Powered By Blogger

Wednesday, 22 October 2025

सोन पापड़ी

 जी हाँ, यह सच है कि, कोई समय था जब सोन पापड़ी जिसे कुछ लोग सोहन पापड़ी भी कहते हैं, को मिठाईयों का सरताज माना जाता था और उसका बड़ा ही वाज़िब कारण भी था। यह बनता भी बड़े ही साधारण चीज़ों को मिला कर है।  जैसे बेसन, घी, चीनी, ईलायची और थोड़ा सा बारीक़ कटा हुआ पिस्ता-बादाम बस। इसमें मिलावट की गुंजाइश काफ़ी कम होती है, ज़्यादा से ज़्यादा क्या होगा, बेसन थोड़ा हल्की क्वालिटी का होगा या घी थोड़ा हल्का वाला इस्तेमाल हुआ होगा। पर सही कलाकारी और मेहनत तो इसे परतदार बनाने में होती है। हालाँकि बनता तो पतीसा भी लगभग इसी तरह से है पर सोन-पापड़ी  की परतें ज़्यादा खस्ता होती हैं और इसको इतना फैंटा जाता है कि यह पतीसे के मुकाबले काफी सूखा सा होता है। 


तो जैसे कि सबको मालूम है दिवाली आ ही गयी है और साथ ही में सोन-पापड़ी वाले चुटकले और वो जो आजकल सोशल मीडिया पर चलते हैं मीम, भी आने लगे हैं।  कभी लोग इस मिठाई को बड़े ही ख़ास लोगों को दिया करते थे और आम लोगों को मिठाई के नाम पर रसगुल्ले, गुलाबजामुन और लड्डू ही बांटे जाते थे। इस मिठाई की कुछ खासियत और भी हैं, जैसे यह जल्दी ख़राब नहीं होती, इसमें से रस नहीं टपकता और खाना भी आसान।  

कभी यह दिल्ली, मध्य प्रदेश में इंदौर और उत्तर प्रदेश के आगरा में मुख्य तौर पर बनाई जाती थी और यहाँ के हलवाई को कारीगर कहा जाता था।  वैसे थी भी कारीगरी ही, घंटों उस बेसन - घी के मिश्रण को चाशनी में मिला कर लोहे की ट्रे में अनगिनत बार मोड़ा जाता है और फिर से खींच - खींच कर मोड़ा जाता है जिस की वजह से यह कुरकुरा और परतदार हो जाता है। अब जबकि सब कुछ मशीन बनाने लगी है, सोन पापड़ी की भी फैक्ट्री लग गई हैं और अब तो उसकी मार्केटिंग भी कुछ और ही होने लगी है। 

भारत में पिछले कुछ वर्षों से सोन पापड़ी की बड़ी ही दुर्गति हुई है। लोग तो इसे दिवाली करेंसी भी कहने लगे हैं, जो कि ठीक हमारे नोटों की तरह एक जगह टिकती ही नहीं। बस एक हाथ से दुसरे हाथ सफ़र करती रहती है।  यह सब हुआ है जबसे बड़ी-बड़ी कंपनी ने हमारे त्योहारों को व्यवसायकरण किया है, हमारे तोहफों का भी व्यवसाय होना शुरू हुआ। अब हम पहले की तरह अलग-अलग मिठाइयाँ एक प्लेट में सजा कर पड़ोसियों को नहीं देते।  उस थाली की जगह पहले मिठाई के डब्बे ने ली और फिर चोकलेट या बिस्किट के डब्बे ने, फिर और अब घर की किसी चीज़ ने। 

सोन पापड़ी तो आजकल एक घर से दुसरे घर तक सफर ही करती रहती है और फिर शायद घर में काम करने वालों के घर जा कर डब्बे से बाहर निकलती है। दिवाली में पहले से कहीं ज़्यादा तड़क-भड़क तो है पर पहले सी मिठास और अपनापन नहीं है।  अब लोग उम्मीद करते हैं और साथ के साथ मुकाबला भी है कि मेरा उपहार दुसरे से बड़ा होना चाहिए।  दिखावा बढ़ गया है और सत्यता, नेकनीयती कम। ख़ैर इन सब बातों को भूलते हुए बस एक बार फिर से कोशिश कीजिए कि सोन पापड़ी को उसका खोया हुआ रुतबा वापिस मिले और हम सब एक कम मिलावट वाली और सबके बजट में आने वाली मिठाई फिर से बांटे और खाएं। 

रस्में निभाते हुए आप सब को साल के सबसे प्रदूषित दिनों में खांसी-जुक़ाम
 से बचते रहने की ताक़ीद के साथ दिवाली मुबारक ! 

आज के लिए इतना ही।
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

No comments:

Post a Comment