कहने को तो औरत और मर्द के बीच स्पष्ट रूप का फर्क सिर्फ एक दाढ़ी-मूँछ का वर्ना चेहरा तो लगभग एक जैसा ही होता है। हालाँकि आजकल एक रिवाज़ सा चल रहा है मूँछ रखने का और वो भी अलग-अलग स्टाइल की , कभी तो पतली सी लकीर जैसी दिखने वाली का रिवाज़ होता था तो कभी मोटी सी, गालों की तरफ़ बढ़ती हुई का चलन हो जाता है और शायद यही वजह है कि आजकल पुरुष प्रसाधनों के विज्ञापन ज़्यादा दिखाई देते हैं। पुरुष अब ज़्यादा फैशन परस्त होते जा रहे हैं।
अगर हम पौराणिक कथाओं के चित्रण की ओर देखें तो जो नायक दिखाया जाता हो, उसके मूँछ नहीं होती परन्तु खलनायक की बहुत बड़ी-बड़ी मूँछे होती हैं और जिसके दाढ़ी और मूँछ दोनों हो वह सात्विक प्रवति का ऋषि - मुनि दिखाया जाता है। अगर यही चित्रण सत्य है तो हमारी फ़िल्मों के हीरो की ज़्यादातर मूँछे नहीं होती और खलनायक की ज़्यादातर दिखाई जाती हैं। आजकल काफ़ी नेता गण मूँछों वाले हैं और खलनायक मेरा मतलब देशद्रोही या देश को नुक्सान पहुँचाने वाले ज़्यादातर लोगों की दाढ़ी मूँछ दोनों हैं जैसे विजय माल्या, आसाराम, राम रहीम, नदीम (नदीम-श्रवण वाले) मोदी ओह माफ़ करना नीरव मोदी के तो दाढ़ी-मूँछ नहीं है {मेरे दोस्त अतुल खत्री की चोरी की हुई ट्वीट }
हाँ तो, जैसा की पुराने समय से दिखाया जा रहा है कि मूँछ मतलब मर्दानगी तो जितने भी नेता या प्रधान आजकल राजनैतिक दलों के सहयोगी संस्थानों के है ज़्यादातर मूँछ रखे हुए हैं फिर चाहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हो या बजरंग दाल या विश्व हिन्दू परिषद् या शिव सेना या ऐसी ही कई और संस्थाएं जिनका असल काम तो होना चाहिए धर्म विस्तार पर यह लोग देश भर में अक्सर किसी और ही काम में संलिप्त पाए जाते हैं। पुराने समय में जिन्हे ऋषि बना कर पूजा जाता था आजकल सबसे भ्रष्ट लोग उसी भेष में नज़र आते हैं।
यहाँ एक कौम जिसे मैं खुद भी बहुत मानता हूँ और अनुसरण भी करता हूँ और दाढ़ी-मूँछ भी रखता हूँ बिना काटे वो है सिख धर्म या कौम इन्होने जो संकल्पना पूरी दुनिया को दी वह थी संत-सिपाही की, माने आप रहो तो संत महात्मा की तरह पर ज़रुरत पड़ने पर सिपाही भी बनने को तैयार रहो। लगता है कि मूछों को बिना बात ही किसी के चरित्र के साथ जोड़ दिया गया है, असल में यह तो किसी भी व्यक्ति की खुद की पसंद है या हो सकता है परिवार की चली आ रही रीत भी या किसी के कहने पर खास अंदाज़ वाली मूँछ जैसे श्री अमिताभ बच्चन जी शराबी फिल्म में बार-बार कहते रहे -
"भई मूँछें हो तो नथ्थू लाल जी जैसी वर्ना ना हों !"
वैसे यह भी देखा गया है कि रौब डालने के लिए भी मूँछ का होना ज़रूरी है शायद इसलिए ही काफी फौजी भाई और पुलिस वाले भी अक्सर इन घनी मूँछों के साथ ही दिखाई देते है और बड़े-बड़े होटलों के दरबान भी ऐसा ही शौक रखते हैं, राजस्थान में भी मूँछों का लम्बा-चौड़ा इतिहास है। कुछ साल पहले राम सिंह चौहाण नमक व्यक्ति ने सबसे लम्बी मूँछों का दावा ठोका था उनकी मूँछें 18 फुट से भी ज़्यादा लम्बी थी। चलिए मूँछ होना या न होना किसी की निजी राय हो सकती है इसको चरित्र से नहीं जोड़ा जाना चाहिए क्यूंकि एक व्यक्ति की वजह से जो मूँछ बदनाम हुई थी वही एक और आदमी की वजह से मशहूर भी हुई मेरा तात्पर्य हिटलर की वजह से बदनाम हुई वही फिर चार्ली चैप्लिन की वजह से मशहूर भी हुई.
आज के लिए इतना ही। ...
|| इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
enable_page_level_ads: true
});
</script>

No comments:
Post a Comment