Powered By Blogger

Wednesday, 21 February 2018

आप कतार में हैं !

"कतार"

कतार माने पंक्ति या आम भाषा में कहा जाये तो लाइन एक तरह से व्यवस्था है भीड़ को सुचारु ढंग से नियंत्रण में रखने की।  परन्तु यह व्यवस्था भारत में अक्सर नाकामयाब रही थी, है और शायद रहेगी भी क्यूंकि हम तो आज़ाद लोग है, स्वतन्त्र देश के और भी ज़्यादा स्वतन्त्र नागरिक, हमें कई साल ग़ुलाम बना कर रखा गया था बस अब और नहीं।  जब हम लोगों को कोई आदेश दे तो हमें अच्छा नहीं लगता हाँ दो डंडे लगा कर कोई कहे तो बात अलग है, फिर तो हम सब झट से मान जाते हैं। 

अभी कुछ दिन पहले, लगभग साल-सवा साल पहले, पूरा देश कतार में आ गया कई लोगों ने तो प्राण तक न्यौछावर कर दिए उन कतारों में, कई बार तो उनके बारे में सोचने भर से बदन में झुरझुरी सी दौड़ जाती है।  तब भी लोगों ने बड़ी शालीनता का प्रदर्शन करते हुए देश के हित की कामना करते हुए बर्दाश्त किया हालाँकि उस त्रासदी का नतीजा वही ढाक के तीन पात वाली बात साबित हुई। भले ही कुछ लोग अभी भी उन कतारों में लग कर जमा कराये गए नोटों को गिनने में व्यस्त हैं और कुछ लोग समीक्षा कर रहे हैं कि आखिर इस सारी उठापटक से हासिल क्या हुआ फिर भी हम आज़ाद लोग कोशिश कर रहे हैं कि कैसे हमें पंक्ति में खड़े हो कर अनुसाशन सीखना है, क्यूंकि उन दिनों में भी हम सब ने कतार को तोड़ने का कोई ना कोई तोड़ तो निकाल ही लिया था भले ही वोह शाम को बैंक कर्मचारी के घर पहुँच कर या फिर पिछले दरवाज़े से नोट बदलने की कोशिश ही क्यों न हो।

कुछ दिन पहले मेरा ऐसे ही एक ऐसे ऑफिस-दफ्तर में जाना हुआ जो कि कनाडा के लिए आम भारतीय नागरिकों के दस्तावेज जमा कर कनाडा दूतावास में वीजा के लिए भेजता है तो वहां पर सुरक्षाकर्मी ने भी एक कतार व्यवस्था लागू कर रखी थी, जिसमें जो पहले आएगा वो पहले अंदर जायेगा, ज़्यादातर लोग आते, देखते कि लाइन लगी हुई है तो बिना पूछे अपने आप लाइन के अंत में खड़े आदमी से बातचीत कर खड़े हो जाते पर हम में से कुछ लोगों के पुरखों ने आज़ादी की लड़ाई में शायद ज़्यादा योगदान डाला होगा इसलिए वो लोग अपने आप को ज़्यादा आज़ाद समझते होंगे इसलिए वो लाइन में न लग कर सबसे आगे खड़े होते जा रहे थे, जब किसी ने टोका तो तपाक से जवाब आया "अरे, मैं तो बस वैसे ही अंदर देख रहा हूँ" या "अरे तुम चले जाओ पहले, यहाँ कौन सा मेला लगा हुआ है " या "भाई साहब, मुझे बस अंदर ये कागज़ ही देने जाना है, मैंने वीजा नहीं लगवाना", पढ़ेलिखे और शहरी लोगों को लाइन में लगने की तो जैसे आदत ही नहीं है, और कतार में लगना मतलब इज़्ज़त कम हो जाना।  यह लोग आते, देखते कि कतार बनी हुई है फिर भी कोशिश करते कि किसी तरह से बस सीधे दरवाज़ा तोड़ कर अंदर घुस जाएँ। 


असल में हम लोग जब तक भारत में हैं हम ऐसे ही बर्ताव करेंगे, जैसे ही विदेश में कदम रखते हैं हमें सारी तमीज आ जाती है।  भारत में हमारी कोशिश रहती है कि बस किसी तरह इस कतार से छुटकारा मिल जाये फिर इसके लिए चाहे किसी भी तरह का झूठ ही क्यों न बोलना पड़े, जैसे मुझे जल्दी है क्यूंकि मुझे डॉक्टर के पास जाना है या मेरी बस-ट्रेन निकल जाएगी वग़ैरह-वग़ैरह।  अक्सर ये अनुसाशनहीनता रेलवे स्टेशन पर टिकट खिड़की, पूछ-ताछ केंद्र और गाडी में चढ़ने के समय बहुत ज़्यादा देखी जाती है।


जावेद अख़्तर साहिब ने भी लिखा था कि-
ज़िंदगी है तो ख़्वाब हैं, ख़्वाब हैं तो मंज़िलें हैं,
मंज़िलें हैं तो फासले हैं, फासले हैं तो रास्ते हैं,
रास्ते हैं तो मुश्किलें हैं, मुश्किलें हैं तो हौंसले हैं.. 
बस यह लिखना भूल गए कि अगर मुश्किलें हैं तो चोर रास्ते हैं और उसमे हम भारतीय माहिर हैं !

आज के लिए इतना ही... 


||  इति || 
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script> <script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({ google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", enable_page_level_ads: true }); </script>

Thursday, 8 February 2018

आदत


ये आदत ही तो है जो मुझे बार-बार लिखने पर प्रेरित करती है, हर किसी को कोई न कोई आदत होती है किसी को अच्छी तो किसी को बुरी। अच्छी आदत हो तो लोग-बाग उसके बारे में बात करते है और अगर कहीं कोई बुरी आदत जिसे लोग-बाग व्यसन या लत भी कह देते हैं, के बारे में बातें ही करते हैं क्यूंकि उन्हें भी बातें करने की आदत होती है।

मेरे एक जानपहचान वाले हैं उन्हें बड़ी अजीब सी आदत है कि काम हो जाने के बाद कहना - अरे मुझे बताते तो सही, मैंने आपका काम यूँ करा देना था फिर चाहे वो कोई भी काम क्यूँ ना हो। वो अक्सर काम पड़ने पर फोन नहीं उठाते और फिर बाद में यह ज़रूर कहते हैं अरे मुझे पहले क्यूँ नहीं बताया। उनकी इस आदत से परेशान उनकी पत्नी एक किस्सा सुनाया करती हैं कि एक बार इनके बेटे की तबियत अचानक थोड़ी ख़राब हो गयी, श्रीमती जी ने इन्हे फ़ोन किया, एक बार, दो बार नहीं बल्कि दस बार ये बताने के लिए कि बच्चा बीमार है डॉक्टर के पास लेकर जाना है परन्तु श्रीमान जी ने आदतन फ़ोन की तरफ ध्यान नहीं दिया और जब शाम को घर पहुंचे तो घर पर ताला लटका हुआ मिला अभी आस पड़ोस से बतिया ही रहे थे ऑफ़ श्रीमती जी को फ़ोन मिलाने की सोच ही रहे थे की धर्म पत्नी जी बच्चे समेत प्रकट हो गयीं, इन्होने घर का दरवाज़ा खोलते हुए पूछ ही लिया कि कहाँ गयी थी, पत्नी ने बताया कि मुन्ना बीमार था और बहुत तेज़ बुखार हो गया था इसलिए डॉक्टर के पास ले गयी थी। अब श्रीमान जी के मुँह से भी आदतन ही निकल गया कि मुझे बता देती, तो मैं तुम्हे किसी अच्छे डॉक्टर के पास ले जाता , बस इतना सुनने की देर थी कि पत्नी ने काली का रूप धारण कर लिया और साहेब की जम के मिजाजपुर्सी हुई, कि एक तो फ़ोन नहीं उठाया और अब ऊपर से गलती मेरी कि मैंने पहले नहीं बताया। 

ठीक इसी तरह एक और मित्र हैं जिन्हे अजब-गजब कलम (पेन ) इकट्ठे करने की आदत है हालाँकि वह उन्हें बड़े करीने से संभाल कर रखते हैं फिर भी अगर कहीं घर के किसी सदस्य ने कहीं कोई कलम यहाँ  वहां रख दी तो घर में बवाल हो जाता है।  आजकल कई लोगों को ज़्यादा से ज़्यादा एक जैसे मोबाइल नंबर रखने की आदत सी हो गयी है भले ही बात करने के लिए बैलेंस किसी में ना हो।  अब देश के कई नेता लोग भी हैं जो अपने भाषण में बड़े-बड़े झूठ बोल जाते हैं यह सोच कर कि कौन सा कोई ध्यान से सुन रहा है परन्तु अब कई लोगों को बाल की खाल निकालने की आदत होती है तो वो तो पूरा मर्म निकाल के रख देते हैं और अगले दिन अखबारों में बस इसी बात की चर्चा हो रही होती है। वैसे भी भारत में विपक्ष को सभी नीतियों का विरोध करने की तो आदत सी ही हो गयी है। अब देखा जाये तो आज कल के सारे सुख-सुवधाएं हमें आदतों से ग्रस्त ही तो बना रहे हैं कभी तो पंखे के भी लाले होते थे लेकिन अब एयर कंडीशनर भी कम पड़ता है, कहीं तो मटके का पानी भी अमृत सामान हुआ करता था तो वहीँ आजकल शीतल जल भी कई बार यह कह के रख दिया जाता है कि ठंडा नहीं था। 
यह सब आदत की वजह से ही हो रहा है अगर हम मन बना लें कि किसी चीज़ को अपनी आदत या कमज़ोरी नहीं बनने देंगे तो ही हम अपने आप को व्यसनों से दूर रख सकते हैं। 

हालाँकि किसी सूफी शायर ने भी यही कहा है कि "ये आदत है कि छूटती ही नहीं भले ही शरीर के टुकड़े-टुकड़े क्यों न कर दिए जाएँ" चलिए मैं भी इस आदत को आज यहीं रोकता हूँ, जब तक कुछ नया नहीं लिखता। 
आज के लिए इतना ही। 

| | इति | |