ही समाचार समाप्त हुए", हम खुश हो जाते थे और रेडियो की आवाज़ बढ़ा दिया करते थे।  तब यह नहीं सोचते थे कि एक दिन यह समाचार सच में ही समाप्त हो जायेंगे !


फिर दौर शुरू हुआ रंगदार या रंगीन टेलीविज़न का और अस्सी के दशक के ख़त्म होने से पहले हमारे घर रंगीन टी वी आ पहुँचा।  इसके साथ ही दूरदर्शन ने सारे दिन अपना प्रसारण शुरू किया, समाचार दिन में तीन-चार बार आने शुरू हो गए। नब्बे के दशक की शुरुआत में ढ़ेर सारे चैनल आ गए और सारा दिन मनोरंजन होने लगा।  समाचार सुनाने वाले भी कई आ गए। जब खाड़ी युद्ध हुआ तो बहुत अच्छी और सटीक ख़बरें देने पर एक-दो न्यूज़ चैनल पूरी दुनियाँ में छा गए। अब दुनिया भर के लोग विश्वसनीय ख़बरों के लिए इन्ही चैनलों को देखना पसंद करने लगे।  बस तभी एक नया शब्द ईजाद हुआ - "ब्रेकिंग न्यूज़", उसने शुरू में तो काफ़ी रोमांच उत्पन किया परन्तु साल 2010 आते-आते इसका बंटाधार हो गया। 

"ब्रेकिंग न्यूज़" के नाम पर जाने क्या-क्या परोसा जाने लगा।  कभी किसी छोटे से शहर के छोटे से मोहल्ले में किसी की गाय ने बछड़ा भी दे दिया तो "ब्रैकिंग-न्यूज़" बनने लगी।  कभी यहाँ की अफ़वाह तो कभी वहाँ का झूठ, सब सरेआम दिखाया जाने लगा।  राजनैतिक पार्टियां भी झूठ फ़ैलाने के लिए इन्ही की शरण में आ पहुंची। बस फिर क्या था, झूठ का बोलबाला हो गया और सच का मुँह काला। सच तो जैसे कहीं ग़ायब ही हो गया इन न्यूज़ चैनलों से।  जब कोई ख़बर नहीं होती तो ख़बरों के नाम पर क़त्ल-लूटपाट-अपहरण जैसी ख़बरों के एक घंटे के लंबे-लंबे प्रोग्राम दिखाए जाने लगे। समाचार की जगह, सब चैनल रोज़ाना प्रसारित होने वाले सीरियल की कहानी बताने लगे हैं। अब ज़्यादातर के पास तो कोई ढंग की ख़बर होती ही नहीं, बस एक ही बात को बार-बार बोलते रहते हैं। 


जाने वो शांत और सभ्य ढ़ंग से समाचार पढ़ने वाले कहाँ चले गए ? अब तो एक से एक अभिनेता आ धमकता है टी वी पर और घटिया स्तर का अभिनय करते हुए अपना मत आपको बता जाता है और आप समझते हैं कि यही ख़बर है। कुछ लोग समाचार सुनाते हुए ऐसे चीख़ते हैं मानों किसी मंडी में कोई बोली लगा कर अपना सामान बेच रहा हो। असली ख़बरों को ना बता कर कुछ दूसरी ख़बरों को प्राथमिकता दी जाती है। ज़्यादातर ख़बरें आपको मात्र एक ही पहलु दर्शाती हैं वो भी ऐसा जिसमें उस चैनल को लाभ पहुँचाने वाले का राजनैतिक फ़ायदा हो।  पतन सिर्फ समाचार सुनाने वालों का ही नहीं हुआ, सुनने वालों का भी हुआ है।   राजनीति में इसका इस्तेमाल छवि बनाने और छवि बिगाड़ने में खुल कर हुआ और समाचार समाप्त हो गए!


लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहलाए जाने वाली पत्रकारिता अब पत्तलकारिता में बदल चुकी है। 




आज के लिए इतना ही। 
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

Saturday, 5 September 2020

नेपोटिज़्म

पिछले कुछ सालों से नेपोटिज़्म या वंशवाद का क़ाफी ज़िक्र चल रहा है, फिर भले वो कोई राजनैतिक मंच हो या फिर फिल्म उद्योग ।  हाँ, जहाँ होना चाहिए बस वहीँ नहीं हो रहा। देखा जाये तो यह वंशवाद कोई आज की प्रथा तो नहीं है, यह तो जाने कब से चली आ रही है और जाने कब तक चलेगी ? वैसे मेरे ख्याल से यह  रहेगी, जब तक वंश चलेंगे तब तक ! वंशवाद होना स्वाभाविक है इसमें कुछ भी गलत नहीं है, ख़ास तौर पर  तब, जब यह कारोबार में है। कोई भी व्यक्ति अपना कारोबार या उद्योग इसलिए स्थापित या शुरू नहीं करता कि उसके मरने के बाद वो भी ख़त्म हो जाये। हर किसी की इच्छा होती है कि उसका कारोबार इतना बढे कि उसकी आने वाली पुश्तें भी काम की तलाश में इधर-उधर न देखें, उन्हें काम यहीं से मिल जाये।  


वंशवाद का सारा शोर सिर्फ और सिर्फ ध्यान भटकाने के लिए किया जा रहा लगता है।  कुछ साल पहले एक राजनैतिक दल ने भी इसी तरह की भ्रांतियां फैला कर सत्ता प्राप्त कर ली और आज उसी दल के खिलाफ वंशवाद के आरोप लग रहे हैं। यह सिर्फ आरोप मात्र नहीं हैं, कई तथ्य भी नज़र आते हैं।  हम लोगों ने अगर अपने बच्चों का रिश्ता करना होता है तो हम उनके वंश, खानदान के बारे में पूछताछ तो करते ही हैं, पर साथ के साथ हम उसकी पढाई-लिखाई, काम या कारोबार को ज़्यादा महत्त्व देते हैं। जब देश या प्रान्त की बागडोर किसी के हाथ में देनी हो तो भी हमें कोई खानदानी लोग ही नज़र आते हैं पर हम वहां भी तो काबिल व्यक्ति को ही ढूँढ़ते हैं। हम सब यही चाहते हैं कि कोई पायेदार, पढ़ा-लिखा व्यक्ति ही हमारा नेतृत्व करे और सबको एक प्रगतिशील समाज दे। 

अगर "फिल्म उद्योग" की बात करें तो सबसे पहले, यह एक उद्योग है, कोई सरकारी नौकरी नहीं जहाँ कोई प्रवेश परीक्षा होगी।  उद्योगपति अपना कारोबार अपने बच्चों को ही देता है और अगर वो काबिल हो तो उद्योग और फूलता-फलता है, नहीं तो ख़त्म हो जाता है। ऐसे ही फिल्मों में अगर कोई अच्छा कलाकार होगा तो टिक जायेगा, नहीं तो एक-दो फ़िल्में करने के बाद कहीं गुम हो जायेगा या फिर किसी और काम में जुट जायेगा। भारतीय फिल्म उद्योग में ऐसी कई मिसालें हैं।  अब कपूर ख़ानदान को देख लें, पृथ्वी राज कपूर के तीन बेटे, तीनों फिल्मों में नायक बन कर आए बहुत लोकप्रिय हुए। लेकिन तीनों बेटों के सारे बच्चे सफल नहीं हुए, जो ज़्यादा सफल नहीं हुए उनकी बेटी बहुत सफल हुई और अभी भी काम कर रही है। 

फिल्म उद्योग में नेपोटिज़्म पहली फिल्म मिलने तक  ही है, उसके बाद कलाकार का काम बोलता है कि उसे और काम मिलना चाहिए या नहीं।  असल में यहाँ वंशवाद के इलावा गुटबाज़ी का भी ज़िक्र होता आ रहा है तो वह भी ग़लत नहीं है।  बचपन में जब आप स्कूल में पढ़ते हैं तो आपकी जान-पहचान सब से होती है मगर आपके ख़ास दोस्त सिर्फ दो-चार ही होते हैं। ठीक ऐसा ही आपके रहने के इलाके में भी तो होता है, आप अपनी कॉलोनी के सभी घरों से मिलते तो हैं लेकिन कुछ लोग आपके ख़ास होते हैं।  अब इसे कोई ग़लत कह कर सबका ध्यान अपनी तरफ खींचे, तो क्या वह सही हो जायेगा ? अब ऐसे शोर मचाने वाले ख़ुद भी तो ऐसे ही बर्ताव करते हैं, तो फिर गिला कैसा ? यही तो दुनिया का दस्तूर है और यह संसार सदियों से ऐसे ही चलता आया है और आगे भी ऐसे ही चलेगा। 

नेपोटिज़्म या वंशवाद  न होता तो राम जी राजा न बनते।  भगवान राम छोडो,दशरथ भी राजा न बनते, और अगर गुटबाज़ी न होती तो शायद बाली भी धोखे से ना मारा जाता। जंगल में आपने शेर को कुछ नहीं कहा तो इसका मतलब यह कतई नहीं है कि शेर भी आपको कुछ नहीं कहेगा।  तो बेहतर यही होगा कि जितना ध्यान लोग इस मुद्दे को उछालने पर दे रहें हैं अगर उतना ज़ोर अपने हुनर को निखारने पर दें तो शायद कल, उनके पास इन शिकायतों का समय नहीं रहेगा। उनके पास भी बेहतर काम होगा। 


आज के लिए इतना ही। 
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>