सुहानी अपने धीरज और सुनीता की इकलौती संतान थी। बड़े ही नाज़ों से उसकी परवरिश हुई थी। दसवीं कक्षा तक आते-आते सुहानी अपने स्कूल की भी सबसे होनहार छात्रा बन गयी थी। पढाई मैं सुहानी का मन बहुत रमता था। वो हर समय कुछ न कुछ पढ़ते रहना चाहती थी। धीरज का काम-काज कोई बहुत अच्छा नहीं चलता था फिर भी वो जैसे तैसे कुछ जुगाड़ कर के सुहानी के स्कूल की फीस भरता जा रहा था , क्यूंकि अब सुहानी अब बड़ी हो रही थी, उसके खुद के साथ-साथ उसकी पढाई का खर्चा भी बढ़ता जा रहा था और धीरज किसी तरह से अपना गुजर बसर कर रहा था। सुहानी को पढ़ाना धीरज के लिए कठिन होता जा रहा था। हालाँकि सुनीता ने भी कई बार बाहर काम करने की इच्छा जताई थी पर इस उम्र मैं अच्छी नौकरी मिलना भी आसान नहीं था।
सुहानी आगे पढ़ना तो चाहती थी पर पारिवारिक मजबूरी के कारण ऐसा ना हो सका, किसी तरह से कुछ जोड़-तोड़ करके धीरज ने सुहानी को एक डिप्लोमा में दाखिल करवा दिया। विधि का विधान, सुहानी ने खूब मन लगा के मेहनत की और पूरे जिले में पांचवां स्थान हासिल किया जिस की वजह से उसे सरकार की तरफ से फीस माफ़ कर दी गयी और साथ के साथ कुछ आर्थिक सहायता भी देनी शुरू कर दी। सुहानी में जितना हुनर,क़ाबलियत और पढ़ने का जितना जज़्बा था उतना ही धीरज और सुनीता का मन, कि बेटी पढ़-लिख कर कुछ बड़ा काम करे और माँ बाप का नाम रोशन हो जाये परन्तु आर्थिक पक्ष की वजह से सुहानी को वो न मिल सका जो उसकी लियाक़त थी। अक्सर सुहानी अकेली बैठ अपने सपनों को मरते हुए देखती और खुद को एक पिंजरे में बंद चिडिया के मानिंद फड़फड़ाते हुए महसूस करती, वह कुछ बड़ा करना चाहती थी।
सुहानी ने अपना तीन साल का डिप्लोमा बड़े ही अच्छे नंबरों से पास कर लिया, जिले में उसने सबसे ज़्यादा अंक हासिल किये थे। जहाँ कॉलेज के टीचर्स और प्रिंसिपल ने उसकी तारीफ़ की वहीँ प्रदेश के शिक्षा मंत्री ने भी उसको मैरिट सर्टिफिकेट देते हुए सरकारी नौकरी की घोषणा भी कर डाली, लेकिन नेता तो सिर्फ वादे ही करते हैं उन्हें पूरा नहीं करते तो अगले दो साल सुहानी की दौड़ सरकारी दफ्तरों में अपने प्रमाणपत्र लेकर लगती रही और हर दफ्तर नयी अड़चन बता देता। कभी कहते कि बड़े साहब की मंजूरी नहीं है कि किसी को नौकरी पर रखा जाये तो कभी कहते कोई नौकरी नहीं है और इसी बीच सरकार बदल गयी और सुहानी की बची-खुची उम्मीद पर भी पानी फिर गया। जब सुहानी अपने लिए नौकरी ढूंढ रही थी तभी धीरज की चाची के मामा के बेटे राहुल ने उसे देखा और शादी के लिए बात चल पड़ी। हालाँकि राहुल की आर्थिक हालत बहुत अच्छी नहीं थी फिर भी उन्होंने बड़े ही सादे ढंग से बिना किसी दहेज़ की मांग के शादी की शर्त रखी। धीरज और सुनीता ने भी बड़ी ख़ुशी से हाँ बोलते हुए शादी तय कर दी।
सुहानी अभी कुछ और पढ़ना चाहती थी पर माँ बाप की ख़ुशी को देखते हुए हाँ कर दी और जल्द ही विदा हो अपने ससुराल जा पहुंची। फिर अगले चार सालों में दो बच्चे और अपनी माँ सुनीता की तरह रसोई और घर के सारे काम, बस यही रोज़ की दिनचर्या। कभी समय मिला तो कोई किताब पढ़ ली या कोई समाचार सुन लिए, कभी-कभी धीरज और सुनीता से मिलने चले जाना या फिर उनका मिलने आ जाना बस मनोरंजन के नाम पर यही सब कुछ था सुहानी की ज़िंदगी में। सुहानी अक्सर सोचती कि उसके जीवन में बदला क्या, बस एक पिंजरा ! पहले माँ बाप का पिंजरा फिर ससुराल का पिंजरा और हमेशा के लिए गरीबी का पिंजरा !
"भगवान किसी को बदनसीब तो बनाये पर गरीब न बनाये !"
आज के लिए इतना ही। ...
|| इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
enable_page_level_ads: true
});
</script>
