Powered By Blogger

Saturday, 18 February 2017

इतिहास

लगता है हमारे देश में एक अजीब तरह के पागलपन का वायरस छिड़का गया है. पिछले दिनों ज़रूर कोई एलियन स्पेस-शिप आर्यावर्त में उतरा था, जिसने हवा में कुछ घोल दिया है. वरना लोग-बाग यूं पगलाए हुए घूमते नज़र नहीं आते. नित-नई मूर्खताओं का सृजन कर रहे हैं हम. अभी पिछली मूर्खता से उबरे नहीं होते कि किसी नई मूर्खता का शिगूफा छिड़ जाता है. वैसे ये बोल्ड में लिख लीजिए, ऐसा कुछ लोग कर रहे हैं, बाकी हम सब बड़े भले लोग हैं. हमारा इतिहास प्रेम तो आजकल उफ़ान पर आए दूध की तरह उबल-उबल कर बह रहा है. आम आदमी से लेकर नेताओं तक, फिल्मस्टार्स से लेकर हिस्ट्रीशीटर्स तक सभी लोग हिस्ट्री में गैरमामूली दिलचस्पी लेने लगे हैं. हमारा बस चले तो हम फिर से इतिहास में घुस जाएं और एक-एक घटना अपनी अध्यक्षता में करवाएं.
ज़रा पिछले कुछ महीनों की घटनाएं रिव्यू भर कर लें तो साफ़ नज़र आ जाएगा कि ज़्यादातर मौकों पर ‘टॉक ऑफ़ दी नेशन’ क्या मुद्दा रहा है. इतिहास. टीपू सुलतान, औरंगज़ेब, बाबर, गांधी, नेहरू, पटेल, तैमूर, पद्मावती, खिलजी यही सब सुनने को मिला बार-बार. सोशल मीडिया पर तलवारें भांजी गईं. बाकायदा युद्ध लड़े गए. इतिहास की बातों के चक्कर में लोगों के वर्तमान दोस्त बिछड़ गए. लोगों का बस नहीं चल रहा था कि वो अपनी मर्ज़ी का इतिहास लिख डालें.
खैर, लोगों का चले ना चले सरकारों का तो चलता है. ऐसी ही एक कोशिश राजस्थान यूनिवर्सिटी करने जा रही है. आईडिया भाजपा विधायक का है. जयपुर से भाजपा विधायक मोहनलाल गुप्ता ने ये सुझाव दिया है कि यूनिवर्सिटी की किताबों में फेरबदल कर ‘हल्दीघाटी के संग्राम’ में अकबर की जगह महाराणा प्रताप को विजेता दिखाया जाए. उनका कहना है कि कई सारे इतिहासकारों ने इस घटना को गलत तरीके से लिखा है. 1576 में हुई इस फेमस लड़ाई में जीत महाराणा प्रताप की हुई थी.

टाइम्स ऑफ़ इंडिया से बात करते हुए मोहनलाल गुप्ता ने कहा, “कोर्स की किताबों में इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पढ़ाया जा रहा है. अब समय आ गया है इसमें बदलाव किया जाए और इस पीढ़ी के साथ आने वाली पीढ़ियों को भी सही इतिहास पढ़ाया जाए.” इसके अलावा उन्होंने किताबों में चार अध्याय और जोड़ने की सिफारिश की. जिनमें से एक स्वामी विवेकानंद के ‘सांस्कृतिक राष्ट्रवाद’ पर होगा.
मोहनलाल गुप्ता राजस्थान यूनिवर्सिटी सिंडिकेट में सरकारी प्रतिनिधि हैं. यानी सरकार की आवाज़ हैं. उनके सुझावों को यूनिवर्सिटी ने सीरियसली ले भी लिया है. RU के इतिहास विभाग के अध्यक्ष के जी शर्मा ने भी कहा है कि उन्होंने खुद इस विषय पर रिसर्च की है और पाया कि महाराणा प्रताप और अकबर के बीच का युद्ध ड्रॉ रहा था. यूनिवर्सिटी के वाइस  चांसलर राजेश्वर सिंह ने इस प्रस्ताव को हिस्ट्री बोर्ड ऑफ़ स्टडीज के पास भेज दिया है. उन्होंने जानकारी दी कि बोर्ड इसकी जांच करेगा और फिर अकैडमिक काउंसिल को अप्रूवल के लिए भेज देगा.
यहां जानने लायक बात एक और है.टाइम्स ऑफ़ इंडिया में छपी ख़बर के मुताबिक़, राजस्थान सरकार पिछले कुछ दिनों में स्कूल की किताबों में कुछ बदलाव कर भी चुकी है. सालभर पहले उसने मुग़ल बादशाह अकबर के नाम के साथ लगने वाले ‘महान’ शब्द को हटवाया था. इसी तरह कुछ मुस्लिम शासकों पर आधारित कंटेंट में बड़े पैमाने पर छंटनी की थी. पिछले साल जुलाई में सातवीं क्लास के बच्चों की किताबों से जवाहरलाल नेहरू और सरोजिनी नायडू के नाम हटा लिए गए थे. यही नहीं नाथूराम गोडसे द्वारा गांधी हत्या का ज़िक्र भी नहीं था. 
ये एक गैर-ज़रूरी हरकत है. ऐसी ही एक हरकत कुछ दिनों पहले बंगाल में ममता बनर्जी कर चुकी हैं. उन्होंने पाठ्यक्रम की किताबों से ‘रामधोनु’ शब्द हटवा कर ‘रोंगधोनु’ करवा दिया था. लॉजिक था कि रामधोनु से धार्मिक ध्वनि आती है. उस वक़्त उनकी भी बहुत छीछालेदर हुई थी. राम को जबरन हटाओगे तो चीजें रोंग हो ही जाएंगी.

इस तरह के गैर-ज़रूरी शोशे अक्सर इन नेताओं द्वारा पब्लिक में छोड़े जाते हैं और जनता तमाम ज़रूरी मुद्दों को भुलाकर इनमें व्यस्त रहने लगती है. इतिहास पर गर्व ज़रूर करें लेकिन उसे नाक का मसला ना बनाएं. हमारे वर्तमान की ऐसी-तैसी हुई जा रही है और हम इतिहास का लॉलीपॉप चूस रहें हैं. सैंकड़ों साल पहले क्या हुआ था इसे लेकर फिल्मकारों को पीट रहे हैं, एक नवजात बच्चे को देशद्रोही बता रहे हैं, आततायियों को किसी धर्म से जोड़ कर गद्दारी के फतवे जारी कर रहे हैं. ये ना सिर्फ गैर-ज़रूरी है बल्कि नुकसानदेह भी है.
हल्दीघाटी में महाराणा प्रताप की जीत हुई थी या अकबर की इसपर सर धुनने से इलाके की टूटी सड़क ठीक नहीं हो जाने वाली. वो ठीक तभी होगी जब हम इतिहास से निकाल कर वर्तमान में आएंगे और अपने रहनुमाओं को घेरेंगे. उनसे ये पूछने की अक्ल रखेंगे कि,
“हल्दीघाटी तो ठीक है लेकिन हल्दी के रेट इतने क्यों बढ़ रहे हैं?”

इतिहास कहीं हास पर इति नो हो जाए !!

Wednesday, 1 February 2017

नसीहत

नसीहत


अमन आज एक बहुत ही कामयाब कपड़ा व्यापारी है और राजनगर में उसकी खुद की दो दुकानें हैं, एक पर सिर्फ पुरूषों के लिए और दूसरे पर सिर्फ औरतों के कपड़े  बेचे जाते हैं और ग्राहक इतने कि सुबह दुकानें खुलने से पहले ग्राहक बाहर खड़े होते हैं और रात को आठ बजे दुकानें बंद करने से पहले ग्राहकों को कहना पड़ता है कि अब बस, हमें भी घर जाना है, हमारी भी कोई ज़िंदगी है, हमारा भी परिवार है। सिर्फ एक ही चीज़ है जिसे अमन ने अपने दादा जी से सीखा और हमेशा इसी बात का ख्याल भी रखा "संतुष्ट-ग्राहक", दादा जी अक्सर कहा करते थे कि एक संतुष्ट-ग्राहक दस असन्तुष्ट ग्राहकों से अच्छा है।  आज अमन का पूरे शहर में नाम चलता है, लोग अमन की और उसकी व्यापारी बुद्धि की मिसाल देते हैं।  शहर के बाकी व्यापारी भी अपने बच्चों को अमन जैसा बनाना चाहते हैं।

अमन शुरू से या  ऐसा नहीं था, बचपन में अमन बड़ा शरारती किस्म का बालक था, पढ़ाई में भी ठीक-ठाक ही था।  अमन अपनी पढ़ाई में ज़्यादा मन न लगा कर इधर-उधर की बातों में ज़्यादा व्यस्त रहता था।  अमन ये भी देखता था कि उसके पापा और दादा जी रोज़ रात को ढेर सारे पैसे लेकर घर आते हैं, तब उसे यह समझ नहीं आता था की ये सारे पैसे कमाई नहीं हैं , इसमें से अभी दुकान पर काम करने वालों को भी देने हैं, दुकान का किराया भी भरना है, जो माल खरीदा है उसके पैसे भी चुकाने हैं।  उसे तो बस पैसे घर आते दिखते थे, वो कैसे आते हैं ये अभी उसे समझ नहीं आता था।  जब भी कभी वो दुकान पर जाता तो उसकी खूब खातिरदारी होती।  कभी सामने की दुकान से चाट ,कभी पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक और ना जाने क्या-क्या। अमन ने जब दसवीं पास की तो उसने ये सोचना शुरू कर दिया कि  अब अगर वो और न भी पढ़े तो दुकान में जा के मौज-मस्ती कर सकता है और ढेर से पैसे उसके अपने होने शुरू हो जायेंगे।


बस इसी सोच के साथ एक दिन सुबह जब उसकी एडमिशन अगली क्लास में होने वाली थी , अमन अपनी ज़िद पर अड़ गया की मैंने अब और स्कूल नहीं जाना है मैं अब से पाप और दादा जी के साथ दुकान पर ही जाया करूंगा।  माँ और पापा ने भी बड़े प्यार से समझाया पर अमन कहाँ मानने वाला था अंत में बात दादा जी तक पहुंची तो उन्होंने झट से अमन की बात का समर्थन करते हुए कहा कि ये ठीक कह रहा है चलो आज से अमन भी दुकान पर जायेगा। अमन की मम्मी और पापा भी इस बात से हैरान थे कि  आज अचानक पिताजी को क्या हो गया वो तो हमेशा से ही पढाई में विश्वास रखते हैं फिर आज क्या बात हो गयी।  खैर माँ ने भी अमन को दुकान पर जाने के लिए तैयार कर दिया और उसका खाना भी साथ ही पैक कर दिया।  अमन की तो मानो कोई लाटरी लग गयी हो वो बड़े ही गर्व से दादा जी साथ बैठ कर दुकान पर जा पहुँचा। 

दुकान पर आज ज्यादा ग्राहक नहीं थे तो दादा जी ने अमन को बताना शुरू किया कि  सबसे पहले ग्राहक को हँसते हुए आदर से नमस्ते बुलानी चाहिए फिर पूछना चाहिए कि क्या दिखाऊँ ? और फिर धीरे-धीरे उसे कपड़ों के थान खोल कर दिखाने शुरू करो , साथ ही ये भी देखते रहो कि ग्राहक किस कपडे को बार-बार छू के देखता है, क्योंकि हो सकता है कि ये कपड़ा उसे पसंद आ गया हो।  अमन बड़े ही मन लगा कर सारी बातें समझ रहा था। दोपहर के खाने के बाद दो-चार ग्राहक जब आये तो दादा जी ने अमन को कपडे दिखाने के लिए थान कभी यहाँ से वहां रखने के लिए कहा तो कभी थान को वापिस लपेटने के लिए कहा।  शाम सात बजे के बाद जो भी थान खुले थे सब अमन को ही लपेटने पड़े क्यूंकि दुकान पर काम करने वाले लड़के को कहीं जाना था।  अमन सुबह से लगभग सौ बार थान लपेट चूका था और काफी थका सा महसूस कर रहा था।  अंदर ही अंदर अमन थोड़ा चिढ़ भी रहा था क्योंकि आज उसकी कोई खातिरदारी नहीं हुई, चाट भी खाने को नहीं मिली और ना ही आज किसी ने कोल्ड ड्रिंक पूछी और तो और आज खाना भी ठंडा सा ही था, वरना अब तक तो माँ चार बार रोटी के लिए पूछ चुकी होती।  कुछ और नहीं तो अब तक स्कूल से वापिस आकर सो गया होता,यहाँ सोना तो दूर बैठने को भी नहीं मिल रहा ऊपर से ग्राहकों से माथापच्ची अलग से की ये वाला प्रिंट किसी और कपडे में या ये वाला कपडा किसी और डिजाईन में।  ऐसे कौन करता है,लेना होता नहीं ऐसे ही दिमाग़ ख़राब करने आ जाते हैं।
दुकान बंद होते-होते अमन थक के चूर हो चूका था उसे समझ नहीं आ रहा था कि उसके पाँव कहाँ पड़ रहे हैं और वो बस यही चाहता था कि कब वो घर पहुंचे और कब वो जल्दी से सो जाये, भले ही खाना न मिले। घर पहुँचते ही माँ ने लपक कर अमन के हाथ से खाने वाला बैग पकड़ लिया और आज के दिन के बारे में पूछना शुरू कर दिया।  अमन के पापा भी थोड़े से चुपचाप थे पर दादा जी के चेहरे पर मुस्कान थी।  रात का खाना खाने के बाद अमन झट से सोने के लिए चला गया। अगली सुबह माँ ने जब अमन को उठाया कि चलो दुकान पर जाना है तो अमन का रोना निकल गया और वो माँ से लिपट के कहने लगा कि मैंने दुकान नहीं स्कूल जाना है पर दादा जी पीछे ही पड़ गए कि नहीं बेटा आज तो दुकान पर ही जाना पड़ेगा क्यूंकि आज दुकान पर काम करने वाले लड़के ने छुट्टी कर ली है, अमन तो रोने ही लग गया और कान पकड़ कर सबसे माफ़ी मांगी और बोला कि मैं पढ़ाई करूँगा और पढ़ लिख कर ही अपने बिज़नस में आऊंगा।  दादा जी और पापा हँसने लगे और कहा कि बस यही सबक हम तुम्हें देना चाहता था कि दुकान पर तो कभी भी आकर बैठा जा सकता है बस ये पढ़ाई अभी करनी पड़ेगी। 

वो दिन और आज का दिन अमन आज भी अपने दादा जी की बातें नहीं भूलता, आज अमन ग्रेजुएशन करने के बाद एमबीए करके अपने बिज़नेस को बड़ी ही कुशलता से संभाल रहा है।  दादा जी तो अब इस दुनिया में नहीं हैं पर उनकी नसीहत हरदम अमन के साथ है !!