Powered By Blogger

Friday, 7 September 2018

दाँत


अक्सर हर इंसान के दांत दो बार आते है,एक बार उम्र के पहले पादान पर मतलब पहले साल में जिन्हे हम लोग दूध के दाँत भी कह देते हैं। फिर यह दांत टूट जाते हैं या झड़ जाते हैं और फिर नए यानि पक्के दाँत आने शुरू हो जाते हैं जो कि कई बार उम्र की आख़िरी सीढ़ी तक साथ देते हैं। कई लोगों के तीन बार भी आ जाते है, जब उम्र बहुत बढ़ जाती है तो या तो तीसरी बार दाँत डॉक्टर से लगवाने पड़ते है या कुछ एक दुर्लभ या ख़ास हालात में दाँत प्राकृतिक ढंग से भी आ सकते हैं। यहाँ तक तो सब कुछ ठीक है सुनने में भी ठीक ही लगता है परन्तु समस्या तो तब हुई जब पिताजी के दाँत चौथी बार आये।

पिताजी के सबसे पहले दाँत जो दूध वाले थे उनके बारे में ज़्यादा तो नहीं मालूम,हाँ दादी माँ से कुछ एक किस्से ज़रूर सुनने को मिले थे कि कैसे पिताजी भी आम बच्चों की तरह दाँत में खून देख कर रोने लगते थे पर बड़ी जल्दी दादी उनका ध्यान उस खून से हटा कर नन्हे से दूध के दाँत में उलझा दिया करती थीं, यह कह कर कि इस दाँत को ज़मीन में दबा देंगे तो देखना एक दिन वोह एक सोने के सिक्के का रूप ले लेगा या फिर उस दाँत को कपड़े में लपेट कर पड़ोसी की छत पर फेंक देने से बारिश अच्छी हो जाएगी।  पिताजी के दूसरे दाँत भी उगते हुए नहीं देखे हाँ, उनके किस्से भी दादी माँ से खूब सुने थे। हमने तो बस पिताजी को अपने उन्ही दांतों के साथ हँसते-मुस्कुराते हुए ज़रूर देखा है।

फिर वोह देखा जब पिताजी के दूसरे दांत एक-एक करके ख़राब होने शुरू हुए और फिर एक-एक करके डॉक्टर ने निकाल दिए।  तब बड़ी चर्चा हुआ करती थी, बुआ जी, ताया जी या मामा जी जब भी फ़ोन करते तो यह ज़रूर पूछते कि दाँतो का काम कहाँ तक पहुँचा मानो कोई घर बना रहे हों और उसके निर्माण कार्य के बारे में पूछ रहे हों।  खैर करते-करते पिताजी के सारे के सारे दाँत निकाल दिए गए और पिताजी का मुँह एकदम पोपला सा हो गया था उन दिनों, बात करते हुए शब्द सही से बोल नहीं पाते थे इसलिए थोड़ा सा असहज महसूस करते थे और चुप रह कर कम से कम बोल कर गुज़ारा करते थे, बिना दाँतों के खाना भी बड़ी मुश्किल से खाया जाता था, थोड़ा सा खाने में भी काफ़ी समय लग जाया करता था, पर चलो एक-दो महीनों की तंगी के बाद पिताजी के नए दाँत भी आ गए, सारे के सारे एक साथ, बड़े ही करीने से सजे हुए, एक जैसी कद काठी और झक सफ़ेद।  कुछ दिन लगे उन्हें अपनाने में पर फिर तो मूल दाँतों को भी मानो पीछे छोड़ दिया इतने अच्छे से फिट हो गए मुँह में।

अब पिताजी वोह सब कुछ भी खाने लगे जो उन्होंने दुसरे दाँतों के ख़राब हो जाने पर खाना छोड़ दिया था जैसे कच्चा अमरुद, भुने हुए चने यहाँ तक कि गन्ना भी।  अब पिताजी प्रसन्न थे पहले वाली हँसी वापिस आ गयी थी बातें भी दिल खोल कर करते थे और लगभग साल भर मे बीसीयों दोस्तों को भी अपने डॉक्टर के पास भेज चुके थे उनमें से कईओं को वोह डॉक्टर पसंद आया और कईओं को नहीं तो कुछ दोस्तों ने उलहाने भी दिए कि कैसा डॉक्टर बताया आपने, उसने तो दाँत निकलते-निकलते लगभग मेरी जान ही निकाल दी थी, या उसके यहाँ सफ़ाई नहीं थी वगैरह-वगैरह।  इस सारे प्रकरण का यह फ़ायदा हुआ कि डॉक्टर साहब अब पिताजी को बिना देर किये तुरंत मिल लिया करते थे और गाहे -बगाहे कोई दाँतों की दवाई बनाने वाली कंपनी के द्वारा दी गयी कोई पेस्ट या देखभाल करने का कोई सामान दे दिया करते थे।

फिर वह दिन भी आया लगभग बीस साल बाद, जब पिताजी के दाँत फिर से टूट चुके थे या घिस गए थे और अक्सर खाते हुए कुछ फँस जाया करता था और फिर उसकी वजह से मुँह में ज़ख़्म हो जाया करते थे और खाना चबाना बड़ा मुश्किल हो जाता था।  फिर से उस डॉक्टर की तलाश शुरू हुई तो पता चला किउसने अच्छी तरक़्क़ी कर ली है और अब एक बड़ा सा हॉस्पिटल खोल लिया था और उसके पास चार जूनियर डॉक्टर काम करते थे।  पिताजी उनसे और वह पिताजी से मिल कर बड़े खुश हुए। पिताजी ने अपनी समस्या बताई तो डॉक्टर साहिब ने फिर से नए दाँत बनवाने का मशविरा दिया, पिताजी ने झट से उनकी सलाह मानते हुए हाँ बोल दिया।  अब तक एक बार फिर से बुआ जी और ताया जी को दाँतों के बारे में आगाह किया जा चुका था इसलिए बड़ा ही मज़ेदार संवाद हुआ करता था जब बुआ जी फोन करके पूछा करतीं थीं कि तेरे दाँत आ गए क्या ? तो हम सब बड़ा हँसा करते थे कि यह सवाल तो छोटे बच्चों के बारे में पूछा जाता है। वैसे अब पिताजी के दाँत चौथी बार आ चुके हैं और पिताजी फिर से खिलखिलाने लगे हैं।

कहते हैं ऑंखें गयी तो जहान गया,दाँत गए तो स्वाद ! पर अब यह सत्य नहीं, अब काफ़ी कुछ वापिस आ सकता है !


आज के लिए इतना ही ...



||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
enable_page_level_ads: true
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", });
</script>