Powered By Blogger

Friday, 13 November 2026

"ध्यान"

 

लगभग ढाई अक्षर और एक मात्रा से मिल के बना यह शब्द प्यार जैसा ही प्यारा है और इसकी सीरत भी लगभग वैसी ही है और यह शब्द है "ध्यान"।  अगर ध्यान में आ जाये तो ठीक नहीं तो ढ़ेरों लोग बे-ध्यान हो कर मस्त हैं।  किसी बात की कोई फ़िक्र नहीं, सब ठीक ही लगता है ऐसे लोगों को।  लेकिन अगर कोई बात ध्यान में आ जाये तो फिर तो क्या ही बात है।  बात ध्यान में रही तो बेड़ा पार वर्ना बंटाधार !

आपको पता है सबसे ज़्यादा इस्तेमाल किये जाने वाला बहाना है - "ओह, ध्यान नहीं रहा " ! कई बार इस शब्द ने आपको बचाया भी होगा जब आपने कहा होगा - "ठीक से ध्यान में नहीं आ रहा " और कई बार फंसाया भी होगा - "इतनी सी बात तुम्हारे ध्यान में नहीं रहती ?" जितने भी गुरु या गुरु घण्टाल मिलेंगे, सब ध्यान की बात ज़रूर करेंगे।  कोई योग में ध्यान लगाने को कहेगा तो कोई उसको चढ़ने वाले भोग का ध्यान रखने को। 

शादी भी बिल्कुल ऐसे ही शुरू होती है जब पति पत्नी एक दूजे को यह कहते रहते हैं कि आप मेरा कितना ध्यान रखते हो या आप मेरा कितना ध्यान रखती हो और फिर बात ख़त्म होती है कि तुम्हारा ध्यान जाने कहाँ रहता है आजकल ? पत्नी जी कहती हैं "मैं कितने दिनों से कह रही हूँ कि घर में फलानी चीज़ खत्म होने को है, शाम को घर आते हुए लेते हुए आना पर न जाने आपका ध्यान अब घर पर क्यूँ नहीं रहता !" और पति देव कह रहे होते हैं " मैंने तुम्हे तीन दिन पहले ही बता दिया था कि इस शनिवार मुझे अपने दोस्तों के साथ बाहर जानना है और तुमने मेरी जीन्स धो डाली, अब मैं क्या पहन कर जाऊं? तुम मेरी बात ध्यान से सुनती ही कहाँ हो ?"


आज कल के इस रील्स के समय में कई रील इतनी तेज़ी से निकल जाती हैं कि उन्हें समझने के लिए दोबारा ध्यान से देखना-सुनना पड़ता है और इसी चक्कर में अगले के व्यू बढ़ जाते हैं।  आजकल तो आपका ध्यान खींचने के लिए इंटरनेट पर ढेरों-ढेर तरीक़े अपनाए जा रहे हैं, कभी मुफ़्त - मुफ़्त का शोर तो कभी भारी भरकम डिस्काउंट तो कभी फ्री-गिफ़्ट।  असल में यह सब आपका ध्यान आकर्षित करने के टोटके ही तो हैं जिन्हे जेन- ज़ी की भाषा में क्लिक-बेट भी कहते हैं।  कहने का तात्पर्य यह कि सब कुछ आपके ध्यान के लिए हो रहा है, कभी ध्यान खींचने के लिए तो कभी ध्यान भटकाने के लिए। 


वैसे ध्यान भटकाने का काम तो हम लोगों के साथ बचपन से चल रहा है, कभी गिर कर चोट लगी तो पापा-मम्मी ने कहा कि चींटी का आटा गिर गया, हमारा ध्यान भटक गया और हम अपनी चोट भूल गए। बड़े हुए तो देखा कि राजनेता 
कैसे असली मुद्दों से हमारा ध्यान भटकाते हैं, कभी अजब-गजब बयान दे कर तो कभी कोई नया बेकार सा मुद्दा खड़ा कर देते हैं। चलिए अब मेरा ध्यान भी भटकने लगा है, इसलिए लिखना बंद करता हूँ। 


अपनी हालत का मुझे ध्यान नहीं होता है, 'इश्क़ सच्चा हो तो आसान नहीं होता है। 
तुझ से मिल कर मुझे पहले सी ख़ुशी मिलती नहीं,तू मुझे देख के हैरान नहीं होता है।
-हिमांशी बाबरा

आज के लिए इतना ही।

||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
enable_page_level_ads: true
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", });

No comments:

Post a Comment