Powered By Blogger

Wednesday, 21 February 2018

आप कतार में हैं !

"कतार"

कतार माने पंक्ति या आम भाषा में कहा जाये तो लाइन एक तरह से व्यवस्था है भीड़ को सुचारु ढंग से नियंत्रण में रखने की।  परन्तु यह व्यवस्था भारत में अक्सर नाकामयाब रही थी, है और शायद रहेगी भी क्यूंकि हम तो आज़ाद लोग है, स्वतन्त्र देश के और भी ज़्यादा स्वतन्त्र नागरिक, हमें कई साल ग़ुलाम बना कर रखा गया था बस अब और नहीं।  जब हम लोगों को कोई आदेश दे तो हमें अच्छा नहीं लगता हाँ दो डंडे लगा कर कोई कहे तो बात अलग है, फिर तो हम सब झट से मान जाते हैं। 

अभी कुछ दिन पहले, लगभग साल-सवा साल पहले, पूरा देश कतार में आ गया कई लोगों ने तो प्राण तक न्यौछावर कर दिए उन कतारों में, कई बार तो उनके बारे में सोचने भर से बदन में झुरझुरी सी दौड़ जाती है।  तब भी लोगों ने बड़ी शालीनता का प्रदर्शन करते हुए देश के हित की कामना करते हुए बर्दाश्त किया हालाँकि उस त्रासदी का नतीजा वही ढाक के तीन पात वाली बात साबित हुई। भले ही कुछ लोग अभी भी उन कतारों में लग कर जमा कराये गए नोटों को गिनने में व्यस्त हैं और कुछ लोग समीक्षा कर रहे हैं कि आखिर इस सारी उठापटक से हासिल क्या हुआ फिर भी हम आज़ाद लोग कोशिश कर रहे हैं कि कैसे हमें पंक्ति में खड़े हो कर अनुसाशन सीखना है, क्यूंकि उन दिनों में भी हम सब ने कतार को तोड़ने का कोई ना कोई तोड़ तो निकाल ही लिया था भले ही वोह शाम को बैंक कर्मचारी के घर पहुँच कर या फिर पिछले दरवाज़े से नोट बदलने की कोशिश ही क्यों न हो।

कुछ दिन पहले मेरा ऐसे ही एक ऐसे ऑफिस-दफ्तर में जाना हुआ जो कि कनाडा के लिए आम भारतीय नागरिकों के दस्तावेज जमा कर कनाडा दूतावास में वीजा के लिए भेजता है तो वहां पर सुरक्षाकर्मी ने भी एक कतार व्यवस्था लागू कर रखी थी, जिसमें जो पहले आएगा वो पहले अंदर जायेगा, ज़्यादातर लोग आते, देखते कि लाइन लगी हुई है तो बिना पूछे अपने आप लाइन के अंत में खड़े आदमी से बातचीत कर खड़े हो जाते पर हम में से कुछ लोगों के पुरखों ने आज़ादी की लड़ाई में शायद ज़्यादा योगदान डाला होगा इसलिए वो लोग अपने आप को ज़्यादा आज़ाद समझते होंगे इसलिए वो लाइन में न लग कर सबसे आगे खड़े होते जा रहे थे, जब किसी ने टोका तो तपाक से जवाब आया "अरे, मैं तो बस वैसे ही अंदर देख रहा हूँ" या "अरे तुम चले जाओ पहले, यहाँ कौन सा मेला लगा हुआ है " या "भाई साहब, मुझे बस अंदर ये कागज़ ही देने जाना है, मैंने वीजा नहीं लगवाना", पढ़ेलिखे और शहरी लोगों को लाइन में लगने की तो जैसे आदत ही नहीं है, और कतार में लगना मतलब इज़्ज़त कम हो जाना।  यह लोग आते, देखते कि कतार बनी हुई है फिर भी कोशिश करते कि किसी तरह से बस सीधे दरवाज़ा तोड़ कर अंदर घुस जाएँ। 


असल में हम लोग जब तक भारत में हैं हम ऐसे ही बर्ताव करेंगे, जैसे ही विदेश में कदम रखते हैं हमें सारी तमीज आ जाती है।  भारत में हमारी कोशिश रहती है कि बस किसी तरह इस कतार से छुटकारा मिल जाये फिर इसके लिए चाहे किसी भी तरह का झूठ ही क्यों न बोलना पड़े, जैसे मुझे जल्दी है क्यूंकि मुझे डॉक्टर के पास जाना है या मेरी बस-ट्रेन निकल जाएगी वग़ैरह-वग़ैरह।  अक्सर ये अनुसाशनहीनता रेलवे स्टेशन पर टिकट खिड़की, पूछ-ताछ केंद्र और गाडी में चढ़ने के समय बहुत ज़्यादा देखी जाती है।


जावेद अख़्तर साहिब ने भी लिखा था कि-
ज़िंदगी है तो ख़्वाब हैं, ख़्वाब हैं तो मंज़िलें हैं,
मंज़िलें हैं तो फासले हैं, फासले हैं तो रास्ते हैं,
रास्ते हैं तो मुश्किलें हैं, मुश्किलें हैं तो हौंसले हैं.. 
बस यह लिखना भूल गए कि अगर मुश्किलें हैं तो चोर रास्ते हैं और उसमे हम भारतीय माहिर हैं !

आज के लिए इतना ही... 


||  इति || 
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script> <script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({ google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", enable_page_level_ads: true }); </script>

No comments:

Post a Comment