मुझे बहुत अच्छे से याद है अस्सी के दशक की शुरुआत में हमारे घर पहला टेलीविज़न आया था। घर में टी वी होना बहुत बड़ी बात हुआ करती थी उन दिनों। बड़ा शौक़ हुआ करता था और जैसे तब लोग उसे सजावट का सामान मान कर घर की बैठक में रखा करते थे, हमने इससे उल्टा टी वी को बेड रूम में रखा था। माता जी का मानना था कि हमें कुछ शो ऑफ नहीं करना, वैसे भी पलंग पर बैठना आसान है और घर के सोफे भी ज़्यादा ख़राब नहीं होते। उससे पहले हम अपने पड़ोसी के घर हफ़्ते में एक बार फ़िल्म देखने जाया करते थे तो कभी चित्रहार देखने ताऊ जी के घर। अगर कोई मैच आ रहा हो तो किसी दोस्त के घर।
उन दिनों शाम साढ़े सात बजे लोकल या प्रदेशिक समाचार आया करते थे और फिर रात नौ बजे दिल्ली से राष्ट्रीय समाचार आया करते थे लगभग आधे घंटे के लिए और सच मानिए खबरें ही हुआ करती थीं। हम बच्चों को वह आधा घंटा बहुत अरुचिकर लगता था तो हम टी वी बंद करके रेडियो पर हवामहल या फिर कोई और प्रसारण सुना करते थे। शनि-इतवार को पिताजी नौ बजे टी वी ज़रूर देखा करते थे वो भी काफ़ी ऊँची आवाज़ में और हमें सुनना होता था बिनाका गीत माला, तो हम इंतज़ार करते रहते थे कि कब यह समाचार ख़त्म होंगे। जैसे ही टी वी में से आवाज़ आती थी - "इसके साथ ही समाचार समाप्त हुए", हम खुश हो जाते थे और रेडियो की आवाज़ बढ़ा दिया करते थे। तब यह नहीं सोचते थे कि एक दिन यह समाचार सच में ही समाप्त हो जायेंगे !
फिर दौर शुरू हुआ रंगदार या रंगीन टेलीविज़न का और अस्सी के दशक के ख़त्म होने से पहले हमारे घर रंगीन टी वी आ पहुँचा। इसके साथ ही दूरदर्शन ने सारे दिन अपना प्रसारण शुरू किया, समाचार दिन में तीन-चार बार आने शुरू हो गए। नब्बे के दशक की शुरुआत में ढ़ेर सारे चैनल आ गए और सारा दिन मनोरंजन होने लगा। समाचार सुनाने वाले भी कई आ गए। जब खाड़ी युद्ध हुआ तो बहुत अच्छी और सटीक ख़बरें देने पर एक-दो न्यूज़ चैनल पूरी दुनियाँ में छा गए। अब दुनिया भर के लोग विश्वसनीय ख़बरों के लिए इन्ही चैनलों को देखना पसंद करने लगे। बस तभी एक नया शब्द ईजाद हुआ - "ब्रेकिंग न्यूज़", उसने शुरू में तो काफ़ी रोमांच उत्पन किया परन्तु साल 2010 आते-आते इसका बंटाधार हो गया।
"ब्रेकिंग न्यूज़" के नाम पर जाने क्या-क्या परोसा जाने लगा। कभी किसी छोटे से शहर के छोटे से मोहल्ले में किसी की गाय ने बछड़ा भी दे दिया तो "ब्रैकिंग-न्यूज़" बनने लगी। कभी यहाँ की अफ़वाह तो कभी वहाँ का झूठ, सब सरेआम दिखाया जाने लगा। राजनैतिक पार्टियां भी झूठ फ़ैलाने के लिए इन्ही की शरण में आ पहुंची। बस फिर क्या था, झूठ का बोलबाला हो गया और सच का मुँह काला। सच तो जैसे कहीं ग़ायब ही हो गया इन न्यूज़ चैनलों से। जब कोई ख़बर नहीं होती तो ख़बरों के नाम पर क़त्ल-लूटपाट-अपहरण जैसी ख़बरों के एक घंटे के लंबे-लंबे प्रोग्राम दिखाए जाने लगे। समाचार की जगह, सब चैनल रोज़ाना प्रसारित होने वाले सीरियल की कहानी बताने लगे हैं। अब ज़्यादातर के पास तो कोई ढंग की ख़बर होती ही नहीं, बस एक ही बात को बार-बार बोलते रहते हैं।
जाने वो शांत और सभ्य ढ़ंग से समाचार पढ़ने वाले कहाँ चले गए ? अब तो एक से एक अभिनेता आ धमकता है टी वी पर और घटिया स्तर का अभिनय करते हुए अपना मत आपको बता जाता है और आप समझते हैं कि यही ख़बर है। कुछ लोग समाचार सुनाते हुए ऐसे चीख़ते हैं मानों किसी मंडी में कोई बोली लगा कर अपना सामान बेच रहा हो। असली ख़बरों को ना बता कर कुछ दूसरी ख़बरों को प्राथमिकता दी जाती है। ज़्यादातर ख़बरें आपको मात्र एक ही पहलु दर्शाती हैं वो भी ऐसा जिसमें उस चैनल को लाभ पहुँचाने वाले का राजनैतिक फ़ायदा हो। पतन सिर्फ समाचार सुनाने वालों का ही नहीं हुआ, सुनने वालों का भी हुआ है। राजनीति में इसका इस्तेमाल छवि बनाने और छवि बिगाड़ने में खुल कर हुआ और समाचार समाप्त हो गए!
लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहलाए जाने वाली पत्रकारिता अब पत्तलकारिता में बदल चुकी है।
आज के लिए इतना ही।
|| इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
enable_page_level_ads: true
});
</script>

No comments:
Post a Comment