Powered By Blogger

Monday, 10 October 2022

दूसरी पारी


रिटायरमेंट या सेवानिवृत्ति मतलब काम से छुट्टी।  मगर यह छुट्टी ऐसे ही नहीं मिलती, इसके लिए बरसों तक किसी एक जगह, दफ्तर या फिर कंपनी में काम करना पड़ता है और फिर एक दिन सरकार या मालिक को महसूस होता है कि अब आपकी उम्र हो गयी है और अब आपको आराम की ज़रुरत है।  हालाँकि आप एकदम तंदुरुस्त हैं, कोई ख़ास तक़लीफ़ भी नहीं है शारीरिक तौर पर बस क्यूंकि आप उम्र के एक ख़ास और पूर्वनिर्धारित पड़ाव पर आ पहुंचे हैं इसलिए अब आपको निवृति मिलनी चाहिए। 

मेरे पिताजी भी भारतीय रेलवे में काम करते थे और अनुसंधान एवं विकास (R&D) में होने की वजह से बहुत सफर करना पड़ता था।  महीने में लगभग बीस दिन तो कहीं न कहीं जा ही रहे होते थे।  जब वह रिटायर हुए तो एक बड़ा सा आयोजन रखा गया था। पहले उनके ऑफिस वाले लोगों ने उन्हें विदाई समारोह से खूब सारे तोहफे दे कर विदा किया और फिर नज़दीकी रिश्तेदारों के लिए एक पार्टी घर पर भी रखी गयी।  काफी रिश्तेदार आये, पुराने दोस्त भी पहुंचे तो उन्होंने यूँ ही पूछा कि अब आगे क्या ? तो पिताजी कहने लगे - "भई, अब और कोई काम नहीं करना मैंने।  बहुत कर लिया पिछले पैंतीस साल में, अब तो बस आराम ही करना है। "

और हुआ भी यही, जैसे ही सब दोस्त रिश्तेदार वापिस गए, पिताजी बिल्कुल आरामपरस्त हो गए।  माताजी अगर गलती से भी यह कह देती कि फलाना काम कर दो तो पिताजी तपाक से कहते - "भई मैंने अब कोई काम नहीं करना, बेटे किस लिए हैं, उनसे क्यों नहीं कहती ?" ऐसा लगभग तीन महीने चला कि पिताजी बैठ कर एक अख़बार के साथ दो प्याली चाय पी कर वहीँ लेट जाते।  सारा दिन बिना नहाए बस टेलीविज़न देखते रहते। फिर एक दो रिश्तेदारों या दोस्तों से मिलने जाने लगे पर रोज़-रोज़ तो कहीं जा भी नहीं सकते।  तीन महीने बाद जब पेंशन और बाकी सारे पैसे मिल गए और कहीं जाने को या घर में कुछ करने को नहीं था तो यह मन बनाया कि कुछ काम किया जाये।  ऐसे तो बीमार ही हो जायेंगे तो उन्होंने किसी दोस्त के ऑफिस में जाना शुरू कर दिया। अब रिटायरमेंट के पच्चीस साल बाद भी इसलिए तंदुरुस्त हैं कि उन्होंने अपने आप को व्यस्त रखा।

वैसे कुछ लोगों की अलग़ धारणा भी है रिटायरमेंट को ले कर।  हमारे पड़ोस में रहने वाले गुप्ता अंकल जब रिटायर हुए तो लोग घर पर आये बधाई देने के लिए।  गुप्ता अंकल तो एकदम रोने ही लगे और भड़क कर बोले - " किस बात की बधाई ? मेरी नौकरी ख़त्म हो गई है, और आप इस बात की बधाई दे रहे हैं! मुझे समझ नहीं आ रहा कि कल मैं काम करने के लिए कहाँ जाऊँगा और आप इस बात पर खुश हो रहे हैं ? कैसे शुभचिंतक हैं आप लोग ?" तो भई यह तो नज़रिया है अपना-अपना, कोई इसे बुरा समझता है तो कोई इसके भी मज़े लेना शुरू कर देता है।

वैसे कुछ पेशे ऐसे भी होते हैं जहाँ रिटायरमेंट होती ही नहीं, बल्कि आप जितने बूढ़े उतने घाघ। जैसे राजनीति, वक़ालत और चिकित्सा।  जितने साल आपका तजुर्बा, उतने ही आपके प्रशंसक, उतने ही आपके ग्राहक और उतना ही ग्राहकों का आप पर विश्वास।  रिटायर तो कला भी नहीं होने देती, फिर चाहे वो अभिनेता हो, लेखक हो या चित्रकार। बल्कि कला तो और निखर कर बाहर आती है। अभी अरुण बाली जी को ही देख लीजिये, जिस दिन उनकी मृत्यु होती है उसी दिन उनकी फिल्म भी रिलीज़ होती है। इसी तरह गुलज़ार जी और जावेद अख़्तर जी भी कहाँ रिटायर होने वाले हैं। अभी भी हर साल एक- दो फ़िल्मों के गाने लिख ही देते हैं। इसको टेस्ट क्रिकेट में होने वाली दूसरी पारी की तरह देखना चाहिए और खुद को एक और मौका देना चाहिए। जो काम, हसरतें या कुछ शौक अधूरे रह गए थे उन्हें पूरा करने का इससे अच्छा मौका और समय फिर नहीं आने वाला। वैसे मैं किसी को जानता हूँ जिनकी रिटायरमेंट को अभी एक महीना भी नहीं हुआ था और उनकी पहली क़िताब छप कर हमारे हाथ में थी।  तो फिर से एक बार जुट जाइए और देखिये उनको पूरा करके कितना सुकून मिलता है। वरना तो फिर यह ही कहने और सुनने को मिलेगा कि "अगर मगर काश में हूँ, मैं खुद अपनी तलाश में हूँ!"

आपके दफ़्तर वाले भले ही आपको रिटायर कर दें पर आप ख़ुद को कभी भी रिटायर नहीं होने दें । बहुत से लोग बस इसी कश्मक़श में गुज़र जाते हैं कि वो हुआ नहीं, यह कर न सके, उसको मिल नहीं पाए और वो बात अधूरी रह गयी।  जीवन में पछतावा नहीं होना चाहिए। 
अगर कुछ करने का मन है तो आज एक बहुत अच्छा मौका है क्यूंकि सब को दूसरी पारी नहीं मिलती।



                                                                            आज के लिए इतना ही।

||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({ google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", enable_page_level_ads: true }); </script>