Powered By Blogger

Saturday, 12 May 2018

माँ


हमेशा मेरे साथ मेरी माँ झूठ ही बोला करती थी, बचपने से।  हर छोटी-छोटी बात पर झूठ। कभी तो मैं अभी आई, कह कर बाज़ार चली जाती थी और मैं मानो घंटों इंतज़ार करता रहता और वापिस आ कर मुझे बहलाने को कोई न कोई खिलौना पकड़ा देती और मैं वोह इंतज़ार भूल जाता।  कभी कहती कि आज डॉक्टर को दिखाने जाना है मैं भी साथ जाने की ज़िद्द करता तो मुझे कहती कि डॉक्टर तुम्हे सुई लगा देगा और फिर मुझे रोते हुए छोड़ कर चली जाती और घंटो बाद बाज़ार से खरीदी कर वापिस आ जाती।  इतनी देर में मैं सब कुछ भूल चुका होता और दौड़ कर  उससे लिपट जाता।

झूठ ही तो कहती थी माँ, जब मैं पूछता कि मैं साँवला क्यों हूँ तो बड़े प्यार से गोदी में बैठा कर भगवान कृष्ण के रंग का वास्ता देती और कहती "तू तो सबसे अलग है" जब बचपन में कई बार गिर जाता, रोने लगता तो झट से मुझे कहती वो देखो चींटी का आटा गिर गया और मैं बुद्धू सा, अपनी चोट भूल कर चींटी ढूंढ़ने लग जाता, झूठ ही तो बोलती थी माँ, कहीं कोई चींटी नहीं दिखी बस मेरा ध्यान किसी ओर तरफ कर दिया करती थी।  कई बार मेरे गिरने पर सच में चप्पल से मेज़, कुर्सी, पलंग यहाँ तक कि ज़मीन की भी पिटाई कर देती थी कि उन्होंने उसके लाडले बेटे को गिराया क्यों और मैं रोते -रोते हंसने लगता, पर झूठ ही बोलती थी माँ, भला मेज़, कुर्सी, और पलंग को कहाँ चोट लगती है चप्पल से, वो तो बस मेरा ध्यान बाँटना चाहती थी।


जब मैंने पूछा कि मेरी भौंह आपस में मिलती क्यों है या मेरे सामने वाले दांतों के बीच में जगह क्यों है तो बड़ी सफाई से माँ ने झूठ बोला कि यह तो सिर्फ किस्मत वालों के होता है, ज़्यादातर के तो एक भी चीज़ नहीं होती पर देखो मेरे बेटे के तो दोनों हैं, तू तो है ही बड़ा किस्मत वाला।  अक्सर अपनी रोटी हम सब में बाँट कर माँ झूठ बोलती थी कि मुझे भूख नहीं है या मेरा पेट ठीक नहीं है। पिताजी की या चाचा जी की पुरानी कमीज़ काट-छांट के मेरे नाप की बना देती और जब मैं पहनने में नखरे करता कि यह तो ढीली सी है तो जाने कहाँ से किसी फ़िल्म कलाकार की तस्वीर ढूंढ कर ले आती कि यह तो बड़े फैशन में है और मैं बड़ा खुश हो कर, खुद को हीरो मान कर वो कमीज़ पहन लेता! झूठ बोलती थी माँ, वो तस्वीर तो बरसों पुरानी होती थी और ऐसे कपडे चलन में तो कतई न होते।

एक दिन जब मैं सुबह उठा तो पिताजी किसी बात पर माँ को बड़े गुस्से से डाँट रहे थे मुझे बिल्कुल अच्छा नहीं लगा क्यूंकि माँ कुछ बोल नहीं रही थी बस रोते जा रही थी।  झगड़ा करने के बाद पिताजी जब चले गए तो मैंने माँ से कहा कि मुझे पिताजी की यह बात ज़रा भी पसंद नहीं आयी, कोई ऐसे बोलता है माँ से ? तो माँ ने मुझे प्यार करते हुए गले से लगा लिया और फिर से रोने लगी, मैने कहा - भगवान करे आज पिताजी के साइकिल का पैडल टूट जाये,तो माँ ने झट से मेरे मुँह पर हाथ रख कहा - बेटा, गलती मेरी ही थी और वैसे भी तेरे पिताजी सबसे बड़े हैं इसलिए वो कभी-कभी किसी बात पर डाँट सकते हैं।  झूठ बोलती थी माँ क्यूंकि उसी शाम मैंने पिताजी को कहते सुना था कि आज सुबह मैंने अपनी गलती पर तुम्हे बुरा भला कह दिया, नहीं कहना चाहिए था। 

फिर एक दिन माँ मुझे छोड़ कर चली गयी, कह रही थी कि अब वापिस नहीं आऊंगी, मैं समझा झूठ बोल रही होगी, हर बार की तरह पर मुझे क्या पता था कि सिर्फ इस बार उसने सच कहा था, फिर सच में वो कभी लौट कर नहीं आई।  हां गाहे-बगाहे सपने में ज़रूर आ जाती है....  माँ कहती थी एक दिन तेरे पास सब कुछ होगा पर तब मैं नहीं रहूंगी, बस यही सच बोलती थी माँ, सब कुछ है पर माँ नहीं है तो फिर मानो कुछ भी नहीं है।

ज़िंदगी भी  ‘माँ’ जैसी ही होनी चाहिए....

किसी को कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता कि दूसरों के पास कैसी है,

सबको बस यही अच्छा लगता है कि मेरे पास सबसे अच्छी है!


आज के लिए इतना ही। ...


||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

1 comment: