सतीश जब पांच-छह साल का था तो पिता का देहांत हो गया, घर में माँ, सावित्री अकेली कमाने वाली थी। गुजर-बसर बहुत मुश्किल से होने लगी। कई बार सतीश ने गली के नुक्कड़ में रहते नाहर को घर आते-जाते देखा और गाँव भर के लोगों की बातें भी सुनी। फिर एक दिन सुबह उठा तो पड़ोस वाली औरतें घर के बाहर मजमा लगा कर बातें कर रही थीं। आँखे मलते हुए बाहर निकला तो शीला काकी ने गले से लगाते हुए बताया कि उसकी माँ और नाहर दोनों ग़ायब हैं। इतनी छोटी उम्र में कहाँ जाता और क्या करता, कुछ समझ नहीं आ रहा था। फिर गाँव पंचायत ने फ़ैसला लिया कि अगले कुछ साल सतीश यहीं, गाँव के सरकारी स्कूल में पढ़ेगा और सारा गाँव मिल कर उसका खर्चा उठाएगा।
अगले कुछ साल माँ के बारे में ताने और मज़ाक सुनने में निकले, दसवीं पास करने के बाद सतीश ने शहर के एक स्कूल में पढ़ने की इच्छा जताई तो सरपंच जी ने मना कर दिया कि अब और खर्चा नहीं उठाया जा सकता। स्कूल के मास्टर जी ने थोड़ी मदद की तो सतीश को शहर के स्कूल ने वजीफ़ा लगा दिया और ना केवल फ़ीस माफ़ कर दी, किताबें भी मुफ़्त में दीं और रहने खाने का भी प्रबंध कर दिया। ऐसे ही सतीश ने कॉलेज में भी दाखिला लिया और फिर एक अच्छे से बैंक में नौकरी भी मिल गयी। इस बीच सतीश कई बार अपने गाँव जाता और अपने जर्जर होते घर को देखता, कई बार गाँव के लोगों से अपनी माँ के बारे में पूछता, पर कभी कोई ख़बर नहीं मिली।
सतीश शहर में रहते हुए अक्सर अपनी माँ को याद करता पर फिर लोगों की सुनाई हुई माँ और नाहर की कहानियाँ उसे परेशान कर देतीं। अपने आप को बहुत समझाता पर माँ की बेवफ़ाई हावी हो जाती और मन माँ के प्रति नफ़रत से भर जाता।अब तो उसे माँ की शक्ल भी जैसे भूलने लगी थी। दफ़्तर के काम के बाद घर आने को मन नहीं होता तो काफ़ी समय काम में व्यस्त रहने की कोशिश करता। इसका फ़ायदा यह मिला कि सतीश के काम की सब तारीफ़ करते और साल दर साल उसे सबसे अच्छा कर्मचारी होने का ख़िताब मिलने लगा साथ ही खूब तरक्की भी मिली। लगभग चार साल में सतीश की बदली मैनेजर के तौर पर नज़दीकी कस्बे में हो गयी।
नए दफ़्तर में भी ख़ूब दिल लगा कर काम करने लगा। फिर एक दिन एक नए कर्मचारी, पंकज ने उसकी ब्रांच में ज्वाइन किया। सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पंकज अपने काम में जुट गया। एक दिन,खाना खाते हुए घर परिवार की बातें हुई तो उसकी माँ का नाम भी सावित्री निकला, सतीश ने और जांच की तो पता चला कि पंकज के पिता का नाम नाहर है। मतलब पंकज उसका भाई है। बस अब सतीश बहाने ढूंढ़ने लगा अपनी नफ़रत को निकालने के लिए। पंकज के हर काम में गलतियां निकालना सतीश का मकसद बन गया था। पंकज को सबके सामने डांटना, उसकी बेइज्ज़ती करनी और उसे देर तक बैंक में रोक कर रखना सतीश का रोज का काम था। दफ्तर के बाकी लोग भी ऐसा ही समझने लगे।
एक दिन एक बूढी औरत बैंक में आयी और पंकज को पूछने लगी, पंकज को सतीश ने किसी काम से बाहर भेजा हुआ था। सतीश ने काफी देर से उसको बैठे देखा तो अपने ऑफिस में बुला लिया, पानी पिलाया और काम पूछा उसने बताया कि वो पंकज की माँ है और पंकज का बटुआ, जो घर रह गया था, देने आयी है। सतीश की हालत रोने वाली हो गयी। उसने झट से पैर छुए और पूछा कि उन्हें कभी अपने पहले बेटे की याद नहीं आयी ? सावित्री चौंक गयी, उसका अतीत शायद उसके सामने खड़ा, उससे सवाल कर रहा था। ग़ौर से देखा तो पहचान गयी। सावित्री ने सुबकते हुए बताया कि उसे याद तो हर सांस के साथ करती रही पर उसे छोड़ कर ना जाती तो नाहर उसे जान से मार देता। अपने बेटे की जान बचाने के लिए उसे नाहर के साथ जाना पड़ा और नाहर भी एक साल बाद मर गया। उसने दुसरे बेटे, पंकज को अकेले बहुत जतन से पढ़ाया है। अब जा कर कहीं जीवन में थोड़ा सा सुकून आया है।
इतने सालों बाद अचानक माँ को सामने देख कर सतीश का रोना निकल गया। रोने से मानों सतीश की सारी ग़लतफ़हमी दूर हो गयी, तमाम गिले धुल गए। पंकज के आने पर सतीश ने उसे गले से लगा लिया और पंकज भौचक्का सा कभी माँ को, कभी अपने बॉस को तो कभी बाकी स्टाफ़ को देखने लगा। आज बैंक में छुट्टी होते ही सतीश को घर जाने की जल्दी थी। वोह पंकज और माँ को भी अपने घर ले गया। शाम को चाय पीते हुए तीनों ने एक साथ रहने का फ़ैसला लिया और सब सतीश वाले घर में आ गए।
इतने सालों बाद अचानक माँ को सामने देख कर सतीश का रोना निकल गया। रोने से मानों सतीश की सारी ग़लतफ़हमी दूर हो गयी, तमाम गिले धुल गए। पंकज के आने पर सतीश ने उसे गले से लगा लिया और पंकज भौचक्का सा कभी माँ को, कभी अपने बॉस को तो कभी बाकी स्टाफ़ को देखने लगा। आज बैंक में छुट्टी होते ही सतीश को घर जाने की जल्दी थी। वोह पंकज और माँ को भी अपने घर ले गया। शाम को चाय पीते हुए तीनों ने एक साथ रहने का फ़ैसला लिया और सब सतीश वाले घर में आ गए।
आज के लिए इतना ही।
|| इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script><script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({enable_page_level_ads: truegoogle_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", });</script>
