Powered By Blogger

Tuesday, 19 April 2022

सामान

 

इंसान अपनी इच्छा पूरी करते हुए, अपने आराम के साधन जुटाता ही रहता है और बस इक उम्र निकल जाती है यह सामान इकठ्ठे करते हुए लेकिन हसरतें फिर भी पूरी नहीं होती। हर रोज़ हम सब कुछ ऐसा चाहते हैं या ढूँढ़ते हैं जिस से हमारा कुछ काम आसान हो जाए या फिर हमारा सामाजिक रुतबा बढ़ जाए। बस हम सब इसी दौड़ में बेतहाशा दौड़े चले जा रहे हैं बिना यह सोचे कि यह दौड़ कभी न ख़त्म होने वाली दौड़ है। हालाँकि कुछ सामान बहुत ही ज़रूरी हो सकता है, जिसके बिना गुज़र बसर मुश्किल होगी लेकिन काफी सामान ऐसा है जिसे हम कम ही इस्तेमाल कर पाते हैं।

योगेश की इंजीनियरिंग की पढ़ाई अभी ख़त्म नहीं हुई थी, आखिरी साल में उसे ट्रेनिंग के लिए कानपुर की एक सरकारी गन फैक्ट्री में जाना हुआ। छह महीने वहीँ पर रहना था तो बस एक बिस्तर और कुछ कपडे एक बक्से में डाल कर घर से निकल गया। कानपुर में गन फैक्टरी के पास ही एक छोटा सा कमरा ले कर रहने लगा। वहीँ पास के एक ढाबे से खाना खा लिया करता। कमरे में पीने का पानी रखने के लिए एक घड़ा ख़रीदा, फिर एक टेबल फैन और फिर मनोरंजन के लिए एक रेडियो। छह महीने बाद योगेश की क़ाबलियत को देखते हुए गन फैक्टरी वालों ने उसे नौकरी का प्रस्ताव दिया और इंजीनियरिंग का नतीजा आते ही एक इम्तिहान पास करने के बाद उसे सह अभियन्ता (जूनियर इंजीनियर ) का ओहदा मिल गया।

अब योगेश की तनख्वाह भी बढ़ गयी थी इसलिए थोड़ा अच्छा घर किराये पर ले लिया, यहाँ कमरे में छत वाला पंखा और रसोई का भी कुछ सामान, चाय वगैरह बनाने के लिए भी लेना पड़ा। अगले कुछ साल हर महीने कभी एक पैंट तो कभी कमीज़ ले लेता, इनको रखने के लिए पहले एक अटैची और फिर एक अलमारी ख़रीद ली। फिर योगेश की शादी अंजलि से हो गयी तो थोड़ा और बड़ा घर किराये पर ले लिया। शादी के दो-तीन साल बाद यहीं गन फैक्टरी के पास विजय नगर में ही खुद का घर ख़रीद लिया। अब तक योगेश की तरक्की हो गयी थी और वह गन फैक्ट्री में सेक्शन अफसर बन गया था। अक्सर घर में लोगों का आना-जाना लगा रहता तो उसी हिसाब से अंजलि घर की साज सज्जा का या और सामान खरीदती रहती। अब अगर बीस लोग भी एक साथ आ जाते तो बड़े आराम से उनकी पार्टी घर में ही हो जाया करती।

योगेश और अंजलि का इकलौता बेटा अर्जुन पढ़ाई में बहुत अच्छा था और तामिलनाडु में डॉक्टर की पढ़ाई कर रहा था। एक दिन अचानक से अंजलि एक सड़क हादसे में चल बसी। अर्जुन अपनी पढ़ाई को जारी रखते हुए एम् डी करने के लिए विदेश में चला गया। योगेश अक्सर बैठा यही सोचता रहता कि जब वह घर से निकला था तो एक ट्रंक और एक बिस्तर ले कर निकला था आज तीस साल बाद इतना सामान है कि रखने को जगह कम पड़ रही है। सारी उम्र बस सामान इकठ्ठा करने में गुज़ार दी। अर्जुन भी अब वापिस नहीं आने वाला और यहाँ से रिटायर हो कर वह भी कहाँ जायेगा। अंजलि ने इतने अरमानों से घर का एक-एक सामान बनाया था और उसे ही यह सब इस्तेमाल करना नसीब नहीं हुआ।
(कहने को यहाँ जीने का सामान बहुत है, इक तू जो नहीं ज़िंदगी वीरान बहुत है !)

आज की इस दौड़ धूप वाली ज़िन्दगी में यह सामान बहुत ज़रूरी है पर इसके साथ उसका सही इस्तेमाल भी बहुत ज़रूरी है। योगेश-अंजलि-अर्जुन की कहानी हम सब की कहानी है हम सब इसी दौड़ में हैं कि कैसे हम समाज में अपनी हैसियत दिखा सकें। कभी-कभी न चाहते हुए भी बस लोक दिखावे को या किसी की नीचा दिखाने के लिए हम गैर ज़रूरी सामान ख़रीदते रहते हैं। इस सब में बड़ी मुसीबत है पुराने सामान को भी सहेज कर रखना, पुराने सामान को कबाड़ में देने की या दान करने की हिम्मत कम ही लोगों में होती है। यह भी एक तरह की हवस या लालच ही है जिसे पार पाना बहुत मुश्किल है। इस बात को इस ढंग से समझने की कोशिश करें।



लालच को छोड़ मियां, मत देस-विदेस फिरे मारा-मारा,
डाकू मौत का लुटे है, दिन रात बजा के नक्कारा।
क्या बढ़िया भैंस, बैल, घोड़े, क्या गल्ले तिजोरी या सर भारा,
क्या गेहूं, चावल, मोठ, मटर क्या आग धुआं और अंगारा।
सब ठाठ पड़ा रह जायेगा जब लाद चलेगा बंजारा!

अगर है तू लख्खी बंजारा और खेप भी तेरी भारी है,
ऐ ग़ाफ़िल, तुझ से भी चढ़ता एक और बड़ा व्योपारी है।
क्या शक्कर, मिसरी, सब्जी, गरी क्या साम्भर मीठा-खारी है,
क्या दाख मुनक्का, सोंठ मिर्च क्या केसर लोंग सुपारी है।
सब ठाठ पड़ा रह जायेगा जब लाद चलेगा बंजारा!
तू बग्गिया लादे, बैल भरे, जो पूरब पश्चिम जाएगा,
या सूद बढ़ा के लगाएगा या टोटा घाटा खायेगा।
डाकू समय का रास्ते मैं, जब भाला मार गिराएगा,
धन दौलत, नाती-पोता क्या, एक कुनबा काम न आएगा।
सब ठाठ पड़ा रह जायेगा जब लाद चलेगा बंजारा!

आज के लिए इतना ही।
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>