Powered By Blogger

Saturday, 5 September 2020

नेपोटिज़्म

पिछले कुछ सालों से नेपोटिज़्म या वंशवाद का क़ाफी ज़िक्र चल रहा है, फिर भले वो कोई राजनैतिक मंच हो या फिर फिल्म उद्योग ।  हाँ, जहाँ होना चाहिए बस वहीँ नहीं हो रहा। देखा जाये तो यह वंशवाद कोई आज की प्रथा तो नहीं है, यह तो जाने कब से चली आ रही है और जाने कब तक चलेगी ? वैसे मेरे ख्याल से यह  रहेगी, जब तक वंश चलेंगे तब तक ! वंशवाद होना स्वाभाविक है इसमें कुछ भी गलत नहीं है, ख़ास तौर पर  तब, जब यह कारोबार में है। कोई भी व्यक्ति अपना कारोबार या उद्योग इसलिए स्थापित या शुरू नहीं करता कि उसके मरने के बाद वो भी ख़त्म हो जाये। हर किसी की इच्छा होती है कि उसका कारोबार इतना बढे कि उसकी आने वाली पुश्तें भी काम की तलाश में इधर-उधर न देखें, उन्हें काम यहीं से मिल जाये।  


वंशवाद का सारा शोर सिर्फ और सिर्फ ध्यान भटकाने के लिए किया जा रहा लगता है।  कुछ साल पहले एक राजनैतिक दल ने भी इसी तरह की भ्रांतियां फैला कर सत्ता प्राप्त कर ली और आज उसी दल के खिलाफ वंशवाद के आरोप लग रहे हैं। यह सिर्फ आरोप मात्र नहीं हैं, कई तथ्य भी नज़र आते हैं।  हम लोगों ने अगर अपने बच्चों का रिश्ता करना होता है तो हम उनके वंश, खानदान के बारे में पूछताछ तो करते ही हैं, पर साथ के साथ हम उसकी पढाई-लिखाई, काम या कारोबार को ज़्यादा महत्त्व देते हैं। जब देश या प्रान्त की बागडोर किसी के हाथ में देनी हो तो भी हमें कोई खानदानी लोग ही नज़र आते हैं पर हम वहां भी तो काबिल व्यक्ति को ही ढूँढ़ते हैं। हम सब यही चाहते हैं कि कोई पायेदार, पढ़ा-लिखा व्यक्ति ही हमारा नेतृत्व करे और सबको एक प्रगतिशील समाज दे। 

अगर "फिल्म उद्योग" की बात करें तो सबसे पहले, यह एक उद्योग है, कोई सरकारी नौकरी नहीं जहाँ कोई प्रवेश परीक्षा होगी।  उद्योगपति अपना कारोबार अपने बच्चों को ही देता है और अगर वो काबिल हो तो उद्योग और फूलता-फलता है, नहीं तो ख़त्म हो जाता है। ऐसे ही फिल्मों में अगर कोई अच्छा कलाकार होगा तो टिक जायेगा, नहीं तो एक-दो फ़िल्में करने के बाद कहीं गुम हो जायेगा या फिर किसी और काम में जुट जायेगा। भारतीय फिल्म उद्योग में ऐसी कई मिसालें हैं।  अब कपूर ख़ानदान को देख लें, पृथ्वी राज कपूर के तीन बेटे, तीनों फिल्मों में नायक बन कर आए बहुत लोकप्रिय हुए। लेकिन तीनों बेटों के सारे बच्चे सफल नहीं हुए, जो ज़्यादा सफल नहीं हुए उनकी बेटी बहुत सफल हुई और अभी भी काम कर रही है। 

फिल्म उद्योग में नेपोटिज़्म पहली फिल्म मिलने तक  ही है, उसके बाद कलाकार का काम बोलता है कि उसे और काम मिलना चाहिए या नहीं।  असल में यहाँ वंशवाद के इलावा गुटबाज़ी का भी ज़िक्र होता आ रहा है तो वह भी ग़लत नहीं है।  बचपन में जब आप स्कूल में पढ़ते हैं तो आपकी जान-पहचान सब से होती है मगर आपके ख़ास दोस्त सिर्फ दो-चार ही होते हैं। ठीक ऐसा ही आपके रहने के इलाके में भी तो होता है, आप अपनी कॉलोनी के सभी घरों से मिलते तो हैं लेकिन कुछ लोग आपके ख़ास होते हैं।  अब इसे कोई ग़लत कह कर सबका ध्यान अपनी तरफ खींचे, तो क्या वह सही हो जायेगा ? अब ऐसे शोर मचाने वाले ख़ुद भी तो ऐसे ही बर्ताव करते हैं, तो फिर गिला कैसा ? यही तो दुनिया का दस्तूर है और यह संसार सदियों से ऐसे ही चलता आया है और आगे भी ऐसे ही चलेगा। 

नेपोटिज़्म या वंशवाद  न होता तो राम जी राजा न बनते।  भगवान राम छोडो,दशरथ भी राजा न बनते, और अगर गुटबाज़ी न होती तो शायद बाली भी धोखे से ना मारा जाता। जंगल में आपने शेर को कुछ नहीं कहा तो इसका मतलब यह कतई नहीं है कि शेर भी आपको कुछ नहीं कहेगा।  तो बेहतर यही होगा कि जितना ध्यान लोग इस मुद्दे को उछालने पर दे रहें हैं अगर उतना ज़ोर अपने हुनर को निखारने पर दें तो शायद कल, उनके पास इन शिकायतों का समय नहीं रहेगा। उनके पास भी बेहतर काम होगा। 


आज के लिए इतना ही। 
||  इति ||

<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

2 comments: