ये आदत ही तो है जो मुझे बार-बार लिखने पर प्रेरित करती है, हर किसी को कोई न कोई आदत होती है किसी को अच्छी तो किसी को बुरी। अच्छी आदत हो तो लोग-बाग उसके बारे में बात करते है और अगर कहीं कोई बुरी आदत जिसे लोग-बाग व्यसन या लत भी कह देते हैं, के बारे में बातें ही करते हैं क्यूंकि उन्हें भी बातें करने की आदत होती है।
मेरे एक जानपहचान वाले हैं उन्हें बड़ी अजीब सी आदत है कि काम हो जाने के बाद कहना - अरे मुझे बताते तो सही, मैंने आपका काम यूँ करा देना था फिर चाहे वो कोई भी काम क्यूँ ना हो। वो अक्सर काम पड़ने पर फोन नहीं उठाते और फिर बाद में यह ज़रूर कहते हैं अरे मुझे पहले क्यूँ नहीं बताया। उनकी इस आदत से परेशान उनकी पत्नी एक किस्सा सुनाया करती हैं कि एक बार इनके बेटे की तबियत अचानक थोड़ी ख़राब हो गयी, श्रीमती जी ने इन्हे फ़ोन किया, एक बार, दो बार नहीं बल्कि दस बार ये बताने के लिए कि बच्चा बीमार है डॉक्टर के पास लेकर जाना है परन्तु श्रीमान जी ने आदतन फ़ोन की तरफ ध्यान नहीं दिया और जब शाम को घर पहुंचे तो घर पर ताला लटका हुआ मिला अभी आस पड़ोस से बतिया ही रहे थे ऑफ़ श्रीमती जी को फ़ोन मिलाने की सोच ही रहे थे की धर्म पत्नी जी बच्चे समेत प्रकट हो गयीं, इन्होने घर का दरवाज़ा खोलते हुए पूछ ही लिया कि कहाँ गयी थी, पत्नी ने बताया कि मुन्ना बीमार था और बहुत तेज़ बुखार हो गया था इसलिए डॉक्टर के पास ले गयी थी। अब श्रीमान जी के मुँह से भी आदतन ही निकल गया कि मुझे बता देती, तो मैं तुम्हे किसी अच्छे डॉक्टर के पास ले जाता , बस इतना सुनने की देर थी कि पत्नी ने काली का रूप धारण कर लिया और साहेब की जम के मिजाजपुर्सी हुई, कि एक तो फ़ोन नहीं उठाया और अब ऊपर से गलती मेरी कि मैंने पहले नहीं बताया।
ठीक इसी तरह एक और मित्र हैं जिन्हे अजब-गजब कलम (पेन ) इकट्ठे करने की आदत है हालाँकि वह उन्हें बड़े करीने से संभाल कर रखते हैं फिर भी अगर कहीं घर के किसी सदस्य ने कहीं कोई कलम यहाँ वहां रख दी तो घर में बवाल हो जाता है। आजकल कई लोगों को ज़्यादा से ज़्यादा एक जैसे मोबाइल नंबर रखने की आदत सी हो गयी है भले ही बात करने के लिए बैलेंस किसी में ना हो। अब देश के कई नेता लोग भी हैं जो अपने भाषण में बड़े-बड़े झूठ बोल जाते हैं यह सोच कर कि कौन सा कोई ध्यान से सुन रहा है परन्तु अब कई लोगों को बाल की खाल निकालने की आदत होती है तो वो तो पूरा मर्म निकाल के रख देते हैं और अगले दिन अखबारों में बस इसी बात की चर्चा हो रही होती है। वैसे भी भारत में विपक्ष को सभी नीतियों का विरोध करने की तो आदत सी ही हो गयी है। अब देखा जाये तो आज कल के सारे सुख-सुवधाएं हमें आदतों से ग्रस्त ही तो बना रहे हैं कभी तो पंखे के भी लाले होते थे लेकिन अब एयर कंडीशनर भी कम पड़ता है, कहीं तो मटके का पानी भी अमृत सामान हुआ करता था तो वहीँ आजकल शीतल जल भी कई बार यह कह के रख दिया जाता है कि ठंडा नहीं था।
यह सब आदत की वजह से ही हो रहा है अगर हम मन बना लें कि किसी चीज़ को अपनी आदत या कमज़ोरी नहीं बनने देंगे तो ही हम अपने आप को व्यसनों से दूर रख सकते हैं।
हालाँकि किसी सूफी शायर ने भी यही कहा है कि "ये आदत है कि छूटती ही नहीं भले ही शरीर के टुकड़े-टुकड़े क्यों न कर दिए जाएँ" चलिए मैं भी इस आदत को आज यहीं रोकता हूँ, जब तक कुछ नया नहीं लिखता।
आज के लिए इतना ही।
| | इति | |

Good one !
ReplyDelete