Powered By Blogger

Saturday, 28 October 2017

सर्दियाँ...



यूँ तो साल भर में चार मौसम बताये जाते हैं सर्दी, गर्मी, बारिश और पतझड़ लेकिन सब से ज़्यादा कद्र सर्दी के मौसम की होती है।  गर्मी  दिनों में तो आप कुछ भी पहन कर बैठे रहते हैं जैसे निक्कर-बनियान या फिर सिर्फ निक्कर भी कभी-कभी।
ऐसा ही कुछ बारिशों के दिनों में भी होता है आप मस्ती करते हैं बारिश में नहाते हैं कुछ और नहीं तो अपना वाहन चलाते हुए कहीं छपाके उड़ाते रहते हैं , कभी सड़क पर खड़े पानी में से तेज़ी से निकलना ताकि पानी के छींटे दूसरों पर उड़े, लगभग ऐसा ही सभी मौसमों के साथ होता है लेकिन सबसे ज़्यादा इज्जत सर्दी के मौसम को मिलती है।

गर्मी में कुछ भी पहन कर घूमने वाले गुप्ता जी भी बड़ी इज़्ज़त से पूरे बदन को ढक कर घर से निकलते हैं और वो कोने वाले शर्मा जी, जो सिर्फ कच्छा पहन कर अपने बगीचे में पौधों की सेवा-टहल में जुटे रहते हैं, सर्दियाँ आते ही पूरे कुर्ते-पाजामे में दिखने लगते हैं।  उसी तरह तीन नंबर में रहने वाला रोहन भी सर्दियाँ आते ही ढंग के कपडे पहने हुए नज़र आना शुरू हो जाता है वर्ना तो सिर्फ चंद कपड़ों में ही अपनी सींक जैसा बदन प्रदर्शित करता रहता है।  बात क्या हम सर्दियों को मेहमानों की तरह देखते हैं तभी तो सब से ज़्यादा सही ढंग से बर्ताव करते हुए दिखते हैं।

और तो और सर्दियों के मौसम की खाने-पीने वाली चीज़ें भी थोड़ी शाही सी होती हैं, जैसे गर्मियों में टिंडे,भिंडी, कद्दू, घीए-लौकी आदि की सब्ज़ियां होती हैं सर्दियों में गोभी, पालक,सरसों का साग आ जाता है।  गर्मियों में बकबके तरबूज़, ख़रबूज़े या पिलपिले आलूबुखारे और चीकू की जगह सर्दियों में सेब, खजूर या देसी घी की पिन्नियां आ जाती हैं। गर्मियों में शरीर को नुकसान पहुँचाने वाले कोल्ड-ड्रिंक्स की जगह गर्म चाय या कॉफ़ी आ जाती है। जहाँ एक ओर गर्मियों में सादी चपाती से काम चलाना पड़ता है वहीँ सर्दियों में आलू, गोभी और मूली के परांठों की भरमार हो जाती है। 


कुछ भी हो मौसम तो सर्दियों का ही अच्छा है क्यूंकि सर्दी का ईलाज तो है पर गर्मी का नहीं ! अब बस सर्दियाँ आने ही वाली हैं और घरों में रंग-रोगन करने के बाद, मानो हर कोई सर्दियों के स्वागत में जुट चुका है। आप सभी को भी सर्दियों के सर्द मौसम की शुभकामनायें। 



आज के लिए इतना ही !
|
इति | 


Thursday, 5 October 2017

सरकारी गोदाम



राम गढ़ में सीता चौक के पास पटेल नगर वाली सड़क पर एक सरकारी गोदाम था।  सरकारी अनाज आता था ट्रकों में भर कर और फिर महीनों वहीँ पड़ा रहता था, कुछ कभी इधर-उधर सरकारी दुकानों में भेज दिया जाता तो कभी किसी और जगह का अनाज यहाँ पर लाया जाता।  हर महीने कुछ ट्रक आते जाते रहते थे, बोरीयों को लाने-ले जाने के लिए कुछ मजदूर पक्के रखे हुए थे, जब भी ज़रुरत होती, बुला लिए जाते या फिर वो मजदूर रोज़ एक बार चक्कर लगा के पूछ लेते कि कोई काम तो नहीं।  एक मैनेजर साहब भी रखे हुए थे अच्छी-खासी तनख्वाह लेते थे सरकार से, फिर एक दिन मैनेजर साहब रिटायर हो गए।  अब उन्हें जाना था तो नया मैनेजर अभी आया नहीं था तो पुराने साहब ने सोचा कि क्यों न इस गोदाम की चाबी बाहर चाय (अरे नहीं चाय की दुकान से लोग बुरा मान सकते हैं, पान की दुकान  ठीक रहेगी ) पान की दुकान चलाने वाले दामोदर पांडे को सौंप खुद चले गए।  अब पांडे जी अपने-आप को इस गोदाम का मालिक समझ बैठे और कुछ करने की सोचने लगे।

अगले ही दिन गोदाम के पक्के मज़दूर काम पूछने आये तो पांडे जी ने कहा कि चलो गोदाम खोलो, अनाज की बोरीयों को ठीक से रखते हैं।  तो पांडे जी ने बोरीयों को नए सिरे से रखना शुरू कर दिया,जो लम्बाई से पड़ी थीं उन्हें चौड़ाई से रख दिया, जो सीधे पड़ी थीं उन्हें उल्टा रख दिया, कभी बोरीयों के नीचे पड़े पटड़ों को हिला कर दूसरे तरह से रखवा दिया।  बस इस उठा-पटक में बोरीयों को मजदूरों के हुक लगने से काफी अनाज की बर्बादी हो गयी पर पांडे जी कहाँ मानने वाले थे रोज़ मजदूरों को बुला भेजते और उनसे इस तरह के काम करवाते रहते।  अब तो आस पड़ोस वाले और गुजरने वाले भी रुक-रुक कर देखते कि सरकारी गोदाम में बड़ी उठा-पटक चल रही है। पांडे जी के एक दूर के रिश्तेदार तुलसी यादव ने पांडे जी को समझाया कि रोज़-रोज़ बोरीयों को यहाँ से वहां रखने से अनाज भी बिखर रहा है और बोरी भी फट रही हैं तो पांडे जी ने उसे अपने पास बुला लिया और कहने लगे कि आज से तुम ही देखो कि इन मजदूरों से क्या करवाना चाहिए।

अब पांडे जी के रिश्तेदार, तुलसी अपने आप को इस गोदाम का मालिक समझने लगा और मज़दूरों को व्यस्त रखने के नए-नए तरीके ढूंढ़ने लगा।  कभी उनसे छत की सफ़ाई तो कभो आस-पास की सफाई, कभी घास कटवाता तो कभी सारे गोदाम के साथ-साथ झाड़ू लगवाता।  अब तो बाहर खड़े लोगों में भी एक तरह की बहस शुरू हो गयी, दो गुट बन गए, एक कहता कि देखो पांडे और तुलसी देखो कितनी मेहनत कर रहे हैं और कितनी देखभाल कर रहे हैं गोदाम की, ऐसा तो पहले कभी नहीं हुआ था। वहीँ दूसरा गुट जो कि थोड़ा तर्कशील लोगों का था, वह कहते कि ठीक है जो पांडे जी कर रहे हैं वैसा पहले कभी नहीं हुआ परन्तु यह भी तो देखिए कि ऐसा करने से फायदा क्या हुआ,अपितु अनाज का नुकसान अलग से हुआ और मजदूरों की तनख्वाह अलग से देनी पड़ेगी तो यह तो वही बात हो गयी "कि खाया पीया कुछ नहीं गिलास तोडा बारह आना"।  


जब ये बात फैलनी शुरू हुई तो पहले मोहल्ले में फिर शहर में तो फिर किसी चालू पत्रकार ने अपनी अखबार में जगह भरने के लिए इस पांडे-तुलसी जोड़ी की प्रशंसा करते हुए खबर छाप दी तो अगले ही दिन एक समाचार चैनल वाले ने आकर पांडे जी का  साक्षात्कार अपने चैनल पर चला दिया फिर किसी बड़े अखबार में यह छोटी सी खबर छपी और फिर एक बड़े समाचार चैनल पर भी खबर आयी अब जा के सरकार को इस सरकारी गोदाम की याद आयी।  छानबीन हुई तो पता चला कि पांडे जी और तुलसी की उठा-पटक में हज़ारों अनाज की बोरीयों को नुक्सान पहुँचा था और सैकड़ों किलो अनाज व्यर्थ हुआ सो अलग और ऊपर से मज़दूरों की मजदूरी बनी हज़ारों में।  सरकारी अफसर ने आ कर पांडे जी को हिरासत तक में लिए जाने का हुक्म सुनाया जो बाद में मोहल्ले के लोगों के बीच-बचाव से इस बात पर ख़त्म हुआ कि पांडे जी का पान का खोखा यहाँ से उठा दिया जाए।


उधर पांडे जी अपने रिश्तेदार तुलसी पर सारा गुस्सा निकालते जा रहे थे और उस दिन को कोस रहे थे जिस दिन तुलसी की बात मानी थी।  अब पांडे जी के हक़ में बोलने वाले इस सारे काण्ड की निंदा कर रहे थे और बोल रहे थे कि देखो पांडे जी कितने ईमानदार थे वह चाहते तो क्या नहीं कर सकते थे, चाहते तो सारा अनाज बेच देते, अरे कुछ और नहीं तो अपने घर ही ले जा सकते थे।  उनके माता-पिता भी कैसे सादगी से रहते हैं अगर पांडे जी चाहते तो ये अनाज बेच कर पैसा कमा सकते थे लेकिन क्यूंकि वह बहुत ही ईमानदार हैं इसलिए ऐसा नहीं किया और दूसरी तरफ तर्कशील लोग कह रहे थे कि पांडे जी ने यह सब सिर्फ चौधरी बनने के लिए किया रही बात पैसे कमाने की और माता-पिता के सादगी से रहने की तो यह चूना सिर्फ पान पर ही लगा सकते हैं लोगों को नहीं। 

खैर इस सारी कहानी का, पात्रों का और उनके द्वारा किये गए कामों का किसी से लेना देना नहीं है फिर भी अगर आपको ऐसा लगे तो यह दोष आपकी सोच का ही माना जायेगा !
आज के लिए इतना ही !

| इति |
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
enable_page_level_ads: true
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", });
</script>