Powered By Blogger

Sunday, 27 May 2018

रोमांच


अगर ऐसा मान ही लिया जाए कि हर एक इंसान को पूरी जिंदगी में एक दो रोमांचक कारनामे अंजाम दे ही देने चाहिए तो जहां बाकी की दुनिया के लोग कभी कोई दुर्गम पहाड़ फतह करते हैं या किसी नौका में दुनिया भ्रमण पर निकल जाते हैं या फिर पैरा जंपिंग, बंजी जंपिंग जैसी प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हैं वहीं हम भारतीय जब ऐसा कुछ नहीं कर पाते तो शादी कर लेते हैं। हमारे यहाँ शादी एक जरूरत सी मान ली गयी है, जहाँ कोई लड़का या लड़की 25 के हुए बस वहीँ आस पड़ोस वाली आंटी से लेकर बुआ, मासी, ताई, चाची सब शुरू हो जाती हैं, अगला नंबर तो तेरा ! या फिर आपस में बैठ बस यही चुगली कर रही होती हैं - अरे, वो भाटिया जी के बेटे की उम्र हो गयी है पर शादी क्यों नहीं कर देते, तो  दूसरी कहती है मुझे तो लगता है इसका कहीं चक्कर चल रहा है, मेरे वो भी कह रहे थे, शायद उन्होंने देखा होगा किसी के साथ। वहीँ कुछ पड़ोसनें जहाँ कहीं भी मिले, सुना ही देती हैं कि क्या बताऊँ बहन हमारे लड़के तो अभी पढ़ ही रहे हैं, लेकिन लोगों ने शादी के लिए पूछ-पूछ कर हमारी तो चौखट ही घिसा दी हैं।

जिस तरह से पढाई करते हुए एग्जाम/ टेस्ट या परीक्षा ज़रूरी बुराई हैं ठीक इसी तरह से ज़िंदगी में शादी भी ज़रूरी बुराई है वर्ना तो स्कूल, कॉलेज या बाकी की ज़िंदगी में तो मजे ही मजे होते।  अब जिसको पढाई समझ में आ गयी वो पास हो जाता है उसी तरह से जिसे शादी समझ आ गयी उसका भी बेडा पार हो जाता है। तो जैसे ही लड़का-लड़की जवान होते हैं पड़ोसियों की नज़रें उन पर लग जाती हैं या यूँ कहना चाहिए यह बच्चे उनके रडार में आ जाते हैं और शादी का इतना जिक्र बच्चों के खुद के घर में नहीं होता जितना उनके पड़ोसियों के घर पर या गली में चल रही नुक्कड़ मीटिंग में हो जाता है।  होना भी चाहिए, क्यूंकि यही तो मज़ा है फ़ालतू की गपशप का, किसी का गया भी कुछ नहीं और उनका रहा भी कुछ नहीं। दिल की भड़ास भी निकल गयी और जानकारी भी मिल गयी।

चलिए, लड़का जवान हो गया तो उसकी शादी भी होनी चाहिए, तो वो भी हो गयी, नयी दुल्हन घर में आ गयी।  बजुर्ग दादा जी जो अक्सर जांघिया और गंजी में नज़र आते थे, अब कुर्ते पायजामे में दिखने लगते हैं, ताऊ जी जो बात-बात पर गाली निकाल देते थे अब थोड़े सभ्य हो जाते हैं।  खुद लड़के के पिता जी जो घर भर में हो-हल्ला करते फिरते थे, मोहल्ले भर में कहीं कोई बात होती तो सबसे आगे नज़र आया करते थे, अब थोड़े गंभीर से लगने लगते हैं।  छोटा भाई जो सारा दिन पतंग बाज़ी, कंचे और न जाने क्या-क्या खेल खेला करता था कुछ दिनों के लिए शांत सा हो जाता है, यहाँ तक कि दोस्तों को भी मना कर देता है कि मुझे बुलाने के लिए अब घर पर मत आया करो, जब फुर्सत मिलेगी मैं खुद आ जाऊँगा। इसी तरह  मम्मी जी सुबह-सुबह तीन-चार घर घूम लिया करती थीं वो भी अब घर पर ही विराजमान हो कर अपनी बहू को घर में आते-जाते घूरती रहती हैं।

महीना- दो महीने ऐसे ही चलता रहता है, कोई किसी को ज़्यादा रोकता-टोकता नहीं, सब एक दुसरे के साथ बड़ी नरमी और शिष्टाचार से पेश आते हैं लेकिन फिर सारी पोल खुलने लगती है, बहू भी थोड़ी भांप चुकी होती है कि यह सब नाटक जैसा चल रहा है और वो भी सुबह शाम के झूठे खेल के मजे लेना शुरू कर देती है। चार महीने बाद दादा जी खुल्लम-खुल्ला छेदों वाली बनियान और चड्डी में दिन भर नज़र आने लगते हैं, ताऊ जी की गालियाँ फिर से गूँज रही होती हैं। देवर जी की भी अब तक दो-तीन बार पिटाई हो चुकी होती है और मम्मी जी, अब फिर से सारा दिन गली मोहल्ले की अख़बार बन कर घूमती रहती हैं और उनकी सहेलियाँ भी पूछने लगती हैं- और बहनजी बहू कैसी है, है कोई ख़बर ? अब तक तो आ ही जानी चाहिए ! देखो ना, वर्मा जी के बेटे की शादी बाद में हुई और उनकी बहू को दो बार हॉस्पिटल में देखा, पक्का चेक अप के लिए गए होंगे ! आप कहीं कुछ छुपा तो नहीं रहे ?


फिर घर में थोड़ी सी सास-बहू वाली खिटपिट शुरू होती है, जहाँ मम्मी जी पिता जी को बताती हैं कि आज बहू ने ऐसा किया, वैसा किया या आज ये बोला और तो और हमारे बेटे ने भी सब कुछ देखा और अपनी बीवी का ही साथ दिया, घर-घराने की कोई इज़्ज़त ही नहीं करती ये बहू तो वहीँ वो नयी दुल्हन भी अपने पति को बता रही होती है, मम्मी जी सारा दिन खुद तो कुछ करती नहीं हैं और मेरे किये काम में नुक्स निकलती रहती हैं। अगर रसोई में दस मिनट भी खड़े रहना पड़े तो पता चले कि गर्मी कितनी है ! पति बेचारा, समझाने कि नाकाम कोशिश करता है कि चलो जाने दो पर अब कहाँ, अब तो चक्की चालू हो चुकी होती है और बस दोनों पाटों के बीच बेचारा धीरे-धीरे सरकता चला जाता है। कभी मम्मी नाराज़, कभी बीवी तो कभी बिना बात पिता जी बस अब सही रोमाँच शुरू होता है और फिर एक दिन पापा जी के सामने बोलना ही पड़ता है - क्या चक्कर है, क्या तकलीफ़ है आप लोगों को, वो बेचारी सारा दिन आप लोगों की सेवा में लगी रहती है और आप हो कि उसे सराहने के बजाये नुक्स निकालते रहते हो। बस फिर क्या ये नोक-झोंक लगी ही रहती है ताउम्र।  बस यही रोमांचक कार्यक्रम चलता रहता है बस चलता रहता है।


कभी युद्ध, कभी शीत युद्ध, कभी वाक् युद्ध, कभी सुलह,नहीं सुलह तो बस आये-गए पर ही दिखाई देती है। हाँ, इस सबसे ज़िंदगी में रोमांच बना रहता है और हम भारतीय जुटे रहते हैं किसी और की ज़िंदगी रोमांचित बनाने में।


आज के लिए इतना ही। ...


||  इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

No comments:

Post a Comment