Powered By Blogger

Friday, 29 June 2018

"डर"

बड़ा ही सीधा सा, छोटा सा वो क्या कहते है अंग्रेजी में ? क़िऊट सा शब्द है "डर" परन्तु बहुत बड़े-बड़े काम करवा देता है।  हर किसी के अपने, खुद के डर हो सकते हैं और कई बार सबके डर भी हो सकते हैं।  जो खुद के डर होते हैं वह कई बार बड़े हट के और अनदेखे, अनसुने डर होते हैं जैसे श्रीमती शीला देवी जो अपने नाम के अनुसार काफी नरम, शील स्वभाव की हैं पर जब तक रात को सोने से पहले, घर भर में ताले ना लगा लें उन्हें चैन नहीं आता। यहाँ तक कि जिस कमरे में वो खुद सो रही होती हैं उसमे पड़ी अलमारी को ताला लगा कर उसकी चाबी एक और लकड़ी के बक्से में रख, लकड़ी के बक्से को अपने बेड में डाल कर उसके ऊपर खुद सोती हैं।  अगर कहीं उनके पति श्री अमरनाथ जी को सुबह कहीं जल्दी जाना हो और अलमारी से कुछ कपडे निकलने हों तो बस झगड़ा शुरू।

अमरनाथ जी की शादी को लगभग तीस साल हो चुके हैं और लगभग पिछले पच्चीस साल से हर रोज़ इसी बात का झगड़ा होता रहता है कि जब दफ्तर से घर आओ तो जब तक तीन-चार ताले न खोल लो,कपड़े तक नहीं बदल सकते। पहले गेट पर ताला, फिर कमरे की कुंडी बंद फिर अलमारी को ताला।  कई बार समझाया, डांटा पर कोई असर नहीं।  एक बार किसी डॉक्टर से भी इस बारे में बात हुई तो उस डॉक्टर ने भी बहुत समझाया लेकिन जो डर शीला देवी के मन में बैठ चुका है वह निकलता ही नहीं।  बस उसी डर की वजह से सारा माहौल खराब हुआ रहता है।  डर काफी कुछ नकारात्म काम तो करवाता है सकारात्मक काम भी करवा देता है जैसे कई बार कोई टीम डर के खेल रही होती है तो हार जाती है वहीँ अगर टीम निडर हो कर खेले तो जीत की संभावना बढ़ जाती है। ठीक इसी तरह कई बार फेल होने के डर से बच्चे पढ़ाई में खूब मन लगा कर मेहनत करते हैं और फिर अच्छे अंक ले कर पास होते हैं।

यह डर ही तो है जिसकी वजह से बैंक,बीमा और बाबा लोगों के कारोबार चल रहे हैं, लोग घर में चोरी के डर से अपने पैसे, बैंक में जमा रखते हैं, अपने गहने बैंक के लॉकर में रखते हैं और अपने कीमती सामान का और खुद का बीमा करवा लेते हैं और बाकी के बचे लोग अन्धविश्वास के मारे इन बाबओं के चक्कर में फँस जाते है, बावजूद इसके कि आये दिन किसी न किसी बाबा का पर्दाफाश हो रहा है पर लोगों का ताँता लगा रहता है इनके दरबार में फिर क्या नेता, क्या अभिनेता, क्या खिलाडी और क्या अनाड़ी, सब के सब किसी न किसी डर से ग्रस्त !  इसी तरह से होते हैं सब के डर, कि कहीं फलाना नेता फिर से सत्ता में न आ जाये क्यूंकि पहले से ही कई कांड उनके नाम लिखे होते हैं और आम जनता डरती है कि अगर यह कहीं कोई मंत्रालय ले गया तो खूब घोटाले करेगा और कुछ इसके विपरीत भी होते है कि फलाना राजनेता की छवि बड़ी साफ़-सुथरी है परन्तु बाकी के भ्रष्ट नेता उसे टिकने नहीं देंगे और अगर वह जीत भी गया तो उसे उसके ढंग से काम भी नहीं करने देंगे।

यह डर ही है जिसकी वजह से चोर, डाकू (खैर आज कल डाकू तो वैसे ही सफेदपोश बन गए हैं ), जेब कतरे और लुटेरे अपना काम अंजाम देते हैं, नहीं, डर की वजह से नहीं बल्कि डर की अनुपस्थिति के कारण और हमारे सुरक्षा कर्मी बस इसी डर में रहते हैं कि कहीं किसी राजनेता की जानपहचान वाला ना पकड़ बैठे नहीं तो तबादला तो पक्का, अपितु बेइज़्ज़ती अलग से और जो महकमे में बदनामी होगी वो अलग।  कल को किसी दूर इलाके में भेज दिया तो बस पारिवारिक जीवन अस्त-व्यस्त हो जायेगा और यही सोच कर वह अपना काम डरते-डरते करते जा रहे हैं जबकि चोर-उच्चके निडर होकर वारदात पे वारदात किये जा रहे हैं।  अभी कुछ दिन पहले हमारी कॉलोनी में एक बुज़ुर्ग महिला की बालियां कोई छीन कर ले गया, रसूखदार लोग थे, थानेदार तुरंत हाज़िर हुआ और अगले ही दिन उनकी बालियां बरामद हो गयीं , पुलिस वाले घर पहुंचा कर गए।

जब घर वालों ने पूछा कि केस इतनी जल्दी कैसे सुलझा लिया तो थानेदार साहब बोले, हमें पता होता है कि इलाके में कौन ऐसी हरकत कर सकता है बस उन्ही लोगों पर दबिश देते हैं और अक्सर लूटा हुआ सामान बरामद हो जाता है।  परिवार वालों ने कहा कि दिखाओ किस को पकड़ा है तो थानेदार ने बताया कि उन्होंने केस दर्ज ही नहीं किया था क्यूंकि फिर जवाबदेही ज़्यादा हो जाती और इस लड़के को गिरफ्तार भी करना पड़ता और क्यूंकि यह लड़का एक नशेड़ी है, रात को थाने या हवालात में काफी हंगामा कर सकता था इसलिए है,हमने उसे गिरफ्तार ही नहीं किया।  परिवार वाले कहने लगे कि उस लड़के की काम से काम अच्छी तरह से मरम्मत तो करते।  इस पर थानेदार फिर से बताने लगे कि मान लीजिये अगर हम यानि पुलिस उसे पकड़ लेती और थोड़ी बहुत मरम्मत भी कर देती तो उसे कोई फर्क नहीं पड़ता, हाँ क्यूंकि वह नशेड़ी है और थोड़ी सी पिटाई के बाद घर जा कर भी उसे कुछ जाता तो हमसे जवाब देते न बनता बस यही बात है जो हमे डरपोक और अपराधियों को निडर बनाती है। यही फर्क है हम दोनों में उनका डर निकल चूका है पर हमारा अभी बना हुआ है जिस दिन यह निकल गया अपराधियों की खैर नहीं और जाने कब यह अपराधी कानून से डरना शुरू करेंगे।

आज के लिए इतना ही। ...


||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
enable_page_level_ads: true
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", });
</script>

Saturday, 9 June 2018

सफ़र



मैं अक्सर सफ़र करता रहता हूँ और बड़ा मज़ा भी लेता हूँ, अलग-अलग तरह के लोगों से मिल कर, उनकी अजीब या निराली आदतें देख कर। कई बार तो यह सफ़र, यात्रा मात्र रहता है, कभी कोई नया पाठ, अनुभव और कई बार तो यह यात्रा अंग्रेज़ी वाले सफर में भी तबदील हो जाती है।  हालाँकि इसमें एक अलग ही मज़ा है, कि आपके साथ वो हो जो आपने सोचा भी ना हो या आपके कहीं ख़्वाबों ख्यालों में भी ये आया ना हो। वैसे हमारे देश में ऐसा लगभग सब के साथ होता रहता होगा, वजह हम सबकी "चलता है" वाली मानसिकता और उसके कारण हमारी बस, रेल और हवाई जहाज़ भी देर से चलते हैं, होटल की बुकिंग बिना बात रद्द हो जाती है या आपके द्वारा मँगवाई हुई टैक्सी देर से पहुंचे या वैसी न आए जिसके आपने पैसे चुकाए थे।

बहुत पहले तो रेल गाड़ी में सफर करना ऐसा ही माना जाता था जैसे आज से दस साल पहले हवाई जहाज का सफर, सिर्फ रसूख़दार लोग ही रेलगाड़ी से आया-जाया करते थे, फिर जब सब लोग रेलगाड़ी से आने-जाने लगे तो अलग श्रेणियां बना दी गई। जैसे जनरल बोगी, सेकंड यानी द्वितीय श्रेणी, फर्स्ट क्लास यानी पहला दर्जा।  जनरल बोगी में ज़्यादातर सोने की कोई व्यवस्था नहीं होती थी, सेकंड क्लास में आपको सोने की जगह तो मिल जाया करती थी परन्तु कोई पर्देदारी नहीं थी आपको सबके सामने ही सोना पड़ता था और पहले दर्जे में यात्री को एक बंद कमरा सा मिल जाया करता था जिसमे दो या फिर चार सीट होती थीं, पूरी पर्देदारी, जो मर्ज़ी खाओ-पियो जैसे मर्ज़ी लेटो, आखिर आपका अपना डब्बा है।


फिर जब लोगों को गर्मी ज़्यादा महसूस होनी शुरू हुई तो वातानुकूल डिब्बे बनने चालू हो गए, हालाँकि पहला ठंडा कोच फ्रंटियर मेल में लगाया गया था जो की बर्फ की सिल्लियों से भरा रहता था और पंखे से डिब्बे में ठंडी हवा डाली जाती थी, यह करने के लिए गाड़ी को कई बार रोका जाता था और उसमें बर्फ भरी जाती थी और बड़ा समय खराब होता था। सही मायने में वातानुकूल डब्बे 1966 से आने लगे तब भी लोगों का अलग ही सामाजिक स्टेटस बन जाया करता था कि मैं तो ए.सी. से ही सफर करता हूँ।  फिर उसमे भी बंटवारा हो गया, उसमे भी पहला, दूसरा और तीसरा दर्जा बना दिया गया।  फिर वैसे ही अलग-अलग सुविधाओं के साथ, किसी में सिर्फ वातानुकूल का मज़ा, किसी में बिस्तर भी तो किसी में खाना भी टिकट के साथ ही सब के पैसे लगा लिए जाते हैं।

पहले-पहल यात्री अपने साथ सिर्फ खाना ले कर चलते थे, पानी स्टेशन पर उपलब्ध कराया जाता था, एक दूसरे से मिल बाँट कर खाना खाया जाता था, बातचीत करते-करते बगल की सीट वाला दूर के रिश्तेदार की जान पहचान वाला निकल आया करता था, फिर एक दो बार ऐसा हुआ कि किसी ने कुछ ज़हरीला खाना खिला कर लूट लिया तो लोग सतर्क हो गए और एक-दूजे से खाने की चीज़ें लेने से झिझकने लगे और सिर्फ अपने काम से काम रखने लगे। पहले तो जनरल डिब्बे में कोई एक अखबार ले आता था जो कि ताश के पत्तों की तरह बंट जाया करती थी और सारा डब्बा उसे पढता था फिर यही हाल पत्रिका का भी होना शुरू हुआ, और इसी बहाने यात्री आपस में कुछ बातचीत करते थे।  अब तो क्या बोलें, जब से मोबाइल फोन और इंटरनेट आये है हैं, आप देख लीजिये, एक ही परिवार के लोगों ने सफर करते हुए आपस में बात करनी बंद सी कर दी है।  बस मतलब की बात होती है जैसे, गाड़ी ठीक समय पर चल रही है ना, या अब कौन सा स्टेशन आने वाला है या आपने घर की बत्ती तो बंद की थी ना अदि। 

अब तो मानों हर शख्स अपने हाथ में एक अपनी अलग सी दुनिया पकडे बैठा हुआ हो, जिसे देख कर वो कभी मुस्कुराता है या कभी गुस्से में अपनी उँगलियाँ ज़ोर से मोबाइल के पटल पर मार कर कुछ लिखना शुरू कर देता है।  कोई अपने किसी खास से चैटिंग यानि गपशप में मशगूल है तो कोई अपने दफ्तर का काम निपटा रहा है, कोई फिल्म देख रहा है तो कोई खेल रहा है, कोई किसी बहस में डूबा हुआ है तो कोई एक चुटकुला पढ़ कर मुस्कुराता जा रहा है और शर्मिंदगी से बचने के लिए खिड़की से बाहर देखता है और इसी बीच कनखियों से यह भी सुनिश्चित करता रहता है कि कोई उसके मोबाइल में झाँक तो नहीं रहा। पहले सफर में नए दोस्त बनाते हुए सफर कट जाया करता था अब पुराने दोस्तों से बतियाते हुए सफर कट जाता है। भीड़ तो बहुत है पर हरेक ने अपने आस-पास एक लक्ष्मण रेखा खींच रखी है, जिसकी वजह से यात्री अकेले में खुश रहते हैं हाँ ऐसा लोकल ट्रेन में नहीं होता क्यूंकि वहां अभी भी खुलापन है, रोज़ाना चलने वाले पैसेंजर ताश खेलते हैं, हंसी-मज़ाक करते हैं और एक दूसरे के खाने पर हाथ भी साफ़ करते हैं। यही अच्छा लगता है, यही भारत है। यही अनेकता में एकता है। यात्रा को यात्रा यही बातें बनाती है वर्ना तो अंग्रेजी वाला सफ़र बन जाता है।  




आज के लिए इतना ही। ...


||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
enable_page_level_ads: true
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", });
</script>