Powered By Blogger

Sunday, 15 August 2021

उड़ने वाला गधा



एक रेगिस्तान में एक पशु मेला लगा हुआ था।  ऊँट, घोड़े, बकरियाँ और गधे बिक रहे थे।  ऊँट और घोड़े तो लाखों की क़ीमत में बिकते जा रहे थे।  कोई उनके दांत देख कर तो कोई उनके शरीर की बनावट माने जानवरों के कद-काठी और कोई उनकी चाल देख कर बोली लगाता।  कभी-कभी तो किसी जानवर की बोली ज़िदबाज़ी में आकर बड़ी आगे तक निकल जाती और कभी एक भी ख़रीदार नहीं मिलता। ऐसे में, जानवर बेचने वाला अपने जानवर की तारीफ़ के पुल बाँधने लगता और लोगों को आकर्षित करने लिए ज़ोर-ज़ोर से आवाज़ें लगाता।  जैसे -" रै भाई साब आपका ध्यान किधर है, रेगिस्तान की शान तो इधर है !" या "ना हांफता न थकता है, मेरा घोड़ा, बिजली सा कड़कता है !" काफ़ी लोग आये हुए थे इस मेले में और खूब रौनक थी चारों तरफ़।

एक व्यापारी अपने एक कमज़ोर से गधे को लेकर बैठा हुआ था, कोई उसकी तरफ़ आना तो छोड़िए, देखता तक नहीं था।  अचानक उस व्यापारी को एक तरीका सूझा। उसने पूरे जोश से आवाज़ लगाई - "रै भाई साब, यहाँ आइए मेरा उड़ने वाला गधा ले जाइए !" लोग यह बात सुन कर तुरन्त उसकी तरफ़ लपके। एक के बाद एक करते-करते मेले के लगभग सारे लोग उस मरियल से गधे के आसपास इकठ्ठे हो गए।  कोई गधे की उम्र पूछता तो कोई उसकी ख़ुराक।  फिर एक लंबे बोली लगने के दौर के बाद गधा बहुत ही ऊंची क़ीमत में शहर के एक रईस ने ख़रीद लिया।  व्यापारी ने गधे की रस्सी नए मालिक को पकड़ाते हुए कहा " साहेब, इसे अभी मत उड़ाइयेगा, सुबह से यहाँ बंधा हुआ है, कुछ दिन मेवे-किशमिश खिलाने के बाद किसी ख़ास मौक़े पर ही उड़ाना "

नए मालिक को बात ठीक लगी और उसने गधे को एक बड़े से महल में रखा, हर सुख सुविधा का ख्याल रखा।  एक-दो महीने बाद उसका मन हुआ कि चलो आज गधे को उड़ाया जाये।  वो गधे के पास गया और गधे की पीठ पर हाथ फेरते हुए बोला - चल तुझे आज उड़ना है। आगे से गधा बोला - मैं तो अभी उड़ नहीं सकता, अभी मुझे ठीक से उड़ना नहीं आता ! मालिक तो एकदम हक्का-बक्का रह गया कि उड़ने वाला तो अलग़, यह तो बोलता भी है ! उसने पूछा कब तक उड़ने लगोगे ? गधे ने कहा कम से कम एक साल  लगेगा।  मालिक ने गधे की सेवा और बढ़ा दी, हर तरह की ख़ुराक का बंदोबस्त कर दिया गया, सुबह शाम मालिश का इंतज़ाम कर दिया गया।

ऐसा करते-करते दो तीन साल निकल गए, गधा कभी कहता कि उसे अभी उड़ना तो आ गया है पर उतरना नहीं आता।  कभी कहता कि अभी मैं ज़्यादा देर हवा में नहीं उड़ सकता या कहता अभी कुछ दिन और लगेंगे क्यूंकि बरसातों में उड़ना ख़तरनाक हो सकता है या अभी गर्मी के दिन हैं और लू चलने की वजह से आँखों में रेत पड़ सकती है।  जब गधे की बातें सुनते- सुनते मालिक तंग ही आ गया तो एक दिन मालिक ने उस गधे की जम कर धुनाई की और गधे को अपने महल में पानी ढोने के काम पर लगा दिया। अब गधे ने बोलना भी बंद कर दिया और चुपचाप अपनी औक़ात के हिसाब से मिले काम को करने लगा।  मालिक भी आगे होने वाले ख़र्च को बचा कर ख़ुश था।

तो आप भी अपने आसपास ध्यान से देखें और पहचाने कि कहीं हमने भी यह उड़ने वाले गधे तो नहीं पाल रखे जो हर पाँच साल में आकर हमें अपनी झूठी खूबियाँ बता कर हमारे पैसों पर पलते रहते हैं पर करते कुछ नहीं हैं। अभी हमें भी जागरूक होने और इन गधों को खदेड़ने की ज़रूरत है। यह हमारे ख़ून-पसीने की कमाई पर ऐश करते हैं और सिर्फ अपना ही भला करते हैं।  हम लोग यह जन सेवक चुनते तो अपनी सहुलियत के लिए हैं लेकिन इनका एक कारवां ही पूरे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बिगाड़ कर रख देता है।  यह लोग अपनी मर्ज़ी से देश का संविधान तक बदलने पर आमादा हैं। इन्हे समय रहते रोकना ही पड़ेगा नहीं तो हालात और ख़राब होते जायेंगे।



अभी तो लुटी है अस्मत संविधान की, उसे रौंदना तो बाकी है।
आ गए हैं मानो तानाशाह, जनतंत्र को ख़ाक में मिलाना बाकी है।
बिक गए हैं वो लोकतंत्र के साक्षी, या उनका बिकना अभी बाकी है ?
न वोट, न जनादेश,न संस्कार और कितना बलात्कार बाकी है ?
 

आज के लिए इतना ही। ...
||  इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>



1 comment: