संडे यानी पश्चिमी देशों द्वारा बनाया गया और अपनाया गया एक छुट्टी का दिन, इसे हफ्ते का आखिरी दिन भी समझा जाता है और वीक एन्ड यानी सप्ताहांत वाला दिन। हफ्ते के सात दिनों को सात ग्रहों के नाम पर रखा गया है जैसे चाँद, मंगल, बुध, गुरु, शुक्र, शनि और रवि। पश्चिमी देशों में इसे पूजा दिवस के रूप में देखा जाता था और धीरे-धीरे यह हफ्ते में एक आराम करने वाले दिन की तरह देखना शुरू कर दिया। कुछ मुस्लिम देशों या इजराइल में इतवार को हफ्ते का पहला दिन भी माना जाता है। हम भी लगभग छह दिन इसी दिन के इंतज़ार में गुज़ार देते हैं पर मेरे मित्र शर्मा जी के साथ तो इस इतवार को क्या बीती यह किस्सा भी बड़ा मज़ेदार रहा।
तो हुआ यूँ कि शर्मा जी हरेक इतवार को बड़ी सुस्ती से बिताया करते थे, पर इस इतवार को शिक्षिका पत्नी ने पूरा मन बनाया हुआ था कि शर्मा जी का पूरा इस्तेमाल किया जायेगा, तो बस सुबह-सुबह लगभग 7 बजे शर्माईन जी ने बड़े प्यार से बचे-खुचे बालों में हाथ फेरते हुए पूछा- क्या बात उठना नहीं है आज ? देखो सुबह हो गयी है और दूध वाला घंटी बजा रहा है, तुम जल्दी से दूध ले आओ, मै तब तक बाथरूम से फ्रेश होकर आती हूँ,फिर चाय पीते हैं। बड़बड़ाते हुए शर्मा जी किसी तरह अपने कुर्ते-पाजामे को ठीक करते हुए दूध लाने के लिए निकल गए, अब शर्मा जी रोज़ तो दूध लेने जाते नहीं थे इसलिए पता भी नहीं था कि कौन से पतीले में दूध लेना है तो दो बार दूध वाले के समझाने पर सही वाला पतीला ले कर दूध लिया तो श्रीमती जी की आवाज़ आयी, सुनो जी दूध वाले पतीले को चूल्हे पर चढ़ा दो और चाय वाले बर्तन में पानी डाल कर दूसरे बर्नर पर रख दो। शर्मा जी के पास और कोई चारा तो था नहीं इसलिए पाँव पटकते रसोईघर की तरफ बढ़ चले और पत्नी जी के निर्देषानुसार गैस जला कर दोनों पतीले चढ़ा दिए, अभी अखबार की तरफ लपके ही थे तो श्रीमती जी का फ़रमान आया- सुनो जी, पानी में चीनी-पत्ती भी डाल दो, हाँ चीनी थोड़ी कम रखना। करना ही पड़ना था, सो किया। अभी चश्मा ढूंढ रहे थे कि फिर से आवाज़ आयी- अरे सुनो, जरा दूध भी डाल देते चाय में और ऊपर वाले कप्बोर्ड से थोड़े से रस और बिस्कुट भी निकाल लो मैं आयी बस। जब तक श्रीमती जी बाथरूम से बाहर आयी तो चाय बन चुकी थी और मैडम ने आकर चाय बस कप में डाली और दोनों बैठ कर चाय की चुस्कियां ले ही रहे थे कि पत्नी जी ने फरमान जारी किया - भई आज सब्ज़ी मंडी भी जाना है घर में आलू-प्याज़ ख़त्म हैं।
मरते क्या न करते, शर्मा जी आधे घंटे बाद सब्ज़ी मंडी में प्याज़ वाले से मोल-भाव कर रहे थे। लगभग दस बजे सब्ज़ियों से लदे हुए घर पहुंचे तो श्रीमती जी ने पानी और नाश्ता कराने के बाद ऐलान किया कि गर्मी शुरू होने को हैं इसलिए आज रजाईआं और स्वेटर आदि संभालने हैं और मुझ अकेली से तो यह हो न पायेगा इसलिए चलो साथ में लगो और सब कुछ सँभालते हैं। शर्मा जी फिर से किसी दिहाड़ीदार मजदूर की तरह जुट गए। कभी ऊपर वाली अलमारी तो कभी स्टोर में पड़ी बड़ा वाला बक्सा तो कभी बेड बॉक्स, सब कुछ खोला गया। लगभग दो-ढाई घंटे की मशक्कत के बाद तीन बजे शर्मा जी को रोटी नसीब हुई। शर्मा जी सोच रहे थे कि शायद इतने में ही छुटकारा हो जायेगा पर कहाँ, चार बजे तो रद्दी खरीदने वाले कबाड़ी ने दरवाजा खटखटा दिया और ना चाहते हुए भी श्रीमान जी अगले एक घंटे तक घर की पुरानी अखबार और पुराने डब्बे-बोतल वगैरह ढूंढ कर बेचते रहे और फिर हाथ में आये सात सौ पचास रुपये। अब तक शर्मा जी बुरी तरह थक चुके थे और हाथ मुँह धोते हुए विचार बना रहे थे कि क्यों न अपने मित्र और पडोसी संधू साहब के पास बैठ कुछ विशेष शर्बत, थकावट दूर करने वाली दवाई पी जाये कि तभी पत्नी जी ने फिर से घोषणा की - सुनो जी आज मै बड़ी थक गयी हूँ, रात का खाना अगर आप होटल से ले आओ तो ठीक ही रहेगा !
किसी तरह कुढ़ते-सड़ते शर्मा जी बड़े भारी दिल से शाम आठ बजे घर के पास वाले ढाबे से खाना पैक करवा कर घर पहुंचे तो श्रीमती जी बड़े आराम से सोफे पर पसरी हुई अबला नारी वाला सीरियल देख रही थीं और शायद आंसू भी बहा रहीं थीं, मानो सुबह से इन पर बड़े अत्याचार हो रहे हों, दोनों ने बैठ कर खाना खाया और बस सोने की तैयारी में लग गए। श्रीमती जी तो पलंग पर लेटते ही खर्राटे लेने लगी और मेरे मित्र शर्मा जी सोचने लगे की आज रविवार था भी कि नहीं क्यूंकि उनकी मेहनत आज दुसरे दिनों की तुलना में कहीं ज़्यादा थी और उससे ज़्यादा यह कि पत्नी ने एक भी काम की तारीफ़ तक नहीं की। शर्मा जी बिस्तर पर लेटे हुए अपनी दुख रही पीठ पर हाथ रखे हुए सोच रहे कि कैसे उनका सबसे चहेता दिन इतवार, इति-वार में बदल गया।
आज के लिए इतना ही। ...
|| इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
enable_page_level_ads: true
});
</script>

No comments:
Post a Comment