मीता और सबीर की शादी बड़े ही सादा ढंग से हुई, वजह, सबीर को किसी भी तरह का ताम-झाम पसंद नहीं था। बारात में भी चंद लोग ही थे और नाम-मात्र रस्में करते हुए मीता की डोली सबीर के घर जा पहुंची थी। हालाँकि मीता को भी ज़्यादा दिखावा पसंद नहीं था पर फिर भी कभी-कभी अपनी सहेलियों की फोटो देख कर मन करता कि वह भी अपनी फोटो उन लोगों के साथ शेयर करे। मीता एक संयुक्त परिवार से आयी थी और सबीर भी अपने माता-पिता के साथ ही रहता था। शुरू-शुरू में तो मीता का दिल नहीं लगता था क्यूंकि उनके घर में तो सुबह से ले कर देर रात तक कोई ना कोई आता जाता रहता था और यहाँ सबीर और उसके पापा अपनी फैक्ट्री चले जाते थे और घर में मीता और मम्मी अकेले रह जाते थे।
शाम के समय सबीर और पापा घर एक साथ ही आते थे फिर मीता और सबीर ने इकठ्ठे कहीं जाना होता तो जाते लेकिन सबीर की कोशिश होती कि अगर कुछ खाना है तो पैक करवा कर घर में बैठ कर सब के साथ खाया जाये। मीता को बहुत बुरा लगता था कि बाहर रेस्टोरेंट में बैठ कर खाने का मज़ा कुछ अलग ही है, शादी से पहले तो मैं अक्सर अपने चाचा-ताया जी के बच्चों के साथ तो खाते थे और अगर घर में बड़ों को खाना होता तो वो अलग से जा कर खा आते। वहीँ सबीर का मानना था कि मम्मी-पापा भी तो हमेशा ही सब सामान घर पर ला कर, बच्चों में बाँट कर खाते थे तो अब हम यह क्यों नहीं कर सकते।
एक-दो बार तो इसी बात को लेकर मीता ने सबीर के बहुत कहने पर भी बाहर से कुछ खाने के लिए मना कर दिया और मन ही मन कुढ़ती हुई घर वापिस आ गयी। हालाँकि सबीर पर इस बात का भी कोई ख़ास असर नहीं दिखा और उसने वही खाना पैक करवा कर घर मंगवा लिया। जब इनका बेटा समित हुआ तो उसके डॉक्टर को दिखाने के लिए ले जाना होता तो कई बार ऐसा हुआ कि मीता समित का बहाना बना कर कुछ बाहर का खाने की बात करती तो सबीर सिर्फ़ कभी आइसक्रीम या कुछ हल्का-फुल्का ही खिलाते, खाना कभी न हो पाता। अब तो समित भी अपने पापा, सबीर की बोली बोलने लगा था कि सब घर पर बैठ कर ही दादा-दादी के साथ खाएंगे। मीता को उनकी हाँ में हाँ मिलानी ही पड़ती, और कोई चारा भी तो नहीं था।
एक बार मम्मी-पापा को कहीं दूसरे शहर में अपनी रिश्तेदारी में जाना पड़ा तो समित भी उनके साथ चला गया। इतवार का दिन था और फैक्टरी में भी छुट्टी थी। अचानक से सबीर ने कहा कि आज घर पर खाना मत बनाना, हम पहले पिक्चर देखेंगे और फिर शहर के सबसे मशहूर रेस्टोरेंट में खाना खाएंगे। मीता की तो मानो मुराद पूरी हो गयी हो, उसे और क्या चाहिए। ख़ुशी-ख़ुशी उसने घर के सारे काम ख़त्म किये, सबीर ने टिकट बुक कर रखे थे तो समय पर सिनेमा घर पहुंचे और फिल्म देखी। पूरी फिल्म के दौरान मीता का ध्यान खाने पर और उसकी फोटो अपनी सहेलियों के साथ शेयर करने पर था। वह सोचती जा रही थी कि क्या लिखूंगी अपनी फोटो के साथ "डाइनिंग आउट विद माय सबीर" या "यम्मी डिनर" वगैरा - वगैरा।
फिल्म ख़त्म हुई तो झट से गाड़ी की तरफ यह कहते हुए लपकी कि "जल्दी करो सबीर, मुझे भूख लगी है"! मीता को डर था कि कहीं सबीर का मन न बदल जाये। रेस्टोरेंट पहुंचे तो पहले काफी समय पार्किंग ढूंढ़ने में लगा फिर अंदर जा कर देखा तो लगा कि सारा शहर ही यहाँ खाना खाने आया हुआ है। कोई टेबल खाली नहीं था। वेटर ने कहा साहब आधा घंटा लग सकता है, आपको यहीं इंतज़ार करना पड़ेगा। किसी तरह मीता ने सबीर को बातों में लगाए रखा कि सबीर कहीं और जाने की बात न करे।
ख़ैर, किसी तरह उन्हें एक टेबल मिला जो की हॉल के ठीक बीच में था। सबीर और मीता ने बैठ कर मेनू कार्ड देख कर कुछ खाना आर्डर कर दिया। भीड़ होने की वजह से खाना भी काफी देर से आया। मीता ने सबसे पहले उसकी फ़ोटो खींची और सोशल-मीडिया पर डाल दीं। जब दोनों ने खाना शुरू किया तो मीता को थोड़ा असहज सा महसूस हुआ, उसे लगा मानो हर कोई उन्हें घूर रहा है। ख़ास करके वह लोग जो टेबल खाली होने का या अपना खाना आने का इंतज़ार कर रहे थे। उसका सारा ध्यान घूरती आँखों पर था और डर भी था कि कहीं खाते हुए कुछ गिर ना जाये या उसके हाथ गंदे न हो जाएँ। लोग क्या कहेंगे कि इसे खाना भी नहीं आता ? क्या वोह ठीक ढंग से खा रही है ? क्या हाथ से खाना चाहिए या कांटे-छुरी से?
बस इसी उधेड़बुन में उसने ना तो पेट भर खायाऔर न ही उस खाने का मज़ा लिया। उन्होंने थोड़ी सी जल्दी में खाना ख़त्म किया क्यूंकि रेस्टोरेंट में लोगों का शोर था इसलिए आपस में भी ज़्यादा बातचीत नहीं हुई। जैसे ही खाना ख़त्म हुआ मीता ने राहत की सांस ली, सबीर ने पूछा कि कुछ मीठा खाओगी तो मीता ने साफ़ मना कर दिया। सबीर भी बिल दे कर बाहर आ गए। घर जाते हुए मीता को ख़ुद के घर में बैठ कर खाने का स्वाद याद आ रहा था कि कैसे बिल्कुल बेफ़िक्री से कहीं भी बैठ कर, कैसे भी खाने का लुत्फ़ अलग ही होता है। वह नाहक ही इतने सालों से कुढ़ती रही और शायद एक ग़लत चीज़ ढूंढ़ती रही। असली मज़ा तो अपनों के साथ ही आता है और यह सोशल-मीडिया तो एक दिखावा मात्र है।
जब दोनों घर पहुँचे तो कपड़े बदल कर टीवी पर कोई मैच लगा लिया, तभी मीता फ्रिज से आइसक्रीम ले आयी, सबीर ने हँसते हुए कहा "तुम्हें तो मीठा नहीं खाना था, तो फिर अब क्यों?" मीता बोली "बस वैसे ही मन कर आया !" अब दोनों आराम से कुर्सी पर बैठ, पाँव बेड के ऊपर रख कर, मैच का मज़ा लेते हुए सुकून से आइसक्रीम खा रहे थे, कोई जल्दी नहीं थी, कोई घूर नहीं रहा था। बस यही सुख था जो बाहर खाना खाते वक़्त मिल नहीं पाया था। मीता को एक पुरानी कहावत याद आ गयी -
"जो सुख छज्जू के चौबारे - न बल्ख न बुख़ारे !"
आज के लिए इतना ही।
|| इति ||
|| इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
enable_page_level_ads: true
});
</script>
No comments:
Post a Comment