Powered By Blogger

Sunday, 6 December 2020

ਕਿਸਾਨ ਅੰਦੋਲਨ।


ਰਾਤ ਦੇ ਦੱਸ ਵੱਜਣ ਵਾਲੇ ਸੀ, ਨਿੱਕਾ ਫ਼ਤਿਹ ਦਿੱਲੀ ਮੋਰਚਾ ਲਾਈ ਬੈਠੇ ਆਪਣੇ ਪਿਤਾ ਨਾਲ ਗੱਲ ਕਰ ਕੇ ਹਟਿਆ ਸੀ, ਮਨ ਉਦਾਸ ਜਿਹਾ ਸੀ ਇਸ ਲਈ ਦਾਦਾ, ਬਚਨ ਸਿੰਘ ਨਾਲ ਜਾ ਕੇ ਲੇਟ ਗਿਆ ਤੇ ਹਮੇਸ਼ਾ ਵਾਂਗ ਸਵਾਲ ਪੁੱਛ ਬੈਠਾ। ਦਾਦਾ ਜੀ, ਕੀ ਸਾਡੇ ਪ੍ਰਧਾਨ ਮੰਤਰੀ ਜੀ ਨੂੰ ਸਾਡੀਆਂ ਤਕਲੀਫ਼ਾਂ ਨਜ਼ਰ ਨਹੀਂ ਆਉਂਦੀਆਂ ?ਬਚਨ ਸਿੰਘ ਜੀ ਕਹਿੰਦੇ, ਫ਼ਤਿਹ, ਚੱਲ ਮੈਂ ਇੱਕ ਕਹਾਣੀ ਸੁਣਾਉਂਦਾ ਹਾਂ !
ਇੱਕ ਰਾਜਾ ਸ਼ਿਕਾਰ ਕਰਦੇ ਹੋਏ ਆਪਣੇ ਸਿਪਾਹੀਆਂ ਤੋਂ ਵਿੱਛੜ ਗਿਆ ਤੇ ਕੱਲਾ ਹੀ ਪਿਆਸ ਨਾਲ ਬੇਹਾਲ ਹੋ ਕੇ ਡਿੱਗ ਪਿਆ। ਉਸ ਨੂੰ ਲੱਗਾ ਜਿਵੇਂ ਉਸਦਾ ਅੰਤ ਨੇੜੇ ਹੈ ਪਰ ਏਨੇ ਨੂੰ ਇੱਕ ਮਾਸ਼ਕੀ ਉੱਥੇ ਆ ਪਹੁੰਚਿਆ ਤੇ ਪਾਣੀ ਪਿਲਾ ਕੇ ਰਾਜੇ ਦੀ ਜਾਨ ਬਚਾ ਲਈ। ਰਾਜੇ ਨੇ ਖੁਸ਼ ਹੋ ਕੇ ਕਿਹਾ “ਮੰਗ ਲੈ ਜੋ ਮੰਗਣਾ”, ਮਾਸ਼ਕੀ ਨੇ ਕਿਹਾ- ਮੈਂ ਕਦੇ ਰਾਜਾ ਨਹੀਂ ਬਣਿਆ, ਮੈਂ ਰਾਜਾ ਬਨਣਾ ਚਾਹੁੰਦਾ ਹਾਂ! ਰਾਜੇ ਨੇ ਕਿਹਾ- ਮੈਂ ਤੈਨੂੰ ਇੱਕ ਦਿਨ ਦਾ ਰਾਜਾ ਬਣਾਂ ਰਿਹਾ ਹਾਂ!


ਬੱਸ ਫੇਰ ਕੀ ਸੀ, ਉਸ ਮਾਸ਼ਕੀ ਨੇ ਰਾਜਾ ਬਣਦੇ ਹੀ ਪਹਿਲਾ ਹੁਕਮ ਦਿੱਤਾ- ਮੇਰੇ ਫ਼ੈਸਲੇ ਕਦੀ ਬਦਲੇ ਨਹੀਂ ਜਾਣਗੇ। ਦੂਜਾ ਹੁਕਮ ਸੀ ਕਿ ਅੱਜ ਤੋਂ ਪੁਰਾਣੇ ਸਿੱਕੇ ਬੰਦ, ਮੇਰੇ ਨਾਮ ਦੇ ਚਮੜੇ ਦੇ ਸਿੱਕੇ ਬਣਾਏ ਜਾਣ! ਮੰਤਰੀਆਂ ਨੇ ਬਥੇਰਾ ਸਮਝਾਇਆ ਪਰ ਕਿੱਥੇ। ਧੜਾਧੜ ਜਾਨਵਰ ਵੱਡੇ ਜਾਣ ਲੱਗੇ, ਉਸ ਦੇਸ਼ ਵਿੱਚ ਬਹੁਤੀ ਜਨਤਾ ਦੁੱਧ ਵੇਚ ਕੇ ਹੀ ਗੁਜ਼ਾਰਾ ਕਰਦੀ ਸੀ, ਪਰ ਰਾਜੇ ਦੇ ਫ਼ੁਰਮਾਣ ਕਰਕੇ ਇੱਕ ਇੱਕ ਕਰਕੇ ਸਾਰੇ ਦੁੱਧ ਦੇਣ ਵਾਲ਼ੀਆਂ ਗਾਵਾਂ ਮੱਝਾਂ ਮਾਰ ਦਿੱਤੀਆਂ ਗਈਆਂ। ਕਾਰੋਬਾਰ ਅਲੱਗ ਖਤਮ ਹੋ ਗਏ।

ਉਸ ਮਾਸ਼ਕੀ ਨੂੰ ਬੱਸ ਮਸ਼ਕ ਅਤੇ ਚਮੜੇ ਦਾ ਹੀ ਗਿਆਨ ਸੀ, ਸੋ ਉਸ ਨੇ ਚਮੜੇ ਦੇ ਸਿੱਕੇ ਜਾਰੀ ਕਰ ਦਿੱਤੇ।ਠੀਕ ਇਸੇ ਤਰ੍ਹਾ, ਮੋਦੀ ਜੀ ਕਹਿੰਦੇ ਨੇ ਕਿ ਉਹ ਚਾਹ ਵੇਚਦੇ ਰਹੇ ਨੇ। ਸ਼ਾਇਦ ਇਸ ਲਈ ਉਹ ਜਾਣਦੇ ਹਨ ਕਿ ਕਿਸ ਮੁੱਦੇ ਨੂੰ ਕਿੰਨੀ ਦੇਰ ਤੱਕ ਉਬਾਲਣਾ ਹੈ, ਕਿਸ ਦਾ ਇਸਤੇਮਾਲ ਕਰਕੇ ਚਾਹ ਪੱਤੀ ਵਾਂਗ ਬਾਹਰ ਸੁੱਟ ਦੇਣਾ ਹੈ ਅਤੇ ਕਿਸ ਤਰਾਂ ਆਪਣੀ ਕੇਤਲੀ ਗਰਮ ਰੱਖਣੀ ਹੈ। ਉਹਨਾਂ ਨੂੰ ਆਮ ਲੋਕਾਂ ਦੀਆਂ ਤਕਲੀਫ਼ਾਂ ਨਜ਼ਰ ਨਹੀਂ ਆਉਂਦੀਆਂ, ਉਹ ਤਾਂ ਬੱਸ ਲੋਕਾਂ ਦਾ ਧਿਆਨ ਭਟਕਾ ਕੇ ਆਪਣੀ ਠੰਡੀ ਹੋ ਚੁੱਕੀ ਚਾਹ ਵੇਚਣਾ ਚਾਹੁੰਦੇ ਨੇ !


ਅੱਜ ਫ਼ਤਿਹ ਨੂੰ ਉਸਦੇ ਸਵਾਲ ਦਾ ਢੁਕਵਾਂ ਜਵਾਬ ਮਿਲ ਗਿਆ ਸੀ।


ਅੱਜ ਲਈ ਇੱਥੇ ਹੀ ਬੱਸ !



<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
enable_page_level_ads: true
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", }); 

</script> 

Sunday, 11 October 2020

ग़लतफहमी

 सतीश जब पांच-छह साल का था तो पिता का देहांत हो गया, घर में माँ, सावित्री अकेली कमाने वाली थी। गुजर-बसर बहुत मुश्किल से होने लगी।  कई बार सतीश ने गली के नुक्कड़ में रहते नाहर को घर आते-जाते देखा और गाँव भर के लोगों की बातें भी सुनी। फिर एक दिन सुबह उठा तो पड़ोस वाली औरतें घर के बाहर मजमा लगा कर बातें कर रही थीं। आँखे मलते हुए बाहर निकला तो शीला काकी ने गले से लगाते हुए बताया कि उसकी माँ और नाहर दोनों ग़ायब हैं। इतनी छोटी उम्र में कहाँ जाता और क्या करता, कुछ समझ नहीं आ रहा था। फिर गाँव पंचायत ने फ़ैसला लिया कि अगले कुछ साल सतीश यहीं, गाँव के सरकारी स्कूल में पढ़ेगा और सारा गाँव मिल कर उसका खर्चा उठाएगा। 


अगले कुछ साल माँ के बारे में ताने और मज़ाक सुनने में निकले, दसवीं पास करने के बाद सतीश ने शहर के एक स्कूल में पढ़ने की इच्छा जताई तो सरपंच जी ने मना कर दिया कि अब और खर्चा नहीं उठाया जा सकता। स्कूल के मास्टर जी ने थोड़ी मदद की तो सतीश को शहर के स्कूल ने वजीफ़ा लगा दिया और ना केवल फ़ीस माफ़ कर दी, किताबें भी मुफ़्त में दीं और रहने खाने का भी प्रबंध कर दिया। ऐसे ही सतीश ने कॉलेज में भी दाखिला लिया और फिर एक अच्छे से बैंक में नौकरी भी मिल गयी। इस बीच सतीश कई बार अपने गाँव जाता और अपने जर्जर होते घर को देखता, कई बार गाँव के लोगों से अपनी माँ के बारे में पूछता, पर कभी कोई ख़बर नहीं मिली। 

सतीश शहर में रहते हुए अक्सर अपनी माँ को याद करता पर फिर लोगों की सुनाई हुई माँ और नाहर की कहानियाँ उसे परेशान कर देतीं।  अपने आप को बहुत समझाता पर माँ की बेवफ़ाई हावी हो जाती और मन माँ के प्रति नफ़रत से भर जाता।अब तो उसे माँ की शक्ल भी जैसे भूलने लगी थी।    दफ़्तर के काम के बाद घर आने को मन नहीं होता तो काफ़ी समय काम में व्यस्त रहने की कोशिश करता। इसका फ़ायदा यह मिला कि सतीश के काम की सब तारीफ़ करते और साल दर साल उसे सबसे अच्छा कर्मचारी होने का ख़िताब मिलने लगा साथ ही खूब तरक्की भी मिली। लगभग चार साल में सतीश की बदली मैनेजर के तौर पर नज़दीकी कस्बे में हो गयी। 

नए दफ़्तर में भी ख़ूब दिल लगा कर काम करने लगा। फिर एक दिन एक नए कर्मचारी, पंकज ने उसकी ब्रांच में ज्वाइन किया। सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पंकज अपने काम में जुट गया। एक दिन,खाना खाते हुए घर परिवार की बातें हुई तो उसकी माँ का नाम भी सावित्री निकला, सतीश ने और जांच की तो पता चला कि पंकज के पिता का नाम नाहर है। मतलब पंकज उसका भाई है। बस अब सतीश बहाने ढूंढ़ने लगा अपनी नफ़रत को निकालने के लिए।  पंकज के हर काम में गलतियां निकालना सतीश का मकसद बन गया था।  पंकज को सबके सामने डांटना, उसकी बेइज्ज़ती करनी और उसे देर तक बैंक में रोक कर रखना सतीश का रोज का काम था।  दफ्तर के बाकी लोग भी ऐसा ही समझने लगे। 

एक दिन एक बूढी औरत बैंक में आयी और पंकज को पूछने लगी, पंकज को सतीश ने किसी काम से बाहर भेजा हुआ था।  सतीश ने काफी देर से उसको बैठे देखा तो अपने ऑफिस में बुला लिया, पानी पिलाया और काम पूछा उसने बताया कि वो पंकज की माँ है और पंकज का बटुआ, जो घर रह गया था, देने आयी है। सतीश की हालत रोने वाली हो गयी।  उसने झट से पैर छुए और पूछा कि उन्हें कभी अपने पहले बेटे की याद नहीं आयी ? सावित्री चौंक गयी, उसका अतीत शायद उसके सामने खड़ा, उससे सवाल कर रहा था। ग़ौर से देखा तो पहचान गयी। सावित्री ने सुबकते  हुए बताया कि उसे याद तो हर सांस के साथ करती रही पर उसे छोड़ कर ना जाती तो नाहर उसे जान से मार देता। अपने बेटे की जान बचाने के लिए उसे नाहर के साथ जाना पड़ा और नाहर भी एक साल बाद मर गया। उसने दुसरे बेटे, पंकज को अकेले बहुत जतन से पढ़ाया है। अब जा कर कहीं जीवन में थोड़ा सा सुकून आया है। 

इतने सालों बाद अचानक माँ को सामने देख कर सतीश का रोना निकल गया। रोने से मानों सतीश की सारी ग़लतफ़हमी दूर हो गयी, तमाम गिले धुल गए।  पंकज के आने पर सतीश ने उसे गले से लगा लिया और पंकज भौचक्का सा कभी माँ को, कभी अपने बॉस को तो कभी बाकी स्टाफ़ को देखने लगा। आज बैंक में छुट्टी होते ही सतीश को घर जाने की जल्दी थी। वोह पंकज और माँ को भी अपने घर ले गया।  शाम को चाय पीते हुए तीनों ने एक साथ रहने का फ़ैसला लिया और सब सतीश वाले घर में आ गए। 


आज के लिए इतना ही। 
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
enable_page_level_ads: true
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", });
</script>

Monday, 28 September 2020

समाचार समाप्त हुए !

 मुझे बहुत अच्छे से याद है अस्सी के दशक की शुरुआत में हमारे घर पहला टेलीविज़न आया था। घर में टी वी होना बहुत बड़ी बात हुआ करती थी उन दिनों। बड़ा शौक़ हुआ करता था और जैसे तब लोग उसे सजावट का सामान मान कर घर की बैठक में रखा करते थे, हमने इससे उल्टा टी वी को बेड रूम में रखा था। माता जी का मानना था कि हमें कुछ शो ऑफ नहीं करना, वैसे भी पलंग पर बैठना आसान है और घर के सोफे भी ज़्यादा ख़राब नहीं होते। उससे पहले हम अपने पड़ोसी के घर हफ़्ते में एक बार फ़िल्म देखने जाया करते थे तो कभी चित्रहार देखने ताऊ जी के घर। अगर कोई मैच आ रहा हो तो किसी दोस्त के घर। 


उन दिनों शाम साढ़े सात बजे लोकल या प्रदेशिक समाचार आया करते थे और फिर रात नौ बजे दिल्ली से राष्ट्रीय समाचार आया करते थे लगभग आधे घंटे के लिए और सच मानिए खबरें ही हुआ करती थीं। हम बच्चों को वह आधा घंटा बहुत अरुचिकर लगता था तो हम टी वी बंद करके रेडियो पर हवामहल या फिर कोई और प्रसारण सुना करते थे। शनि-इतवार को पिताजी नौ बजे टी वी ज़रूर देखा करते थे वो भी काफ़ी ऊँची आवाज़ में और हमें सुनना होता था बिनाका गीत माला, तो हम इंतज़ार करते रहते थे कि कब यह समाचार ख़त्म होंगे। जैसे ही टी वी में से आवाज़ आती थी - "इसके साथ ही समाचार समाप्त हुए", हम खुश हो जाते थे और रेडियो की आवाज़ बढ़ा दिया करते थे।  तब यह नहीं सोचते थे कि एक दिन यह समाचार सच में ही समाप्त हो जायेंगे !


फिर दौर शुरू हुआ रंगदार या रंगीन टेलीविज़न का और अस्सी के दशक के ख़त्म होने से पहले हमारे घर रंगीन टी वी आ पहुँचा।  इसके साथ ही दूरदर्शन ने सारे दिन अपना प्रसारण शुरू किया, समाचार दिन में तीन-चार बार आने शुरू हो गए। नब्बे के दशक की शुरुआत में ढ़ेर सारे चैनल आ गए और सारा दिन मनोरंजन होने लगा।  समाचार सुनाने वाले भी कई आ गए। जब खाड़ी युद्ध हुआ तो बहुत अच्छी और सटीक ख़बरें देने पर एक-दो न्यूज़ चैनल पूरी दुनियाँ में छा गए। अब दुनिया भर के लोग विश्वसनीय ख़बरों के लिए इन्ही चैनलों को देखना पसंद करने लगे।  बस तभी एक नया शब्द ईजाद हुआ - "ब्रेकिंग न्यूज़", उसने शुरू में तो काफ़ी रोमांच उत्पन किया परन्तु साल 2010 आते-आते इसका बंटाधार हो गया। 

"ब्रेकिंग न्यूज़" के नाम पर जाने क्या-क्या परोसा जाने लगा।  कभी किसी छोटे से शहर के छोटे से मोहल्ले में किसी की गाय ने बछड़ा भी दे दिया तो "ब्रैकिंग-न्यूज़" बनने लगी।  कभी यहाँ की अफ़वाह तो कभी वहाँ का झूठ, सब सरेआम दिखाया जाने लगा।  राजनैतिक पार्टियां भी झूठ फ़ैलाने के लिए इन्ही की शरण में आ पहुंची। बस फिर क्या था, झूठ का बोलबाला हो गया और सच का मुँह काला। सच तो जैसे कहीं ग़ायब ही हो गया इन न्यूज़ चैनलों से।  जब कोई ख़बर नहीं होती तो ख़बरों के नाम पर क़त्ल-लूटपाट-अपहरण जैसी ख़बरों के एक घंटे के लंबे-लंबे प्रोग्राम दिखाए जाने लगे। समाचार की जगह, सब चैनल रोज़ाना प्रसारित होने वाले सीरियल की कहानी बताने लगे हैं। अब ज़्यादातर के पास तो कोई ढंग की ख़बर होती ही नहीं, बस एक ही बात को बार-बार बोलते रहते हैं। 


जाने वो शांत और सभ्य ढ़ंग से समाचार पढ़ने वाले कहाँ चले गए ? अब तो एक से एक अभिनेता आ धमकता है टी वी पर और घटिया स्तर का अभिनय करते हुए अपना मत आपको बता जाता है और आप समझते हैं कि यही ख़बर है। कुछ लोग समाचार सुनाते हुए ऐसे चीख़ते हैं मानों किसी मंडी में कोई बोली लगा कर अपना सामान बेच रहा हो। असली ख़बरों को ना बता कर कुछ दूसरी ख़बरों को प्राथमिकता दी जाती है। ज़्यादातर ख़बरें आपको मात्र एक ही पहलु दर्शाती हैं वो भी ऐसा जिसमें उस चैनल को लाभ पहुँचाने वाले का राजनैतिक फ़ायदा हो।  पतन सिर्फ समाचार सुनाने वालों का ही नहीं हुआ, सुनने वालों का भी हुआ है।   राजनीति में इसका इस्तेमाल छवि बनाने और छवि बिगाड़ने में खुल कर हुआ और समाचार समाप्त हो गए!


लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहलाए जाने वाली पत्रकारिता अब पत्तलकारिता में बदल चुकी है। 




आज के लिए इतना ही। 
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

Saturday, 5 September 2020

नेपोटिज़्म

पिछले कुछ सालों से नेपोटिज़्म या वंशवाद का क़ाफी ज़िक्र चल रहा है, फिर भले वो कोई राजनैतिक मंच हो या फिर फिल्म उद्योग ।  हाँ, जहाँ होना चाहिए बस वहीँ नहीं हो रहा। देखा जाये तो यह वंशवाद कोई आज की प्रथा तो नहीं है, यह तो जाने कब से चली आ रही है और जाने कब तक चलेगी ? वैसे मेरे ख्याल से यह  रहेगी, जब तक वंश चलेंगे तब तक ! वंशवाद होना स्वाभाविक है इसमें कुछ भी गलत नहीं है, ख़ास तौर पर  तब, जब यह कारोबार में है। कोई भी व्यक्ति अपना कारोबार या उद्योग इसलिए स्थापित या शुरू नहीं करता कि उसके मरने के बाद वो भी ख़त्म हो जाये। हर किसी की इच्छा होती है कि उसका कारोबार इतना बढे कि उसकी आने वाली पुश्तें भी काम की तलाश में इधर-उधर न देखें, उन्हें काम यहीं से मिल जाये।  


वंशवाद का सारा शोर सिर्फ और सिर्फ ध्यान भटकाने के लिए किया जा रहा लगता है।  कुछ साल पहले एक राजनैतिक दल ने भी इसी तरह की भ्रांतियां फैला कर सत्ता प्राप्त कर ली और आज उसी दल के खिलाफ वंशवाद के आरोप लग रहे हैं। यह सिर्फ आरोप मात्र नहीं हैं, कई तथ्य भी नज़र आते हैं।  हम लोगों ने अगर अपने बच्चों का रिश्ता करना होता है तो हम उनके वंश, खानदान के बारे में पूछताछ तो करते ही हैं, पर साथ के साथ हम उसकी पढाई-लिखाई, काम या कारोबार को ज़्यादा महत्त्व देते हैं। जब देश या प्रान्त की बागडोर किसी के हाथ में देनी हो तो भी हमें कोई खानदानी लोग ही नज़र आते हैं पर हम वहां भी तो काबिल व्यक्ति को ही ढूँढ़ते हैं। हम सब यही चाहते हैं कि कोई पायेदार, पढ़ा-लिखा व्यक्ति ही हमारा नेतृत्व करे और सबको एक प्रगतिशील समाज दे। 

अगर "फिल्म उद्योग" की बात करें तो सबसे पहले, यह एक उद्योग है, कोई सरकारी नौकरी नहीं जहाँ कोई प्रवेश परीक्षा होगी।  उद्योगपति अपना कारोबार अपने बच्चों को ही देता है और अगर वो काबिल हो तो उद्योग और फूलता-फलता है, नहीं तो ख़त्म हो जाता है। ऐसे ही फिल्मों में अगर कोई अच्छा कलाकार होगा तो टिक जायेगा, नहीं तो एक-दो फ़िल्में करने के बाद कहीं गुम हो जायेगा या फिर किसी और काम में जुट जायेगा। भारतीय फिल्म उद्योग में ऐसी कई मिसालें हैं।  अब कपूर ख़ानदान को देख लें, पृथ्वी राज कपूर के तीन बेटे, तीनों फिल्मों में नायक बन कर आए बहुत लोकप्रिय हुए। लेकिन तीनों बेटों के सारे बच्चे सफल नहीं हुए, जो ज़्यादा सफल नहीं हुए उनकी बेटी बहुत सफल हुई और अभी भी काम कर रही है। 

फिल्म उद्योग में नेपोटिज़्म पहली फिल्म मिलने तक  ही है, उसके बाद कलाकार का काम बोलता है कि उसे और काम मिलना चाहिए या नहीं।  असल में यहाँ वंशवाद के इलावा गुटबाज़ी का भी ज़िक्र होता आ रहा है तो वह भी ग़लत नहीं है।  बचपन में जब आप स्कूल में पढ़ते हैं तो आपकी जान-पहचान सब से होती है मगर आपके ख़ास दोस्त सिर्फ दो-चार ही होते हैं। ठीक ऐसा ही आपके रहने के इलाके में भी तो होता है, आप अपनी कॉलोनी के सभी घरों से मिलते तो हैं लेकिन कुछ लोग आपके ख़ास होते हैं।  अब इसे कोई ग़लत कह कर सबका ध्यान अपनी तरफ खींचे, तो क्या वह सही हो जायेगा ? अब ऐसे शोर मचाने वाले ख़ुद भी तो ऐसे ही बर्ताव करते हैं, तो फिर गिला कैसा ? यही तो दुनिया का दस्तूर है और यह संसार सदियों से ऐसे ही चलता आया है और आगे भी ऐसे ही चलेगा। 

नेपोटिज़्म या वंशवाद  न होता तो राम जी राजा न बनते।  भगवान राम छोडो,दशरथ भी राजा न बनते, और अगर गुटबाज़ी न होती तो शायद बाली भी धोखे से ना मारा जाता। जंगल में आपने शेर को कुछ नहीं कहा तो इसका मतलब यह कतई नहीं है कि शेर भी आपको कुछ नहीं कहेगा।  तो बेहतर यही होगा कि जितना ध्यान लोग इस मुद्दे को उछालने पर दे रहें हैं अगर उतना ज़ोर अपने हुनर को निखारने पर दें तो शायद कल, उनके पास इन शिकायतों का समय नहीं रहेगा। उनके पास भी बेहतर काम होगा। 


आज के लिए इतना ही। 
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

Friday, 14 August 2020

राहत


जनाब डॉक्टर राहत इंदौरी साहब नहीं रहे, यक़ीन सा नहीं हो रहा।  दोपहर में ही तो ख़बर मिली कि राहत साहब कोरोना की वजह से इंदौर के एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती हुए हैं और यह जानकारी भी उन्होंने खुद ही ट्वीट के ज़रिये दी।  साथ के साथ उन्होंने यह भी लिखा के उनके फ़ोन पर कॉल न करें, अपना हालचाल वह ख़ुद इस सोशल मीडिया पर बताते रहेंगे।  शाम को ख़बर मिलती है कि वह अब नहीं रहे, सुन कर धक्का सा लगा और उनकी लिखी गई कई ग़ज़लें याद आ गयी।  उनकी सरल सी बातें और उस पर उनका वो अदाकारी से भरा अंदाज़-ऐ-बयां, सुनने वाले तो बस मुकर्रर-मुकर्रर या वन्स मोर कहते रह जाया करते थे। मैं भी उनको बड़ा पसंद करता था। 

एक बेबाक़ शायर या यूँ कहूं आज का कबीर, जो मौजूदा हालात के बारे में बहुत खूब लिखा करते थे और सबसे बड़ी बात बेख़ौफ़ लिखा करते थे। कुछ कुपढ़ उन्हें सिर्फ एक शेर से जानते हैं और नफ़रत करते हैं क्यूंकि उन्होंने ऐसा कहा - 
"सभी का खून है शामिल यहाँ की मिट्टी में,किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है"

बस लोगों को लगा कि एक धर्म विशेष का व्यक्ति हमारे हिंदुस्तान की रजिस्ट्री अपने नाम कर लेगा यह बात कह कर।  मैं दावे के साथ कह सकता हूँ कि यह वही लोग हैं जो कभी कैसेट की साइड बदल-बदल कर लगातार राहत इंदौरी की लिखी हुई और जगजीत सिंह की आवाज़ में ग़ज़लें सुनते आये हैं। 

राहत साहब ने यह भी तो लिखा था -
"मैं मर जाऊं तो मेरी इक अलग पहचान लिख देना, लहू से मेरी पेशानी पे हिंदुस्तान लिख देना" 

हालाँकि, जब यह शेर उन्होंने किसी और मुल्क में सुनाया तो किसी ने कहा था कि "राहत भाई, कम से कम ग़ज़ल को तो मुल्क के रिश्तों से परे रखिये"। इस पर हमेशां की तरह अपनी वाकपटुता के लिए मशहूर, राहत जी का ज़वाब आया -
 "ऐ ज़मीं, इक रोज़ तेरी ख़ाक में खो जायेंगे, सो जायेंगे, मर के भी, रिश्ता नहीं टूटेगा हिंदुस्तान से, ईमान से"। 
राहत इंदौरी एक बेहतरीन शायर होने साथ-साथ एक बेहतर हिंदुस्तानी भी थे। काफी कम लोग जानते होंगे कि वह एक चित्रकार भी थे और ऐसा कहा करते थे कि शायर ने मेरे अंदर के चित्रकार पर कब्ज़ा कर लिया है और अब मैं अल्फ़ाज़ से चित्रकारी करता हूँ। 

अक्सर लोग उन्हें सिर्फ एक ख़ास मज़हब का शायर समझते थे और कई लोग तो उन्हें पाकिस्तान चले जाने की सलाह तक दे दिया करते थे।  मुझे ठीक नहीं मालूम पर ऐसा सुना है कि राहत साहब ने एक बार इस्लामाबाद के मुशायरे में कहा था -
 "वो अब पानी को तरसेंगे, जो गंगा छोड़ आए हैं, नए झंडे के चक्कर में तिरंगा छोड़ आए हैं"। पाकिस्तान में खड़े हो कर यह बात कहने वाले को लोग देशद्रोही का टैग लगा देते हैं और शायद यही वजह रही होगी कि अब तक उन्हें पद्म पुरुस्कार से नहीं नवाज़ा गया। 

कुछ लोग राहत साहब के जाने पर ख़ुशी मानते दिखाई दिए।  लोगों ने जम कर उनकी मौत का जश्न मनाया मानों राहत जी के जाने के बाद इन लोगों को "राहत" मिली हो, तो उनको पंजाबी की  मशहूर कहावत या  सूफ़ी ख़्याल याद दिलाना चाहूंगा के "दुश्मन मरे ते ख़ुशी ना करिये, सजणा वी मर जाना!" ठीक ऐसा ही भगवान श्री राम ने भी अपने छोटे भाई लक्ष्मण को रावण की मृत्यु के बाद समझाया था और महाभारत में भी अर्जुन पुत्र अभिमन्यु की मृत्यु के बाद ख़ुशी मनाने पर कौरवों की भी बहुत निंदा हुई थी। अगर लोग अपने पूज्य ग्रंथों और वेदों से भी कुछ सीख नहीं सकते तो भगवान ही बचाए ऐसे लोगों को। 

राहत साहब तो चले गए पर अपने पीछे अपने चाहने वालों की एक भीड़ छोड़ गए हैं। राहत साहब का अंदाज़ एक आम सी बात को भी आला बना देता था और इस शब्दों के बुनकर की इसी बात की कमी बहुत महसूस होगी। 


आज के लिए इतना ही। 
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

Sunday, 2 August 2020

रक्षाबंधन



भारत में राखी का त्यौहार ढेर सारे अन्य त्यौहार ले कर आता है।  जैसे पहले रक्षा बंधन, उसके आसपास बक़रीद फिर कृष्ण जन्माष्टमी फिर गणेश चतुर्थी और यह सारे त्यौहारों की लड़ी बैसाखी पर जा कर रूकती है।  भारत है ही त्यौहारों का देश, यहाँ लोग किसी भी बात पर खुश हो सकते हैं, हाँ नाराज़ या आहत भी ऐसे ही हो जाते हैं। तो यूँ कह सकते हैं कि जहाँ हम किसी भी बात को गंभीरता से ले सकते हैं वहीँ किसी भी बात को बहुत हल्के में भी ले सकते हैं। कभी तो एक बहन से लड़ कर उसे ताउम्र बुलाना छोड़ सकते हैं तो कभी एक धागे से गुंथे एक रिश्ते को जीवन भर निभाते भी रहते हैं। 

पहले पहल इस त्यौहार को सिर्फ़ राखी के नाम से भी जाना जाता था और वह ठीक भी था क्यूंकि मुझे रक्षा बंधन बोलना थोड़ा ठीक नहीं लगता।  रिश्ते निभाना कोई बंधन नहीं होना चाहिए।  वैसे यह त्यौहार मर्दानगी को एक अहम् या अहंकार ही देता है और औरतों को कमज़ोर दिखाना चाहता है। मानो स्त्रियां इतनी निर्बल होती हैं कि भाईयों यानी पुरुषों की मदद के बिना कुछ कर ही नहीं सकती। यह सरासर आधे समाज को यह याद कराते रहने का प्रयास भी है कि वोह अबला नारी है। मर्दों के बिना उसका गुजारा मुश्किल है। हालाँकि असल में ऐसा बिल्कुल नहीं है। आप अपने आस पड़ोस में ही ऐसे कई उदाहरण देख सुन सकते हैं जहाँ एक अकेली औरत, पति के जाने के बाद अकेली ही बच्चों को अच्छे से पाल पोस रही है। 

कभी इस त्यौहार को भाई-बहन के प्यार का प्रतीक भी माना जाता था फिर यह लेन-देन के घटिया चक्कर में बंध कर एक बंधन बन गया।  कोई भी बहन या फिर यूँ कहा जाए ज़्यादातर बहनें भाई को राखी इसलिये नहीं बाँधने जाती कि उन्हें बदले में कोई उपहार या पैसे चाहिए होते हैं बल्कि इसलिये जाती हैं कि उसके कुशलक्षेम की कामना कर सके और बहाने से उसे मिल भी लेती है। देखा जाये तो एक धागा ही है और समझा जाये तो एक मज़बूत रिश्ता भी है। जैसे जैसे भाई बहन बड़े होते जाते हैं यह रिश्ता थोड़ा बदलने लगता है। भाई का अपना परिवार और अपनी प्राथमिकताएं होती हैं और बहन की अपनी। इन दोनों में भाई की पत्नी की भी अलग़ से और बहन के पति की अलग़ से।  अगर तालमेल बैठ जाये तो ठीक वर्ना मनमुटाव तो पक्के हैं। 

मीता का कोई भाई नहीं था, बचपन से कभी ताऊ-चाचा या बुआ जी के बेटे को तो कभी मौसी-मामा के बेटों को ही राखी बांधती रही।  शादी हुई तो देवर जी को भी भाई समझ कर राखी बाँधी और अपने चचेरे भाइयों को डाक से राखी भेज दिया करती थी बदले में वह भी कभी कोई सूट वग़ैरा भेज दिया करते थे।  मीता का ममेरा भाई, राजन, उसी शहर में रहता था तो उसके बहुत कहने पर मीता उसे राखी बाँधने जाया करती थी। राजन की पत्नी पास ही के कस्बे से थी, उसने भी राखी बांधने जाना होता था, तो मीता सुबह सुबह राजन को राखी बाँध कर घर वापिस आ जाया करती थी।  फिर एक बार राजन की पत्नी ने कहा "दीदी, आप तो लोकल ही हो, आप तो शाम को ही आया करो, हमें सवेरे-सवेरे जाना ही ठीक रहता है, वरना फिर सारा दिन बर्बाद हो जाता है।" और फिर उसने राजन की कमाई कम और खर्चे ज़्यादा का भी ज़िक्र किया, बस उसके बाद मीता राजन को राखी बाँधने नहीं गई क्यूंकि यह रिश्ता निभाना शायद राजन को थोड़ा भारी लगने लगा था। 

आगे मीता की दो बेटियां थी, हालाँकि देवर का बेटा था पर मीता ने बेटियों को इस ढंग से तैयार किया कि उन्हें किसी से कोई उम्मीद न रखनी पड़े।  दोनों बेटियां राखी वाले दिन शगुन मात्र के लिए अपने चचेरे भाई को न सिर्फ राखी बांधती बल्कि उसे अच्छे से तोहफ़े भी देतीं ताकि कहीं चाचा-चाची को पांच सौ रुपये देने ना चुभे।  सभी मीता को कहते कि ऐसे नहीं होता पर मेरे विचार से मीता की परवरिश बेहतर है।  इससे रिश्ते बोझ नहीं लगेंगे और त्यौहार की जकड़न महसूस नहीं होगी। शायद रिश्ता थोड़ा और लंबा निभ जायेगा। 


आजकल इस कोरोना काल की वजह से कई बहनें अपने दूर बैठे भाईयों को राखी नहीं भेज सकी होंगी तो वहीँ कई भाई अपनी बहनों को कुछ भेज नहीं पाए होंगे। मेरा उन सभी भाई-बहनों से यही कहना है कि उस रिश्ते को मत ही निभाएं जो एक राखी या तोहफ़ा ना मिलने पर कमज़ोर हो जाये। रिश्ता निभाए तो दिल से ना कि लेन-देन से !

आज के लिए इतना ही। 
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

Monday, 20 July 2020

आचार



आचार का नाम आते ही मुँह में थोड़ा खट्टा और तीखा सा स्वाद आ गया होगा ना। अब आचार चीज़ ही ऐसी होती है कि खाने का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है और यही अगर कहीं किसी माँ, मौसी, बुआ, दादी या नानी के हाथ का बना हो तो क्या ही बात है। पूरे साल की सब्ज़ी होती है यह आचार।  जिन दिनों में यह मेग्गी, ओट्स मील और आजकल के लटरम - पटरम ईजाद नहीं हुए थे ना, तब यह आचार ही होता था जो बची हुई रोटी के साथ पेट भरा करता था। कई बार घर में कुछ स्वाद या यूँ कहूं मतलब का नहीं बना होता तो ये आचार ही काम आता था। कई बार तो कुछ ना भी होता तो मुँह चटपटा करने के लिए एक आध फांक,आम के आचार की, यूँ ही हाथ में पकड़ कर चाटते हुए मैंने कई बच्चों को देखा है। आचार तो कई तरह के होते हैं पर सबसे ज़्यादा प्रचलित आम का आचार ही है।

जब मैं छोटा था तो हमारे घर में भी गर्मियां शुरू होते ही आचार की तैयारी शुरू हो जाया करती थी।  महीने भर के राशन के साथ अलग से मसाले लाये जाते, बीने जाते, धूप में सुखाए जाते और फिर कूटे या पीसे जाते। जून महीने के ख़त्म होते-होते कच्चा आम बिकने तो आना शुरू हो जाता पर माँ को तो इंतज़ार रहता था एक-दो बारिशों का क्यूंकि उनका यह मानना था कि बारिशों के बाद आम में ख़टास बढ़ जाती है।  जुलाई महीने के दूसरे हफ़्ते में घर में आम लाये जाते और फिर उन्हें किसी छोटे बच्चे के जैसे नहलाया जाता और पहले पहल तो उनकी कटाई भी घर पर ही होती थी, लेकिन फिर मंडी से कटे कटाये आने लगे।

मुझे बड़े अच्छे से याद है कि हमारी कॉलोनी में संधू अंकल के घर आम काटने का बड़ा सा औजार हुआ करता था जिसकी बुकिंग होती थी कि आज तो पुरी साहब ले गए हैं, कल खन्ना जी के घर जायेगा, दोपहर को उन्ही से ले लेना और फिर वो कोने वाले चोपड़ा जी के घर पहुंचा देना और हाँ, अच्छे से धो कर और सुखा कर ही देना।  काटते समय बड़ा ध्यान रखना पड़ता था, आम के साथ-साथ अपने हाथों का भी। पिता जी अक्सर टूर पर रहते थे तो मंडी से आम लाने की ज़िम्मेदारी मम्मी की होती थी और हमें साथ में भार उठाने के लिए ले जाया करते थे।  कई बार समझ नहीं आता था कि सारे आम एक जैसे ही तो हैं मम्मी पता नहीं क्या ढूंढ रही है।  जब बड़े हुए तो फ़र्क़ समझ आया कि आम को ऊपर से नहीं अंदर से देखा जाता है।  आम अंदर से सफ़ेद होना चाहिए न कि पीला।

जब आम लेने जाते तो सिर्फ आचार के लिए ही नहीं बल्कि थोड़े से मीठे आचार के लिए, थोड़े से मुरब्बे के लिए और थोड़े से बिना गुठली वाले आचार के लिए भी खरीदे जाते। घर आकर इनकी छटाई होती तो एक दो किलो आम पन्ना बनाने के लिए भी अलग से रख लिए जाते।  जब सब की कटाई हो जाती तो उन्हें धो कर धूप में सूखने के लिए डाला जाता और हमारी ड्यूटी उनकी पहरेदारी पर लगती, हम भी कुछ फांके नमक लगा कर चूस-चूस कर खाते।  सच में बड़ा मज़ा आता था, तब तो गला भी ख़राब नहीं हुआ करता था।  फिर शाम को अचार के मसाले एक बड़े से टब में डाल कर मिलाये जाते और फिर सारे मसाले में कटे हुए आम बड़े अच्छे से मिला कर अलग-अलग बरनियों में भरे जाते।  हर बार मम्मी एक ही कहानी सुनाया करती कि वो जो शोभा आंटी रहती थीं न हमारे घर के पास वो मसाले को ऐसे तैयार किया करती थीं और निर्मला आंटी इसमें थोड़ी हरी मिर्च डाल दिया करती थीं आदि-आदि।

तो कुछ यूँ हर साल, साल भर की सब्ज़ी तैयार हो जाया करती थी और हम अगले दिन से ही उस आचार को चखने की उम्मीद लगाए रहते थे, क्यूंकि कच्चा आचार ज़्यादा स्वाद लगता है। मेरे एक अंकल कहा करते हैं कि अगर खाने के साथ पतिदेव चुपचाप आचार ले लें तो दो बाते स्पष्ट हो जाती हैं।  एक तो खाने में दम नहीं है और दूसरा, पति में भी यह कहने का दम नहीं है। यही अंकल एक बार किसी के घर खाने पर गए तो उन्होंने मीट बनाया हुआ था, खाना शुरू होते ही किसी ने पूछा कि भाई साहब आचार खाएंगे तो अंकल कहने लगे "क्यों बादशाह के सर में ख़ाक डाल रहे हैं, भला मीट के साथ आचार कौन खाता है ?" आचार से रसोई में रौनक सी बनी रहती है, एक तसल्ली भी रहती है कि अगर कुछ न भी हो तो कम से कम आचार के साथ एक समय का खाना तो निपटाया जा सकता है।

आचार की हर बरनी के पीछे एक कहानी, खानदानी कहानी जुड़ी रहती है और यह पीढ़ी दर पीढ़ी, विरासत में आगे बढ़ती रहती है। 


आज के लिए इतना ही। 
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

Thursday, 9 July 2020

मास्क वाली नानी



जब से इस कोरोना नाम की महामारी और इन मतलबखोर नेताओं ने देश को घेरा है तब से आये दिन हम एक से एक नकारात्मक और भयानक ख़बरें सुनते आ रहे हैं।  कहीं कई लोग इलाज के आभाव में मर गए, कहीं किसी ने बदइंतज़ामी की वजह से दम तोड़ दिया तो कहीं किसी ने अपनी नौकरी जाने या काम न मिलने पर आत्मदाह कर लिया।  बड़ा दुःख लगता है ऐसी ख़बरें पढ़-सुन कर पर अक्सर इस सब के बीच कोई न कोई जाबांज चरित्र ऐसा भी उभर कर सामने आता है जो कई लोगो के लिए प्रेरणादायक प्रसंग बन जाता है।  फिर भले ही वह अफसरशाही की असफ़लता के मुँह पर तमाचा मारते हुए एक बच्चे द्वारा हज़ारों मील साइकिल चला कर घर पहुंचने की ख़बर हो या फिर किसी असहाय, लाचार द्वारा आम जनमानस को पहुंचाई गयी मदद ही क्यों न हो।

शहर के सबसे पुराने इलाक़े के एक पुराने से घर में रहती बज़ुर्ग विधवा अमर कौर की कहानी भी ऐसी ही प्रेरणा देती है।अमर कौर जिसे मोहल्ले के ज़्यादातर लोग अमरो कह कर बुलाते हैं, कभी एक भरे-पूरे घर की बहु बन कर इस घर में आयी थी। तब यह घर छोटा सा नहीं था बल्कि यह एक हवेली हुआ करती थी जिसमें चार भाई और एक साथ रहते थे। सबका अलग़-अलग़ कारोबार था और सब एक साथ एक ही रसोई में पकाते-खाते थे। फिर धीरे-धीरे सब अपना हिस्सा लेते गए और अलग होते गए। चार में से तीन भाई अपना हिस्सा बेच कर नयी बसाई कॉलोनियों में चले गए और अमर कौर अपने पति और इकलौते पुत्र के साथ यहीं इस हिस्से में रह गए।

समय ने पहले पुत्र और फिर पति भी छीन लिया और अमर कौर, अमरो बन कर हवेली के इस हिस्से में जाने कब से रह रही है। अमरो ने आजीविका कमाने के लिए दहेज़ में लायी गयी कपड़े सीने वाली मशीन का सहारा लिया और आस पड़ोस की औरतों के कपड़े सीने शुरू कर दिए। इस से दो फ़ायदे हुए एक तो उसका मन लगा रहता दूसरा उसे अच्छी कमाई भी होने लगी और उसकी गुजर बसर लगभग ठीक से होने लगी।  उम्र के साथ काम करने की क्षमता कम होती गयी पर फिर भी इतना तो काम मिल ही जाता था कि घर ख़र्च जितने पैसे कमाए जा सकें। कभी एक दो महीने अगर काम नहीं भी होता तो सारा दिन कुछ पढ़ती रहती या फिर घंटों दरवाज़े में बैठ कर आते जाते लोगों को देखती रहती।

मार्च महीने में जब कोरोना की वजह से लॉकडाउन हुआ तो दो-तीन सूट सिलने के लिए पड़े हुए थे। उनको सिल तो दिया पर कोई लेने के लिए नहीं आया और अप्रैल के महीने में तो कोई नया सिलवाने भी नहीं आया।  घर पर अख़बार भी नहीं आ रही थी और दरवाज़े पर बैठ कर कोई आता जाता भी कम ही नज़र आता था इसलिए बड़ी बोरियत  महसूस करने लगी थी अमरो। फिर एक दिन एक सब्ज़ीवाला आया तो उसने मास्क नहीं पहना हुआ था तो अमरो ने उसे कहा कि तू कल आना मैं तुझे मास्क सिल दूँगी। बस फिर क्या था अमरो को तो जैसे नया काम मिल गया हो उसने झटपट पुरानी बची हुई कतरनों से मास्क बना कर बांटने शुरू कर दिए।  कभी कोई सब्ज़ी वाला, कोई सफ़ाई वाला या फिर कोई मांगने वाला ही क्यों ना हो, वोह बिना भेदभाव सबको मुफ़्त में मास्क बाँटने लगी।


मई महीने में ही अमरो ने दो सौ से ज़्यादा मास्क ख़ुद मुफ़्त में बाँट दिए होंगे। जून के महीने में यह गिनती अचानक से बढ़ कर छह सौ को पार कर गयी। मोहल्ले के छोटे मोटे नेता टाइप लड़के इनसे मास्क बनवा कर ले जाते और अगले दिन अख़बार में खुद की फ़ोटो छपवाते, अमर कौर का कहीं नाम तक नहीं आया। गली मोहल्ले वाले बच्चे तो कई बार ख़ुद मास्क मांगने आ जाते है और उन्होंने ही अमरो को मास्क वाली नानी का नाम दे दिया है। अब अमरो को कमाई तो कोई नहीं होती पर नाम बहुत कमा लिया है। अक्सर ऐसा होता है कि लोग छोटी सी बात से परेशान हो कर कोई ग़लत क़दम उठा लेते हैं तो कई लोग इस आपदा को अवसर में बदल कर मोटी कमाई में जुट जाते हैं, वहीँ कुछ आपको हमेशां ऐसे मिल ही जायेंगे जो हिम्मत ना हारते हुए, विपरीत परिस्तिथियों में भी दूसरों की मदद करने के लिए आगे आते हैं। उनमें से भी कुछ लोगों को तो दुनिया भर की वाहवाही मिल जाती है, हर अख़बार, न्यूज़ चैनल पर उनके चर्चे होते हैं पर ढेर सारे लोग अपना छोटा सा योगदान दे कर अमर हो जाते हैं। यह लोग किसी वाहवाही के भूखे होते भी नहीं हैं।


आज के लिए इतना ही। 
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

Tuesday, 23 June 2020

यमदूत

राजेश चावला का अपना अच्छा खासा बिज़नेस जालंधर के फोकल पॉइंट में। पाइप फिटिंग के कई तरह के सामान बना कर देश भर के अन्य राज्यों में भेजा करते थे। पहले पहल तो राजेश खुद ही सामान सप्लाई करने जाया करते थे फिर कारोबार बढ़ा तो कुछ लोग रख लिए जो देश भर में घूम कर आर्डर लिया करते थे और पैसे भी इकट्ठे किया करते थे। कारोबार बहुत अच्छा चल रहा था और उनके कारख़ाने में भी अब सौ के क़रीब लोग काम किया करते थे। शहर में राजेश के अच्छे ताल्लुकात बने हुए थे।  शहर के लगभग सभी बड़े अफसरों के साथ राजेश का उठना बैठना था। राजेश को पैसा नया-नया मिला था, इसलिए बड़ा अभिमान हो गया था। हर बात पर पैसे की धौंस, हर चीज़ को पैसे से तौलना उसकी आदत बन गयी थी।

जब कारोबार और बढ़ा तो राजेश के दोनों बेटे रोहन और राहुल अपनी पढाई ख़त्म करने के बाद बिजनेस में मदद करने लगे थे।  राजेश ने दोनों को अलग-अलग ज़िम्मेदारी दे रखी थीं , जैसे कच्चा माल मंगाना और उससे अपने उत्पादों को बनाना रोहन की जिम्मेदारी और उस बने हुए माल को बेचना और पेमेंट को देखना राहुल का काम था।  राहुल कई बार कारोबार के विस्तार हेतु अन्य राज्यों में चक्कर लगाता रहता था। रोहन की शादी हो चुकी थी और उसकी एक बेटी यानि राजेश की एक पोती भी थी।

इस साल राजेश ने सोच रखा था कि राहुल की भी शादी करवा कर अपनी ज़िम्मेदारी से मुक्त हो जायेगा।  मार्च का महीना चढ़ते ही राहुल अपना सालाना बहीखाते ठीक करने में जुट गया और सब जगह से पेमेंट इकठ्ठी करने लगा।  इसी सिलसिले में वो टूर पर निकला और चेन्नई, बैंगलोर, हैदराबाद होता हुआ 23 मार्च को कानपुर पहुंचा और फिर कोरोना की वजह से वहीं फस गया। राजेश को लगता था कि बस हफ़्ते दो हफ़्ते की बात है फिर सब ठीक हो जायेगा और राहुल घर आ जायेगा पर ऐसा हुआ नहीं।राजेश ने लाख़ कोशिश की, कि किसी तरह से राहुल वापिस आ जाये पर उसकी एक न चली।  राहुल लगभग चालीस दिन वहीँ किसी होटल में बंद रहा।

किसी तरह से राजेश ने एक बड़े अफ़सर की सिफ़ारिश पर उत्तर प्रदेश के पुलिस महकमे में और प्रदेश के किसी नेता से कहलवा कर राहुल के घर आने का प्रबंध कर ही दिया।  राहुल एक टैक्सी से घर आने के लिए निकल पड़ा।  उत्तर प्रदेश पुलिस ने तो उसे बड़े आराम से निकलने दिया, यही हाल हरियाणा पुलिस के साथ भी हुआ पर पंजाब पुलिस ने राज्य सीमा पर पकड़ लिया।  बहुत सिफारिशें लगाने और दस हज़ार रिश्वत देने के बाद वहाँ से आने दिया मगर जालंधर में ख़बर भी कर दी कि ऐसे एक व्यक्ति सफ़र करते हुए आ रहा है उसे चौदह दिनों के लिए सरकारी क्वारेंटीन सेंटर में रखना पड़ेगा।

राहुल जालंधर पहुंचा तो पुलिस ने उसे क्वारेंटीन सेंटर में भेज दिया, परिवार वालों से मिलने भी नहीं दिया।  राजेश ने अपने रसूख़ और पैसे के दम पर दूसरे ही दिन राहुल को क्वारेंटीन सेंटर से बाहर निकाल लिया और घर ले गया। इतने दिनों बाद मिले थे सब तो बिना कोई परहेज़ किए राहुल सब के बीच उठता बैठता रहा यहाँ तक कि दो दिन बाद वह अपने कारख़ाने में भी जाने लगा।  वहां पर काम कर रहे लोगों से भी मिलता रहा और कानपुर में बिताए दिनों के किस्से सुनाता रहा।  दसवें दिन राहुल को बुख़ार महसूस हुआ तो डॉक्टर के कहने पर कोरोना टेस्ट करवाया तो वो पॉजिटिव निकला। घर के बाक़ी लोगों का भी टेस्ट हुआ तो राजेश की पत्नी किरण और पोती मानवी भी पॉजिटिव निकले उन्हें भी हॉस्पिटल में भर्ती करवाना पड़ा।

पांच दिन बाद बहुत कोशिशों के बाद भी राहुल को बचाया नहीं जा सका और राजेश की पत्नी किरण की हालत भी ठीक नहीं थी हाँ पोती मानवी अब ठीक थी। आगे जब खोजबीन की तो राजेश के कारख़ाने में काम करने वाले सात लोग भी संक्रमित निकले, हफ्ते भर में उनमे से भी दो की मौत हो गयी। राजेश अब तक समझ ही नहीं प् रहा था कि आखिर ग़लती हुई कहाँ। इन दस दिनों में उसे आर्थिक और मानसिक आघात पहुंचा था।  होनहार, जवान बेटा जाता रहा, पत्नी मौत से लड़ रही है और अपने कारख़ाने में कोरोना मरीज़ निकलने और उनकी मौत की वजह से भारी मुआवज़ा देना पड़ा, काम बंद सो अलग़।


 इसी बीच यमराज और चित्रगुप्त आपस में बात कर रहे थे तो चित्रगुप्त ने कहा कि सोच रहा हूँ कुछ नए लोग रख लूँ आजकल कोरोना की वजह से वर्क लोड बहुत बढ़ गया है रोज़ ढेर सारे प्राणी आते है, यमराज जी आपका काम भी तो काफ़ी बढ़ गया होगा इन दिनों। क्या आपने भी नए यमदूत भर्ती कर लिए हैं ? तो यमराज हमेशां की तरह मुस्कुराते हुए बोले "नहीं मैंने कोई नयी भर्ती नहीं की, यह तो राजेश चावला जैसे बुद्धिहीन,पैसे के अभिमानी लोग और पुलिस महकमे के,लालची लोग ही मेरा काम आसान कर देते हैं, मैं इन्ही को यमदूत कहता हूँ। "


आज के लिए इतना ही। 
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

Saturday, 13 June 2020

अस्सी नब्बे पूरे सौ !



सौ मतलब सैंकड़ा यानी के शतक, कितना प्यारा लगता है जब भी कोई चीज़ इस आंकड़े को छूती है।  चाहे वह उम्र का कोई पड़ाव हो या सचिन के बल्ले से निकलने वाले रन या फिर किसी रिश्तेदार द्वारा घर से जाते हुए बच्चों को दिया गया एक नोट,अच्छा तो बहुत लगता है।  बचपन में भी तो खेला ही करते थे अक्कड़ बक्कड़ बम्बे बो, अस्सी नब्बे पूरे सौ और जिसकी ऊँगली पर यह ख़त्म होता था वह अपनी ऊँगली छुपा लेते थे। कई तरह से सौ का इस्तेमाल होता था कई तरह के खेलों में।

जब भी कोई इस आंकड़े को पार करता है तो एक अजीब सी अनुभूति होती है और सगे वाले, चाहने वाले प्रोत्साहित करते हैं कि अब इसमें कुछ और भी जुड़ जाना चाहिए। जैसे किसी ने उम्र के सौ साल पूरे किये हों तो हर कोई चाहता है कि कुछ साल और जीना चाहिए या फिर क्रिकेट खेलते हुए बल्लेबाज़ ने शतक तो बना लिया अब दर्शक चाहते हैं कि यह खिलाडी अगर सौ नहीं तो पचास रन तो और बनाए कम से कम। आपने ध्यान दिया होगा सभी या ज़्यादातर शिक्षा संसथान भी परीक्षा के अंक सौ ही रखते हैं और उसी में से प्राप्त अंक बताये जाते हैं।

कुछ जगह पर अभी भी फल सैंकड़े के हिसाब से मिलते हैं।  जैसे उत्तर प्रदेश में आम सैंकड़े के हिसाब से मिलते थे और मोल-भाव करने पर बेचने वाला अपना रेट तो नहीं घटाता था हाँ सैंकड़ा सौ की जगह एक सो पांच, एक सौ दस का कर दिया करते थे।  कभी केले भी सैंकड़े के हिसाब से बिकते थे फिर दर्ज़न के हिसाब से बिकने लगे।  अंडे तो आज भी सैंकड़े के हिसाब से ही बिकते हैं हाँ आजकल ट्रे और दर्जन के हिसाब से भी बिकते हैं।  ट्रे में तीस और दर्जन में बारह।

कई ऐसे सामान हैं जो हैं तो सौ के ही लेकिन ग्राहक को लुभाने के लिए उसका भाव निन्यानवे रुपये पिच्चानवे पैसे लिख दिया जाता है जिस से ग्राहक के दिमाग़ में सौ का आंकड़ा चुभता नहीं और वह उसकी तरफ आकर्षित हो जाते हैं।  बाटा में आज भी भाव ऐसे ही लिखे जाते हैं। अब यह तो मालूम नहीं कि बाटा शू कंपनी को इस बात का कितना फ़ायदा हुआ या कितना नुक्सान पर यह रेट लिखने का स्टाइल इसकी ख़ास पहचान ज़रूर बन गया है और बहुत से अलग तरह के उत्पादों पर भी आजकल इसी तरह के प्राइस टैग लगे हुए नज़र आते है और आगे भी आते ही रहेंगे।

हमारी तो ढेर सारी कहावतें भी सौ के आसपास ही घूमती नज़र आती हैं जैसे "सौ सुनार की एक लोहार की" मतलब छोटी-छोटी बातों के मुकाबले में एक सायानी बात या फिर "सौ हाथ रस्सा सिरे पर गाँठ" मतलब सारा काम ठीक करते करते अंत में ख़राब कर देना या फिर "नौ सौ चूहे खा कर बिल्ली हज को चली" मतलब बहुत अधिक पाप करने के बाद धार्मिक होने का ढोंग करना या "सौ सयाने एक मत" मतलब बुद्धिमान लोग एकमत हो कर काम करते हैं। तो कुल मिला कर यानी "सौ बात की एक बात" इस सैंकड़े का शतक का बहुत महत्त्व है हर एक की ज़िंदगी में कोई इसे लक्ष्य मानता है तो कोई एक पड़ाव मात्र, अपनी-अपनी सोच है।  दोना सही हैं, ग़लत कोई भी नहीं।

आज यह मेरे खुद का लिखा सौवां ब्लॉग है कुल प्रकाशित तो सौ से ज़्यादा हो गए हैं लेकिन उस में कुछ दूसरों के लिखे हुए भी हैं।  बड़ा अच्छा लगता है जब एक मील पत्थर पार हो जाता है एक लम्बी यात्रा में। आज एक खिलाडी जैसी फ़ीलिंग आ रही है जिस ने अभी-अभी अपना शतक पूरा किया हो।  मैं भी उस खिलाडी जैसे एक बार फिर से एकाग्रता और पूरी निष्ठा से कोशिश करूँगा कि अच्छा लिख सकूँ और कम ग़लतियों के साथ लिख सकूँ। आप सबका प्रोत्साहन और साथ चाहिए। 

आज के लिए इतना ही। 
||  इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

Saturday, 6 June 2020

डैडी



कहते हैं कि बाप तो कोई भी बन सकता है मुश्किल है तो डैडी बनना ! दुनियां में हरेक चीज़ के उत्पन्न होने में किसी न किसी का योगदान ज़रूर रहा है, बस उसी को बाप कहते हैं। जिससे आप प्रेरित हों उसे ही आप पिताजी या डैडी या फिर आज कल के मॉडर्न ज़माने के हिसाब से पापा कह देते हैं।  ऐसे ढेरों लोग हैं जो मजबूरी में, लोक दिखावे में पिता को पिता जी मानते भर हैं दिल में उनके प्रति आदर भाव नहीं रखते।  उनके लिए यह एक थोपा गया रिश्ता मात्र है।  उनके लिए उनकी माता का पति ज़्यादा है पिता कम।

संजीव अपने माता-पिता, यशपाल और सुनीता की इकलौती संतान थी।  यशपाल जी डाक विभाग में कार्यरत थे और रोज़ एक तय समय पर घर पहुँच कर संजीव से दिन भर की बातें पूछते, क्या पढ़ा क्या नहीं ? संजीव को यह अच्छा नहीं लगता और वो सोचता रहता कि कब मैं बड़ा हो जाऊँगा और कब मेरे ऐसे मजे होंगे।  करना क्या है बस सुबह तैयार हो कर ऑफिस जाना है और सारा दिन बैठ कर दो चार लोगों से बाते करनी हैं, कुछ सरकारी कागज़ इधर से उधर रखने हैं और शाम को घर आ कर बिना मतलब के सवाल पूछने हैं। दिन-त्यौहार और इतवार की छुट्टी अलग से, यह बढ़िया है और कहाँ मुझे सारा दिन स्कूल में मास्टर जी से बचना है और फिर घर आकर पिताजी से।  जाने कहाँ से ले आते हैं यह ऐसे सवाल जिनका जवाब मुझे ठीक से पता ही नहीं होता।

संजीव, कई बार यशपाल जी के जूते पहनता तो लगता कि अब बड़ा हो गया हूँ, फिर जब संजीव का पैर यशपाल जी के पैर के बराबर हो गया तो लगा कि बड़ा हो गया हूँ।  कॉलेज खत्म करने के बाद संजीव एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करने लगा हालाँकि उसकी ड्यूटी का समय तो निश्चित था पर अक्सर एक-दो घंटे ज़्यादा काम लिया जाता।  समय आया तो संजीव की शादी हुई, बच्चे हुए और संजीव को लगा कि वो बड़ा हो गया है तभी किसी वजह से वह कंपनी बंद हो गयी और संजीव ने काफी नौकरी ढूंढ़ने के बाद फैसला किया कि अब कोई दुकान खोली जाएगी।  संजीव ने घर के पास ही एक दुकान रेडीमेड कपड़ों की शुरू कर दी। बड़ी मेहनत से काम करने के बावजूद काम कोई बहुत अच्छा नहीं चल रहा था रोज़ के पैसे आते और रोज़ ख़त्म भी हो जाते,पिता जी की पेंशन भी आ जाती थी तो गुजर-बसर हो जाती थी। संजीव जब अपने बच्चों से घर आने के बाद सवाल पूछता तो महसूस करता कि वो सच में बड़ा हो गया है। कई बार संजीव अपने पिता से इस बात पर उलझ जाता कि अब बस भी करो समझाना, अब मैं भी बड़ा हो गया हूँ!

सारा कुछ लगभग ठीक ही चल रहा था कि कोरोना की वजह से लॉकडाउन शुरू हो गया, पहले पहल तो लगा कि एक दो हफ़्तों में सब ठीक हो जायेगा पर जब मार्च का महीना ख़त्म हुआ तो अगले महीने के राशन की व्यवस्था के लिए पैसे नहीं थे। यशपाल जी ने संजीव को उदास देख कर उसके कंधे को थपथपाते हुए कहा बेटा किसी किस्म की कोई चिंता ना करना, कोई भी खर्चा पैसों की कमी के कारण रोकना मत।  बच्चों का जो भी खाने का मन हो ला देना पैसे हैं मेरे पास। पहले अप्रैल और फिर मई भी इसी तरह निकला, तो संजीव को समझ आ गया कि कोई भी उम्र से चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो जाये पिता से बड़ा नहीं हो सकता।  पिता तो पिता ही रहेगा और बड़ा भी वही रहेगा।

मेरे भी पिताजी सरकारी नौकरी करते थे, महीने में एक या दो बार इतवार को उनसे मिलना होता था उसमे भी वो ज़्यादातर सोते थे या फिर किसी दोस्त के साथ समय गुजारते थे। मुझे याद नहीं कि कभी मैं उनकी गोदी में बैठ कर खेला हूँ, बड़े हो जाने के बाद यह ख्याल आता था तो शायद कोई धुंधली सी याद ही सामने आती थी।  फिर पिछले साल पिताजी बीमार हुए और उनको रेडियो थेरेपी के लिए आठ हफ़्तों के लिए लगातार हॉस्पिटल ले कर जाना पड़ता था।  एक दो बार कार से लेकर गए तो कभी पार्किंग का झगड़ा तो कभी ट्रेफिक जाम को देखते हुए फैसला हुआ कि अब स्कूटर पर ही जायेंगे।  स्कूटर पर जाने से दो फायदे हुए, एक कि हम जल्दी से हॉस्पिटल पहुँच जाते और जल्दी से वापिस भी आ जाते।  दूजा, जब पिताजी मेरे पीछे बैठते तो ट्रैफिक की वजह से अपनी टाँगे मेरे साथ सटा कर बैठते और मुझे महसूस होता कि मैं उनकी गोदी में बैठा हुआ हूँ।

सारे गधे बाप तो ज़रूर बनते होंगे और कुछ को ज़रुरत के वक़्त भी बाप बनाया जाता है, मुश्किल तो है डैडी बनना और बनाना।  आप तमाम उम्र गलतियां करते रह सकते हो अगर डैडी आपके साथ हैं। डैडी एक विकेट कीपर की तरह आपकी सारी गलतियों को पकड़ते रहते हैं ताकि आपका कम से कम नुक्सान हो और साथ के साथ वो आपको बताते भी रहते हैं कि कब, कैसे और क्या करना चाहिए। पिता एक इंजन की तरह छुप कर कार को चलाता रहता है और लोग भी यही कहते-समझते हैं कि कार चल रही है असल में चल तो इंजन ही रहा होता है और उसकी वजह से ही कार जाने कहाँ से कहाँ पहुँच जाती है।  अगर इंजन रुक जाये तो फिर कार को बचाना बहुत मुश्किल होता है, तब वह टुकड़े-टुकड़े हो के बिखर जाती है। पिता के जाते ही यही हाल कई परिवारों का होता है।

पिता की उपलब्धियों पर तो कोई भी गुरूर कर सकता है, मज़ा तो तब है, उपलब्धि आपकी हो और गुरूर पिता करें !

आज के लिए इतना ही। 
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

Sunday, 31 May 2020

थाली


जीना है तो खाना ही पड़ेगा, पर हर किसी के खाने का तरीका, सलीक़ा, ढंग अलग होता है। कोई थोड़ा खा कर संतुष्ट है तो कोई ज़्यादा खा कर भी भूखा। किसी को खाना उगाने में कड़ी मेहनत तो किसी को बनाने में। किसी को कमाने के लिए घंटों मेहनत करनी पड़ती है तो किसी को खाना पचाने के लिए घंटो जिम में पसीना बहाना पड़ता है हालाँकि जिम तो आजकल एक फैशन भी बन गया है और एक स्टेटस भी। हाँ मेहनत करना तो कतई फैशन में नहीं है। किसी के लिए खाना एक ज़रुरत है तो किसी के लिए सारे दिन में होने वाली एक छोटी सी,  मामूली सी घटना मात्र होती है।

आजकल आप किसी समारोह में शामिल हों तो आप देख सकते हैं सादे से सादे आयोजन में कई तरह के व्यंजन प्रस्तुत किये जाते हैं।  पहले तो शादी के समारोह में भी बिल्कुल सादा खाना परोसा जाता था, लंगर जैसा, और वो भी पत्तल पर, ज़मीन पर पंगत में बैठ कर। फिर सबका स्तर ऊपर उठता गया और खाना मेज पर आ गया और सब खड़े हो कर खाने लगे।  अब तो इतनी तरह के व्यंजन होते हैं कि लाख़ कोशिश करने पर भी आप सब को चख नहीं सकते, चखना तो दूर आपको मालूम ही नहीं होता कि कितनी प्रकार के खाने परोसे गए हैं।  हफ़्ते दो हफ़्ते बाद भी लोग जिक्र करते रहते हैं कि वोह जो खाना वहां खाया था वैसा पहले कभी नहीं खाया।

अब इसमें भी खाने का तरीक़ा अलग-अलग होता है, कोई तो एक बार में गया और अपनी प्लेट इस तरह से भर लाया कि मानो दोबारा खाना नसीब ही नहीं होगा।  उसमें सुखी सब्ज़ी भी तरी वाली बन जाती है और सादी दही भी दाल वाला रायता बन जाता है। चपाती एकदम दाल से सराबोर ग्रास तोड़ते हुए आधी उँगलियाँ दाल में डूब जाती हैं।  वहीँ शादी समारोह में आपको एक-दो पढ़े लिखे लोग भी मिल जायेंगे जो हर एक स्टाल पर जायेंगे और देखेंगे कि कहाँ क्या परोसा जा रहा है।  कुछ लोग हाथ में प्लेट-चम्मच उठाये हर स्टाल से ज़रा सा अपनी प्लेट में डालते हैं, चखते हैं और फिर आगे बढ़ते रहते हैं। यह वही लोग हैं जो महीना भर इस भोज का विश्लेषण करते रहते हैं।

अमूमन घरों में भी कुछ लोग ऐसे होते हैं जो बड़े सलीके से अपनी थाली को सजाते हैं, परोसी गयी हर चीज़ इनकी थाली में मिल जाती है।  एक कटोरी में दाल, एक में दही,प्लेट में सुखी सब्ज़ी, पापड़, अचार, चटनी और फिर बहुत ही आहिस्ता-आहिस्ता से एक-एक कौर का आनंद उठाते हुए खाते हैं।  वहीँ ऐसे भी होते हैं जो सब कुछ एक साथ मिला कर खाने को एक कार्य की तरह से झट से निपटा डालते हैं। ऐसे लोग एक चपाती दो या तीन कौर में निपटा डालते हैं और कई अभी अपनी थाली सजा ही रहे होते हैं और यह अपनी थाली धोने के लिए भी रख देते हैं।


मेरे एक जानकार ऐसे भी हैं कि वो जब कभी हमारे यहाँ खाने पर आते तो खाना परोसे जाने से पहले ही बोल देते कि मुझे सिर्फ एक दाल या सब्ज़ी से बस एक फुल्का दे दीजिये, दाल सब्ज़ी भी आप अपनी पसंद से मुझे दीजिये।  वो कहते हैं कि ज़्यादा चीज़ें होने की वजह से मैं कंफ्यूज हो जाता हूँ कि अगला ग्रास किस चीज़ के साथ खाऊं और खाना खाते हुए मैं अपने दिमाग़ पर किसी किस्म का ज़ोर नहीं डालना चाहता। अब इसमें उनका तर्क भी सही है कि खाना तो ऐसा होना चाहिए जो कि खाने वाले को संतुष्ट करे न कि परेशान करे।  एक जानकार ऐसे भी हैं जिन्हे आप चाहे छत्तीस भोज परोस दो वो झट से पूछ लेंगे वो फलाना आचार नहीं था क्या ? उनका ध्यान इस बात पर रहेगा कि आपने उन्हें क्या नहीं परोसा।

खैर मेरा यहाँ किसी को सही या ग़लत बताने की कोई इरादा नहीं है, यह तो सबका अपना तरीका है और यही सही है।  कुछ लोग जीने के लिए खाते हैं तो कुछ खाने के लिए जीते हैं दोनों सही हैं। हर एक इंसान दुसरे से अलग है, हर एक का संतुष्टि का एक अलग स्तर है और इसी को देखते हुए कई होटल या रेस्तरां अलग-अलग चीज़ें परोसने के साथ-साथ एक थाली का भी विकल्प देने लगे हैं, थाली में कुछ निर्धारित व्यंजन पहले से लिखे रहते हैं। मज़ेदार बात तो यह है कि यहाँ थाली लेने वाले को कम सोचना पड़ता है और मेन्यू कार्ड पढ़ कर आर्डर करने वाले को ज़्यादा माथापच्ची करनी पड़ती है। जैसा भी हो भोजन पेट भरने से ज़्यादा संतुष्ट करने वाला होना चाहिए।

" कुछ लोगों के लिए खाना ही दवा है और कुछ के लिए दवा ही खाना "

आज के लिए इतना ही। 
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

Sunday, 24 May 2020

औलाद

विजय और विकास बचपन से एक ही सरकारी कॉलोनी में रहते थे,दोनों के पिता एक ही ऑफिस मैं काम करते थे। एक ही स्कूल में पढ़े फिर एक ही कॉलेज में एडमिशन लिया और एक साथ ग्रेजुएशन करने के बाद लगभग एक ही साथ नौकरी पे लगे।  दोनों में प्यार ऐसा कि लोग दोस्ती की मिसाल दिया करते थे। सारा दिन अपने काम पर बिजी रहते और जैसे ही समय मिलता दोनों एक साथ नज़र आते।एक के घर पर कोई काम होता तो दूसरा भी पहुँच जाता और ऐसे काम में लग जाता कि मानो अपने ही घर का काम हो। कॉलोनी के लोग उन्हें कभी राम-लखन तो कभी जय-वीरू की जोड़ी कह कर बुलाते थे। कई लोग तो उन्हें भाई ही समझते थे।

शहर में एक नई कॉलोनी बनाई गयी तो दोनों परिवारों ने मिल कर घर बनाने की सोची और घर भी एकदम साथ-साथ बनाये गए बिल्कुल सटे हुए। विजय की शादी के कुछ दिनों के बाद विकास की भी शादी हो गई। दोनों जोड़े घूमने भी साथ ही जाते। विवाह के एक साल बाद ही विजय के घर एक बेटा, विवान पैदा हुआ और उसके दो साल बाद एक बिटिया,गुंजन ने जन्म लिया। विकास के पास ऐसी कोई खुशखबरी नहीं थी। हालाँकि अकेले में बैठ विकास इस बारे में बहुत सोचा करता था पर प्रत्यक्ष में कभी किसी पर ज़ाहिर नहीं होने दिया। अगर कोई कह भी देता तो विकास झट से विवान या गुंजन को उठा लेता और कहता कि यह भी तो मेरे ही बच्चे हैं।

काफ़ी कोशिशों के बाद भी विकास के घर कोई अच्छी ख़बर नहीं आ सकी। इसी बीच विजय की पत्नी ने फिर से ख़ुशख़बरी सुनाई, हालाँकि वह और बच्चा नहीं चाह रहे थे पर सबके कहने पर फ़ैसला हुआ कि यह बच्चा विकास गोद ले लेगा। पहले-पहल तो विकास ने मना किया पर बड़ों के सामने उसकी एक न चली और उसे मानना ही पड़ा। उन्होंने सारे कागज़ तैयार करवा लिए और जब समय आया तो विजय की पत्नी ने एक बड़ी सुन्दर सी बेटी को जन्म दिया।  विकास उसे हॉस्पिटल से ही अपने घर ले आया सारी कानूनी औपचारिकता पूरी कर ली गयी । उसका नाम मेहर रखा गया।दोनों घरों में माहौल बहुत खुशनुमा सा हो गया।

तीनों बच्चे एक साथ खेलने और बड़े होने लगे।  एक ही स्कूल में दाख़िला और विवान के बड़े होने की वजह से गुंजन और मेहर को स्कूल में कभी किसी ने तंग भी नहीं किया।  मेहर को कभी पढ़ाई में कुछ समझ नहीं आता तो झट से विवान के पास पहुँच जाती और विवान भी पुरे मन से उसे समझाया करता, पूरी तरह से उसकी मदद करता।  विवान पढ़ने के लिए कनाडा चला गया, दोनों घरों में थोड़ी से बेरौनकी सी हो गयी लेकिन अक्सर उसका फ़ोन आता तो दोनों परिवार मिल कर उससे वीडियो कॉल कर लेते तो अच्छा लगता। विवान ने चार सालों में वहां की नागरिकता हासिल कर ली पर अभी तक वापिस नहीं आया था हाँ, विजय एक बार उससे मिल आया था।


मेहर ने भी अपना स्कूल खत्म करते ही आगे पढ़ने के लिए कनाडा में जाने की जिद की तो विकास मान गया और फिर फ़ैसला हुआ की विवान के पास ही भेज दिया जाये।  विवान ने भी हाँ कर दी और फिर मेहर भी कनाडा पहुँच गयी। लगभग दो साल में मेहर ने भी अपनी पढ़ाई पूरी करके वर्क परमिट हासिल कर लिया और इसी बीच गुंजन की शादी तय हो गई।  दोनों बच्चों की आने की तारीख के हिसाब से ब्याह की तारीख़ पक्की कर दी गयी। सब बहुत ख़ुश थे। बड़े दिनों बाद कोई बड़ी ख़ुशी आने वाली थी।  विवान और मेहर कहने लगे कि कोई बड़ा सा सरप्राइज देंगे आप सब को।  किसी की समझ में नहीं आ रहा था कि यह क्या हो सकता है।  हर कोई समझ रहा था कि शायद गुंजन के लिए कोई बड़ा तोहफ़ा हो सकता है या फिर उसको भी अपने साथ बाहर ले जाने का प्रोग्राम होगा।


जिस दिन दोनों की फ्लाइट आनी थी, विजय और विकास उन्हें लेने गए। फ्लाइट आयी तो पहले मेहर नज़र आयी उसने दुल्हन जैसे कपड़े पहने हुए थे, मांग में सिन्दूर, कलाई में चूड़ा देख कर विकास चौंक गया।  तभी विवान भी सामान वाली ट्रॉली ले कर आता नज़र आया।  दोनों एक साथ आये और विजय-विकास से गले मिले और कहा यही है हमारा सरप्राइज, हमने कल शादी कर ली है। विजय और विकास दोनों के कानों में मानों किसी ने उबलता हुआ लावा डाल दिया हो, दोनों भौचक्के से कभी एक दुसरे को देखते तो कभी बच्चों को।  समझ नहीं आ रहा था कि क्या कहा जाये, कैसे और क्या समझाया जाये। यह सरप्राइज नहीं यह तो अनर्थ हो रहा था। विजय दोनों बच्चों को लेकर एयरपोर्ट के नज़दीक एक होटल में ले गया और विकास घर गया दोनों की पत्नियों को लेने।


लगभग एक घंटे बाद सब होटल के कमरे में बैठे थे अब सच बाहर आ चूका था और विवान-मेहर अभी भी अपनी ज़िद पर अड़े हुए थे कि हम दोनों एक साथ ही रहेंगे। अब हम अलग़ नहीं रह सकते। सबने बहुत समझाया पर बच्चों ने किसी की भी न सुनी और यह फ़ैसला हुआ कि वह अगली फ्लाइट से वापिस जा रहे हैं। अगले दिन वह दोनों बिना किसी से मिले वापिस चले गए। गुंजन की शादी में भी सब बुझे-बुझे से नज़र आये।  सारी रस्में रिवाज़ बस किसी तरह से निपटाए गए।  डोली जाने के बाद विजय और विकास बहुत देर तक रोते रहे।  कल तक उनके पास तीनों बच्चे थे और आज एक भी नहीं।

क्या होता अगर विकास के कोई बच्चा नहीं होता ? मरने के बाद गति न होती ? पर कम से कम जीते जी ऐसी दुर्गति भी तो नहीं होती।

आज के लिए इतना ही। 
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

Friday, 8 May 2020

सीधी बात



जालंधर जिले में शहर से लगभग आधे घंटे की दूरी पर बसे गाँव कंदोला में गुरबचन सिंह अपने परिवार के साथ रहते थे। गाँव में सबसे प्रगतिशील और पढ़े लिखे किसान थे, ज़मीन भी बहुत थी और खेती के सारे आधुनिक औजार सबसे पहले इनके पास ही आते थे। गुरबचन सिंह जी का बेटा मनजीत सिंह भी पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी से डिग्री हासिल करने के बाद पिता के साथ मिल कर खेती ही करता था, हाँ उसका तरीका काफी आधुनिक था जिसे हाइड्रोपोनिक्स कहते हैं मतलब पानी पर खेती। पूरे पैंतालीस खेत थे इनके पास और मनजीत की खेती के लिए सात खेत अलग़ से। ज़मीनी खेती में तो रबी और खरीफ़ की फ़सलों के इलावा गुरबचन सिंह फूलों की खेती करने में भी माहिर थे।


इस साल गेहूं की फसल बहुत अच्छी होने की उम्मीद थी पर जैसे ही साल शुरू हुआ कोरोना की ऐसी मार पड़ी कि लगने लगा, कुछ भी नहीं बचेगा।  गुरबचन सिंह जी के पास बिहार से आये हुए दस मज़दूर खेत के पास बने पुराने घर में अपने परिवारों के साथ रहते थे। कोरोना के डर से जब सब कुछ बंद हो गया तो इन मज़दूरों ने दिन-रात एक कर कंबाइन की मदद से सारी गेहूँ काट डाली और अब हर रोज़ मनजीत सिंह गेहूं ले कर शहर की मंडी में बेचने जाया करता था।  आम दिनों में तो जल्दी घर आ जाया करते थे पर आजकल कोरोना की वजह से हर काम धीरे-धीरे होता था तो घर पहुँचते हुए शाम हो जाती थी।

आज फिर मनजीत ने शहर जाना था तो पिता गुरबचन सिंह जी को अपनी हाइड्रोपोनिक्स में तैयार फसल की कटाई का जिम्मा दे दिया, उन्हें करना कुछ नहीं था बस वहां जा कर सब्ज़ी को अच्छे से ड़िब्बों में डलवाना था। जब गुरबचन सिंह जी खेतों में जाने लगे तो उनका पोता फ़तेह सिंह भी साथ चलने की ज़िद करने लगा।  गुरबचन सिंह ने सोचा कि चलो बड़े दिनों से यह भी घर में ही बंद है तो चलो खेतों तक ले ही चलता हूँ।  गुरबचन सिंह ने अपना स्कूटर निकाला तो बड़े दिनों से चला न होने की वजह से स्टार्ट ही नहीं हुआ।  किसी ने बताया कि वो गली की नुक्कड़ पर मिंटू मिस्त्री ने आज से दूकान खोली है तो उसके पास ठीक करने के लिए चले गए।  उसने देखते ही सारे काम छोड़ सबसे पहले गुरबचन सिंह जी का स्कूटर देखा और ठीक कर दिया। गुरबचन सिंह ने पैसे पूछे तो कहने लगा ताया जी इन दिनों एक दूजे का ही आसरा है तो पैसे मत दीजिये, मेरी तरफ से मदद समझ लीजिये। गुरबचन सिंह जी ने मिंटू को शाबाशी दी और कहने लगे "बेटा यही सच्चा धर्म है, हम सबको इस मुसीबत की घडी में सबके काम आना चाहिए, पैसे तो सारी उम्र कमा लेते हैं, पुण्य भी कमाना चाहिए" यह कहते हुए स्कूटर को किक मारी और खेत की तरफ चल पड़े।

जब खेत पर पहुंचे तो देखा फलियों की फ़सल आज तैयार थी और डिब्बों में भरी जा रही थी। कुछ फलियां ऐसी भी थीं जिन पर पानी के कुछ निशान थे इसलिए उन्हें गाँव में ही बेच दिया जाना था। गुरबचन जी बैठ कर छंटनी करवा रहे थे और नन्हा फ़तेह सारे काम को बड़े गौर से देख-समझ रहा था तभी गाँव की एक विधवा,जो दूसरों के घरों में काम करके गुजारा करती थी, आ गयी और थोड़ी फलियां मांगने लगी।  कहने लगी कि लोग घरों में काम नहीं करवा रहे इसलिए पैसे भी नहीं हैं, अगर आप सब्ज़ी दे दें तो एक टाइम का खाना हो जायेगा।  गुरबचन सिंह जी ने उसे डांटते हुए भगा दिया। फ़तेह से रहा नहीं गया और बोल पड़ा - दादा जी, अभी आप मिंटू को तो बड़ा समझा कर आये हो पर खुद तो वैसा बिल्कुल नहीं कर रहे जैसा बोलते हो, ऐसा क्यों ? क्या अच्छी बातें सिर्फ बोलने के लिए ही होती हैं ?

हालाँकि गुरबचन सिंह जी को गुस्सा तो बहुत आया पर नन्हे फ़तेह की बातों ने उन्हें झकझोर कर रख दिया, एकदम लाजवाब से हो कर उन्होंने उस औरत को न केवल बढ़िया वाली फलियां और आलू दिए बल्कि कुछ पैसे भी दिए और कहा कि कुछ और भी चाहिए तो बता देना मैं भिजवा दूंगा। फ़तेह ने एक बहुत बड़ा सबक़ सिखाया था आज अपने दादा जी को और दादा जी ने भी फ़तेह को गले लगाते हुए माफ़ी भी मांगी और वादा किया कि अब उस औरत के खाने का इंतज़ाम वही करेंगे। अच्छी बातें तो हर कोई कर लेता है ज़रुरत है तो उन्हें सही मायने देने की।  बस यही एक कमी रह जाती है समाज में।  हमारे नेता, पुरोहित और धर्म गुरु सारा दिन बड़ी-बड़ी बातें तो करते रहते हैं लेकिन असलियत में नतीजा वही ढाक के तीन पात ! मंत्री जी सब से कहते हैं दूसरों की मदद करो और ख़ुद मात्र अपना पेट और तिजोरी भरने में व्यस्त हैं।  इस आपदा में भी देश या जनता का ना सोचते हुए सिर्फ अपनी राजनीति चमकाने में लगे रहते हैं।

आज के लिए इतना ही। 
||  इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

Friday, 24 April 2020

सबक


राय गढ़ की एकदम नई बनी कॉलोनी चन्दन विहार में अभी हाल ही में शिफ्ट हुए केवल शर्मा परिवार की माली हालत बहुत अच्छी नहीं थी, अकेले केवल जी कमाने वाले और घर में छह लोग खाने वाले।  ऊपर से माँ बाबू जी की दवाई का खर्चा और अपने खुद के दो बच्चे कॉलेज में पढ़ने वाले। पुरानी मंडी के पास छोटी सी किराने की दूकान से बहुत अच्छी कमाई नहीं हो रही थी आजकल।  बेटा रमन और बेटी शिप्रा अब शहर के अलग-अलग सरकारी कॉलेज में पढ़ते थे।  रमन बी. ऐ. फाइनल में और शिप्रा अभी हाल ही में कॉलेज में दाखिल हुई थी, बी. कॉम. में।  दोनों की उम्र में लगभग दो साल का फ़र्क़ था। रमन का कॉलेज शिप्रा के कॉलेज से नज़दीक ही पड़ता था।

दोनों बच्चे बस से ही आया-जाया करते थे, इससे पैसे भी बचते थे और स्कूटर, हेलमेट, लाइसेंस और पेट्रोल का झंझट भी नहीं रहता था। रमन तोपखाना रोड पर दीवान मूलचंद डिग्री कॉलेज में और शिप्रा उसके तीन स्टॉप आगे कमला नेहरू गर्ल्स कॉलेज में पढ़ा करते थे। रोजाना सुबह दोनों के जाने का समय तो लगभग एक ही होना चाहिए था परन्तु रमन घर से थोड़ा जल्दी ही निकल जाता था यह कह कर कि उसे जल्दी पहुँच कर कुछ नोट्स तैयार करने हैं या फिर आज एक्स्ट्रा क्लास है। असल में वो और उसका दोस्त अजय सवेरे वाली बस में जा रही लड़कियों को छेड़ते थे।  बस में भीड़ होने की वजह से वो दोनों लड़कियों को कभी कभार छू लिया करते थे और फिर सारा दिन उनके बारे में बातें बनाया करते थे कि  फलां लड़की ऐसी है यो वो लड़की वैसी है।


अक्सर रमन और अजय कमला नेहरू कॉलेज तक बस में लड़कियों को छेड़ते हुए जाते और फिर वापिस अपने कॉलेज तक या तो पैदल आ जाते या फिर किसी से लिफ्ट ले कर।  यह सारी मस्ती हफ्ते के चार-पांच दिन होती ही रहती थी और यह चालीस मिनट का खेल चलता ही रहता था। रमन पहले घर से निकलता और शिप्रा बाद में और चार-पांच बसों के फासले पर दोनों अपने-अपने कॉलेज पहुँच जाया करते। उस दिन भी ऐसा ही हुआ रमन अपने घर से जल्दी से निकला और फटाफट बस में चढ़ गया,बस में बहुत ज़्यादा भीड़ थी रोज़ की तरह,अगले ही स्टॉप पर अजय भी बस में आ गया और इन दोनों ने अलग-अलग सीट पर बैठी लड़कियों को तंग करना शुरू कर दिया।

अभी दस मिनट ही हुए थे बस को चलते कि अचानक से बस रुक गयी, जब पता किया तो मालूम हुआ कि बस का टायर फट गया है और अब यह आगे नहीं जायेगी।  सभी सवारियों को वहीं उतार कर बस को सड़क के किनारे खड़ी कर दिया गया। कुछ लोगों को बस के कंडक्टर ने पीछे से आने वाली बसों को रुकवा कर बैठाना शुरू कर दिया। सुबह का समय था, भीड़ बहुत ज़्यादा होने की वजह से बसें भर कर ही आ रहीं  थीं खैर रमन को कौन सा जल्दी थी कॉलेज पहुँचने की इसलिए वोह आराम से एक लड़की के पीछे खड़ा हो कर कम भीड़ वाली बस का इंतज़ार करता रहा।

दस मिनट और चार बसों के बाद एक बस आयी तो रमन उसी लड़की के पीछे-पीछे चढ़ गया इस नीयत से कि भीड़ ज़्यादा होने के चलते आज आसानी से उस लड़की को कहीं भी छू सकूंगा। रमन उस लड़की से एकदम सट कर खड़ा था और बीच-बीच में अपने बालों को ठीक करने या जेब में हाथ डालने के बहाने लड़की को छूने लगा।  उस लड़की को भी थोड़ा अटपटा लग रहा था पर यह तो उनके साथ रोज़ ही होता है और कोई चारा भी नहीं है यह सोच कर वोह चुपचाप सब सहती रही।  रमन का कॉलेज आया, बस थोड़ी खाली हुई तो जहाँ उस लड़की ने थोड़ी रहत की सांस ली, वहीँ रमन की नज़र आगे वाली सीट पर बैठी शिप्रा पर गयी।

रमन घबरा गया कि कहीं शिप्रा भी उसे देख न ले और हड़बड़ी में वोह बस से उतरने ही वाला था कि उसने देखा शिप्रा की सीट का पास खड़ा एक लड़का शिप्रा के दुप्पट्टे को छू रहा है। देखते-देखते  उस लड़के ने शिप्रा के कंधे को भी छूना शुरू कर दिया। रमन अभी भी सोच ही रहा था कि उस लड़के को रोकूं तो कैसे ? पर अब उसकी अंतरात्मा भी उसे धिक्कार रही थी कि उसकी खुद की भी तो यही हरकतें थी आज सुबह से पर क्यूंकि आग अपने घर पर लगी तो ताप महसूस हुआ।  इतने में शिप्रा का कॉलेज आ गया और रमन बस से उतरने की हिम्मत न जुटा  पाया। अगले स्टॉप पर उतर कर पैदल वापिस आते हुए वो अपनी हरकतों पर बहुत शर्मिंदा था।  आज उसका मन कॉलेज जाने का नहीं हो रहा था क्यूंकि आज ज़िंदगी ने बहुत भारी सबक सिखा  दिया था। रमन ने कसम खायी की कल से वो ऐसी कोई हरकत नहीं करेगा और शिप्रा को बस में अकेले नहीं जाने देगा।


जीवन में बहुत सी बातें हम आसानी से नहीं समझते तो ज़िंदगी हमें कई बार बुरे तज़ुर्बे बहुत कुछ अच्छा समझा देतें हैं। आप सब घर में रहें स्वस्थ रहें बस इसी मनोकामना सहित आज के लिए इतना ही। 


||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
enable_page_level_ads: true
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", });
</script>

Tuesday, 21 April 2020

अधूरे सपने

चमन लालजी के दो सुपुत्र थे, कमल कुमार और पंकज कुमार। दोनों की उम्र में लगभग पांच वर्ष का अंतर था।  कमल बड़ा और पंकज छोटा। दोनों भाई एक ही घर में इकट्ठे रहते थे अपनी-अपनी पत्नियों और बच्चों के साथ। अच्छा भला हँसता खेलता सा परिवार था,पूरा दिन कहाँ और कैसे निकल जाता था पता ही नहीं लगता था। कभी एक की मस्ती कभी दुसरे की खिंचाई। बस सारा दिन उधम मचाए रखते थे सब, कभी लगा ही नहीं कि और मनोरंजन होना चाहिए बस यही सब रूठने मानाने का सिलसिला चलता था। कभी-कभी बात बढ़ जाती तो केस कमल भैया के पास चला जाता और उनसे भी बात न बनती तो फिर चमन लाल जी के पास निपटारा होता। पंकज थोड़ा चंचल स्वभाव का था और कमल गंभीर। जहाँ कमल थोड़ा गंभीर सा फैसला सुनाता वहीँ पंकज बात को मज़ाक में टाल जाया करता।


अभी जनवरी महीने की बात थी, किसी छोटी सी बात पर बहस ऐसी चली के किसी से न संभली, दोनों भाई अपने-अपने बच्चों के पक्ष में दलील देते हुए एक दूजे से ऐसे उलझे कि चमन लाल जी भी न सुलझा पाए। दोनों बहुऍं जो आज तक एक दूजे को सगी बहनों जैसे मानती थीं, आज मुँह फुला कर बैठी थीं। बात अलग होने तक पहुँच गई। चमन लाल जी ने भी सारे बच्चों को अलग-अलग और फिर एक साथ बैठा कर समझा कर देख लिया पर जब कोई हल निकलता नज़र नहीं आया तो बड़े भारी मन से बंटवारे का फैसला सुना ही दिया। दोनों परिवारों के सामने सुझाव रख दिया के एक परिवार ऊपर वाले हिस्से में चला जाए और दूसरा नीचे वाले हिस्से में।  ऊपर वाले हिस्से में क्योंकि कोई रसोई नहीं है इसलिए ऊपर एक रसोई बना दी जाए। लगभग एक-डेढ़ महीने में सारा काम निपट ही जायेगा,तब तक बहुएँ अपना-अपना खाना अलग बना सकती हैं तो ठीक वर्ना जैसे चल रहा है वैसे ही चलेगा कुछ दिन। 

नक्शा बनवा कर पूरी तैयारी होने लगी, मार्च महीने में होली के बाद तुरंत ही मिस्त्री-मज़दूर घर में घुस आए और अपना काम शुरू कर दिया। पहले थोड़ी तोड़फोड़ होनी थी और नयी रसोई के लिए जगह बनानी थी। पंकज और उसकी पत्नी ने ऊपर वाला हिस्सा लेना था इसलिए आये दिन बाज़ार के चक्कर लगने लगे कभी कोई नए डिब्बे तो कभी नए बर्तन ! सब कुछ नया-नया !बहुत खुश थे दोनों, नए सपने देखते कि ऐसा करेंगे या वैसा खाना बनाएँगे,पर बीच-बीच में मन में डर  सा भी लगा रहता कि क्या अकेले से संभल भी पाएगा सब कुछ ? खैर यह सब करते करते दस दिन कब निकल गए पता ही नहीं चला और इसी बीच प्रधान मंत्री जी ने एक दिन अचानक से जनता कर्फ्यू की घोषणा कर डाली। अगले दिन कोई काम नहीं हुआ उससे अगले दिन भी मज़दूर सिर्फ अपनी बकाया दिहाड़ी लेने ही आये और फिर हुआ "कोरोना" की वजह से लॉक डाउन मतलब पूरा काम बंद।


दोनों भाई और सारे बच्चे घर पर ही बंद हो कर रह गए थे, कुछ करने को भी तो नहीं था। दो-तीन दिन घर में थोड़ा तनाव सा रहा पर फिर एक दिन बच्चों ने मिल कर खेलना शुरू कर दिया। पांचवे या छठे दिन दोनों भाई भी एक साथ पिता के कमरे में नज़र आये। फिर दो दिन बाद देवरानी और जेठानी भी आपस में कोरोना पर चर्चा कर रहीं थीं। आपसी रिश्ते फिर से सर उठाने लगे थे। बातों में थोड़ी नरमी आने लगी थी। बैसाखी के दिन जब घर में कुछ ख़ास बनाने की तैयारी चल रही थी तब चमन लाल जी ने छोटी बहु को उसका स्पेशल हलवा और बड़ी को उसकी स्पेशल दाल बनाने को कहा और सभी को एक साथ बैठ कर खाने को कहा। सब मान गए, बच्चों में तो अलग ही चाव नज़र आ रहा था क्यूंकि आज बड़े दिनों के बाद पूरा परिवार एक साथ खाना खाने वाला था, किसी को बड़ी मम्मी की दाल पसंद थी तो किसी को चाची का बनाया हुआ हलवा।


दोपहर का खाना समेटते-समेटते शाम के चार बज गए।  सब एक साथ बड़े दिनों के बाद इकट्ठे हुए थे। कोरोना के बारे में बात करते हुए कमल ने छोटे भाई से पूछ लिया के अगर पैसों की कोई ज़रुरत हो तो बताना। पंकज का रोना निकल गया और उसने बड़े भाई से माफ़ी मांगते हुए कहा कि कितना अच्छा हो अगर हम सब एक बार फिर से पहले जैसे रहने लगें, ऊपर वाली रसोई न ही बनवाएँ बल्कि उसकी जगह रूठने के लिए एक अलग कमरा बनवा दें, जब भी कोई नाराज़ हो, सब मिल कर उसको इस कमरे में बंद कर देंगे। दोनों भाई एक दूजे से गले मिले तो देवरानी-जेठानी भी अपनी सांझी रसोई में एक-दूसरे के गले लग कर रो पड़ी।  चमन लाल जी एक बार फिर से अपने बाग़ को खिलखिलाता देख कर प्रसन्न हो गए।  अगले ही दिन प्रधान मंत्री जी ने लॉक डाउन 3 मई तक बढ़ा दिया। अब अगले दिनों में दोनों परिवारों का प्यार फिर से पहले जैसा बनने लगा है। 

चमन लाल जी ने जहाँ सबके हो रहे नुक्सान को ले कर करोना को कोसा वहीँ उसका शुक्रिया भी किया कि कोरोना की वजह से उनका बिखर रहा बाग़ फिर से एक हो गया। जहाँ कई देशों के लिए कोरोना एक आपदा बन कर आया वहीँ इनके और इनके परिवार के लिए एक वरदान भी साबित हुआ।कमल और उसकी पत्नी सोच रहे थे कि अच्छा हुआ हम भाई अलग नहीं हुए वर्ना इस मज़ाक और हँसी को तरस जाते। पंकज और उसकी पत्नी भी सोच रहे थे कि सपनों को पूरा करने के लिए जागना ज़रूरी होता है पर कुछ सपने कभी पूरे ना हों तो ही अच्छा, ऐसे सपने अधूरे ही रहने चाहिए !



आप सब को घर के अंदर रहने की हिदायत देते हुए और सबकी भलाई की मनोकामना करते हुए आज के लिए इतना ही।

||  इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

Tuesday, 31 March 2020

सब्ज़ीवाला

संजय यादव आज से लगभग दस साल पहले बिहार के दूरस्थ सासाराम ज़िले के छोटे से गांव खरौनीआ के बाल भारती विद्या मंदिर विद्यालय से पांचवी पास करने के बाद करीब-करीब सभी तरह के काम धंधे में असफल होने के बाद काम-काज की तलाश में पहले रोहतास फिर पटना और फिर दिल्ली में पांच-सात साल झक मारने के बाद पंजाब में आ गया था।  अब तक वोह बाइस साल का जवान हो गया था और दो महीने अपने दूर के चाचा के पास अमृतसर में रहने के बाद अपने एक दोस्त के साथ जालंधर आ गया था।  अब तक उसे दुनियादारी की समझ आ गयी थी और अब चाहता था कि टिक कर कोई काम किया जाये।  पढ़ा लिखा न होने की वजह से मेहनत मजदूरी के ही काम मिलते थे। तो सुबह उसने किसी स्कूल का रिक्शा चलाना शुरू किया और शाम के समय सब्ज़ी बेचने का काम करने लगा।

हमारे घर भी वही सब्ज़ी देने आया करता था और हमारी श्रीमती जी ने या माता जी ने एक-दो बार चाय या पानी पिला दिया था तो तब से वह भी थोड़ा लिहाज़ करने लगा था।  कोई नई मौसमी सब्ज़ी आती तो घर पर घंटी बजा कर दे जाया करता था।  सर्दियाँ आने से पहले संजय को मेरा एक पुराना स्वेटर भी दे दिया तो वह और अपनापन समझने लगा था।  उसने अपना फ़ोन नंबर भी हमें दे दिया था और कह रखा था कि भाभी अगर कोई ख़ास सब्ज़ी चाहिए हो तो एक दिन पहले बता दिया करो मैं बड़ी वाली मंडी से ला दिया करूँगा और हम अक्सर ऐसा ही किया करते थे।  सर्दियों में संजय के लिए साग और गर्मियों में कटहल ख़ास तौर पर बनाया जाता था।  वह एक दिन ले जाता और दूसरे दिन बर्तन वापिस कर जाता।  फिर जब भी उसने अपने घर सासाराम जाना होता तो हमें बता कर, किसी और सब्ज़ी वाले की ड्यूटी लगा कर ही जाया करता था।

फिर एक साल जब संजय वापिस आया तो बताने लगा कि उसके माँ-बाबू जी ने उसका रिश्ता तय कर रखा था और इस बार शादी भी कर दी। मेरी माता जी अक्सर उससे उसकी पत्नी के बारे में पूछते रहते तो संजय शर्माते हुए कहता कि जल्दी ही यहाँ ले आऊंगा।  कुछ साल पहले संजय अपनी पत्नी गीता को यहाँ ले आया, हमारे घर भी ले आया मिलाने के लिए।  हमने उसे शगुन के तौर पर कुछ पैसे दिए जो उसने बहुत कहने पर रख लिए। अब जब यह करोना फैला तो कुछ दिनों के लिए सब कुछ बंद हो जाने की अफ़वाह फैलते ही संजय हमारे घर आया और पूछ कर ढेर सारी सब्ज़ी दे गया, जल्दी में था, पैसे भी नहीं ले कर गया, कहने लगा कल ले लूँगा, अभी बहुत जल्दी में हूँ।
अगले ही दिन से पहले जनता कर्फ्यू घोषित हुआ और फिर पूरे भारत में लॉक-डाउन ! पंजाब में तो पूर्ण कर्फ्यू लगा दिया गया।  कहीं कोई अपने घर से बाहर तक नहीं निकल पा रहा था। सड़क- दुकान -ऑफिस - पंप सब बंद। तीन दिन तक कोई दूध और सब्ज़ी वाला नज़र नहीं आया।  अचानक हमें भी संजय का ख्याल आया, फ़ोन किया तो पता चला कि सब ठीक है और तीन दिन से वह भी घर में क़ैद है। मैंने पूछा कि किसी चीज़ की ज़रुरत हो तो बताना। संजय लगभग रोते हुए बोला कि साहेब आपने हाल पूछ लिया है बस मैं ठीक हो गया हूँ, जल्दी आऊंगा। हमारी कॉलोनी में परसों से कुछ सब्ज़ी वाले आने शुरू हो गए थे बस संजय नहीं आया।  उसके पैसे भी देने वाले थे तो मैंने फिर से फ़ोन किया और उसे कहा कि तुमने मंडी में जाना होगा, तो पैसे तो ले जा।  संजय ने बताया कि वह मंडी में ही है और अगर कोई ख़ास सब्ज़ी चाहिए तो बोलो।  मैंने कहा कि अभी तो कुछ नहीं चाहिए।


शाम को जब संजय की आवाज़ आयी तो संजय को वापिस आया देख हमारे घर के सब लोग बाहर निकल आये, उसका हाल-चाल पूछने को।  संजय ने जबरदस्ती कुछ गोभी घर के अंदर रखने लगा तो मैंने पूछा कि गाँव तो नहीं जाना ? तो कहने लगा - सरदारजी, मेरे गाँव में मेरा हाल भी ना पूछता कोई, खाने को भी कुछ नहीं मिलना है।  यहाँ कम से कम आप जैसे लोग बैठे हैं जिन्होंने मेरा ख्याल रखा है। यह कहते हुए संजय भावुक हो गया पर अपनी बात कहता रहा, सरदारजी, आप जैसे लोगों ने मेरे घर में आ कर आटा, दाल, चावल , नमक आदि दिया और दिन में दो टाइम लंगर खिलाया अलग़ से और क्या चाहिए ? इतना सब ध्यान रख रहे हैं, एक पल के लिए भी नहीं लगा कि अपने घर से बाहर हूँ। फिर आप जैसे लोगों के बीच में अगर मुझे कुछ हो भी जाये तो ग़म नहीं। अचानक ही मुझे अपने इंसान होने पर गर्व होने लगा।  महसूस हुआ कि कुछ अच्छा कर्म कर बैठे हैं।

मैंने संजय का ढाँढस बंधाते हुए उसे पिछले पैसे पकड़ाये और चाय पूछी तो संजय बोला आज चाय का समय नहीं आज सब्ज़ी और लोगों तक भी पहुंचानी है, इसलिए चलता हूँ, कल फिर आऊंगा। इस मुसीबत की घडी में  कोई सरकार, कोई नेता आपके काम आये या ना आये आप इक दूजे के काम ज़रूर आयें।  यही  सच्ची मानवता है।  पहले खुद ही खुद की मदद करें फिर दूसरे की भी मदद करें और किसी नेता से तो कोई उम्मीद ही न करें। यह आपदा जल्दी आपसी सहयोग से निपट जाएगी बस हिम्मत बनाए रखें।
आज के लिए इतना ही। ...

||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
enable_page_level_ads: true
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", });
</script>