आचार का नाम आते ही मुँह में थोड़ा खट्टा और तीखा सा स्वाद आ गया होगा ना। अब आचार चीज़ ही ऐसी होती है कि खाने का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है और यही अगर कहीं किसी माँ, मौसी, बुआ, दादी या नानी के हाथ का बना हो तो क्या ही बात है। पूरे साल की सब्ज़ी होती है यह आचार। जिन दिनों में यह मेग्गी, ओट्स मील और आजकल के लटरम - पटरम ईजाद नहीं हुए थे ना, तब यह आचार ही होता था जो बची हुई रोटी के साथ पेट भरा करता था। कई बार घर में कुछ स्वाद या यूँ कहूं मतलब का नहीं बना होता तो ये आचार ही काम आता था। कई बार तो कुछ ना भी होता तो मुँह चटपटा करने के लिए एक आध फांक,आम के आचार की, यूँ ही हाथ में पकड़ कर चाटते हुए मैंने कई बच्चों को देखा है। आचार तो कई तरह के होते हैं पर सबसे ज़्यादा प्रचलित आम का आचार ही है।
जब मैं छोटा था तो हमारे घर में भी गर्मियां शुरू होते ही आचार की तैयारी शुरू हो जाया करती थी। महीने भर के राशन के साथ अलग से मसाले लाये जाते, बीने जाते, धूप में सुखाए जाते और फिर कूटे या पीसे जाते। जून महीने के ख़त्म होते-होते कच्चा आम बिकने तो आना शुरू हो जाता पर माँ को तो इंतज़ार रहता था एक-दो बारिशों का क्यूंकि उनका यह मानना था कि बारिशों के बाद आम में ख़टास बढ़ जाती है। जुलाई महीने के दूसरे हफ़्ते में घर में आम लाये जाते और फिर उन्हें किसी छोटे बच्चे के जैसे नहलाया जाता और पहले पहल तो उनकी कटाई भी घर पर ही होती थी, लेकिन फिर मंडी से कटे कटाये आने लगे।
मुझे बड़े अच्छे से याद है कि हमारी कॉलोनी में संधू अंकल के घर आम काटने का बड़ा सा औजार हुआ करता था जिसकी बुकिंग होती थी कि आज तो पुरी साहब ले गए हैं, कल खन्ना जी के घर जायेगा, दोपहर को उन्ही से ले लेना और फिर वो कोने वाले चोपड़ा जी के घर पहुंचा देना और हाँ, अच्छे से धो कर और सुखा कर ही देना। काटते समय बड़ा ध्यान रखना पड़ता था, आम के साथ-साथ अपने हाथों का भी। पिता जी अक्सर टूर पर रहते थे तो मंडी से आम लाने की ज़िम्मेदारी मम्मी की होती थी और हमें साथ में भार उठाने के लिए ले जाया करते थे। कई बार समझ नहीं आता था कि सारे आम एक जैसे ही तो हैं मम्मी पता नहीं क्या ढूंढ रही है। जब बड़े हुए तो फ़र्क़ समझ आया कि आम को ऊपर से नहीं अंदर से देखा जाता है। आम अंदर से सफ़ेद होना चाहिए न कि पीला।
जब आम लेने जाते तो सिर्फ आचार के लिए ही नहीं बल्कि थोड़े से मीठे आचार के लिए, थोड़े से मुरब्बे के लिए और थोड़े से बिना गुठली वाले आचार के लिए भी खरीदे जाते। घर आकर इनकी छटाई होती तो एक दो किलो आम पन्ना बनाने के लिए भी अलग से रख लिए जाते। जब सब की कटाई हो जाती तो उन्हें धो कर धूप में सूखने के लिए डाला जाता और हमारी ड्यूटी उनकी पहरेदारी पर लगती, हम भी कुछ फांके नमक लगा कर चूस-चूस कर खाते। सच में बड़ा मज़ा आता था, तब तो गला भी ख़राब नहीं हुआ करता था। फिर शाम को अचार के मसाले एक बड़े से टब में डाल कर मिलाये जाते और फिर सारे मसाले में कटे हुए आम बड़े अच्छे से मिला कर अलग-अलग बरनियों में भरे जाते। हर बार मम्मी एक ही कहानी सुनाया करती कि वो जो शोभा आंटी रहती थीं न हमारे घर के पास वो मसाले को ऐसे तैयार किया करती थीं और निर्मला आंटी इसमें थोड़ी हरी मिर्च डाल दिया करती थीं आदि-आदि।
तो कुछ यूँ हर साल, साल भर की सब्ज़ी तैयार हो जाया करती थी और हम अगले दिन से ही उस आचार को चखने की उम्मीद लगाए रहते थे, क्यूंकि कच्चा आचार ज़्यादा स्वाद लगता है। मेरे एक अंकल कहा करते हैं कि अगर खाने के साथ पतिदेव चुपचाप आचार ले लें तो दो बाते स्पष्ट हो जाती हैं। एक तो खाने में दम नहीं है और दूसरा, पति में भी यह कहने का दम नहीं है। यही अंकल एक बार किसी के घर खाने पर गए तो उन्होंने मीट बनाया हुआ था, खाना शुरू होते ही किसी ने पूछा कि भाई साहब आचार खाएंगे तो अंकल कहने लगे "क्यों बादशाह के सर में ख़ाक डाल रहे हैं, भला मीट के साथ आचार कौन खाता है ?" आचार से रसोई में रौनक सी बनी रहती है, एक तसल्ली भी रहती है कि अगर कुछ न भी हो तो कम से कम आचार के साथ एक समय का खाना तो निपटाया जा सकता है।
आचार की हर बरनी के पीछे एक कहानी, खानदानी कहानी जुड़ी रहती है और यह पीढ़ी दर पीढ़ी, विरासत में आगे बढ़ती रहती है।
आज के लिए इतना ही।
|| इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
enable_page_level_ads: true
});
</script>
