Powered By Blogger

Friday, 13 November 2026

"ध्यान"

 

लगभग ढाई अक्षर और एक मात्रा से मिल के बना यह शब्द प्यार जैसा ही प्यारा है और इसकी सीरत भी लगभग वैसी ही है और यह शब्द है "ध्यान"।  अगर ध्यान में आ जाये तो ठीक नहीं तो ढ़ेरों लोग बे-ध्यान हो कर मस्त हैं।  किसी बात की कोई फ़िक्र नहीं, सब ठीक ही लगता है ऐसे लोगों को।  लेकिन अगर कोई बात ध्यान में आ जाये तो फिर तो क्या ही बात है।  बात ध्यान में रही तो बेड़ा पार वर्ना बंटाधार !

आपको पता है सबसे ज़्यादा इस्तेमाल किये जाने वाला बहाना है - "ओह, ध्यान नहीं रहा " ! कई बार इस शब्द ने आपको बचाया भी होगा जब आपने कहा होगा - "ठीक से ध्यान में नहीं आ रहा " और कई बार फंसाया भी होगा - "इतनी सी बात तुम्हारे ध्यान में नहीं रहती ?" जितने भी गुरु या गुरु घण्टाल मिलेंगे, सब ध्यान की बात ज़रूर करेंगे।  कोई योग में ध्यान लगाने को कहेगा तो कोई उसको चढ़ने वाले भोग का ध्यान रखने को। 

शादी भी बिल्कुल ऐसे ही शुरू होती है जब पति पत्नी एक दूजे को यह कहते रहते हैं कि आप मेरा कितना ध्यान रखते हो या आप मेरा कितना ध्यान रखती हो और फिर बात ख़त्म होती है कि तुम्हारा ध्यान जाने कहाँ रहता है आजकल ? पत्नी जी कहती हैं "मैं कितने दिनों से कह रही हूँ कि घर में फलानी चीज़ खत्म होने को है, शाम को घर आते हुए लेते हुए आना पर न जाने आपका ध्यान अब घर पर क्यूँ नहीं रहता !" और पति देव कह रहे होते हैं " मैंने तुम्हे तीन दिन पहले ही बता दिया था कि इस शनिवार मुझे अपने दोस्तों के साथ बाहर जानना है और तुमने मेरी जीन्स धो डाली, अब मैं क्या पहन कर जाऊं? तुम मेरी बात ध्यान से सुनती ही कहाँ हो ?"


आज कल के इस रील्स के समय में कई रील इतनी तेज़ी से निकल जाती हैं कि उन्हें समझने के लिए दोबारा ध्यान से देखना-सुनना पड़ता है और इसी चक्कर में अगले के व्यू बढ़ जाते हैं।  आजकल तो आपका ध्यान खींचने के लिए इंटरनेट पर ढेरों-ढेर तरीक़े अपनाए जा रहे हैं, कभी मुफ़्त - मुफ़्त का शोर तो कभी भारी भरकम डिस्काउंट तो कभी फ्री-गिफ़्ट।  असल में यह सब आपका ध्यान आकर्षित करने के टोटके ही तो हैं जिन्हे जेन- ज़ी की भाषा में क्लिक-बेट भी कहते हैं।  कहने का तात्पर्य यह कि सब कुछ आपके ध्यान के लिए हो रहा है, कभी ध्यान खींचने के लिए तो कभी ध्यान भटकाने के लिए। 


वैसे ध्यान भटकाने का काम तो हम लोगों के साथ बचपन से चल रहा है, कभी गिर कर चोट लगी तो पापा-मम्मी ने कहा कि चींटी का आटा गिर गया, हमारा ध्यान भटक गया और हम अपनी चोट भूल गए। बड़े हुए तो देखा कि राजनेता 
कैसे असली मुद्दों से हमारा ध्यान भटकाते हैं, कभी अजब-गजब बयान दे कर तो कभी कोई नया बेकार सा मुद्दा खड़ा कर देते हैं। चलिए अब मेरा ध्यान भी भटकने लगा है, इसलिए लिखना बंद करता हूँ। 


अपनी हालत का मुझे ध्यान नहीं होता है, 'इश्क़ सच्चा हो तो आसान नहीं होता है। 
तुझ से मिल कर मुझे पहले सी ख़ुशी मिलती नहीं,तू मुझे देख के हैरान नहीं होता है।
-हिमांशी बाबरा

आज के लिए इतना ही।

||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
enable_page_level_ads: true
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", });

Tuesday, 1 September 2026

अलग-अलग

जीवन ज्योत सिंह अमृतसर के समीप वेरका का रहने वाला था, पढ़ने के लिए रोज़ाना अमृतसर जाया करता था।  पढ़ाई में बहुत होनहार और बड़ी ही लगन से हर काम किया करता था। अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद आगे पढ़ने और बसने के लिए कनाडा जाने का मन बनाया। हालाँकि तब वहां पर जाने का इतना रुझान नहीं था जितना आजकल देखने को मिलता है। जीवन के पिता अमृतसर की एक मिल में काम करते थे और अजीविका लगभग ठीक ही चल रही थी। उनके पास कुछ ज़मीन भी थी जिसे बेच कर उन्होंने उसे कनाडा में पढ़ने के लिए भेज दिया। दो साल की पढ़ाई थी और साथ में काम करने की सहूलियत भी थी।

जीवन को लगा कि जैसे तैसे कर के एक साल का खर्चा तो घर से मांग लेगा बाकी ख़ुद भी कमाएगा और इस तरह से दूसरे साल का ख़र्च घर से नहीं मांगेगा। जीवन ने खूब लगन से पढ़ाई की और दूसरे साल के आते-आते उसे कॉलेज की तरफ़ से कुछ वजीफ़ा भी मिलने लगा। घर पर सब ख़ुश थे, छोटी बहन मनजोत भी कॉलेज जाती थी। पता ही नहीं चला कब दो साल बीत गए और कब जीवन और मनजोत की पढ़ाई ख़त्म होने को आयी। हर महीने एक-दो बार टेलीफोन पर बातचीत हो जाती तो सबको लगता जैसे मिल लिया हो।  जीवन ने आगे वर्क परमिट ले लिया और वहीँ पर नौकरी करने लगा। नौकरी करने के दौरान उसकी मुलाकात वहीँ की रहने वाली एक गुजराती लड़की हेतल शाह से हुई। दोनों एक दुसरे को पसंद करने लगे और फिर यही फ़ैसला हुआ कि दोनों शादी कर लेंगे। 


जीवन ने अपने घर पर बात की तो पहले-पहल तो कोई अच्छा ज़वाब नहीं आया लेकिन फिर सब मान गए और सलाह की कि शादी तो कनाडा में कर लो और एक रिसेप्शन फिर भारत में भी करेंगे। उन्होंने वहीँ शादी कर ली और अपनी रोज़मर्रा की आपाधापी में ऐसे मशगूल हुए कि सिवाए पैसे कमाने के और कुछ याद ही न रहा। जब भी घर से फोन आता तो कहते बस जल्दी ही कोशिश करेंगे घर आने की, बस अगले महीने कुछ छुट्टियां ले लूँगा, हेतल भी दो हफ़्ते की छुट्टी मांग लेगी तो आ जायेंगे। अगला महीना तो आ जाता पर जीवन घर नहीं आ पाता, कभी एक को छुट्टीनहीं मिली तो कभी दुसरे को ओवरटाइम करना पड़ा। कभी बहाना बना कि टिकट बड़ी महंगी है तो कभी मौसम ख़राब। जब भी बात करते तो आने का वादा ज़रूर करते। इन सब बातों में पता ही नहीं चला कब वोह दो से तीन और फिर तीन से चार हो गए। पहले बेटा हुआ और फिर बेटी। 

मनजोत की पढ़ाई पूरी हो गयी थी और अमृतसर के एक स्कूल में पढ़ाने लगी थी। उसके लिए भी रिश्ते आने लगे थे, पहले पहल तो सोचते थे कि जीवन ज्योत भी आ जाता तो मिल कर फ़ैसला करते पर जब जीवन आ नहीं पा रहा था तो माता-पिता ने उसका रिश्ता पक्का कर दिया और जल्द ही विवाह की तारीख़ भी नियत कर दी गयी। उन्हें उम्मीद थी कि दोनों बच्चों की शादी और पोता-पोती की आमद की ख़ुशी की पार्टी  एक साथ रख देंगे पर जीवन आ नहीं सका और उसने सारा विवाह फ़ोन पर रोते हुए ही देखा। मनजोत शादी कर अपने घर चली गयी अब माता-पिता अब अकेले रहते थे, आसरा था तो बस फोन का जिस के जरिये वह अपने बच्चों से बात कर लेते थे। फिर एक दिन जीवन ज्योत को कनाडा से डिपोर्ट कर दिया गया वजह बनी उसका वर्क परमिट जो उसने नवीकरण नहीं करवाया था और किसी की शिकायत पर उसे वापिस भारत भेज दिया गया।  

आठ साल बाद जीवन ज्योत भारत आ रहा था, उसे भी उम्मीद ना थी कि वोह इस तरह से अपने घर आएगा। घर पहुँच पहले खूब रोया फिर एक दो दिन बाद मनजोत से मिलने भी गया और कुछ दिन बाद फिर से कनाडा जाने के लिए फ़ाइल लगा दी। हुआ वही जिसका सबने समझाया था, वीज़ा नहीं लगा, फिर किसी और देश का वीज़ा की भी कोशिश की लेकिन कोई फ़ायदा नहीं। जीवन ने लगभग एक साल विदेश जाने की कोशिश करते हुए बिताया, जो थोड़ी बहुत जमा पूँजी थी ख़र्च हो गयी। अब आगे क्या, सारा दिन घर में बैठ कर भगवान, ख़ुद की क़िस्मत और दूसरे देशों की सरकारों को कोसता रहता। फिर एक दिन बड़ा पुराना दोस्त मिलने आया तो उसने जीवन को समझाया कि ज़िन्दगी बस यूँ ही व्यतीत नहीं करनी चाहिए बल्कि इसका पूरा फ़ायदा उठाना चाहिए। जीवन को बात समझ में आयी और उसने कुछ कर दिखाने की ठान ली। 

जीवन ने ख़ालसा कॉलेज, अमृतसर के बाहर खुद का फ़ूड कार्ट शुरू किया, नाम रखा "सरदार जी बर्गर वाले"! कुछ ही महीनों में यह कार्ट मशहूर हो गया, जीवन ने ऐसे दो और कार्ट बनाये और शहर में दो अलग-अलग जगह पर खड़े कर लिए।  दो साल में जीवन का काया पलट हो गया वो अब नौकरी दाता बन गया था।  सारे शहर में उसके 15 के क़रीब फ़ूड कार्ट थे। कमाई इतनी होने लगी कि उसने वेरका छोड़ अमृतसर में घर ले लिया। एक बार हेतल भी बच्चों के साथ भारत आयी थी पर उसे रहना कनाडा में ही था इसलिए महीना भर रह कर वापिस चली गयी।  

आज जीवन को भारत आये हुए बीस साल हो चुके हैं, उसने अपने हालातों के साथ समझौता कर लिया है, साल में एक बार माता-पिता के साथ किसी दूसरे देश जैसे इंडोनेशिया, थाईलैंड, वियतनाम, जापान, मलेशिया, उज़्बेकिस्तान और ना जाने कौन-कौन से देश मतलब, हर साल एक नया देश घूमते हैं, हेतल और बच्चे भी उन दिनों उस देश में आ जाते हैं।  फिर दस बारह दिन एक साथ बिता कर अगले साल का प्लान बनाते हुए अपने अपने देश लौट जाते हैं। एक दो बार तो मनजोत और उसका परिवार भी साथ हो लिया तो उनका ट्रिप और मज़ेदार और यादगार बन गया। जीवन और हेतल अलग-अलग तो रह रहे हैं उनके बच्चे भी अब बड़े हो गए हैं और बहुत महसूस करते हैं पर हेतल को लगता है कि उनके बच्चों का उज्वल भविष्य कनाडा में ही है इसलिए उसने कभी सोचा ही नहीं कि भारत आया जाए। 

न थी ज़मीं अपनी, न आसमां अपना, मिले जो आप तो हुआ सारा जहान हमारा।
अब रहा नहीं जाता अलग-अलग, तो चलें वहीँ जहाँ से चला था कारवां हमारा।

आज के लिए इतना ही।

||  इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

Thursday, 23 April 2026

दादी


मैं घर में सबसे छोटी थी, मेरे दो बड़े भाई थे। बताते हैं, जब मैं पैदा हुई तो मुझे सबसे पहले दादी ने ही देखा था और गोद में लिया था और माँ के बाद सबसे ज़्यादा ख़ुश भी वही थीं। दादी हमेशा कहती थी कि घर में एक लड़की तो होनी ही चाहिए वर्ना तो सारे लड़के मुश्टंडे बन कर घूमते हैं और वैसे भी मुझे एक सहेली की बड़ी ज़रुरत है तो मेरी पोती ही मेरी सहेली बनेगी। मैं दादी की तो लाड़ली थी ही, दादा भी मेरी तरफ़दारी करते थे और दफ़्तर से आते ही मुझे गोद में उठा लिया करते थे, चाय नाश्ता बाद में करते थे। अगर मैं सो रही होती तो दोनों भाईयों की सख़्ती आ जाती कि शोर ना मचाओ, देखते नहीं हमारी राज कुमारी सो रही है।  

दादी 
अक्सर मुझे अपनी सहेलियों के घर ले जाया करती थी, वहीँ से मैंने सीखा कि किसी के घर जा कर कैसा आचरण रखना चाहिए।  मैं बाज़ार भी दादी के साथ ही जाया करती थी और मुझे वहीँ से यह सीखने को मिला कि कोई भी चीज़ ख़रीदने से पहले कैसे जांच-परख करनी चाहिए। अगर कपड़ा, काग़ज़, पेन-पेन्सिल है तो छू कर या ब्रांड देख कर, अगर कोई खाने का सामान है तो वज़न और उसके ख़राब होने की तारीख़ चेक करनी चाहिए।  मुझे चलने फिरने और कपड़ों को सहेजने का तरीका भी दादी ने ही सिखाया। दादी की एक बात जो ना केवल मैंने सीखी बल्कि अपने साथ रहने वालों को भी सिखाई कि "अगर आज आप अपने कपड़ों को इज्ज़त देंगे तो कल को वो भी आपको इज़्ज़त दिलाएंगे!" मतलब कपड़ों को पहनने के बाद अच्छी तरह तह कर के, संभाल कर रखना चाहिए, यूँ ही नहीं फेंक देना चाहिए।  
 
जैसे - जैसे मैं बड़ी होती गई, घर में मेरा दबदबा बढ़ता गया। दोनों बड़े भाइयों की क्या मजाल कि मेरी किसी जायज़ बात को न कर जाएँ। एक-दो बार मेरे कपड़े पहनने की वजह से ज़रूर मुझे दादी ने अपने पास बैठा कर समझाया कि "पहनो वह जो जग को भाए और खाओ वह जो मन को भाए !" हालाँकि कई बार मुझे घर में बनी नापसंद सब्ज़ी भी खानी पड़ती थी क्यूंकि तब दादी मुझे समझाती कि "जो घर में बना है उसे खाना चाहिए, चाहे थोड़ा सा ही क्यों न खाओ।"  और फिर साथ ही माँ को हिदायत दी जाती "भई, कल मेरी बेटीके पसंद की सब्ज़ी बननी चाहिए !" मैं इतने में ही खुश हो जाती और खाना खा लेती। दादी सारा दिन बैठ कर स्वेटर बुनती रहती थी, जब मैं छोटी थी तो उनके बनाए हुए स्वेटर पहनती थी और बड़ा इतराती थी जब कोई आस पड़ोस वाली ऑन्टी मुझे रोक कर मेरे स्वेटर को देखती और तारीफ़ करतीं। फिर मैं बड़ी हुइतो उनके स्वेटर मुझे अच्छे नहीं लगते थे क्यूंकि मुझे बाज़ार से बने-बनाए स्वेटर ज़्यादा अच्छे लगते थे।   

जब मैंने दसवीं कक्षा में पूरे स्कूल में टॉप किया तो दादी तो मानों हवा में उड़ रहीं थी, सारा दिन उन्होंने अपने सारे रिश्तेदारों को बताया, अगले दिन जब अख़बार में फ़ोटो छपी तो फिर सबको फोन करके बताया।  फिर शाम को उन्होंने मुझे अपने पास बुलाया और बाकी सबको कमरे से बाहर भेज दिया, ये कह कर कि हम दोनों ने कुछ प्राइवेट बात करनी है, दादी ने अपने पर्स से कुछ रुपये निकाल कर मुझे दिए और समझाया कि "बड़ा अच्छा है कि तुम्हारी मेहनत सफ़ल हुई है पर बात अभी यहीं ख़त्म नहीं होती, यह तो बस शुरुआत है, अभी तो और सफ़ल बनना है।  इस सफलता को दिमाग़ तक नहीं जाने देना और घमंड नहीं करना।" उस बात ने मुझे बड़ा ठहराव दिया और शायद इसी वजह से मैंने आगे भी युनिवर्सिटी में भी गोल्ड मैडल जीता। दादी ने उस दिन भी मुझे इशारे से दसवीं वाली बात याद कराई थी। 

मैंने पढ़ाई पूरी की और एक स्कूल में पढ़ाने लगी, पैसे तो कुछ ख़ास नहीं मिलते थे बस समय अच्छा निकल जाता था। अपनी पहली तनख़्वाह से मैंने दादी को एक सूट सिलवा कर दिया तो मानों उनकी खुशियों को पंख लग गए हों, सबको बताती रहीं हफ्ते भर और जिस दिन पहना उस दिन तो लगा कि कहीं यह खबर अख़बार में ही न छपवा दें कि मेरी पोती ने मुझे सूट दिया है उस दिन बड़े भाइयों को भी खूब सुनाई गई कि देखो कैसा सुन्दर सूट मिला है मुझे। जब बड़े भैया ने कहा कि मैंने भी तो आपको सूट ले कर दिया था और पापा ने भी कहा कि मैंने भी तो आपको सोने की बालियाँ ले कर दीं थीं तो झट से बोलीं "अरे तेरा सूट तो कब का घिस कर फट गया और तेरी बालियाँ तो मैंने पहनी नहीं, डर के मारे बैंक में रखीं हुई हैं !" 

फिर जब मेरा ब्याह हुआ तो दादी सबसे आगे हो कर मेरे पति से मिली और उन्हें समझाया कि "मैंने अपने बगीचे का सबसे सुन्दर, सबसे कोमल फूल तुम्हारे हवाले किया है, देखना कहीं मुरझा ही न जाए।" ऊपर से मेरे पति भी मेरी दादी के फैन निकले, अब तो उन्हें मेरे से ज़्यादा प्यार मिलता था, दादी से। दादी उनके ख़िलाफ़ कुछ भी नहीं सुनती थी। जब मैं माँ बनी तो दादी मेरी बेटी को देख कर काफ़ी देर रोती रहीं, जब पूछा तो कहने लगी, अरे यह तो ख़ुशी के आँसू हैं। यह जीवन की सम्पूर्णता के आँसू हैं।  अब बस, मुझे कुछ और नहीं चाहिए भगवान से, अब जब चाहे मुझे बुला ले ! फिर एक दिन वही हुआ, जो निश्चित था, दादी नहीं रहीं। मेरी सबसे प्यारी सहेली चली गयी। पहले-पहल हम सब खूब रोए फिर लगा कि ऐसा कर के हम उन्हें दुःख पहुंचाएंगे तो सब ने उनकी अच्छी बातों को याद करना शुरू कर दिया। 

आज दादी को गए हुए कुछ साल हो गए हैं, पर अक्सर हम उनकी बोली हुई बातों को याद करते हैं और कभी तो ख़ुश होते हैं पर कभी-कभी उदास भी हो जाते हैं। कभी कोई दाल-सब्ज़ी बनती है तो याद करते हैं कि दादी होती तो उन्होंने ऐसा कहना था या वह उसे ऐसे खाती। मेरी बेटी के नाम में उनका नाम आता है तो मैं जब भी उसे बुलाती हूँ तो लगता है कि दादी को ही बुला रही हूँ, पर बेटी तो मेरे पास आ भी जाती है दादी नहीं आती। अब तो कई बार मन करता है कि दादी के हाथ का बना हुआ कोई स्वेटर मिल जाता तो मैं पहन लेती पर यह अब हो न सकेगा। 


तलाश कर रही हूँ मैं अपना वो बचपन, जो चला गया है मुझे बताए बगैर,
अब ग़ज़ल भी मुझे दादी सी लगती है, ख़त्म ही नहीं होती मुझे सुलाए बगैर। 


दादी की याद में,
आज के लिए इतना ही।
||  इति ||

<script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-7979421484007145"
crossorigin="anonymous"></script>
 

Saturday, 4 April 2026

बाहर का खाना


मीता और सबीर की शादी बड़े ही सादा ढंग से हुई, वजह, सबीर को किसी भी तरह का ताम-झाम पसंद नहीं था।  बारात में भी चंद लोग ही थे और नाम-मात्र रस्में करते हुए मीता की डोली सबीर के घर जा पहुंची थी। हालाँकि मीता को भी ज़्यादा दिखावा पसंद नहीं था पर फिर भी कभी-कभी अपनी सहेलियों की फोटो देख कर मन करता कि वह भी अपनी फोटो उन लोगों के साथ शेयर करे। मीता एक संयुक्त परिवार से आयी थी और सबीर भी अपने माता-पिता के साथ ही रहता था। शुरू-शुरू में तो मीता का दिल नहीं लगता था क्यूंकि उनके घर में तो सुबह से ले कर देर रात तक कोई ना कोई आता जाता रहता था और यहाँ सबीर और उसके पापा अपनी फैक्ट्री चले जाते थे और घर में मीता और मम्मी अकेले रह जाते थे।  

शाम के समय सबीर और पापा घर एक साथ ही आते थे फिर मीता और सबीर ने इकठ्ठे कहीं जाना होता तो जाते लेकिन सबीर की कोशिश होती कि अगर कुछ खाना है तो पैक करवा कर घर में बैठ कर सब के साथ खाया जाये। मीता को बहुत बुरा लगता था कि बाहर रेस्टोरेंट में बैठ कर खाने का मज़ा कुछ अलग ही है, शादी से पहले तो मैं अक्सर अपने चाचा-ताया जी के बच्चों के साथ तो खाते थे और अगर घर में बड़ों को खाना होता तो वो अलग से जा कर खा आते। वहीँ सबीर का मानना था कि मम्मी-पापा भी तो हमेशा ही सब सामान घर पर ला कर, बच्चों में बाँट कर खाते थे तो अब हम यह क्यों नहीं कर सकते।  

एक-दो बार तो इसी बात को लेकर मीता ने सबीर के बहुत कहने पर भी बाहर से कुछ खाने के लिए मना कर दिया और मन ही मन कुढ़ती हुई घर वापिस आ गयी। हालाँकि सबीर पर इस बात का भी कोई ख़ास असर नहीं दिखा और उसने वही खाना पैक करवा कर घर मंगवा लिया। जब इनका बेटा समित हुआ तो उसके डॉक्टर को दिखाने के लिए ले जाना होता तो कई बार ऐसा हुआ कि मीता समित का बहाना बना कर कुछ बाहर का खाने की बात करती तो सबीर सिर्फ़ कभी आइसक्रीम या कुछ हल्का-फुल्का ही खिलाते, खाना कभी न हो पाता। अब तो समित भी अपने पापा, सबीर की बोली बोलने लगा था कि सब घर पर बैठ कर ही दादा-दादी के साथ खाएंगे। मीता को उनकी हाँ में हाँ मिलानी ही पड़ती, और कोई चारा भी तो नहीं था। 

एक बार मम्मी-पापा को कहीं दूसरे शहर में अपनी रिश्तेदारी में जाना पड़ा तो समित भी उनके साथ चला गया। इतवार का दिन था और फैक्टरी में भी छुट्टी थी। अचानक से सबीर ने कहा कि आज घर पर खाना मत बनाना, हम पहले पिक्चर देखेंगे और फिर शहर के सबसे मशहूर रेस्टोरेंट में खाना खाएंगे। मीता की तो मानो मुराद पूरी हो गयी हो, उसे और क्या चाहिए।  ख़ुशी-ख़ुशी उसने घर के सारे काम ख़त्म किये, सबीर ने टिकट बुक कर रखे थे तो समय पर सिनेमा घर पहुंचे और फिल्म देखी। पूरी फिल्म के दौरान मीता का ध्यान खाने पर और उसकी फोटो अपनी सहेलियों के साथ शेयर करने पर था। वह सोचती जा रही थी कि क्या लिखूंगी अपनी फोटो के साथ "डाइनिंग आउट विद माय सबीर" या "यम्मी डिनर" वगैरा - वगैरा। 

फिल्म ख़त्म हुई तो झट से गाड़ी की तरफ यह कहते हुए लपकी कि "जल्दी करो सबीर, मुझे भूख लगी है"! मीता को डर था कि कहीं सबीर का मन न बदल जाये। रेस्टोरेंट पहुंचे तो पहले काफी समय पार्किंग ढूंढ़ने में लगा फिर अंदर जा कर देखा तो लगा कि सारा शहर ही यहाँ खाना खाने आया हुआ है। कोई टेबल खाली नहीं था। वेटर ने कहा साहब आधा घंटा लग सकता है, आपको यहीं इंतज़ार करना पड़ेगा। किसी तरह मीता ने सबीर को बातों में लगाए रखा कि सबीर कहीं और जाने की बात न करे।  

ख़ैर, किसी तरह उन्हें एक टेबल मिला जो की हॉल के ठीक बीच में था। सबीर और मीता ने बैठ कर मेनू कार्ड देख कर कुछ खाना आर्डर कर दिया। भीड़ होने की वजह से खाना भी काफी देर से आया। मीता ने सबसे पहले उसकी फ़ोटो खींची और सोशल-मीडिया पर डाल दीं। जब दोनों ने खाना शुरू किया तो मीता को थोड़ा असहज सा महसूस हुआ, उसे लगा मानो हर कोई उन्हें घूर रहा है। ख़ास करके वह लोग जो टेबल खाली होने का या अपना खाना आने का इंतज़ार कर रहे थे। उसका सारा ध्यान घूरती आँखों पर था और डर भी था कि कहीं खाते हुए कुछ गिर ना जाये या उसके हाथ गंदे न हो जाएँ। लोग क्या कहेंगे कि इसे खाना भी नहीं आता ? क्या वोह ठीक ढंग से खा रही है ? क्या हाथ से खाना चाहिए या कांटे-छुरी से? 

बस इसी उधेड़बुन में उसने ना तो पेट भर खायाऔर न ही उस खाने का मज़ा लिया। उन्होंने थोड़ी सी जल्दी में खाना ख़त्म किया क्यूंकि रेस्टोरेंट में लोगों का शोर था इसलिए आपस में भी ज़्यादा बातचीत नहीं हुई। 
जैसे ही खाना ख़त्म हुआ मीता ने राहत की सांस ली, सबीर ने पूछा कि कुछ मीठा खाओगी तो मीता ने साफ़ मना  कर दिया। सबीर भी बिल दे कर बाहर आ गए। घर जाते हुए मीता को ख़ुद के घर में बैठ कर खाने का स्वाद याद आ रहा था कि कैसे बिल्कुल बेफ़िक्री से कहीं भी बैठ कर, कैसे भी खाने का लुत्फ़ अलग ही होता है। वह नाहक ही इतने सालों से कुढ़ती रही और शायद एक ग़लत चीज़ ढूंढ़ती रही। असली मज़ा तो अपनों के साथ ही आता है और यह सोशल-मीडिया तो एक दिखावा मात्र है। 

जब दोनों घर पहुँचे तो कपड़े बदल कर टीवी पर कोई मैच लगा लिया, तभी मीता फ्रिज से आइसक्रीम ले आयी, सबीर ने हँसते हुए कहा "तुम्हें तो मीठा नहीं खाना था, तो फिर अब क्यों?" मीता बोली "बस वैसे ही मन कर आया !" अब दोनों आराम से कुर्सी पर बैठ, पाँव बेड के ऊपर रख कर, मैच का मज़ा लेते हुए सुकून से आइसक्रीम खा रहे थे, कोई जल्दी नहीं थी, कोई घूर नहीं रहा था। बस यही सुख था जो बाहर खाना खाते वक़्त मिल नहीं पाया था। मीता को एक पुरानी कहावत याद आ गयी - 

"जो सुख छज्जू के चौबारे - न बल्ख न बुख़ारे !"

आज के लिए इतना ही।
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

Monday, 5 January 2026

सरकार

 

कहते हैं "सरकार" वही होती है जिसे किसी आम आदमी से कोई "सरोकार" नहीं होता।  आम आदमी या इंसान का ख़्याल तब तक ही होता है जब तक चुनाव नहीं हो जाते फिर इसके बाद "तू कौन और मैं कौन?" अब तो लगभग चार साल की छुट्टी, अब चार साल बाद फिर आएँगे और चंद नये वादे, चंद प्रलोभन और ढेर सारी ड़रावनी बातें कि अगर हमें ना चुना तो विपक्षी दल आपके साथ बहुत बुरा सलूक करेगा। आपका धर्म भी खतरे में दिखा दिया जाता है लेकिन आपके काम की कोई बात नहीं करता।  सरकार अपनी विफ़लता छुपाने के लिए, पिछली और उससे भी पिछली सरकार की नाकामयाबी गिनाते रहती है क्यूंकि उनके पास अपनी सफ़लता या क़ामयाबी दिखाने की लिए कुछ भी नहीं होता इसलिए आम जनता की पार्टी होने का दिखावा करते हुए, उन्हें ग़ुमराह करती रहती है।  


एक बार एक फ़क़ीर किसी के घर मांगने पहुंचा तो घर की मालकिन कुछ काम कर रही थी, याचक ने अपनी आटे वाली थैली या झोली उस औरत के आगे की और बोला - "माता जी थोड़ा आटा मिल जाता तो बड़ी मेहरबानी होती!" माता जी ने कहा - "देख नहीं रहे, अभी मैं काम कर रही हूँ, मेरे हाथ भी साफ़ नहीं हैं, थोड़ी देर बाद आना।" मायूस सा 
फ़क़ीर जैसे ही पलटने लगा तो माता जी फिर से बोली "अच्छा ऐसा करो, वो उधर रसोईघर में जा कर खुद ही आटा डाल लो, तुम दोबारा कहाँ चक्कर लगाते रहोगे!" फ़क़ीर ख़ुश हो कर रसोई की तरफ़ चला गया। जैसे ही उसने आटे वाला ड्रम खोला तो देखा कि वह तो ख़ाली है ! अभी वह सोच ही रहा था कि माता जी अपने हाथ धो कर पोंछते हुए रसोई के दरवाज़े पर पहुंच गयी और लगभग चीख़ते हुए बोलीं "यह क्या... मैंने तुम्हे थोड़ा सा आटा लेने को कहा था, तुमने तो सारा का सारा ही अपने थैले में पलट लिया?" 

झट से आगे बढ़ कर माता जी ने 
फ़क़ीर का थैला छीन कर अपने ड्रम में सारा आटा पलट लिया और फिर उस आटे में से एक कटोरी उसके थैले में डाल कर बोली "जा ऐश कर, तुझे पता नहीं तेरा पाला कैसे बड़े दिल वाले लोगों से पड़ा है !" फ़क़ीर कुछ भी बोल ये कह पाने में असमर्थ था वोह बस भौचक्का सा सोच रहा था कि उसके साथ हुआ क्या है ? वह तो दान लेने आया था मग़र लुट कर वापिस जा रहा है। कहाँ तो उसने ढ़ेर सारी दुआएँ दीं थीं इन माता जी को जब उन्होंने उस पर विश्वास जताते हुए उसे सीधे रसोईघर में भेज दिया वरना तो अक़्सर लोग उसे दरवाज़े के आगे भी खड़ा नहीं रहने देते और कहाँ उसे ही ठग लिया गया है। 


बस यही हाल हमारी सरकार का भी है।  कुछ साल पहले स्वास्थ बीमा एजेंटों ने मिल कर यह मुद्दा उठा था कि जब सरकार हमें अच्छी हेल्थ केयर नहीं दे पा रही तो उस पर टैक्स क्यूँ मांगती है, उन्हें कोई हक़ नहीं है अपनी नाकामी पर कर वसूलने का।  विपक्ष ने भी यह मुद्दा खूब उछाला और फिर एक दिन स्वास्थ बीमा पर से 18 प्रतिशत G.S.T. हटाने का फ़ैसला ले लिया गया।  बड़े वाले प्रधान जी और सब छोटे-मोटे नेता लगे गुणगान करने कि देखो हमने तो टैक्स माफ़ कर दिया, अब हमें वोट देना और जिताना।  कोई पूछे इनसे, कि सरकार यह टैक्स लगाया भी आपने, बढ़ाया भी आपने ही था।  ख़ैर, सरकार को कोई सरोकार नहीं उसे तो अपना पेट भरना था, इसलिए, उन्होंने जितने भी एजेंट हैं उनकी कमाई पर 
18 प्रतिशत G.S.T. लगा कर वसूलना शुरू कर दिया है जिसका उस एजेंट को कहीं भी कोई वापसी या क्रेडिट का प्रावधान नहीं रखा गया है।  


सरकार ने वही हाल किया जो उन माता जी ने फ़क़ीर का किया था मदद के नाम पर। कहाँ तो वोह बीमा एजेंट कह रहे थे कि सरकार टैक्स नहीं वसूल सकती और वहीँ सरकार ने आवाज़ उठाने वाले की जेब काट डाली। आज एक बीमा बेचने वाला एजेंट न केवल 
18 प्रतिशत G.S.T. दे रहा है बल्कि 5 प्रतिशत T.D.S. भी दे रहा है और अगर इसे आप देखें तो उसकी मेहनत की कमाई का 23 प्रतिशत सरकार खा जाती है और वह भी मदद के नाम पर। सरकार को क्या हक़ बनता है किसी की कमाई पर डाका डालने का ? 


तेरी मेहरबानी कहीं रुसवाई का सबब न बन जाए,
अब तो डरता हूँ कि कहीं कोई मदद ही न कर जाए। 

आज के लिए इतना ही।
||  इति ||


<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

Wednesday, 22 October 2025

सोन पापड़ी

 जी हाँ, यह सच है कि, कोई समय था जब सोन पापड़ी जिसे कुछ लोग सोहन पापड़ी भी कहते हैं, को मिठाईयों का सरताज माना जाता था और उसका बड़ा ही वाज़िब कारण भी था। यह बनता भी बड़े ही साधारण चीज़ों को मिला कर है।  जैसे बेसन, घी, चीनी, ईलायची और थोड़ा सा बारीक़ कटा हुआ पिस्ता-बादाम बस। इसमें मिलावट की गुंजाइश काफ़ी कम होती है, ज़्यादा से ज़्यादा क्या होगा, बेसन थोड़ा हल्की क्वालिटी का होगा या घी थोड़ा हल्का वाला इस्तेमाल हुआ होगा। पर सही कलाकारी और मेहनत तो इसे परतदार बनाने में होती है। हालाँकि बनता तो पतीसा भी लगभग इसी तरह से है पर सोन-पापड़ी  की परतें ज़्यादा खस्ता होती हैं और इसको इतना फैंटा जाता है कि यह पतीसे के मुकाबले काफी सूखा सा होता है। 


तो जैसे कि सबको मालूम है दिवाली आ ही गयी है और साथ ही में सोन-पापड़ी वाले चुटकले और वो जो आजकल सोशल मीडिया पर चलते हैं मीम, भी आने लगे हैं।  कभी लोग इस मिठाई को बड़े ही ख़ास लोगों को दिया करते थे और आम लोगों को मिठाई के नाम पर रसगुल्ले, गुलाबजामुन और लड्डू ही बांटे जाते थे। इस मिठाई की कुछ खासियत और भी हैं, जैसे यह जल्दी ख़राब नहीं होती, इसमें से रस नहीं टपकता और खाना भी आसान।  

कभी यह दिल्ली, मध्य प्रदेश में इंदौर और उत्तर प्रदेश के आगरा में मुख्य तौर पर बनाई जाती थी और यहाँ के हलवाई को कारीगर कहा जाता था।  वैसे थी भी कारीगरी ही, घंटों उस बेसन - घी के मिश्रण को चाशनी में मिला कर लोहे की ट्रे में अनगिनत बार मोड़ा जाता है और फिर से खींच - खींच कर मोड़ा जाता है जिस की वजह से यह कुरकुरा और परतदार हो जाता है। अब जबकि सब कुछ मशीन बनाने लगी है, सोन पापड़ी की भी फैक्ट्री लग गई हैं और अब तो उसकी मार्केटिंग भी कुछ और ही होने लगी है। 

भारत में पिछले कुछ वर्षों से सोन पापड़ी की बड़ी ही दुर्गति हुई है। लोग तो इसे दिवाली करेंसी भी कहने लगे हैं, जो कि ठीक हमारे नोटों की तरह एक जगह टिकती ही नहीं। बस एक हाथ से दुसरे हाथ सफ़र करती रहती है।  यह सब हुआ है जबसे बड़ी-बड़ी कंपनी ने हमारे त्योहारों को व्यवसायकरण किया है, हमारे तोहफों का भी व्यवसाय होना शुरू हुआ। अब हम पहले की तरह अलग-अलग मिठाइयाँ एक प्लेट में सजा कर पड़ोसियों को नहीं देते।  उस थाली की जगह पहले मिठाई के डब्बे ने ली और फिर चोकलेट या बिस्किट के डब्बे ने, फिर और अब घर की किसी चीज़ ने। 

सोन पापड़ी तो आजकल एक घर से दुसरे घर तक सफर ही करती रहती है और फिर शायद घर में काम करने वालों के घर जा कर डब्बे से बाहर निकलती है। दिवाली में पहले से कहीं ज़्यादा तड़क-भड़क तो है पर पहले सी मिठास और अपनापन नहीं है।  अब लोग उम्मीद करते हैं और साथ के साथ मुकाबला भी है कि मेरा उपहार दुसरे से बड़ा होना चाहिए।  दिखावा बढ़ गया है और सत्यता, नेकनीयती कम। ख़ैर इन सब बातों को भूलते हुए बस एक बार फिर से कोशिश कीजिए कि सोन पापड़ी को उसका खोया हुआ रुतबा वापिस मिले और हम सब एक कम मिलावट वाली और सबके बजट में आने वाली मिठाई फिर से बांटे और खाएं। 

रस्में निभाते हुए आप सब को साल के सबसे प्रदूषित दिनों में खांसी-जुक़ाम
 से बचते रहने की ताक़ीद के साथ दिवाली मुबारक ! 

आज के लिए इतना ही।
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

Thursday, 12 June 2025

बीमारी

जब भी कभी कोई बीमारी घर में आती है तो वह सिर्फ़ किसी एक सदस्य को ही परेशान नहीं करती बल्कि पूरा घर बीमार हो जाता है।  घर का तौर-तरीका बदल जाता है या यूँ कहा जाए कि पूरा घर ही बीमारी की चपेट में आ जाता है और अगर कहीं घर का सबसे कमाऊ इन्सान बीमार हो जाए तो यह बीमारी घर के बजट को भी रुग्ण बना देती है। खाना खाने या खाना बनाने का समय, लहज़ा तक बदलना पड़ता है।  जैसे मरीज़ को कब, क्या देना है उसी हिसाब से घर के बाकी लोग अपने आप को बदल लेते हैं। 


ज़्यादातर परिवारों में घर की रसोई चलाने वाला बीमार हो जाये तो खाने के लाले पड़ जाते हैं। हालाँकि आजकल बाज़ार से बना बनाया खाना आराम से मिल जाता है पर कोई कितने दिन लगातार खा सकता है। क्यूंकि अब आस-पड़ोस वाले घरों मे पहले जैसा भाई चारा नहीं रहा, इसलिए सब कुछ खुद ही संभालना पड़ता है।  वैसे संयुक्त परिवारों में पेट एक का ख़राब होता है, खिचड़ी पूरा कुनबा खा रहा होता है।  यही तो मज़ा है मिलजुल कर रहने का, कि कहीं कोई चाची -ताई बीमार भी हो जाये, रसोई चलती रहती है।   


अब जैसे ही घर में कोई बीमार हो, लोग मिजाजपुर्सी के किये आ जाते हैं और उनके साथ ही कई रायचंद भी आ धमकते है।  अरे, आपको रायचंद के बारे में नहीं पता ? वही... जिनके पास हर चीज़ के बारे में सलाह होती है हर मर्ज़ का इलाज होता है और हर बात का पता होता है इनको।  यह घर में आते ही चाय नाश्ते के मज़े लेते-लेते आपकी इस बीमारी का भी मज़ा ले रहे होते हैं परन्तु मुँह ऐसे बनाएंगे, जैसे आपके बहुत ज़्यादा कहने पर ही आज सुबह या कल शाम से रखा हुआ व्रत तोडा है इन्होने। इनकी बातों से मरीज़ तो ठीक नहीं होता उल्टे घर का माहौल अशांत हो सकता है इसलिए इन्हे ज़्यादा भाव ना दें। 


अभी कुछ दिन पहले मेरे एक दोस्त के पिता जी के गिरने की वजह से कूल्हे में फ्रैक्चर हो गया था, शरीर में कुछ चोटें भी लगीं थीं और ऑपरेशन के बाद डॉक्टर ने लगभग तीन हफ़्ते एकदम आराम करने के लिए कहा।  अब उनको बस बिस्तर पर लेटे रहना था, दिन में दो-तीन बार डायपर बदला जाता और ज़्यादा लेटे रहने के कारण कहीं बेड सोर न हो जाएँ इसलिए उन्हें एयर बेड का इस्तेमाल करने की सलाह भी दी।  मेरे मित्र ने यह सारा इंतज़ाम किया, उनकी देखभाल के लिए एक नर्स को भी रखा जो सारा दिन उनके पास बैठती और दवा वगैरा का ध्यान रखती। सुबह-शाम  एक मालिश वाला भी आता था जो उनकी फिजियोथेरेपी भी कराता।  कहने का मतलब हर तरह की सुख सुविधा, जो बस में थी, मौजूद थी। 


फिर एक दिन उनके घर बड़े वाले ताऊ जी आ गए, बदकिस्मती यह कि उसी समय मेरा दोस्त अपने ऑफिस में था, भाभी जी किसी काम से पड़ोस में गई हुईं थी, घर पर सिर्फ बेटी थी जो कि अपने कमरे में बैठी पढ़ रही थी।  अंकल के पास सिर्फ़ नर्स बैठी अपने मोबाइल पर व्यस्त थी।  ताऊ जी बिना किसी को बताए सीधा कमरे में आ धमके और सबसे पहले नर्स पर भड़के, कि तुम देख नहीं रही, कैसे मेरे भाई के नीचे चादर खिसकी हुई है ? गर्मी के मौसम में उसको आप लोगों ने रबड़ पर लिटा रखा है, कम से कम एयर कंडीशनर ही चला देते ! जब तक भाभी या मेरे दोस्त की बेटी ताऊ जी के सामने आतीं, बात बहुत बढ़ चुकी थी।  ताऊ जी ने मेरे मित्र को फ़ोन कर घर पर बुला लिया, वह भी सारे काम छोड़ कर पहुंचा कि कहीं कोई अनहोनी न हो गयी हो।  


घर पहुंचा तो ताऊ जी दो-चार रिश्तेदारों को फ़ोन कर के बता चुके थे कि कैसे उनके छोटे भाई की दुर्गति कर रखी है बेटे बहु ने मिल कर। मेरे मित्र ने पहले तो बड़े धीरज से समझाने की कोशिश की कि अभी मालिश वाला मालिश कर के गया है इसलिए कमरे में एयर कंडीशनर बंद था, लेकिन जब ताऊ जी कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे तो हार कर उसे कहना पड़ा कि ताऊ जी आप एक काम करो, पापा को आप अपने घर ले जाओ, उनकी नर्स के बीस हज़ार, मालिश वाले के आठ हज़ार और सभी दवाएं मैं दूंगा आप तो बस सारा दिन उनके पास बैठना। यह सुन कर ताऊ जी तो खिसकते बने क्यूंकि रायचंद बनना आसान है अमल करना मुश्किल, बहुत मुश्किल ! 


कई दिन तक उनके घर का माहौल ख़राब रहा, मेरे मित्र का न जाने कितना समय अपने रिश्तेदारों को असलियत समझाने में व्यर्थ हुआ और कुछ से मनमुटाव हुआ सो अलग़।  भाई,
मिज़ाज-पुर्सी की भी कुछ मर्यादा होतीं हैं।  आप उस परिवार की कोई मदद तो कर नहीं सकते इसलिए एक-दो लीटर अमरुद का जूस ले जा कर उनके घर की शान्ति और ख़ास कर सिस्टम को ख़राब मत करें।  हर घर का एक अपना सिस्टम होता है सलीक़ा होता है।  ज़रूरी नहीं कि जो आपके या आपके किसी जानने वाले के घर में जो हो रहा है वही सही है।  हो सकता है कि आप जो कह रहे हैं, सलाह दे रहें हैं उसमें कितने पैसे या कितना समय लगेगा जो इस परिवार के पास है भी या नहीं। बीमारी वाले घर में मुश्किलें पहले ही बहुत होती हैं, पर आपके लिए सबसे आसान काम है, सलाह देना, पर यह भी मत कीजिए ! आज के समय में सब को अगर सब कुछ नहीं तो काफी कुछ तो मालुम होता ही है पर कई बार संसाधनों की कमी के चलते वह उस सुविधा का इस्तेमाल नहीं कर रहे होते इसलिए रायचंदों को चाहिए कि बार-बार सलाह दे कर उन्हें नीचा ना दिखाएँ ! आप सलाह या राय देने की बीमारी से बचें। 


आप का इंतज़ार अच्छा लगा, दिल को ये ऐतबार अच्छा लगा
आप आए मिज़ाज-पुर्सी को, आज अपना बुख़ार अच्छा लगा। 


आज के लिए इतना ही।
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({ google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", enable_page_level_ads: true }); </script>