अभी पिछले दिनों एक ख़बर को राष्ट्रभक्त बड़े ही चाव से सोशल मीडिया पर परोस रहे थे कि भारत क्षमा कीजियेगा हिंदुस्तान का सबसे ऊंचा झंडा फिर से क्षमा कीजियेगा राष्ट्र ध्वज पंजाब के अटारी बॉर्डर पर फहरा दिया गया है , सुन कर सीना चौड़ा हो गया हालाँकि अब भी 56 इंच का तो नहीं हुआ था परंतु फिर भी गर्व से फटा जा रहा था क्योंकि ये काम ही बहुत गर्व का है। फिर धीरे-धीरे इस तिरंगे के बारे में और खबरें आनी शुरू हुई जैसे यह झंडा 350 फीट की ऊंचाई पर फहराया गया है, इसे न केवल अमृतसर बल्कि लाहौर से भी देखा जा सकेगा.इस झंडे की लंबाई 120 फीट है और चौड़ाई 80 फीट है, इसका वजह 65 किलोग्राम है. यह तिरंगा हर मौसम की मार सहन करने को तैयार है, इसे केवल कटने और फटने की हालत में ही नीचे उतारा जाएगा. इस झंडे के निर्माण में कुल 3.50 करोड़ का खर्च आया है.यह तिरंगा लाइन ऑफ कंट्रोल से करीब 200 मीटर की दूरी पर है. रिपोर्ट्स है कि इस तिरंगे को फहराने पर पाकिस्तान ने एतराज जताया था, लेकिन बीएसएफ ने पाकिस्तान की आपत्तियों को खारिज कर कह दिया है कि तिरंगा एलओसी से 200 मीटर की दूरी पर है.
बड़ा स्वाद आया कि हमारा जन्म-जात का दुश्मन पाकिस्तान परेशान है, वाह क्या बात है मेरे देश की सरकार की, घर बैठे-बैठे दुश्मन पड़ोसी की नींद हराम कर दी।
यह तिरंगा 6 मार्च 2017 को पहली बार फहराया गया था, अब तक चार बार बदला जा चुका है मतलब 22 दिनों में चार बार, मतलब लगभग हर छठे दिन, यानि कि एक महीने में पाँच बार, यानि कि साल में सिर्फ 60 बार। चलो मान भी लिया कि मैं बात को बढ़ा-चढ़ा कर बोल रहा हूँ तो फिर भी 30 बार मान लो, अब इस हिसाब से अगर हर बार सिर्फ कपडे की कीमत ही जोडें तो लगभग सात लाख की होती है, साल में दो करोड़ के करीब। यह दो करोड़ सिर्फ इसलिए कि दुश्मन हमारा मज़ाक़ बना सके और लोग कह सकें कि इनसे अपना झंडा तो सँभलता नहीं है देश क्या ख़ाक संभालेंगे ? इससे आम भारतीय को क्या फायदा हो रहा है,क्या गरीबी कम हो रही है,क्या शिक्षा का स्तर ऊंचा हो रहा है या देश में बेरोज़गारी कम हो रही है ?
अभी हमलोग, मेरा मतलब है कि हम भारतीय लोग इस हालत में नहीं हैं कि रजवाड़ों की तरह खर्च कर सकें, अभी बहुत से और काम बाकी हैं। ठीक इसी तरह की एक कोशिश वडोदरा, गुजरात में भी जारी है हालाँकि ये कोशिश हमारे ध्वज से थोड़ी सी महँगी है (लगभग 2989 करोड़ रूपए) ये इसकी शुरूआती कीमत है बनते-बनते बढ़ती जाएगी और 4000 करोड़ के आसपास ख़त्म होगी, ओह, मैं फिर से ज़्यादा बता गया, चलो 3000 करोड़ रुपए पर ख़त्म हो जायेगा। तो क्या आपको नहीं लगता कि यह पैसा हर उस गरीब का हक़ है जिसने जगह-जगह टैक्स चुकाया, खुद का पेट काट कर हर खरीदी पर सरकार को कर चुकाया। अगर यही कर किसी और देश में चुकाया गया होता तो बदले में करदाता को कुछ फ़ायदा ज़रूर दिया गया होता ना कि देश की जनता का पैसा ऐसे भव्य निर्माण में फ़िजूल खर्च किये होते।
क्या यही है हमारा ऊँचे झंडे वाला गर्व, कि दूर से तिरंगा तो नज़र आता है पर उसके नीचे पसरा बंदा नंगा नज़र नहीं आता ! अगर यही पैसा किसी गरीब कल्याण योजना में लगाया जाता या किसी ग्रामीण इलाके में कोई हस्पताल बनाया जाता या कोई शिक्षा संसथान बना दिया जाता तो देश निर्माण भी हो जाए और शायद काम के नाम पर सरकार को एक मौका और मिल जाए। कई बार हम शब्दों का वास्तविक मतलब भूल कर लिखित मतलब को सच समझने लगते हैं, यहाँ वही हुआ "झंडा ऊंचा रहे हमारा "
विजयी विश्व तिरंगा प्यारा,
झंडा ऊँचा रहे हमारा।
प्रेम सुधा सरसाने वाला
वीरों को हरषाने वाला
मातृभूमि का तन-मन सारा,
झंडा ऊँचा रहे हमारा।
लखकर जोश बढ़े क्षण-क्षण में,
काँपे शत्रु देखकर मन में,
मिट जावे भय संकट सारा,
झंडा ऊँचा रहे हमारा।
हो स्वराज जनता का निश्चय,
बोलो भारत माता की जय,
स्वतंत्रता ही ध्येय हमारा,
झंडा ऊँचा रहे हमारा।
देश-जाति पर बलि-बलि जाओ,
एक साथ सब मिलकर गाओ,
प्यारा भारत देश हमारा,
झंडा ऊँचा रहे हमारा।
चाहे जान भले ही जावे,
विश्व-विजय करके दिखलावे,
तब होवे प्रण-पूर्ण हमारा,
झंडा ऊँचा रहे हमारा।
सदा शक्ति बरसाने वाला,
स्वतंत्रता के भीषण रण में,
इस झंडे के नीचे निर्भय,
आओ प्यारे वीरों आओ,
इसकी शान न जाने पावे,
- श्यामलाल गुप्त
हम लोगों ने सिर्फ एक पंक्ति का लिखित मतलब निकाल, अमल में ला दिया और असली बात को ध्यान में नहीं रखा। खैर अभी भी कुछ नहीं बिगड़ा, सुधार तो कभी भी किया जा सकता है।
इति....
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
enable_page_level_ads: true
});
</script>
