Powered By Blogger

Wednesday, 5 January 2022

यार मार

चेतन और आदित्य दोनों स्कूल के समय से दोस्त थे। दोनों ही पढ़ने में अच्छे थे। दसवीं और फिर बाहरवीं क्लास में दोनों ने बस एक या दो अंकों के फ़ासले से पहला और दूसरा स्थान हासिल किया था। जहाँ दोनों पढ़ाई में एक से थे वहीँ दोनों के रहन-सहन में काफ़ी अंतर था। चेतन के पिता, मनोहर लाल शहर की एक बहुत पुरानी मोटर गेराज में मैकेनिक थे और बड़ी मुश्किल से घर का खर्चा चला पाते थे। आदित्य के पिता, आकाश ओबेरॉय, एक बहुत बड़ी कार बनाने वाली कंपनी में जनरल मैनेजर थे और अक्सर दौरे पर रहते थे। अब तक कई देशों में घूम चुके थे। 

बाहरवीं पास करते ही आदित्य और चेतन दोनों ने मैकेनिकल इंजीनियर बनने की पढाई करनी थी परन्तु पैसे की वजह से चेतन ने सरकारी कॉलेज में दाखिला लिया और आदित्य ने देश के सबसे महंगे कॉलेज में सीट ख़रीदी और हॉस्टल में ही रहने लगा। महीने-दो महीने बाद जब भी आता तो चेतन से ज़रूर मिलता और अपने नये दोस्तों की ढेरों बातें बताता। वैसे भी दोनों, लगभग रोज़ ही एक दूसरे से बातचीत करते रहते, कभी अपनी पढ़ाई के बारे में या कभी अपने दोस्तों के बारे में। चेतन को अपने घर के हालात भली भांति पता थे। पिता मनोहर लाल को भी चेतन से बहुत उम्मीदें थीं और अपनी खुद की वर्कशॉप खोलने का भी मन था।

दोनों दोस्तों की डिग्री ख़त्म हुई तो आदित्य आगे की पढ़ाई के लिए जर्मनी चला गया और चेतन ने अपने पापा के साथ अपनी खुद की मोटर वर्कशॉप शुरू कर ली। आदित्य के पापा ने भी अपनी मोटर पार्ट्स बनाने की फैक्टरी शुरू कर ली। अब वह कई बड़े कार निर्माताओँ  को कई तरह के पार्ट्स सप्लाई करते थे। चेतन हमेशा कुछ नया करता रहता और इसी धुन में उसने एक नई तकनीक ईज़ाद की जिसमें बहुत ही कम पेट्रोल ख़पत में गाड़ी को काफ़ी ज़्यादा चलाया जा सकता था। पहले उसने इसे अपनी वर्कशॉप में निरंतर कई दिनों तक चला कर देखा और फिर अपने स्कूटर में भी लगा कर देखा, नतीजे चौंका देने वाले थे। लगभग दो साल के अनुसन्धान के बाद चेतन ने आदित्य को यह इंजिन दिखाया और उसकी बारीकियों को भी समझाया पर आदित्य ने कुछ ख़ास ध्यान नहीं दिया। 

एक दिन आदित्य ने उस इंजिन के बारे में अपने पापा को बताया तो ओबेरॉय साहेब ने तुरंत चेतन को बुलावा भेजा और उसके बनाये इंजिन की बारीकियों और खूबियों को समझा। उन्होंने चेतन से कई सवाल किये, जिनका ज़वाब चेतन ने बहुत ही सटीकता से दिए।  ओबेरॉय साहेब को समझ आ गया था कि चेतन की ख़ोज मोटर कार की दुनिया में एक क्रांति ला सकती है इसलिए उन्होंने चेतन को प्रस्ताव दिया कि वो अपनी वर्कशॉप को छोड़ दे और उनकी कंपनी में जनरल मैनेजर के पद पर आ जाये। ऐसा करने से उसे बहुत अच्छा सा समय मिल जायेगा अपनी खोज को जारी रखने का और साथ के साथ बहुत अच्छी पगार भी देंगे।  चेतन ने अपने पापा के साथ बात की तो उन्हें भी लगा कि बेटे की प्रतिभा को एक अच्छे मुक़ाम पर पहुँचाने का यह अच्छा मौका है और ओबेरॉय साहब तो पुराने जानकार हैं, वो भी चेतन का भला ही सोचेंगे, तो उन्होंने भी हाँ कर दी। 

चेतन ने ओबेरॉय मोटर्स को ज्वाइन कर लिया, उसके इंजिन को ओबेरॉय मोटर्स के नाम पर पेटेंट भी करवा लिया और यह इंजिन एक बड़ी कार निर्माता कंपनी की कारों में लगाए जाने का अनुबंध भी कर लिया गया।  इस सबके लिए ओबेरॉय मोटर्स ने करोड़ों की डील कर ली और अगले दस सालों के लिए दस लाख इंजिनों की सप्लाई का आर्डर अलग से हासिल कर लिया। चेतन को अब एक लाख की पगार मिलती थी, उसकी वर्कशॉप को अब ओबेरॉय मोटर्स की अनुसन्धान इकाई के रूप में देखा जाने लगा। चेतन अक्सर अपना समय यहीं पर बिताता और अपने बनाये इंजिन को और बेहतर करने में लगा रहता। उसने एक दो इंजिन और भी बनाये जिन्हे ओबेरॉय मोटर्स ने अपने नाम पर रजिस्टर कर लिया। 

ओबेरॉय मोटर्स ने अपना नया कारखाना लगा लिया जहाँ चेतन के ईजाद किये हुए इंजिन बनने लगे और कार बनाने वाली कंपनी को भेजे जाने लगे, अब उन्हें चेतन की कोई ज़रुरत नहीं थी इसलिए उन्होंने बिना कुछ बताये उसकी तनख्वाह बंद कर दी।  पूछने पर सबसे पहले अकाउंटेंट की गलती बताया और फिर यह अक्सर होने लगा। चेतन को समझ आ रहा था कि ओबेरॉय मोटर्स में उसके लिए कोई जगह नहीं है। एक दिन जब ओबेरॉय साहेब से पैसोँ की बात की तो उनका कोरा ज़वाब आया कि इंजिन तो ओबेरॉय मोटर्स के नाम पर पेटेंट है इसलिए वो चेतन को फ़ालतू में पैसे नहीं देना चाहते। जो इंजिन उन्होंने चेतन से लाखों में खरीदा था वो उन्होंने करोड़ों में बेच कर मोटा मुनाफा कमाया था। इस तरह से एक अमीर ने फिर से एक गरीब का शोषण कर दिया।

आदित्य इन दिनों विदेश में इस नए इंजिन को एक विदेशी कार निर्माता कंपनी को बेचने के लिए गया था, उसे तो पता ही नहीं चला कि उसके पीछे से यह सब कैसे हो गया। उसका सबसे ख़ास दोस्त अब उनकी कंपनी में काम नहीं कर रहा था। वापिस आ कर उसने बहुत कोशिश की चेतन को वापिस लाने की पर शायद देर हो गयी थी और एक धोखा चेतन के दिल में घर कर चुका था जो किसी भी तरह से निकाला नहीं जा सका।

धोखा देने वाला अक्सर आपका सबसे क़रीबी ही होता है।  दोस्त का दिया गया धोखा, धोखा नहीं यार मार कहलाता है। 

आज के लिए इतना ही। ...
                                                                           ||  इति ||



<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

No comments:

Post a Comment