Powered By Blogger

Sunday, 8 April 2018

"भूरे लाल"


कल मैंने ट्रेन से दिल्ली जाना था बहुत ज़रूरी टिकट भी बुक थी,परन्तु गाड़ी बहुत देरी से आनी थी और जाना भी ज़रूर था इसलिए मैंने फैसला लिया कि एक चालू टिकट ले कर गाड़ी में बैठ जाता हूँ और टिकट चेकर की जेब गर्म कर अपने जाने का जुगाड़ कर लूँगा और जो टिकट बुक करवाई थी उसके पूरे पैसे वापिस मिल जायेंगे, तो यही किया।  जैसे ही गाडी प्लेटफार्म पर आयी तो चेकर को ढूंढा और उसके कंधे पर हल्का सा दबाव डालते हुए पूछा - दिल्ली जाना है, कौन से कोच में बैठूं ? उसने मुझे देखा और बोला ऐ सी तो फुल है, सेकंड में जाना है तो दो सौ रुपये लगेंगे ! तुरंत हाँ बोल मैंने टिकट और पैसे चेकर को दिए तो उसने भी झट से एस 8/43 लिख टिकट मुझे वापिस थमा दी।  मै जब अपनी सीट पर पहुंचा तो 43 नंबर पर कोई बैठा हुआ था जो इसी स्टेशन से चढ़ा था और स्टेशन से खरीदी कर पूरी-छोले खा रहा था मानों उसे डॉक्टर ने बताया हो कि गाड़ी में बैठते सबसे पहले पूरी-छोले ज़रूर खाना।

खैर मैं उनके सामने वाली सीट पर बैठ गया और इन महाशय को देखने लगा, बड़ा रोचक चरित्र लग रहा था इनका, उम्र लगभग 56-60, बालों में मेहँदी लगाने की वजह से बाल थोड़े से भूरे और थोड़े से लाल हो रखे थे।  चलिए आगे के लिए इनका नाम "भूरे लाल" रख लेते हैं, तो भूरेलाल जी ने एक टी शर्ट पहनी हुई थी और उनकी तोंद ने मानो शर्त लगा रखी थी कि कितने ही जतन कर लो मैं कहीं न कहीं से दिख ही जाऊंगी।  तो भूरेलाल जी ने बड़े ही चाव से उँगलियाँ चाट-चाट कर पूरी-छोले खा रहे थे जो उन्होंने सीट पर रखी अखबार पर सजाई हुई थीं जिनसे तेल बह कर सीट पर बहता जा रहा था परन्तु भूरेलाल जी पूरी तन्मयता से जुटे हुए थे , गाड़ी चली और लगभग पंद्रह मिनट में यह दावत ख़त्म हुई भूरेलाल जी ने उसी अखबार से सीट,मुँह और उँगलियों को पोंछा और अखबार को खिड़की से बाहर टपका दिया।  एक लम्बा सा डकार लेते हुए उन्होंने पास पड़े बैग में से पानी की बोतल निकाली और हाथ धोने की रस्म निभाई, कुल्ला किया और थोड़ा पानी पी भी लिया।  क्यूंकि सीट अभी भी तेल से लथपथ लग रही थी तो मैंने 43 नंबर पर बैठने का इरादा त्याग दिया। वैसे भी बहुत ज़्यादा भीड़ नहीं थी और मुझे सामने वाली खिड़की वाली सीट मिल गयी थी।

थोड़ी देर इधर-उधर देखने के बाद भूरेलाल जी ने अपने नाक को खंगालने काम शुरू किया,दूसरी ही कोशिश में कुछ सामान उनके नाख़ून में फस गया, भूरेलाल जी ने बड़ी हिकारत भरी निगाह से देखा और फिर जल्दी से उसे खिड़की से चिपका दिया।  शायद उनकी ऊँगली, खाने के बाद, ठीक से साफ़ नहीं हुई थी इसलिए कुछ मसाले नाक में भी लग गए इसलिए भूरेलाल जी दो-तीन बार बड़े भयंकर ढंग से छींके, जिसकी वजह से नाक का कुछ और सामान उछल कर उनकी हथेली पर आ गिरा जिसे भूरेलाल जी अगले पाँच मिनट तक इस तरह घूरते रहे मानो कोई उल्कापिंड उनकी हथेली पर आन गिरा हो , फिर उन्होंने इसे भी पहले की भांति खिड़की से चिपका दिया और जेब से रुमाल निकाल अपनी उँगलियों को पोंछा। तभी उनका मोबाइल बज उठा और उन्होंने जेब से फोन निकला और बड़ी ऊंची आवाज़ में बतियाने लगे, शायद थोड़ा ऊंचा सुनते थे, उन्होंने बात करते हुए सामने वाले को हुक्म दिया कि सौ रुपये का रीचार्ज करा देना, पैसे मैं वापिस आ कर दूंगा।  जब वह अपने मोबाइल अपनी जेब में रख रहे थे तो उनके हाथ दांत कुरेदने वाली तीली लगी और उन्हें याद आया कि दांत भी साफ करने चाहिए।

भूरेलाल जी तीली हाथ में पकड़, थोड़ी देर तक अपनी जीभ से दांतो को टटोलते रहे, मानों शुरुआत करने की जगह ढूंढ रहे हों, फिर तीली से उन्होंने दांतों को कुरेदना चालू किया और निकले सामान को एक बार ठीक से मुआयना करते हुए खिड़की पर चिपका दिया।  यह मेहनत भी अगले दस मिनट तक चली और दांतों से निकली हर शै बड़े गर्व से खिड़की पर लगती गयी मैं सोच रहा था कि अगर इसी तरह से यह "स्वच्छ भूरेलाल अभियान" चलता रहा तो जल्द ही यह खिड़की किसी मॉडर्न आर्ट का रूप ले लेगी।  मेरे सोचते-सोचते भूरेलाल जी ने उसी तीली के दुसरे सिरे से बारी-बारी दोनों कान साफ़ करने के बाद और निकले सामान का वही पुराना हश्र करते हुए तीली बड़ी ही नफ़ासत से जेब में वापिस सरका ली। हालाँकि मेरा मन आज ट्रेन रद्द हो जाने की वजह से थोड़ा खिन्न सा था पर भूरेलाल जी के मिल जाने से मेरा सफर कब कट गया,पता ही नहीं चला।

आज के लिए इतना ही। ...


||  इति ||
<script async src="//pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js"></script>
<script>
     (adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({
          google_ad_client: "ca-pub-7979421484007145",
          enable_page_level_ads: true
     });
</script>

No comments:

Post a Comment