जालंधर जिले में शहर से लगभग आधे घंटे की दूरी पर बसे गाँव कंदोला में गुरबचन सिंह अपने परिवार के साथ रहते थे। गाँव में सबसे प्रगतिशील और पढ़े लिखे किसान थे, ज़मीन भी बहुत थी और खेती के सारे आधुनिक औजार सबसे पहले इनके पास ही आते थे। गुरबचन सिंह जी का बेटा मनजीत सिंह भी पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी से डिग्री हासिल करने के बाद पिता के साथ मिल कर खेती ही करता था, हाँ उसका तरीका काफी आधुनिक था जिसे हाइड्रोपोनिक्स कहते हैं मतलब पानी पर खेती। पूरे पैंतालीस खेत थे इनके पास और मनजीत की खेती के लिए सात खेत अलग़ से। ज़मीनी खेती में तो रबी और खरीफ़ की फ़सलों के इलावा गुरबचन सिंह फूलों की खेती करने में भी माहिर थे।
इस साल गेहूं की फसल बहुत अच्छी होने की उम्मीद थी पर जैसे ही साल शुरू हुआ कोरोना की ऐसी मार पड़ी कि लगने लगा, कुछ भी नहीं बचेगा। गुरबचन सिंह जी के पास बिहार से आये हुए दस मज़दूर खेत के पास बने पुराने घर में अपने परिवारों के साथ रहते थे। कोरोना के डर से जब सब कुछ बंद हो गया तो इन मज़दूरों ने दिन-रात एक कर कंबाइन की मदद से सारी गेहूँ काट डाली और अब हर रोज़ मनजीत सिंह गेहूं ले कर शहर की मंडी में बेचने जाया करता था। आम दिनों में तो जल्दी घर आ जाया करते थे पर आजकल कोरोना की वजह से हर काम धीरे-धीरे होता था तो घर पहुँचते हुए शाम हो जाती थी।
आज फिर मनजीत ने शहर जाना था तो पिता गुरबचन सिंह जी को अपनी हाइड्रोपोनिक्स में तैयार फसल की कटाई का जिम्मा दे दिया, उन्हें करना कुछ नहीं था बस वहां जा कर सब्ज़ी को अच्छे से ड़िब्बों में डलवाना था। जब गुरबचन सिंह जी खेतों में जाने लगे तो उनका पोता फ़तेह सिंह भी साथ चलने की ज़िद करने लगा। गुरबचन सिंह ने सोचा कि चलो बड़े दिनों से यह भी घर में ही बंद है तो चलो खेतों तक ले ही चलता हूँ। गुरबचन सिंह ने अपना स्कूटर निकाला तो बड़े दिनों से चला न होने की वजह से स्टार्ट ही नहीं हुआ। किसी ने बताया कि वो गली की नुक्कड़ पर मिंटू मिस्त्री ने आज से दूकान खोली है तो उसके पास ठीक करने के लिए चले गए। उसने देखते ही सारे काम छोड़ सबसे पहले गुरबचन सिंह जी का स्कूटर देखा और ठीक कर दिया। गुरबचन सिंह ने पैसे पूछे तो कहने लगा ताया जी इन दिनों एक दूजे का ही आसरा है तो पैसे मत दीजिये, मेरी तरफ से मदद समझ लीजिये। गुरबचन सिंह जी ने मिंटू को शाबाशी दी और कहने लगे "बेटा यही सच्चा धर्म है, हम सबको इस मुसीबत की घडी में सबके काम आना चाहिए, पैसे तो सारी उम्र कमा लेते हैं, पुण्य भी कमाना चाहिए" यह कहते हुए स्कूटर को किक मारी और खेत की तरफ चल पड़े।
जब खेत पर पहुंचे तो देखा फलियों की फ़सल आज तैयार थी और डिब्बों में भरी जा रही थी। कुछ फलियां ऐसी भी थीं जिन पर पानी के कुछ निशान थे इसलिए उन्हें गाँव में ही बेच दिया जाना था। गुरबचन जी बैठ कर छंटनी करवा रहे थे और नन्हा फ़तेह सारे काम को बड़े गौर से देख-समझ रहा था तभी गाँव की एक विधवा,जो दूसरों के घरों में काम करके गुजारा करती थी, आ गयी और थोड़ी फलियां मांगने लगी। कहने लगी कि लोग घरों में काम नहीं करवा रहे इसलिए पैसे भी नहीं हैं, अगर आप सब्ज़ी दे दें तो एक टाइम का खाना हो जायेगा। गुरबचन सिंह जी ने उसे डांटते हुए भगा दिया। फ़तेह से रहा नहीं गया और बोल पड़ा - दादा जी, अभी आप मिंटू को तो बड़ा समझा कर आये हो पर खुद तो वैसा बिल्कुल नहीं कर रहे जैसा बोलते हो, ऐसा क्यों ? क्या अच्छी बातें सिर्फ बोलने के लिए ही होती हैं ?
हालाँकि गुरबचन सिंह जी को गुस्सा तो बहुत आया पर नन्हे फ़तेह की बातों ने उन्हें झकझोर कर रख दिया, एकदम लाजवाब से हो कर उन्होंने उस औरत को न केवल बढ़िया वाली फलियां और आलू दिए बल्कि कुछ पैसे भी दिए और कहा कि कुछ और भी चाहिए तो बता देना मैं भिजवा दूंगा। फ़तेह ने एक बहुत बड़ा सबक़ सिखाया था आज अपने दादा जी को और दादा जी ने भी फ़तेह को गले लगाते हुए माफ़ी भी मांगी और वादा किया कि अब उस औरत के खाने का इंतज़ाम वही करेंगे। अच्छी बातें तो हर कोई कर लेता है ज़रुरत है तो उन्हें सही मायने देने की। बस यही एक कमी रह जाती है समाज में। हमारे नेता, पुरोहित और धर्म गुरु सारा दिन बड़ी-बड़ी बातें तो करते रहते हैं लेकिन असलियत में नतीजा वही ढाक के तीन पात ! मंत्री जी सब से कहते हैं दूसरों की मदद करो और ख़ुद मात्र अपना पेट और तिजोरी भरने में व्यस्त हैं। इस आपदा में भी देश या जनता का ना सोचते हुए सिर्फ अपनी राजनीति चमकाने में लगे रहते हैं।
आज के लिए इतना ही।
|| इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
enable_page_level_ads: true
});
</script>

सही कहा... Practice what you Preach
ReplyDeleteSurinder Arora
Chandigarh
9814245142
Thanks.
DeleteThis comment has been removed by a blog administrator.
ReplyDelete