कहते हैं कि बाप तो कोई भी बन सकता है मुश्किल है तो डैडी बनना ! दुनियां में हरेक चीज़ के उत्पन्न होने में किसी न किसी का योगदान ज़रूर रहा है, बस उसी को बाप कहते हैं। जिससे आप प्रेरित हों उसे ही आप पिताजी या डैडी या फिर आज कल के मॉडर्न ज़माने के हिसाब से पापा कह देते हैं। ऐसे ढेरों लोग हैं जो मजबूरी में, लोक दिखावे में पिता को पिता जी मानते भर हैं दिल में उनके प्रति आदर भाव नहीं रखते। उनके लिए यह एक थोपा गया रिश्ता मात्र है। उनके लिए उनकी माता का पति ज़्यादा है पिता कम।
संजीव अपने माता-पिता, यशपाल और सुनीता की इकलौती संतान थी। यशपाल जी डाक विभाग में कार्यरत थे और रोज़ एक तय समय पर घर पहुँच कर संजीव से दिन भर की बातें पूछते, क्या पढ़ा क्या नहीं ? संजीव को यह अच्छा नहीं लगता और वो सोचता रहता कि कब मैं बड़ा हो जाऊँगा और कब मेरे ऐसे मजे होंगे। करना क्या है बस सुबह तैयार हो कर ऑफिस जाना है और सारा दिन बैठ कर दो चार लोगों से बाते करनी हैं, कुछ सरकारी कागज़ इधर से उधर रखने हैं और शाम को घर आ कर बिना मतलब के सवाल पूछने हैं। दिन-त्यौहार और इतवार की छुट्टी अलग से, यह बढ़िया है और कहाँ मुझे सारा दिन स्कूल में मास्टर जी से बचना है और फिर घर आकर पिताजी से। जाने कहाँ से ले आते हैं यह ऐसे सवाल जिनका जवाब मुझे ठीक से पता ही नहीं होता।
संजीव, कई बार यशपाल जी के जूते पहनता तो लगता कि अब बड़ा हो गया हूँ, फिर जब संजीव का पैर यशपाल जी के पैर के बराबर हो गया तो लगा कि बड़ा हो गया हूँ। कॉलेज खत्म करने के बाद संजीव एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करने लगा हालाँकि उसकी ड्यूटी का समय तो निश्चित था पर अक्सर एक-दो घंटे ज़्यादा काम लिया जाता। समय आया तो संजीव की शादी हुई, बच्चे हुए और संजीव को लगा कि वो बड़ा हो गया है तभी किसी वजह से वह कंपनी बंद हो गयी और संजीव ने काफी नौकरी ढूंढ़ने के बाद फैसला किया कि अब कोई दुकान खोली जाएगी। संजीव ने घर के पास ही एक दुकान रेडीमेड कपड़ों की शुरू कर दी। बड़ी मेहनत से काम करने के बावजूद काम कोई बहुत अच्छा नहीं चल रहा था रोज़ के पैसे आते और रोज़ ख़त्म भी हो जाते,पिता जी की पेंशन भी आ जाती थी तो गुजर-बसर हो जाती थी। संजीव जब अपने बच्चों से घर आने के बाद सवाल पूछता तो महसूस करता कि वो सच में बड़ा हो गया है। कई बार संजीव अपने पिता से इस बात पर उलझ जाता कि अब बस भी करो समझाना, अब मैं भी बड़ा हो गया हूँ!
सारा कुछ लगभग ठीक ही चल रहा था कि कोरोना की वजह से लॉकडाउन शुरू हो गया, पहले पहल तो लगा कि एक दो हफ़्तों में सब ठीक हो जायेगा पर जब मार्च का महीना ख़त्म हुआ तो अगले महीने के राशन की व्यवस्था के लिए पैसे नहीं थे। यशपाल जी ने संजीव को उदास देख कर उसके कंधे को थपथपाते हुए कहा बेटा किसी किस्म की कोई चिंता ना करना, कोई भी खर्चा पैसों की कमी के कारण रोकना मत। बच्चों का जो भी खाने का मन हो ला देना पैसे हैं मेरे पास। पहले अप्रैल और फिर मई भी इसी तरह निकला, तो संजीव को समझ आ गया कि कोई भी उम्र से चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो जाये पिता से बड़ा नहीं हो सकता। पिता तो पिता ही रहेगा और बड़ा भी वही रहेगा।
मेरे भी पिताजी सरकारी नौकरी करते थे, महीने में एक या दो बार इतवार को उनसे मिलना होता था उसमे भी वो ज़्यादातर सोते थे या फिर किसी दोस्त के साथ समय गुजारते थे। मुझे याद नहीं कि कभी मैं उनकी गोदी में बैठ कर खेला हूँ, बड़े हो जाने के बाद यह ख्याल आता था तो शायद कोई धुंधली सी याद ही सामने आती थी। फिर पिछले साल पिताजी बीमार हुए और उनको रेडियो थेरेपी के लिए आठ हफ़्तों के लिए लगातार हॉस्पिटल ले कर जाना पड़ता था। एक दो बार कार से लेकर गए तो कभी पार्किंग का झगड़ा तो कभी ट्रेफिक जाम को देखते हुए फैसला हुआ कि अब स्कूटर पर ही जायेंगे। स्कूटर पर जाने से दो फायदे हुए, एक कि हम जल्दी से हॉस्पिटल पहुँच जाते और जल्दी से वापिस भी आ जाते। दूजा, जब पिताजी मेरे पीछे बैठते तो ट्रैफिक की वजह से अपनी टाँगे मेरे साथ सटा कर बैठते और मुझे महसूस होता कि मैं उनकी गोदी में बैठा हुआ हूँ।
सारे गधे बाप तो ज़रूर बनते होंगे और कुछ को ज़रुरत के वक़्त भी बाप बनाया जाता है, मुश्किल तो है डैडी बनना और बनाना। आप तमाम उम्र गलतियां करते रह सकते हो अगर डैडी आपके साथ हैं। डैडी एक विकेट कीपर की तरह आपकी सारी गलतियों को पकड़ते रहते हैं ताकि आपका कम से कम नुक्सान हो और साथ के साथ वो आपको बताते भी रहते हैं कि कब, कैसे और क्या करना चाहिए। पिता एक इंजन की तरह छुप कर कार को चलाता रहता है और लोग भी यही कहते-समझते हैं कि कार चल रही है असल में चल तो इंजन ही रहा होता है और उसकी वजह से ही कार जाने कहाँ से कहाँ पहुँच जाती है। अगर इंजन रुक जाये तो फिर कार को बचाना बहुत मुश्किल होता है, तब वह टुकड़े-टुकड़े हो के बिखर जाती है। पिता के जाते ही यही हाल कई परिवारों का होता है।
पिता की उपलब्धियों पर तो कोई भी गुरूर कर सकता है, मज़ा तो तब है, उपलब्धि आपकी हो और गुरूर पिता करें !
आज के लिए इतना ही।
|| इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
enable_page_level_ads: true
});
</script>

Very true. It requires a lot of clean character, hardwork and selfless love to grow from father to Pita. He is the one who always love to loose against you when you move forward in life. Shabash (well-done) is the best motivational saying by Pita ji which works wonders.
ReplyDelete