Powered By Blogger

Saturday, 24 August 2019

रिची



बात 2009 की है 2008 में हमारे घर की पहली पालतू चीची के मरने के बाद मेरे माता जी और बेटी की ज़िद के चलते फैसला हुआ कि एक और पालतू घर में ले आना चाहिए।  फिर तलाश हुई मुफ्त में या सबसे काम दाम में मिलने वाले पिल्ले की, ढूँढ़ते-ढूँढ़ते एक दो पिल्लों को उनके शक्ल- सूरत, रंग, लिंग और माता-पिता के आधार पर नकारते हुए फैसला हुआ कि बाजार से यानि दुकान से क्यों न खरीद लिया जाये।  तो पालतू जानवरों को बेचने वाली कुछ दुकानों पर घूमने के बाद, घर से कुछ दूरी पर एक दुकान को फाइनल कर दिया गया और एक हज़ार रुपये पेशगी के तौर पर जमा करवा दिए गए।  लगभग एक हफ्ते बाद दुकान से फ़ोन आया कि उनके पास एक पॉमेरियन नस्ल का पिल्ला आ गया है, आप ले जाओ।  बस फिर क्या था आनन-फानन तैयारी कस हम उस दुकान पर जा पहुंचे।


घर से चलते हुए सोचा ही नहीं कि उसे घर कैसे ले कर आना है, दुकान के अंदर एक पिंजरे के अंदर एक बड़ा ही सुन्दर या वोह अंग्रेजी वाला क्यूट सा दिखने वाला सफ़ेद रंग का कुत्ता उछल-कूद मचा रहा था अपने साथ के सभी और नस्ल के पिल्लों पर भी भरी पड़ रहा था।  तो हमने अपनी धर्मपत्नी की सहमति से उसे पसंद कर लिया और बकाया कीमत दे कर हाथ में उठाने की कोशिश की तो उस नटखट ने ज़ोर से हिलना शुरू कर दिया।  दुकानदार ने हमें गत्ते की एक पेटी या डब्बा दे दिया जिसके ऊपर हवा आने के लिए एक बड़ा सा छेद कर दिया।  हमें लगा कि बस अब घर पहुँच  इसे बाहर निकालेंगे और मोटर साइकिल पर घर की तरफ चल पड़े, पर रास्ते में दो बार इस पिल्ले को सेट करना पड़ा क्यूंकि वोह डब्बे में बहुत कूद रहा था और डर था कि कहीं उस छोटे से छेद से बाहर ही न उछल जाये।

घर पहुँचते ही पूरे घर में मानो एक एनर्जी सी आ गयी, सभी उसे छू कर देखने की कोशिश  थे और वोह एक रुई के गोले की भांति इधर से उधर दौड़ लगा रहा था और हम सब उसकी हर छोटी से छोटी हरकत पर हँस रहे थे।  तब सब ने मिल कर उसका नाम रखने की सोची और चीची की तर्ज पर इस शरारती का नाम "रिची" रख दिया।  रिची, उस रात ठीक ढंग से सो नहीं पा रहा था तो लगभग सारी रात मेरी पत्नी ने जाग कर उसको गोदी में ले कर काटी। रिची तो रात भर बड़े मज़े से गोदी में सोया रहा लेकिन बाकी हम सब लोग जागते रहे और थोड़ी-थोड़ी देर बाद उसे देखते रहे।  रिची ने अगले कुछ दिन अपने नए घर को पहचानने और खुद की जगह बनाने में लगाए और हम उसे कुछ अच्छी बातें सीखने में लगे रहे।

सबसे ज़्यादा परेशानी मेरी पत्नी को थी क्यूंकि रिची कहीं भी अपना कार्यक्रम शुरू कर देता और वोह सारा दिन उसे डांटने में और उसके द्वारा फैलाई गयी गंदगी को साफ़ करने में गुजारती।  धीरे-धीरे रिची बड़ा होने लगा तो उसकी घर के अंदर गंदगी फ़ैलाने वाली आदत तो जाती रही परन्तु उसकी शरारतें बढ़ गयी।  कभी वो पिता जी के जूते से जुराबें निकाल कर खेलने लगता तो कभी माता जी की रबड़ की चप्पल चबा जाता, फिर उसको जब डांट पड़ने वाली होती तो वोह अपने कोप-भवन यानि सीढ़ियों के नीचे घुस जाता और सबका गुस्सा ठंडा होने पर बाहर निकल कर ऐसे खेलने लगता मानों कुछ हुआ ही ना हो। बस फिर पूरे घर में रिची दिन भर उत्पाद मचाता रहता, ज़रुरत थी तो उसकी ऊर्जा को सही दिशा देने की तो यह जिम्मेदारी हमारी बेटी ने उठाई और रिची की ट्रेनिंग शुरू कर दी गयी।  अब वोह स्कूल से आ कर उसे किसी लालच में फ़सा कर उसे उठना- बैठना सीखा दिया गया था, किसी बर्तन के पास नहीं जाता था, घर  आये मेहमान पर ज़्यादा भौंकता भी नहीं था। 

सुबह सवेरे सबसे पहले मुझे रिची ही उठाया करता था और उसके बहाने मेरी भी सैर हो जाया करती थी, समय का पूरा पाबंद था रिची, रोज़ाना सही समय पर आ कर मुझे उठा कर ही मानता था छुट्टी वाले दिन भी नहीं मानता था, मैं भी चल पड़ता था उसके साथ हाँ शाम के समय यह ज़िम्मेदारी श्रीमती जी की होती थी।  शाम के समय अक्सर हम सब खुली हवा में छत पर जाते तो रिची सब  पहले पहुँच जाता और फिर खुले छत पर खूब उछल -कूद करता।  कभी चिड़िया दिख जाती तो उसे पकड़ने के लिए दौड़ लगाता या फिर गिलहरी को कई मिनटों तक घात लगा कर देखता रहता। हम सब उसकी इस हरकत पर बहुत हॅसते तब रिची थोड़ा झेंप जाता और दूसरे ही पल कोई नयी शरारत खोज लेता। 

समय निकलने में समय नहीं लगता रिची अब थोड़ा बूढ़ा होने लगा था, उछल कूद कम हो गयी थी ज़्यादातर सोया हुआ दिखता था, गली के आवारा कुत्तों के भौंकने पर भी कोई ध्यान नहीं देता था घर में आने वालों को भी बस देख लेता था तो बैठ जाया करता था।  हाँ माली के आने पर  खुश होता था और उसके साथ छत तक चला जाया करता था।  रिची लगभग दस साल का होने को था और पिछले कुछ दिनों से खाना नहीं खा रहा था।  जब डॉक्टर को घर पर बुलाया तो उसे देख कर ज़्यादा डरा नहीं और तकरीबन आराम से टीका लगवा लिया, हालाँकि डॉक्टर ने हमें बता तो दिया था कि अब यह ज़्यादा दिन नहीं रहेगा फिर भी हमें पूरी उम्मीद थी कि रिची एक बार फिर से घर में वैसे ही घूमता फिरता नज़र आएगा पर नहीं।  रिची एक शाम को बिना कुछ तंग किये चला गया।  अब उसको गए लगभग एक महीना हो गया है लेकिन अब भी ऐसा लगता है कि अभी कहीं से किसी की चप्पल मुहं में दबा कर सामने आ खड़ा होगा। 

यह दस साल का खिलौना कहीं चला गया पर अपने पीछे ढेरों ढ़ेर अच्छी यादें छोड़ गया है।
हम उदास तो हैं पर खुश भी हैं के चलो थोड़े समय के लिए ही सही वो आया तो सही !

यह रिची को समर्पित !
आज के लिए इतना ही। ...
||  इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script> (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
enable_page_level_ads: true
google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145", });
</script>

No comments:

Post a Comment