आधा सच
दीपा और अर्जुन की शादी को लगभग दस साल हो चुके थे , दोनों अपने इस छोटे से संसार में बड़े खुश थे। अर्जुन का बिज़नेस ठीक चल रहा था और उन्होंने ने धीरे-धीरे किसी तरह से अपना एक छोटा सा फ्लैट खरीद लिया था। इस सोसाइटी में हर मंज़िल पे सिर्फ दो ही फ्लैट थे। इनके साथ वाला फ्लैट रमन ने बहुत पहले से खरीदा हुआ था पर वो यहाँ अकेला ही रहता था उसका परिवार गाँव में उसके माता-पिता के साथ रहता था। रमन की यहाँ सरकारी नौकरी थी इसी वजह से वो अकेला ही रह रहा था और हर महीने अपने बच्चों से मिलने गाँव भी चल जाता था, वापसी में कभी गाँव से कुछ अनाज या अपने खेत से कोई सब्ज़ी अर्जुन के लिए ज़रूर ले के आता था। अर्जुन के दोनों बेटे भी रमन को ताऊ जी कह के बुलाते थे। जब कभी रमन गर्मी के दिनों में गाँव जाता तो बीवी बच्चों को शहर घुमाने के लिए साथ भी ले आता था , रमन बेटी दसवीं कर के आगे कॉलेज में पढ़ना चाहती थी इसलिए रमन भी अपने परिवार को शहर ले ही आया। रमन की पत्नी नीलू को शहर के तौर तरीके बड़े अजीब लगते थे पर दीपा ने उसे सब समझा दिया था और अब वो दोनों अच्छी सहेलियां बन गयी थी।
अकेले रहते-रहते रमन को शराब पीने की आदत लग चुकी थी, जिसकी वजह से आये दिन नीलू और रमन में तकरार रहती थी और उनकी आवाज़ पडोसी दीपा-अर्जुन के घर तक भी जाती थी। वैसे भी नीलू अक्सर रमन की इस आदत का ज़िक्र दीपा के सामने करती रहती थी। क्यूंकि अर्जुन किसी भी तरह का नशा नहीं करता था इस लिए नीलू को यह बात बड़ी अच्छी लगती थी और वो मन ही मन चाहने भी लगी थी , इसके ठीक उलट दीपा चाहती थी की अर्जुन भी कभी उसके साथ कुछ प्यार भरी बातें करे या उसके पास बैठे पर अर्जुन अपने बिज़नेस की व्यस्तता के कारण ज़्यादा समय नहीं दे पाता था। इस मामले में दीपा हमेशा रमन की तारीफ़ करती थी कि वो समय पर घर आ जाता है और अपने परिवार के साथ समय बिताता है।
वहीँ अर्जुन को नीलू की सादगी बड़ी पसंद थी कि नीलू रमन जैसे व्यक्ति के साथ कैसे चुप-चाप निभा रही है और रमन मन ही मन सोचता था की दीपा कितनी पढ़ी-लिखी है काश नीलू भी ऐसी होती। जब भी मौका मिलता दोनों परिवार बॉलकनी में बैठ के बातें करते तो चारों एक दुसरे के बारे में सोचते रहते। कभी भी किसी में इतनी हिम्मत न होती कि अपने मन की बात अपने जीवनसाथी को बता सके। हालाँकि वो एक दुसरे को मज़ाक में ताना भी दे देते कि तुम्हारा तो ऐसा साथी होना चाहिए था या कभी नीलू बाहर निकलती तो दीपा अर्जुन को छेड़ती की आपकी सहेली आ गयी या इस का उल्टा कभी रमन नीलू को छेड़ता की तुम्हारा ख़ास दोस्त आदर्शवादी जी मतलब अर्जुन मिल गया था।
आज इन दोनों परिवारों को साथ रहते-रहते बीस साल हो गए हैं , बच्चों की भी शादियाँ हो चुकी हैं , सभी अपने जीवनसाथी के प्रति वफादार भी हैं और मन में दूसरे की चाहत भी है पर फिर भी अपने आधे सच के साथ चारों बहुत खुश हैं। बस यही जीवन है, कुछ अरमान दबे रह जाते हैं और यही सबके लिए अच्छा भी है !
आज के लिए इतना ही.. .
| | इति | |
| | इति | |
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
enable_page_level_ads: true
});
</script>