होली
बात उन दिनों की है जब एलोवेरा का रिवाज़ अभी शुरू नहीं हुआ था और शायद किसी ने उसके व्यापार के बारे में सोचा तक नहीं था, हम तब उत्तर प्रदेश के एक छोटे से शहर में रहते थे। पिताजी भारतीय रेल के ट्रेनिंग स्कूल में पढ़ाते थे और रेलवे कॉलोनी में हमे रहने के लिए घर दिया गया था। शहर में काफी मुसलमान भाई लोग रहते थे इसलिए हमें यह हिदायत हुआ करती थी कि होली में किसी अनजान व्यक्ति पर गुलाल नहीं फेंकना। फिर भी मेरे एक-दो दोस्त, असलम और उसकी छोटी बहन रेशमा हमारे साथ होली खेलने आ जाते थे और फिर घर की बनी गुझिआ, पापड़ और गुलगुले खा कर जाते थे।
आजकल तो यह सारा सामान बाज़ार से मिलता है स्वाद तो होता है, पेट भी भर जाता है बस मन नहीं भरता क्यूंकि माँ के हाथ का नहीं बना होता और उसमे वोह प्यार भी नहीं होता। तब तो माँ, पड़ोस वाली शोभा चाची, बंसल ऑन्टी, मृदुला ताई और तीन-चार पडोसी ऑन्टी सब मिल कर बैठ जाया करती थीं और लगभग तीन दिनों की मेहनत से महीने भर के लिए गुझिआ,पापड़ और आलू के चिप्स तैयार कर लेती थीं। बड़े मज़े हुआ करते थे, जिस भी घर में जाओ अपने घर के जैसा खाने का सामान तैयार मिलता था, लगता ही नहीं था कि किसी दुसरे घर में आये हैं।
फिर पिताजी का तबादला पंजाब में हो गया यहाँ की होली वैसी होली तो नहीं थी पर फिर भी ठीक-ठाक हो ही जाती थी, तब लोगों के घरों में टेलीविज़न और फ्रिज आने शुरू हो गए और फिर रंगीन टीवी का भी रिवाज़ चल पड़ा। कॉलेज में आते-आते होली का एक नया जोश सा जग गया। जहाँ सब लोग सुबह-सवेरे होली खेल कर दोपहर तक नहा धो लेते थे वहीँ हमारी होली दोपहर से शुरू होती थी कई बार तो ऐसा हुआ कि जिस दोस्त के घर गए वोह होली खेलने के बाद नहा चुका होता था और हम उसे फिर से रंग देते थे और न सिर्फ रंगते थे बल्कि उसके सर पर एक-दो अंडे भी फोड़ देते थे अब उसको नहाने के लिए शाम तक पानी के आने का इंतज़ार करना पड़ता था। अंडा सूखने के बाद बदबू भी मारता था और बालो में जम भी जाता था उसे निकालने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ती थी बस यही होली का मज़ा हुआ करता था।
अब तो होली बस एक रस्म सी बन कर रह गयी है। कुछ जान पहचान के लोग आने से पहले पूछते हैं या फिर कुछ पड़ोसी घर आ कर गाल पर एक चुटकी गुलाल लगा कर और हैप्पी होली कह जाते है। ज़्यादातर तो होली व्हाट्सएप्प और बाकि सोशल मीडिया पर ही निपटा देते हैं। पचासों लोग एक ही फोटो भेज रहे होते है देखते भी नहीं कि यही फ़ोटो तीन लोग पहले भी शेयर कर चुके हैं। अब वोह स्कूल कॉलेज के दोस्त होली खेलने नहीं आते बस एक होली की फोटो भेज देते है या सोशल मीडिया पर शेयर कर देते हैं, जाने किस के साथ खेलते हैं होली?
अबकी बार तो और पंगा हो गया, अरे, सर्फ एक्सेल की ऐड जो आ गयी, उसके ऊपर यह के लोगों को जो समझ नहीं आयी और चुनावी माहौल बस हो गए कमअक्ल शुरू, होने लगी टीवी पर बहस और फिर लोगों ने हर उस चीज़ का विरोध किया जिसमें एक्सेल शब्द होता हो। मुझे तो डर है कि कहीं कुछ अंध-भक्त एक्सेल साइज़ के कपडे ही पहनने ना छोड़ दें !
लगता है कि होली भी अब हो ली !
आज के लिए इतना ही। ...
|| इति ||
लगता है कि होली भी अब हो ली !
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script><script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({ google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", enable_page_level_ads: true }); </script>
