राय गढ़ की एकदम नई बनी कॉलोनी चन्दन विहार में अभी हाल ही में शिफ्ट हुए केवल शर्मा परिवार की माली हालत बहुत अच्छी नहीं थी, अकेले केवल जी कमाने वाले और घर में छह लोग खाने वाले। ऊपर से माँ बाबू जी की दवाई का खर्चा और अपने खुद के दो बच्चे कॉलेज में पढ़ने वाले। पुरानी मंडी के पास छोटी सी किराने की दूकान से बहुत अच्छी कमाई नहीं हो रही थी आजकल। बेटा रमन और बेटी शिप्रा अब शहर के अलग-अलग सरकारी कॉलेज में पढ़ते थे। रमन बी. ऐ. फाइनल में और शिप्रा अभी हाल ही में कॉलेज में दाखिल हुई थी, बी. कॉम. में। दोनों की उम्र में लगभग दो साल का फ़र्क़ था। रमन का कॉलेज शिप्रा के कॉलेज से नज़दीक ही पड़ता था।
दोनों बच्चे बस से ही आया-जाया करते थे, इससे पैसे भी बचते थे और स्कूटर, हेलमेट, लाइसेंस और पेट्रोल का झंझट भी नहीं रहता था। रमन तोपखाना रोड पर दीवान मूलचंद डिग्री कॉलेज में और शिप्रा उसके तीन स्टॉप आगे कमला नेहरू गर्ल्स कॉलेज में पढ़ा करते थे। रोजाना सुबह दोनों के जाने का समय तो लगभग एक ही होना चाहिए था परन्तु रमन घर से थोड़ा जल्दी ही निकल जाता था यह कह कर कि उसे जल्दी पहुँच कर कुछ नोट्स तैयार करने हैं या फिर आज एक्स्ट्रा क्लास है। असल में वो और उसका दोस्त अजय सवेरे वाली बस में जा रही लड़कियों को छेड़ते थे। बस में भीड़ होने की वजह से वो दोनों लड़कियों को कभी कभार छू लिया करते थे और फिर सारा दिन उनके बारे में बातें बनाया करते थे कि फलां लड़की ऐसी है यो वो लड़की वैसी है।
अक्सर रमन और अजय कमला नेहरू कॉलेज तक बस में लड़कियों को छेड़ते हुए जाते और फिर वापिस अपने कॉलेज तक या तो पैदल आ जाते या फिर किसी से लिफ्ट ले कर। यह सारी मस्ती हफ्ते के चार-पांच दिन होती ही रहती थी और यह चालीस मिनट का खेल चलता ही रहता था। रमन पहले घर से निकलता और शिप्रा बाद में और चार-पांच बसों के फासले पर दोनों अपने-अपने कॉलेज पहुँच जाया करते। उस दिन भी ऐसा ही हुआ रमन अपने घर से जल्दी से निकला और फटाफट बस में चढ़ गया,बस में बहुत ज़्यादा भीड़ थी रोज़ की तरह,अगले ही स्टॉप पर अजय भी बस में आ गया और इन दोनों ने अलग-अलग सीट पर बैठी लड़कियों को तंग करना शुरू कर दिया।
अभी दस मिनट ही हुए थे बस को चलते कि अचानक से बस रुक गयी, जब पता किया तो मालूम हुआ कि बस का टायर फट गया है और अब यह आगे नहीं जायेगी। सभी सवारियों को वहीं उतार कर बस को सड़क के किनारे खड़ी कर दिया गया। कुछ लोगों को बस के कंडक्टर ने पीछे से आने वाली बसों को रुकवा कर बैठाना शुरू कर दिया। सुबह का समय था, भीड़ बहुत ज़्यादा होने की वजह से बसें भर कर ही आ रहीं थीं खैर रमन को कौन सा जल्दी थी कॉलेज पहुँचने की इसलिए वोह आराम से एक लड़की के पीछे खड़ा हो कर कम भीड़ वाली बस का इंतज़ार करता रहा।
दस मिनट और चार बसों के बाद एक बस आयी तो रमन उसी लड़की के पीछे-पीछे चढ़ गया इस नीयत से कि भीड़ ज़्यादा होने के चलते आज आसानी से उस लड़की को कहीं भी छू सकूंगा। रमन उस लड़की से एकदम सट कर खड़ा था और बीच-बीच में अपने बालों को ठीक करने या जेब में हाथ डालने के बहाने लड़की को छूने लगा। उस लड़की को भी थोड़ा अटपटा लग रहा था पर यह तो उनके साथ रोज़ ही होता है और कोई चारा भी नहीं है यह सोच कर वोह चुपचाप सब सहती रही। रमन का कॉलेज आया, बस थोड़ी खाली हुई तो जहाँ उस लड़की ने थोड़ी रहत की सांस ली, वहीँ रमन की नज़र आगे वाली सीट पर बैठी शिप्रा पर गयी।
रमन घबरा गया कि कहीं शिप्रा भी उसे देख न ले और हड़बड़ी में वोह बस से उतरने ही वाला था कि उसने देखा शिप्रा की सीट का पास खड़ा एक लड़का शिप्रा के दुप्पट्टे को छू रहा है। देखते-देखते उस लड़के ने शिप्रा के कंधे को भी छूना शुरू कर दिया। रमन अभी भी सोच ही रहा था कि उस लड़के को रोकूं तो कैसे ? पर अब उसकी अंतरात्मा भी उसे धिक्कार रही थी कि उसकी खुद की भी तो यही हरकतें थी आज सुबह से पर क्यूंकि आग अपने घर पर लगी तो ताप महसूस हुआ। इतने में शिप्रा का कॉलेज आ गया और रमन बस से उतरने की हिम्मत न जुटा पाया। अगले स्टॉप पर उतर कर पैदल वापिस आते हुए वो अपनी हरकतों पर बहुत शर्मिंदा था। आज उसका मन कॉलेज जाने का नहीं हो रहा था क्यूंकि आज ज़िंदगी ने बहुत भारी सबक सिखा दिया था। रमन ने कसम खायी की कल से वो ऐसी कोई हरकत नहीं करेगा और शिप्रा को बस में अकेले नहीं जाने देगा।
जीवन में बहुत सी बातें हम आसानी से नहीं समझते तो ज़िंदगी हमें कई बार बुरे तज़ुर्बे बहुत कुछ अच्छा समझा देतें हैं। आप सब घर में रहें स्वस्थ रहें बस इसी मनोकामना सहित आज के लिए इतना ही।
|| इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script><script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({enable_page_level_ads: truegoogle_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", });</script>

No comments:
Post a Comment