Powered By Blogger

Tuesday, 1 September 2026

अलग-अलग

जीवन ज्योत सिंह अमृतसर के समीप वेरका का रहने वाला था, पढ़ने के लिए रोज़ाना अमृतसर जाया करता था।  पढ़ाई में बहुत होनहार और बड़ी ही लगन से हर काम किया करता था। अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद आगे पढ़ने और बसने के लिए कनाडा जाने का मन बनाया। हालाँकि तब वहां पर जाने का इतना रुझान नहीं था जितना आजकल देखने को मिलता है। जीवन के पिता अमृतसर की एक मिल में काम करते थे और अजीविका लगभग ठीक ही चल रही थी। उनके पास कुछ ज़मीन भी थी जिसे बेच कर उन्होंने उसे कनाडा में पढ़ने के लिए भेज दिया। दो साल की पढ़ाई थी और साथ में काम करने की सहूलियत भी थी।

जीवन को लगा कि जैसे तैसे कर के एक साल का खर्चा तो घर से मांग लेगा बाकी ख़ुद भी कमाएगा और इस तरह से दूसरे साल का ख़र्च घर से नहीं मांगेगा। जीवन ने खूब लगन से पढ़ाई की और दूसरे साल के आते-आते उसे कॉलेज की तरफ़ से कुछ वजीफ़ा भी मिलने लगा। घर पर सब ख़ुश थे, छोटी बहन मनजोत भी कॉलेज जाती थी। पता ही नहीं चला कब दो साल बीत गए और कब जीवन और मनजोत की पढ़ाई ख़त्म होने को आयी। हर महीने एक-दो बार टेलीफोन पर बातचीत हो जाती तो सबको लगता जैसे मिल लिया हो।  जीवन ने आगे वर्क परमिट ले लिया और वहीँ पर नौकरी करने लगा। नौकरी करने के दौरान उसकी मुलाकात वहीँ की रहने वाली एक गुजराती लड़की हेतल शाह से हुई। दोनों एक दुसरे को पसंद करने लगे और फिर यही फ़ैसला हुआ कि दोनों शादी कर लेंगे। 


जीवन ने अपने घर पर बात की तो पहले-पहल तो कोई अच्छा ज़वाब नहीं आया लेकिन फिर सब मान गए और सलाह की कि शादी तो कनाडा में कर लो और एक रिसेप्शन फिर भारत में भी करेंगे। उन्होंने वहीँ शादी कर ली और अपनी रोज़मर्रा की आपाधापी में ऐसे मशगूल हुए कि सिवाए पैसे कमाने के और कुछ याद ही न रहा। जब भी घर से फोन आता तो कहते बस जल्दी ही कोशिश करेंगे घर आने की, बस अगले महीने कुछ छुट्टियां ले लूँगा, हेतल भी दो हफ़्ते की छुट्टी मांग लेगी तो आ जायेंगे। अगला महीना तो आ जाता पर जीवन घर नहीं आ पाता, कभी एक को छुट्टीनहीं मिली तो कभी दुसरे को ओवरटाइम करना पड़ा। कभी बहाना बना कि टिकट बड़ी महंगी है तो कभी मौसम ख़राब। जब भी बात करते तो आने का वादा ज़रूर करते। इन सब बातों में पता ही नहीं चला कब वोह दो से तीन और फिर तीन से चार हो गए। पहले बेटा हुआ और फिर बेटी। 

मनजोत की पढ़ाई पूरी हो गयी थी और अमृतसर के एक स्कूल में पढ़ाने लगी थी। उसके लिए भी रिश्ते आने लगे थे, पहले पहल तो सोचते थे कि जीवन ज्योत भी आ जाता तो मिल कर फ़ैसला करते पर जब जीवन आ नहीं पा रहा था तो माता-पिता ने उसका रिश्ता पक्का कर दिया और जल्द ही विवाह की तारीख़ भी नियत कर दी गयी। उन्हें उम्मीद थी कि दोनों बच्चों की शादी और पोता-पोती की आमद की ख़ुशी की पार्टी  एक साथ रख देंगे पर जीवन आ नहीं सका और उसने सारा विवाह फ़ोन पर रोते हुए ही देखा। मनजोत शादी कर अपने घर चली गयी अब माता-पिता अब अकेले रहते थे, आसरा था तो बस फोन का जिस के जरिये वह अपने बच्चों से बात कर लेते थे। फिर एक दिन जीवन ज्योत को कनाडा से डिपोर्ट कर दिया गया वजह बनी उसका वर्क परमिट जो उसने नवीकरण नहीं करवाया था और किसी की शिकायत पर उसे वापिस भारत भेज दिया गया।  

आठ साल बाद जीवन ज्योत भारत आ रहा था, उसे भी उम्मीद ना थी कि वोह इस तरह से अपने घर आएगा। घर पहुँच पहले खूब रोया फिर एक दो दिन बाद मनजोत से मिलने भी गया और कुछ दिन बाद फिर से कनाडा जाने के लिए फ़ाइल लगा दी। हुआ वही जिसका सबने समझाया था, वीज़ा नहीं लगा, फिर किसी और देश का वीज़ा की भी कोशिश की लेकिन कोई फ़ायदा नहीं। जीवन ने लगभग एक साल विदेश जाने की कोशिश करते हुए बिताया, जो थोड़ी बहुत जमा पूँजी थी ख़र्च हो गयी। अब आगे क्या, सारा दिन घर में बैठ कर भगवान, ख़ुद की क़िस्मत और दूसरे देशों की सरकारों को कोसता रहता। फिर एक दिन बड़ा पुराना दोस्त मिलने आया तो उसने जीवन को समझाया कि ज़िन्दगी बस यूँ ही व्यतीत नहीं करनी चाहिए बल्कि इसका पूरा फ़ायदा उठाना चाहिए। जीवन को बात समझ में आयी और उसने कुछ कर दिखाने की ठान ली। 

जीवन ने ख़ालसा कॉलेज, अमृतसर के बाहर खुद का फ़ूड कार्ट शुरू किया, नाम रखा "सरदार जी बर्गर वाले"! कुछ ही महीनों में यह कार्ट मशहूर हो गया, जीवन ने ऐसे दो और कार्ट बनाये और शहर में दो अलग-अलग जगह पर खड़े कर लिए।  दो साल में जीवन का काया पलट हो गया वो अब नौकरी दाता बन गया था।  सारे शहर में उसके 15 के क़रीब फ़ूड कार्ट थे। कमाई इतनी होने लगी कि उसने वेरका छोड़ अमृतसर में घर ले लिया। एक बार हेतल भी बच्चों के साथ भारत आयी थी पर उसे रहना कनाडा में ही था इसलिए महीना भर रह कर वापिस चली गयी।  

आज जीवन को भारत आये हुए बीस साल हो चुके हैं, उसने अपने हालातों के साथ समझौता कर लिया है, साल में एक बार माता-पिता के साथ किसी दूसरे देश जैसे इंडोनेशिया, थाईलैंड, वियतनाम, जापान, मलेशिया, उज़्बेकिस्तान और ना जाने कौन-कौन से देश मतलब, हर साल एक नया देश घूमते हैं, हेतल और बच्चे भी उन दिनों उस देश में आ जाते हैं।  फिर दस बारह दिन एक साथ बिता कर अगले साल का प्लान बनाते हुए अपने अपने देश लौट जाते हैं। एक दो बार तो मनजोत और उसका परिवार भी साथ हो लिया तो उनका ट्रिप और मज़ेदार और यादगार बन गया। जीवन और हेतल अलग-अलग तो रह रहे हैं उनके बच्चे भी अब बड़े हो गए हैं और बहुत महसूस करते हैं पर हेतल को लगता है कि उनके बच्चों का उज्वल भविष्य कनाडा में ही है इसलिए उसने कभी सोचा ही नहीं कि भारत आया जाए। 

न थी ज़मीं अपनी, न आसमां अपना, मिले जो आप तो हुआ सारा जहान हमारा।
अब रहा नहीं जाता अलग-अलग, तो चलें वहीँ जहाँ से चला था कारवां हमारा।

आज के लिए इतना ही।

||  इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>