नहीं, हम आज़ाद तो नहीं अपितु ग़ुलाम ज़रूर हैं !
देश तो शायद आज़ाद है, मतलब अपनी मर्ज़ी से सरकार चुन सकता है, अपनी मर्ज़ी से राष्ट्रपति, प्रधान मंत्री और ढेर सारे मंत्री चुने जा सकते हैं, ऐसा लगता है पर असल में क्या सच में ऐसा ही हो रहा है ? मुझे लगता है कि हम दूसरों को दिखने के लिए तो आज़ाद है, बाकी दुनिया के देश या लोग यही समझते हैं कि भारत में लोकतंत्र चलता है जबकि ऐसा नहीं है। भारत में सबसे ज़्यादा दिखावा तंत्र है। यानि, दिखावे के प्रचार, दिखावे के संस्कार, दिखावे के सरकार, दिखावे के ही चुनाव और दिखावे का ही मतदान, दिखने को ही भक्ति, दिखने को ही शक्ति, दिखावे की दोस्ती और दिखावे की ही नातेदारी, दिखाने की ही तरक्की और दिखाने भर की प्रगति।
गुलामी ऐसी कि जब हमे बात अगले पचास वर्षों की करनी चाहिए थी तब हम बात करते हैं सत्तर साल पहले की घटनाओँ की भाई अगर पीछे देख कर ही चलना था तो सरकार बदलने दिखावा क्यों ? अगर पुरानी बातों को ध्यान में रख कर ही आगे की पूरी रूप रेखा तैयार करनी है तो इस हिसाब से हमें पडोसी श्रीलंका से तो हमें सारे रिश्ते नाते तोड़ लेने चाहिए क्यूंकि उन्होंने सीता माता का अपहरण किया था। गुलामी ऐसी कि हर बात का जवाब यह कि पिछली सरकार ने भी ऐसा ही किया था, तो नेता जी हमनें पिछली सरकार को इसीलिए ही दोबारा न चुन कर आपको चुना। अगर आपको भी यही कुछ करना था तो क्या पहले वाले ही अच्छे थे !
अगर आज आप अपने आसपास देखें तो आपको ढेर सारे पाखंडी बाबा लोग नज़र आ जायेंगे, जिन्होंने ढेर सारे लोगों को अपना ग़ुलाम बनाया होता है। यह भक्त इन बाबाओं के लिए मरने-मारने के लिए भी तैयार रहते हैं। जैसा कि पिछले कुछ महीनों में जब दो-तीन बाबाओं की पोल-खोल के समय पर हुआ। राम रहीम, आसा राम और न जाने कितने और अभी बाकी हैं जिन्होंने हमें आज़ाद होते हुए भी ग़ुलाम बनाया हुआ है और खुद की करतूत ऐसी कि बताते हुए भी शर्म आये। इन सबका काम यही है कि आम जनता को दबा कर उन्हें अंधविश्वास में लिप्त रखके उनके धन, ध्यान और इज़्ज़त ले लेना।
अभी कुछ दिन पहले की बात है, मेरे दफ्तर के रास्ते में एक कंप्यूटर ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट के बाहर नीले पानी वाली बोतलें टंगी देखी, थोड़ी हैरानी भी हुई और थोड़ी जिज्ञासा भी कि आखिर यह बोतलें यहाँ क्यों टंगी हुई हैं ? रोज़ का आना जाना था तो सुबह शाम यह नीले पानी वाली बोतलें अखरने लगी कि शायद कोई नयी टेक्नोलॉजी आ गयी है बाज़ार मैं। रहा न गया तो एक दिन उस सेंटर का मालिक बाहर ही नज़र आ गया तो मैंने पूछ ही लिया। तो उसने बताया कि इस बोतल के नीले पानी को देख कर आवारा कुत्ते उसकी सीढ़ी पर नहीं बैठते और सीढ़ी गन्दी भी नहीं होती, मैंने उस आदमी को बताया कि कुत्ते को तो रंग नज़र ही नहीं आते तो इस बोतल का उस पर क्या असर होगा। अब वह आदमी जो की पढ़ालिखा और साइंस का ज्ञाता थोड़ा सा शर्मिंदा होते हुए बोला - हमारे गाँव के बाबा जी घंटे वाले ने यह टोटका बताया था,हालाँकि इसका सच में कोई असर नहीं हो रहा था। हाँ उसके देखा देखी कुछ और दुकानदारों ने भी अपनी दुकानों के बाहर नीली बोतलें लटकानी शुरू कर दीं थीं। यही तो ग़ुलामी है अंधविश्वास की।
कभी हमारे देश में गणपति दूध पीना शुरू कर देते हैं, तो कभी आकाश में या चाँद में किसी देवी-देवता का अक्स नज़र आना शुरू हो जाता है और तो और कहीं कोई विकलांग बच्चा या किसी गाय, बकरी का भी अजीब सा दिखने वाला बच्चा पैदा हो तो उसका इलाज करवाने के बजाए उसे पूजने लगते हैं। कुछ साल पहले कहीं एक बच्चा बोरवेल में गिर गया तो उसे बाहर निकालने की जगह देश भर में यज्ञ और हवन होने शुरू हो गए। ऐसा नहीं है कि मैं इस यज्ञ हवन की निंदा कर रहा हूँ बल्कि मैं तो यह कहना चाह रहा हूँ कि हर बात का कोई समय होता है,जब बच्चा कुएं में गिरा तो सबसे पहला प्रयास उसे सकुशल बाहर निकालने में होना चाहिए ना कि व्यर्थ की दकियानूसी दौड़-धूप में। हमारे देश के नेता भी इसी अंधविश्वास को भुनाते हैं और हर बार कोई धार्मिक आश्वासन थमा कर अपनी रोटी सेकते रहते हैं, कभी मंदिर के नाम पर कोई जुमला कभी मस्जिद के नाम पर कोई झूठ, गुलाम ही तो बना रखा है इन चंद सत्ता के भूखे कीड़ों ने।
उठो, जागो, पहचानो और खुद से सोचना शुरू करो वर्ना तो आज़ादी केवल नाम भर को ही मिलेगी, ग़ुलाम थे, हैं और रहेंगे ! चलो रस्म को निभाते हुए आप को भारत की आज़ादी मुबारक़ !
आज के लिए इतना ही। ...
|| इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script><script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({enable_page_level_ads: truegoogle_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", });</script>
