Powered By Blogger

Friday, 24 April 2020

सबक


राय गढ़ की एकदम नई बनी कॉलोनी चन्दन विहार में अभी हाल ही में शिफ्ट हुए केवल शर्मा परिवार की माली हालत बहुत अच्छी नहीं थी, अकेले केवल जी कमाने वाले और घर में छह लोग खाने वाले।  ऊपर से माँ बाबू जी की दवाई का खर्चा और अपने खुद के दो बच्चे कॉलेज में पढ़ने वाले। पुरानी मंडी के पास छोटी सी किराने की दूकान से बहुत अच्छी कमाई नहीं हो रही थी आजकल।  बेटा रमन और बेटी शिप्रा अब शहर के अलग-अलग सरकारी कॉलेज में पढ़ते थे।  रमन बी. ऐ. फाइनल में और शिप्रा अभी हाल ही में कॉलेज में दाखिल हुई थी, बी. कॉम. में।  दोनों की उम्र में लगभग दो साल का फ़र्क़ था। रमन का कॉलेज शिप्रा के कॉलेज से नज़दीक ही पड़ता था।

दोनों बच्चे बस से ही आया-जाया करते थे, इससे पैसे भी बचते थे और स्कूटर, हेलमेट, लाइसेंस और पेट्रोल का झंझट भी नहीं रहता था। रमन तोपखाना रोड पर दीवान मूलचंद डिग्री कॉलेज में और शिप्रा उसके तीन स्टॉप आगे कमला नेहरू गर्ल्स कॉलेज में पढ़ा करते थे। रोजाना सुबह दोनों के जाने का समय तो लगभग एक ही होना चाहिए था परन्तु रमन घर से थोड़ा जल्दी ही निकल जाता था यह कह कर कि उसे जल्दी पहुँच कर कुछ नोट्स तैयार करने हैं या फिर आज एक्स्ट्रा क्लास है। असल में वो और उसका दोस्त अजय सवेरे वाली बस में जा रही लड़कियों को छेड़ते थे।  बस में भीड़ होने की वजह से वो दोनों लड़कियों को कभी कभार छू लिया करते थे और फिर सारा दिन उनके बारे में बातें बनाया करते थे कि  फलां लड़की ऐसी है यो वो लड़की वैसी है।


अक्सर रमन और अजय कमला नेहरू कॉलेज तक बस में लड़कियों को छेड़ते हुए जाते और फिर वापिस अपने कॉलेज तक या तो पैदल आ जाते या फिर किसी से लिफ्ट ले कर।  यह सारी मस्ती हफ्ते के चार-पांच दिन होती ही रहती थी और यह चालीस मिनट का खेल चलता ही रहता था। रमन पहले घर से निकलता और शिप्रा बाद में और चार-पांच बसों के फासले पर दोनों अपने-अपने कॉलेज पहुँच जाया करते। उस दिन भी ऐसा ही हुआ रमन अपने घर से जल्दी से निकला और फटाफट बस में चढ़ गया,बस में बहुत ज़्यादा भीड़ थी रोज़ की तरह,अगले ही स्टॉप पर अजय भी बस में आ गया और इन दोनों ने अलग-अलग सीट पर बैठी लड़कियों को तंग करना शुरू कर दिया।

अभी दस मिनट ही हुए थे बस को चलते कि अचानक से बस रुक गयी, जब पता किया तो मालूम हुआ कि बस का टायर फट गया है और अब यह आगे नहीं जायेगी।  सभी सवारियों को वहीं उतार कर बस को सड़क के किनारे खड़ी कर दिया गया। कुछ लोगों को बस के कंडक्टर ने पीछे से आने वाली बसों को रुकवा कर बैठाना शुरू कर दिया। सुबह का समय था, भीड़ बहुत ज़्यादा होने की वजह से बसें भर कर ही आ रहीं  थीं खैर रमन को कौन सा जल्दी थी कॉलेज पहुँचने की इसलिए वोह आराम से एक लड़की के पीछे खड़ा हो कर कम भीड़ वाली बस का इंतज़ार करता रहा।

दस मिनट और चार बसों के बाद एक बस आयी तो रमन उसी लड़की के पीछे-पीछे चढ़ गया इस नीयत से कि भीड़ ज़्यादा होने के चलते आज आसानी से उस लड़की को कहीं भी छू सकूंगा। रमन उस लड़की से एकदम सट कर खड़ा था और बीच-बीच में अपने बालों को ठीक करने या जेब में हाथ डालने के बहाने लड़की को छूने लगा।  उस लड़की को भी थोड़ा अटपटा लग रहा था पर यह तो उनके साथ रोज़ ही होता है और कोई चारा भी नहीं है यह सोच कर वोह चुपचाप सब सहती रही।  रमन का कॉलेज आया, बस थोड़ी खाली हुई तो जहाँ उस लड़की ने थोड़ी रहत की सांस ली, वहीँ रमन की नज़र आगे वाली सीट पर बैठी शिप्रा पर गयी।

रमन घबरा गया कि कहीं शिप्रा भी उसे देख न ले और हड़बड़ी में वोह बस से उतरने ही वाला था कि उसने देखा शिप्रा की सीट का पास खड़ा एक लड़का शिप्रा के दुप्पट्टे को छू रहा है। देखते-देखते  उस लड़के ने शिप्रा के कंधे को भी छूना शुरू कर दिया। रमन अभी भी सोच ही रहा था कि उस लड़के को रोकूं तो कैसे ? पर अब उसकी अंतरात्मा भी उसे धिक्कार रही थी कि उसकी खुद की भी तो यही हरकतें थी आज सुबह से पर क्यूंकि आग अपने घर पर लगी तो ताप महसूस हुआ।  इतने में शिप्रा का कॉलेज आ गया और रमन बस से उतरने की हिम्मत न जुटा  पाया। अगले स्टॉप पर उतर कर पैदल वापिस आते हुए वो अपनी हरकतों पर बहुत शर्मिंदा था।  आज उसका मन कॉलेज जाने का नहीं हो रहा था क्यूंकि आज ज़िंदगी ने बहुत भारी सबक सिखा  दिया था। रमन ने कसम खायी की कल से वो ऐसी कोई हरकत नहीं करेगा और शिप्रा को बस में अकेले नहीं जाने देगा।


जीवन में बहुत सी बातें हम आसानी से नहीं समझते तो ज़िंदगी हमें कई बार बुरे तज़ुर्बे बहुत कुछ अच्छा समझा देतें हैं। आप सब घर में रहें स्वस्थ रहें बस इसी मनोकामना सहित आज के लिए इतना ही। 


||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
enable_page_level_ads: true
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", });
</script>

Tuesday, 21 April 2020

अधूरे सपने

चमन लालजी के दो सुपुत्र थे, कमल कुमार और पंकज कुमार। दोनों की उम्र में लगभग पांच वर्ष का अंतर था।  कमल बड़ा और पंकज छोटा। दोनों भाई एक ही घर में इकट्ठे रहते थे अपनी-अपनी पत्नियों और बच्चों के साथ। अच्छा भला हँसता खेलता सा परिवार था,पूरा दिन कहाँ और कैसे निकल जाता था पता ही नहीं लगता था। कभी एक की मस्ती कभी दुसरे की खिंचाई। बस सारा दिन उधम मचाए रखते थे सब, कभी लगा ही नहीं कि और मनोरंजन होना चाहिए बस यही सब रूठने मानाने का सिलसिला चलता था। कभी-कभी बात बढ़ जाती तो केस कमल भैया के पास चला जाता और उनसे भी बात न बनती तो फिर चमन लाल जी के पास निपटारा होता। पंकज थोड़ा चंचल स्वभाव का था और कमल गंभीर। जहाँ कमल थोड़ा गंभीर सा फैसला सुनाता वहीँ पंकज बात को मज़ाक में टाल जाया करता।


अभी जनवरी महीने की बात थी, किसी छोटी सी बात पर बहस ऐसी चली के किसी से न संभली, दोनों भाई अपने-अपने बच्चों के पक्ष में दलील देते हुए एक दूजे से ऐसे उलझे कि चमन लाल जी भी न सुलझा पाए। दोनों बहुऍं जो आज तक एक दूजे को सगी बहनों जैसे मानती थीं, आज मुँह फुला कर बैठी थीं। बात अलग होने तक पहुँच गई। चमन लाल जी ने भी सारे बच्चों को अलग-अलग और फिर एक साथ बैठा कर समझा कर देख लिया पर जब कोई हल निकलता नज़र नहीं आया तो बड़े भारी मन से बंटवारे का फैसला सुना ही दिया। दोनों परिवारों के सामने सुझाव रख दिया के एक परिवार ऊपर वाले हिस्से में चला जाए और दूसरा नीचे वाले हिस्से में।  ऊपर वाले हिस्से में क्योंकि कोई रसोई नहीं है इसलिए ऊपर एक रसोई बना दी जाए। लगभग एक-डेढ़ महीने में सारा काम निपट ही जायेगा,तब तक बहुएँ अपना-अपना खाना अलग बना सकती हैं तो ठीक वर्ना जैसे चल रहा है वैसे ही चलेगा कुछ दिन। 

नक्शा बनवा कर पूरी तैयारी होने लगी, मार्च महीने में होली के बाद तुरंत ही मिस्त्री-मज़दूर घर में घुस आए और अपना काम शुरू कर दिया। पहले थोड़ी तोड़फोड़ होनी थी और नयी रसोई के लिए जगह बनानी थी। पंकज और उसकी पत्नी ने ऊपर वाला हिस्सा लेना था इसलिए आये दिन बाज़ार के चक्कर लगने लगे कभी कोई नए डिब्बे तो कभी नए बर्तन ! सब कुछ नया-नया !बहुत खुश थे दोनों, नए सपने देखते कि ऐसा करेंगे या वैसा खाना बनाएँगे,पर बीच-बीच में मन में डर  सा भी लगा रहता कि क्या अकेले से संभल भी पाएगा सब कुछ ? खैर यह सब करते करते दस दिन कब निकल गए पता ही नहीं चला और इसी बीच प्रधान मंत्री जी ने एक दिन अचानक से जनता कर्फ्यू की घोषणा कर डाली। अगले दिन कोई काम नहीं हुआ उससे अगले दिन भी मज़दूर सिर्फ अपनी बकाया दिहाड़ी लेने ही आये और फिर हुआ "कोरोना" की वजह से लॉक डाउन मतलब पूरा काम बंद।


दोनों भाई और सारे बच्चे घर पर ही बंद हो कर रह गए थे, कुछ करने को भी तो नहीं था। दो-तीन दिन घर में थोड़ा तनाव सा रहा पर फिर एक दिन बच्चों ने मिल कर खेलना शुरू कर दिया। पांचवे या छठे दिन दोनों भाई भी एक साथ पिता के कमरे में नज़र आये। फिर दो दिन बाद देवरानी और जेठानी भी आपस में कोरोना पर चर्चा कर रहीं थीं। आपसी रिश्ते फिर से सर उठाने लगे थे। बातों में थोड़ी नरमी आने लगी थी। बैसाखी के दिन जब घर में कुछ ख़ास बनाने की तैयारी चल रही थी तब चमन लाल जी ने छोटी बहु को उसका स्पेशल हलवा और बड़ी को उसकी स्पेशल दाल बनाने को कहा और सभी को एक साथ बैठ कर खाने को कहा। सब मान गए, बच्चों में तो अलग ही चाव नज़र आ रहा था क्यूंकि आज बड़े दिनों के बाद पूरा परिवार एक साथ खाना खाने वाला था, किसी को बड़ी मम्मी की दाल पसंद थी तो किसी को चाची का बनाया हुआ हलवा।


दोपहर का खाना समेटते-समेटते शाम के चार बज गए।  सब एक साथ बड़े दिनों के बाद इकट्ठे हुए थे। कोरोना के बारे में बात करते हुए कमल ने छोटे भाई से पूछ लिया के अगर पैसों की कोई ज़रुरत हो तो बताना। पंकज का रोना निकल गया और उसने बड़े भाई से माफ़ी मांगते हुए कहा कि कितना अच्छा हो अगर हम सब एक बार फिर से पहले जैसे रहने लगें, ऊपर वाली रसोई न ही बनवाएँ बल्कि उसकी जगह रूठने के लिए एक अलग कमरा बनवा दें, जब भी कोई नाराज़ हो, सब मिल कर उसको इस कमरे में बंद कर देंगे। दोनों भाई एक दूजे से गले मिले तो देवरानी-जेठानी भी अपनी सांझी रसोई में एक-दूसरे के गले लग कर रो पड़ी।  चमन लाल जी एक बार फिर से अपने बाग़ को खिलखिलाता देख कर प्रसन्न हो गए।  अगले ही दिन प्रधान मंत्री जी ने लॉक डाउन 3 मई तक बढ़ा दिया। अब अगले दिनों में दोनों परिवारों का प्यार फिर से पहले जैसा बनने लगा है। 

चमन लाल जी ने जहाँ सबके हो रहे नुक्सान को ले कर करोना को कोसा वहीँ उसका शुक्रिया भी किया कि कोरोना की वजह से उनका बिखर रहा बाग़ फिर से एक हो गया। जहाँ कई देशों के लिए कोरोना एक आपदा बन कर आया वहीँ इनके और इनके परिवार के लिए एक वरदान भी साबित हुआ।कमल और उसकी पत्नी सोच रहे थे कि अच्छा हुआ हम भाई अलग नहीं हुए वर्ना इस मज़ाक और हँसी को तरस जाते। पंकज और उसकी पत्नी भी सोच रहे थे कि सपनों को पूरा करने के लिए जागना ज़रूरी होता है पर कुछ सपने कभी पूरे ना हों तो ही अच्छा, ऐसे सपने अधूरे ही रहने चाहिए !



आप सब को घर के अंदर रहने की हिदायत देते हुए और सबकी भलाई की मनोकामना करते हुए आज के लिए इतना ही।

||  इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>