Powered By Blogger

Thursday, 20 October 2016

अपना अपना चाँद


"अपना अपना चाँद "

केशव प्रसाद जी के दो बेटे थे, मोहन लाल और किशन लाल।  दोनों भाइयों के स्वभाव में काफी अंतर था, जहाँ एक ओर मोहन बड़ा होने के साथ-साथ थोड़ा चालाक और मतलबी था वहीँ छोटा किशन एकदम शांतिप्रिय और सरल स्वभाव का था। केशव प्रसाद जी एक सरकारी दफ्तर में क्लर्क के तौर पर कार्यरत थे, जैसे-तैसे करके गुज़र बसर हो रहा था।  कुछ पैसे जुड़े और कुछ बेटों की मदद से मिलजुल के एक छोटा सा पर अपना आशियाना बना लिया था।  धीरे-धीरे मोहन की शादी भी हो गयी, मोहन की पत्नी भी मोहन की ही तरह चालाक चुस्त निकली और शादी के एक साल के भीतर ही उन्होंने अलग होने की बात कहनी शुरू कर दी।  केशव जी और उनकी पत्नी ने बहुत समझने की कोशिश की लेकिन हार के एक दिन केशव जी ने घर की छत पर अलग से तीन कमरे बना के मोहन और उसकी पत्नी को अलग से रहने की जगह बना दी।  

                                                      सेवानिवृति होते ही केशव जी ने छोटे बेटे किशन की शादी करवा दी और साथ के साथ किशन और उसकी पत्नी के लिए भी अलग से रहने के लिए तीसरी मंज़िल पर मोहन के जैसा ही घर बना दिया।  उन्होंने दोनों बेटों  को बुला कर पूछा भी कौन सी मंज़िल किस के नाम पे हो, तब मोहन ने झट से ये कह के बात ख़त्म कर दी के मैं तो जहाँ पे रह रहा हूँ वहां से नहीं हिलूंगा, पर असल में वो ज़्यादा सीढियां नहीं चढ़ना चाहता था और वैसे भी सबसे ऊपर वाला घर मौसम के हिसाब से ज़्यादा ठंडा या ज़्यादा गर्म रहता है, ये सोच के उसने झट से अपना फैसला सुना दिया था।  समय के बीतने के साथ दोनों भाइयों में और उधर देवरानी-जेठानी में नफरत बढ़ती गयी , अक्सर इन लोगों में झगडे होते रहते।  कभी ऊपर कपडे सुखाने को लेकर कभी बच्चों के पीछे।  अब तो ये हालात हो गए थे एक-दुसरे को देखना तक पसंद नहीं करते थे , कभी अनजाने में अगर आते-जाते सामना हो जाता तो इस तरह से मुहँ फेर लेते जैसे कि पहचानते ही नहीं यहाँ तक कि जब करवाचौथ का व्रत भी तोडना होता था तो मोहन अपनी पत्नी को लेकर अपने साले के घर चला जाता था जो की पास ही मैं रहता था और सरकारी नौकरी करता था उसे सरकारी घर भी मिला हुआ था।  

                                                    ये सिलसिला कई साल चलता रहा पर इस साल मोहन के साले साहिब का तबादला इस शहर से काफी दूर हो गया और वो अपना सरकारी आवास खाली करके नयी जगह चला गया।  इस साल जब करवाचौथ का व्रत आया तो मोहन की पत्नी को बड़ी फ़िक्र सी होने लगी कि व्रत कहाँ जा के खोलेंगे ? मोहन को भी कोई दूसरा रास्ता नहीं सूझ रहा था ये बात किशन और उसकी पत्नी को भी मालूम थी और वो भी अपनी जगह पर थोड़े से चिंतित से थे।  खैर जैसे-तैसे देवरानी और जेठानी ने सारा दिन निकाला और अब चाँद निकलने से ज़्यादा ये फ़िक्र था कि पहले छत पे कौन जायेगा ? रात के साढ़े आठ बजे चाँद निकलने का समय था मोहन और किशन भी यही चाहते थे कि किसी तरह से एक दुसरे का सामना करने से बचा जाये। दोनों परिवार इस चक्कर में थे कि पहले दूसरा वाला हो आये तभी हम जाएँ। इंतज़ार करते-करते रात के नौ बज चुके थे और दोनों पत्नियों की भूख से बुरी हालात हो रही थी , किसी तरह से किशन ने हौंसला कर के रात दस बजे छत पे जा के अपनी पत्नी का व्रत तुड़वा दिया और फिर साढ़े दस बजे मोहन ने अपनी पत्नी का। 

                                                          यहाँ केशव जी सोच रहे थे की दोनों बेटों ने अपना-अपना चाँद देख के पत्नियों का व्रत तो तुड़वा दिया , काश कोई ऐसा भी चाँद होता जिसे देख के दोनों भाई भी अपना व्रत तोड़ सकते !!

आज के लिए इतना ही !

|| इति  ||


<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>