Powered By Blogger

Thursday, 23 April 2026

दादी


मैं घर में सबसे छोटी थी, मेरे दो बड़े भाई थे। बताते हैं, जब मैं पैदा हुई तो मुझे सबसे पहले दादी ने ही देखा था और गोद में लिया था और माँ के बाद सबसे ज़्यादा ख़ुश भी वही थीं। दादी हमेशा कहती थी कि घर में एक लड़की तो होनी ही चाहिए वर्ना तो सारे लड़के मुश्टंडे बन कर घूमते हैं और वैसे भी मुझे एक सहेली की बड़ी ज़रुरत है तो मेरी पोती ही मेरी सहेली बनेगी। मैं दादी की तो लाड़ली थी ही, दादा भी मेरी तरफ़दारी करते थे और दफ़्तर से आते ही मुझे गोद में उठा लिया करते थे, चाय नाश्ता बाद में करते थे। अगर मैं सो रही होती तो दोनों भाईयों की सख़्ती आ जाती कि शोर ना मचाओ, देखते नहीं हमारी राज कुमारी सो रही है।  

दादी 
अक्सर मुझे अपनी सहेलियों के घर ले जाया करती थी, वहीँ से मैंने सीखा कि किसी के घर जा कर कैसा आचरण रखना चाहिए।  मैं बाज़ार भी दादी के साथ ही जाया करती थी और मुझे वहीँ से यह सीखने को मिला कि कोई भी चीज़ ख़रीदने से पहले कैसे जांच-परख करनी चाहिए। अगर कपड़ा, काग़ज़, पेन-पेन्सिल है तो छू कर या ब्रांड देख कर, अगर कोई खाने का सामान है तो वज़न और उसके ख़राब होने की तारीख़ चेक करनी चाहिए।  मुझे चलने फिरने और कपड़ों को सहेजने का तरीका भी दादी ने ही सिखाया। दादी की एक बात जो ना केवल मैंने सीखी बल्कि अपने साथ रहने वालों को भी सिखाई कि "अगर आज आप अपने कपड़ों को इज्ज़त देंगे तो कल को वो भी आपको इज़्ज़त दिलाएंगे!" मतलब कपड़ों को पहनने के बाद अच्छी तरह तह कर के, संभाल कर रखना चाहिए, यूँ ही नहीं फेंक देना चाहिए।  
 
जैसे - जैसे मैं बड़ी होती गई, घर में मेरा दबदबा बढ़ता गया। दोनों बड़े भाइयों की क्या मजाल कि मेरी किसी जायज़ बात को न कर जाएँ। एक-दो बार मेरे कपड़े पहनने की वजह से ज़रूर मुझे दादी ने अपने पास बैठा कर समझाया कि "पहनो वह जो जग को भाए और खाओ वह जो मन को भाए !" हालाँकि कई बार मुझे घर में बनी नापसंद सब्ज़ी भी खानी पड़ती थी क्यूंकि तब दादी मुझे समझाती कि "जो घर में बना है उसे खाना चाहिए, चाहे थोड़ा सा ही क्यों न खाओ।"  और फिर साथ ही माँ को हिदायत दी जाती "भई, कल मेरी बेटीके पसंद की सब्ज़ी बननी चाहिए !" मैं इतने में ही खुश हो जाती और खाना खा लेती। दादी सारा दिन बैठ कर स्वेटर बुनती रहती थी, जब मैं छोटी थी तो उनके बनाए हुए स्वेटर पहनती थी और बड़ा इतराती थी जब कोई आस पड़ोस वाली ऑन्टी मुझे रोक कर मेरे स्वेटर को देखती और तारीफ़ करतीं। फिर मैं बड़ी हुइतो उनके स्वेटर मुझे अच्छे नहीं लगते थे क्यूंकि मुझे बाज़ार से बने-बनाए स्वेटर ज़्यादा अच्छे लगते थे।   

जब मैंने दसवीं कक्षा में पूरे स्कूल में टॉप किया तो दादी तो मानों हवा में उड़ रहीं थी, सारा दिन उन्होंने अपने सारे रिश्तेदारों को बताया, अगले दिन जब अख़बार में फ़ोटो छपी तो फिर सबको फोन करके बताया।  फिर शाम को उन्होंने मुझे अपने पास बुलाया और बाकी सबको कमरे से बाहर भेज दिया, ये कह कर कि हम दोनों ने कुछ प्राइवेट बात करनी है, दादी ने अपने पर्स से कुछ रुपये निकाल कर मुझे दिए और समझाया कि "बड़ा अच्छा है कि तुम्हारी मेहनत सफ़ल हुई है पर बात अभी यहीं ख़त्म नहीं होती, यह तो बस शुरुआत है, अभी तो और सफ़ल बनना है।  इस सफलता को दिमाग़ तक नहीं जाने देना और घमंड नहीं करना।" उस बात ने मुझे बड़ा ठहराव दिया और शायद इसी वजह से मैंने आगे भी युनिवर्सिटी में भी गोल्ड मैडल जीता। दादी ने उस दिन भी मुझे इशारे से दसवीं वाली बात याद कराई थी। 

मैंने पढ़ाई पूरी की और एक स्कूल में पढ़ाने लगी, पैसे तो कुछ ख़ास नहीं मिलते थे बस समय अच्छा निकल जाता था। अपनी पहली तनख़्वाह से मैंने दादी को एक सूट सिलवा कर दिया तो मानों उनकी खुशियों को पंख लग गए हों, सबको बताती रहीं हफ्ते भर और जिस दिन पहना उस दिन तो लगा कि कहीं यह खबर अख़बार में ही न छपवा दें कि मेरी पोती ने मुझे सूट दिया है उस दिन बड़े भाइयों को भी खूब सुनाई गई कि देखो कैसा सुन्दर सूट मिला है मुझे। जब बड़े भैया ने कहा कि मैंने भी तो आपको सूट ले कर दिया था और पापा ने भी कहा कि मैंने भी तो आपको सोने की बालियाँ ले कर दीं थीं तो झट से बोलीं "अरे तेरा सूट तो कब का घिस कर फट गया और तेरी बालियाँ तो मैंने पहनी नहीं, डर के मारे बैंक में रखीं हुई हैं !" 

फिर जब मेरा ब्याह हुआ तो दादी सबसे आगे हो कर मेरे पति से मिली और उन्हें समझाया कि "मैंने अपने बगीचे का सबसे सुन्दर, सबसे कोमल फूल तुम्हारे हवाले किया है, देखना कहीं मुरझा ही न जाए।" ऊपर से मेरे पति भी मेरी दादी के फैन निकले, अब तो उन्हें मेरे से ज़्यादा प्यार मिलता था, दादी से। दादी उनके ख़िलाफ़ कुछ भी नहीं सुनती थी। जब मैं माँ बनी तो दादी मेरी बेटी को देख कर काफ़ी देर रोती रहीं, जब पूछा तो कहने लगी, अरे यह तो ख़ुशी के आँसू हैं। यह जीवन की सम्पूर्णता के आँसू हैं।  अब बस, मुझे कुछ और नहीं चाहिए भगवान से, अब जब चाहे मुझे बुला ले ! फिर एक दिन वही हुआ, जो निश्चित था, दादी नहीं रहीं। मेरी सबसे प्यारी सहेली चली गयी। पहले-पहल हम सब खूब रोए फिर लगा कि ऐसा कर के हम उन्हें दुःख पहुंचाएंगे तो सब ने उनकी अच्छी बातों को याद करना शुरू कर दिया। 

आज दादी को गए हुए कुछ साल हो गए हैं, पर अक्सर हम उनकी बोली हुई बातों को याद करते हैं और कभी तो ख़ुश होते हैं पर कभी-कभी उदास भी हो जाते हैं। कभी कोई दाल-सब्ज़ी बनती है तो याद करते हैं कि दादी होती तो उन्होंने ऐसा कहना था या वह उसे ऐसे खाती। मेरी बेटी के नाम में उनका नाम आता है तो मैं जब भी उसे बुलाती हूँ तो लगता है कि दादी को ही बुला रही हूँ, पर बेटी तो मेरे पास आ भी जाती है दादी नहीं आती। अब तो कई बार मन करता है कि दादी के हाथ का बना हुआ कोई स्वेटर मिल जाता तो मैं पहन लेती पर यह अब हो न सकेगा। 


तलाश कर रही हूँ मैं अपना वो बचपन, जो चला गया है मुझे बताए बगैर,
अब ग़ज़ल भी मुझे दादी सी लगती है, ख़त्म ही नहीं होती मुझे सुलाए बगैर। 


दादी की याद में,
आज के लिए इतना ही।
||  इति ||

<script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-7979421484007145"
crossorigin="anonymous"></script>
 

Saturday, 4 April 2026

बाहर का खाना


मीता और सबीर की शादी बड़े ही सादा ढंग से हुई, वजह, सबीर को किसी भी तरह का ताम-झाम पसंद नहीं था।  बारात में भी चंद लोग ही थे और नाम-मात्र रस्में करते हुए मीता की डोली सबीर के घर जा पहुंची थी। हालाँकि मीता को भी ज़्यादा दिखावा पसंद नहीं था पर फिर भी कभी-कभी अपनी सहेलियों की फोटो देख कर मन करता कि वह भी अपनी फोटो उन लोगों के साथ शेयर करे। मीता एक संयुक्त परिवार से आयी थी और सबीर भी अपने माता-पिता के साथ ही रहता था। शुरू-शुरू में तो मीता का दिल नहीं लगता था क्यूंकि उनके घर में तो सुबह से ले कर देर रात तक कोई ना कोई आता जाता रहता था और यहाँ सबीर और उसके पापा अपनी फैक्ट्री चले जाते थे और घर में मीता और मम्मी अकेले रह जाते थे।  

शाम के समय सबीर और पापा घर एक साथ ही आते थे फिर मीता और सबीर ने इकठ्ठे कहीं जाना होता तो जाते लेकिन सबीर की कोशिश होती कि अगर कुछ खाना है तो पैक करवा कर घर में बैठ कर सब के साथ खाया जाये। मीता को बहुत बुरा लगता था कि बाहर रेस्टोरेंट में बैठ कर खाने का मज़ा कुछ अलग ही है, शादी से पहले तो मैं अक्सर अपने चाचा-ताया जी के बच्चों के साथ तो खाते थे और अगर घर में बड़ों को खाना होता तो वो अलग से जा कर खा आते। वहीँ सबीर का मानना था कि मम्मी-पापा भी तो हमेशा ही सब सामान घर पर ला कर, बच्चों में बाँट कर खाते थे तो अब हम यह क्यों नहीं कर सकते।  

एक-दो बार तो इसी बात को लेकर मीता ने सबीर के बहुत कहने पर भी बाहर से कुछ खाने के लिए मना कर दिया और मन ही मन कुढ़ती हुई घर वापिस आ गयी। हालाँकि सबीर पर इस बात का भी कोई ख़ास असर नहीं दिखा और उसने वही खाना पैक करवा कर घर मंगवा लिया। जब इनका बेटा समित हुआ तो उसके डॉक्टर को दिखाने के लिए ले जाना होता तो कई बार ऐसा हुआ कि मीता समित का बहाना बना कर कुछ बाहर का खाने की बात करती तो सबीर सिर्फ़ कभी आइसक्रीम या कुछ हल्का-फुल्का ही खिलाते, खाना कभी न हो पाता। अब तो समित भी अपने पापा, सबीर की बोली बोलने लगा था कि सब घर पर बैठ कर ही दादा-दादी के साथ खाएंगे। मीता को उनकी हाँ में हाँ मिलानी ही पड़ती, और कोई चारा भी तो नहीं था। 

एक बार मम्मी-पापा को कहीं दूसरे शहर में अपनी रिश्तेदारी में जाना पड़ा तो समित भी उनके साथ चला गया। इतवार का दिन था और फैक्टरी में भी छुट्टी थी। अचानक से सबीर ने कहा कि आज घर पर खाना मत बनाना, हम पहले पिक्चर देखेंगे और फिर शहर के सबसे मशहूर रेस्टोरेंट में खाना खाएंगे। मीता की तो मानो मुराद पूरी हो गयी हो, उसे और क्या चाहिए।  ख़ुशी-ख़ुशी उसने घर के सारे काम ख़त्म किये, सबीर ने टिकट बुक कर रखे थे तो समय पर सिनेमा घर पहुंचे और फिल्म देखी। पूरी फिल्म के दौरान मीता का ध्यान खाने पर और उसकी फोटो अपनी सहेलियों के साथ शेयर करने पर था। वह सोचती जा रही थी कि क्या लिखूंगी अपनी फोटो के साथ "डाइनिंग आउट विद माय सबीर" या "यम्मी डिनर" वगैरा - वगैरा। 

फिल्म ख़त्म हुई तो झट से गाड़ी की तरफ यह कहते हुए लपकी कि "जल्दी करो सबीर, मुझे भूख लगी है"! मीता को डर था कि कहीं सबीर का मन न बदल जाये। रेस्टोरेंट पहुंचे तो पहले काफी समय पार्किंग ढूंढ़ने में लगा फिर अंदर जा कर देखा तो लगा कि सारा शहर ही यहाँ खाना खाने आया हुआ है। कोई टेबल खाली नहीं था। वेटर ने कहा साहब आधा घंटा लग सकता है, आपको यहीं इंतज़ार करना पड़ेगा। किसी तरह मीता ने सबीर को बातों में लगाए रखा कि सबीर कहीं और जाने की बात न करे।  

ख़ैर, किसी तरह उन्हें एक टेबल मिला जो की हॉल के ठीक बीच में था। सबीर और मीता ने बैठ कर मेनू कार्ड देख कर कुछ खाना आर्डर कर दिया। भीड़ होने की वजह से खाना भी काफी देर से आया। मीता ने सबसे पहले उसकी फ़ोटो खींची और सोशल-मीडिया पर डाल दीं। जब दोनों ने खाना शुरू किया तो मीता को थोड़ा असहज सा महसूस हुआ, उसे लगा मानो हर कोई उन्हें घूर रहा है। ख़ास करके वह लोग जो टेबल खाली होने का या अपना खाना आने का इंतज़ार कर रहे थे। उसका सारा ध्यान घूरती आँखों पर था और डर भी था कि कहीं खाते हुए कुछ गिर ना जाये या उसके हाथ गंदे न हो जाएँ। लोग क्या कहेंगे कि इसे खाना भी नहीं आता ? क्या वोह ठीक ढंग से खा रही है ? क्या हाथ से खाना चाहिए या कांटे-छुरी से? 

बस इसी उधेड़बुन में उसने ना तो पेट भर खायाऔर न ही उस खाने का मज़ा लिया। उन्होंने थोड़ी सी जल्दी में खाना ख़त्म किया क्यूंकि रेस्टोरेंट में लोगों का शोर था इसलिए आपस में भी ज़्यादा बातचीत नहीं हुई। 
जैसे ही खाना ख़त्म हुआ मीता ने राहत की सांस ली, सबीर ने पूछा कि कुछ मीठा खाओगी तो मीता ने साफ़ मना  कर दिया। सबीर भी बिल दे कर बाहर आ गए। घर जाते हुए मीता को ख़ुद के घर में बैठ कर खाने का स्वाद याद आ रहा था कि कैसे बिल्कुल बेफ़िक्री से कहीं भी बैठ कर, कैसे भी खाने का लुत्फ़ अलग ही होता है। वह नाहक ही इतने सालों से कुढ़ती रही और शायद एक ग़लत चीज़ ढूंढ़ती रही। असली मज़ा तो अपनों के साथ ही आता है और यह सोशल-मीडिया तो एक दिखावा मात्र है। 

जब दोनों घर पहुँचे तो कपड़े बदल कर टीवी पर कोई मैच लगा लिया, तभी मीता फ्रिज से आइसक्रीम ले आयी, सबीर ने हँसते हुए कहा "तुम्हें तो मीठा नहीं खाना था, तो फिर अब क्यों?" मीता बोली "बस वैसे ही मन कर आया !" अब दोनों आराम से कुर्सी पर बैठ, पाँव बेड के ऊपर रख कर, मैच का मज़ा लेते हुए सुकून से आइसक्रीम खा रहे थे, कोई जल्दी नहीं थी, कोई घूर नहीं रहा था। बस यही सुख था जो बाहर खाना खाते वक़्त मिल नहीं पाया था। मीता को एक पुरानी कहावत याद आ गयी - 

"जो सुख छज्जू के चौबारे - न बल्ख न बुख़ारे !"

आज के लिए इतना ही।
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>